दिग्गी राजा उवाच, महिलाओं के प्रति आरएसएस और तालिबान की सोच एक जैसी!

नमस्कार, ये समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया है। अब आप साई न्यूज की समाचार श्रृंखला में सुनिये शुक्रवार 10 सितंबर का प्रादेशिक ऑडियो बुलेटिन.
——–
भारतीय जनता पार्टी के नेता विश्वास सारंग ने ऑल इंडिया मजलिस इत्तेहादुल मुस्लिमीन के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी पर निशाना साधा है। विश्वास सांरग ने असदुद्दीन ओवैसी को नसीहत दी है कि वो जिन्ना ना बन जाएं। असदुद्दीन ओवैसी पर हैदराबाद की शांति व्यवस्था खराब करने का आरोप लगाते हुए भारतीय जनता पार्टी नेता ने कहा, ओवैसी दो धर्मों के बीच लड़ाई करवाने की राजनीति करते हैं। इससे उन्हें राजनीतिक फायदा पहुंचता है। मैं ओवैसी को चेतावनी देना चाहता हूं कि वो जिन्ना की तरह न बन जाएं।
——–
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेशवासियों को गणेश चतुर्थी की शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों के मंगल की कामना की है। इसके साथ ही उन्होंने कोरोना की तीसरी लहर से बचने के लिए आवश्यक सावधानियों का पालन करने का अनुरोध भी किया। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने निवास से मीडिया के माध्यम से दिये गए अपने संदेश में कहा कि प्रथम पूज्य भगवान गणेश सब पर कृपा की वर्षा करें। सिद्धि-विनायक का आशीर्वाद पूरे प्रदेश और देश की जनता पर बरसे। सब सुखी हों, सब निरोग हों, सब का मंगल हो, सब का कल्याण हो।
——–
रतलाम में शुक्रवार को कुडैल नदी पर बड़ा हादसा होने से बच गया। यहां भाटपचलाना से रतलाम आ रही यात्री बस पुलिया पार करते समय रपटे पर लटक गई। बस में 12 से 15 यात्री सवार थे। दरअसल देर रात हुई बारिश के बाद कुडैल नदी पर बने रपटे पर पानी बह रहा था।
भाटपचलाना से रतलाम आ रही शकील बस के ड्राइवर ने पानी के बहाव के बीच रपटा पार करने का प्रयास किया, लेकिन बस का एक पहिया रपटे के नीचे चला गया। बस पानी के बहाव के बीच फंस गई। मौके पर उपस्थित ग्रामीणों ने बस में बैठे यात्रियों को रेस्क्यू करके बाहर निकाला। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।
——–
प्रदेश में कोरोना फिलहाल नियंत्रण में है, लेकिन डेंगू के मरीज लगतार बढ़ते जा रहा हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल, जबलपुर और इंदौर कलेक्टर को ध्यान देने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने सभी जिला अस्पतालों में 10 बेड का आइसोलेशन वार्ड तैयार करने का कहा है। प्रदेश के तीन महानगरों सहित मंदसौर, रतलाम, आगर मालवा और छिंदवाड़ा में डेंगू के साथ चिकनगुनिया के मरीज बढ़ते जा रहे हैं।
स्वास्थ्य विभाग और जिलों के अधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी अस्पतालों में फीवर क्लिनिक का क्रियान्वयन तेजी से आरंभ हो। इसकी नियमित समीक्षा की जाए। ओपीडी में शीघ्र परीक्षण एवं डेंगू की जांच के लिए सुविधा की मॉनिटरिंग लगातार की जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के स्टेंडर्ड ट्रीटमेंट अनुसार ही डेंगू का उपचार उपलब्ध कराया जाए।
——–
प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्य सभा सदस्य दिग्विजय सिंह ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रमुख मोहन भागवत पर तंज कसा है। दिग्विजय सिंह ने कहा कि महिलाओं के मामले में तालिबान और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की सोच एक जैसी है। उन्होंने भागवत के एक पुराने बयान को तालिबान में महिलाओं की स्थिति से जोड़ते हुए सोशल मीडिया पर सवाल किया है। दिग्विजय सिंह के अनुसार मोहन भागवत ने कहा था कि महिलाओं को घर-गृहस्थी सम्हालनी चाहिए।
दिग्विजय सिंह ने दोनों बयानों को एक जैसा बताते हुए कहा है कि क्या तालिबान और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विचार एक जैसे हैं? पूर्व मुख्यमंत्री ने मोदी सरकार से अफगानिस्तान की तालिबान सरकार को लेकर अपना रुख स्पष्ट करने की मांग की है। इसके जवाब में मध्यप्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि दिग्विजय सिंह हमेशा संघ पर प्रतिबंध लगाने की बात करते हैं, क्योंकि यह हिन्दुवादी संगठन है। वे रोहिंग्याओं पर प्रतिबंध लगाने की बात क्यों नहीं करते? वे आईएसआई की आलोचना नहीं करते हैं। इससे दिग्विजय सिंह की सोच प्रदर्शित होती है।
मोहन भागवत ने 03 दिन पहले पुणे में ग्लोबल स्ट्रेटेजिक पॉलिसी फाउंडेशन द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में कहा था कि हिन्दुओं और मुसलमानों के पूर्वज एक ही थे और प्रत्येक भारतीय नागरिक हिन्दु हैं। समझदार मुस्लिम नेताओं को कट्टरपंथियों के विरूद्ध दृढ़ता से खड़े हो जाना चाहिए। मोहन भागवत ने इस कार्यक्रम में यह भी कहा था कि भारत में अल्पसंख्यक समुदाय को किसी चीज से डरने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि हिन्दु किसी से दुश्मनी नहीं रखते हैं।
——–
समाचारों के बीच में हम आपको यह जानकारी भी दे दें कि मौसम के अपडेट जानने के लिए समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के चैनल पर प्रतिदिन अपलोड होने वाले वीडियो अवश्य देखें। मौसम से संबंधित अपडेट मूलतः किसानों, निर्माण कार्य, यात्रा या समारोह आदि के लिए फायदेमंद साबित हो सकते हैं। समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के द्वारा अब तक मौसम के जो पूर्वानुमान जारी किए गए हैं, वे 95 से 99 प्रतिशत तक सही साबित हुए हैं।
——–
प्रदेश सरकार किसान हित में लगातार समर्थन मूल्य पर गेहूँ और धान तो खरीद रही है, लेकिन सेंट्रल पूल में उठाव नहीं होने के कारण राज्य नागरिक आपूर्ति निगम पर कर्ज का बोझ बढ़ता जा रहा है। निगम के ऊपर लगभग 65 हजार करोड़ रुपये का कर्ज है और इस पर प्रतिदिन 14 करोड़ रुपये का ब्याज लग रहा है। भारतीय खाद्य निगम द्वारा सेंट्रल पूल में समय से अनाज का उठाव नहीं करने के कारण परेशानी बढ़ गई है। इससे निपटने के लिए बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंत्रालय में उपार्जन की स्थिति की समीक्षा की।
——–
प्रदेश के जंगलों से निकलने वाली शहद अब न सिर्फ प्रदेश, बल्कि देश-दुनिया में मिठास घोलेगी। मध्य प्रदेश राज्य लघु वनोपज संघ की कंपनी विंध्य हर्बल ई-कॉमर्स कंपनियों को आमंत्रित करेगी। इसके लिए अगले माह टेंडर निकाले जा सकते हैं। इसके बाद प्रदेश के जंगलों की शहद एवं विंध्य हर्बल के अन्य उत्पाद अमेरिका, इटली, फ्रांस सहित अन्य देशों में आनलाइन खरीदे जा सकेंगे।
राष्ट्रीय वन मेला और विभिन्न प्रदेशों में अपने स्टाल लगाकर एक दशक से अपने उत्पादों के लिए बाजार तलाश रही कंपनी विंध्य हर्बल ने अब अंर्तराष्ट्रीय बाजार की तरफ रुख किया है। कंपनी ने अंर्तराष्ट्रीय स्तर पर ऑनलाइन व्यापार करने वाली कंपनियों को आमंत्रित करने की तैयारी आरंभ कर दी है। फिलहाल विदेश उत्पाद भेजने के लिए आवश्यक लाइसेंस प्रक्रिया पर काम किया जा रहा है। इस प्रक्रिया को इसी माह पूरा करने का लक्ष्य है। इसके बाद अंर्तराष्ट्रीय कंपनियों को आमंत्रित करने के लिए टेंडर प्रक्रिया आरंभ होगी।
——–
आप सुन रहे थे समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया की साई न्यूज की समाचार श्रृंखला में शरद खरे से शुक्रवार 10 सितंबर का प्रादेशिक ऑडियो बुलेटिन। रविवार 12 सितंबर को एक बार फिर हम ऑडियो बुलेटिन लेकर उपस्थित होंगे, आपको ये ऑडियो बुलेटिन यदि पसंद आ रहे हों तो आप इन्हें लाईक, शेयर और सब्सक्राईब अवश्य करें। अभी आपसे अनुमति लेते हैं, जय हिन्द।
(साई फीचर्स)

SAMACHAR AGENCY OF INDIA समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया

समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया देश की पहली डिजीटल न्यूज एजेंसी है. इसका शुभारंभ 18 दिसंबर 2008 को किया गया था. समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया में देश विदेश, स्थानीय, व्यापार, स्वास्थ्य आदि की खबरों के साथ ही साथ धार्मिक, राशिफल, मौसम के अपडेट, पंचाग आदि का प्रसारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाता है. इसके वीडियो सेक्शन में भी खबरों का प्रसारण किया जाता है. यह पहली ऐसी डिजीटल न्यूज एजेंसी है, जिसका सर्वाधिकार असुरक्षित है, अर्थात आप इसमें प्रसारित सामग्री का उपयोग कर सकते हैं. अगर आप समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को खबरें भेजना चाहते हैं तो व्हाट्सएप नंबर 9425011234 या ईमेल samacharagency@gmail.com पर खबरें भेज सकते हैं. खबरें अगर प्रसारण योग्य होंगी तो उन्हें स्थान अवश्य दिया जाएगा.