भाजपा संगठन की आपत्ति के बाद कांग्रेस के नेताओं के नाम हटाए आमंत्रण पत्र से

(नन्द किशोर)


भोपाल (साई)। सबको साथ लेकर चलने के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के फार्मूले पर भाजपा का संगठन भारी पड़ता दिख रहा है। भाजपा संगठन की आपत्ति के उपरांत रानी कमलापति रेल्वे स्टेशन के लोकार्पण समारोह के आमंत्रण पत्र से पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्य सभा सदस्य राजा दिग्विजय सिंह सहित अनेक कांग्रेसी नेताओं के नाम हटा दिए गए।


भाजपा के उच्च पदस्थ सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया से चर्चा के दौरान बताया कि रानी कमलापति रेलवे स्टेशन के लोकार्पण समारोह के एक दिन पहले रानी कमलापति रेलवे स्टेशन लोकार्पण समारोह के आमंत्रण कार्ड में बड़ा बदलाव किया गया। रेल मंडल भोपाल के इस कार्ड में दिग्विजय सिंह, आरिफ मसूद सहित कई सांसद और विधायकों के नाम थे, लेकिन भाजपा संगठन की आपत्ति के बाद उनके नाम कार्ड से हटा दिए गए हैं।
सूत्रों का कहना था कि भोपाल रेल मंडल द्वारा 15 नवंबर को दोपहर 03.10 बजे होने वाले रेलवे स्टेशन के लोकार्पण समारोह के आमंत्रण कार्ड तैयार करवाए थे। जिसमें लोकसभा सांसद साध्वी प्रज्ञा ठाकुर, रमाकांत भार्गव, राज्यसभा सांसद एमजे अकबर, पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्य सभा सदस्य राजा दिग्विजय सिंह, सहित कई विधायकों के नाम शामिल थे। बाद में इस कार्ड में भोपाल रेल मंडल ने बड़ा बदलाव किया।
सूत्रों ने बताया कि प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और सांसद विष्णु दत्त शर्मा की तल्ख आपत्ति के बाद बीती रात आमंत्रण कार्ड से आधा दर्जन से अधिक नाम हटा दिए हैं। भाजपा संगठन ने रात में भोपाल आए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से बात कर आपत्ति जताई थी कि रानी कमलापति नाम का विरोध करने वाले कांग्रेसी विधायक आरिफ मसूद को मंच पर बिठाया जा रहा है। भाजपा संगठन को दिग्विजय सिंह और आरिफ अकील के नाम पर भी आपत्ति थी।
सूत्रों ने आगे बताया कि यह जानकारी मिलते ही वैष्णव ने भोपाल मण्डल रेल प्रबंधक (डीआरएम) और भोपाल महाप्रबंधक (जीएम) रेल को फटकार लगाई। जिसके बाद रातों रात आमंत्रण पत्र से सभी विधायक और सांसदों के नाम हटा गए। सूत्रों ने इस बात पर आश्चर्य व्यक्त किया कि हनी ट्रैप में फंसे एमजे अकबर का नाम भी इस आमंत्रण पत्र में था। लेकिन बाद में सभी नाम हटा कर केवल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राज्यपाल मंगू भाई पटेल, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का ही नाम आमंत्रण पत्र में शेष रखा गया था।

 

SAMACHAR AGENCY OF INDIA समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया

समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया देश की पहली डिजीटल न्यूज एजेंसी है. इसका शुभारंभ 18 दिसंबर 2008 को किया गया था. समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया में देश विदेश, स्थानीय, व्यापार, स्वास्थ्य आदि की खबरों के साथ ही साथ धार्मिक, राशिफल, मौसम के अपडेट, पंचाग आदि का प्रसारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाता है. इसके वीडियो सेक्शन में भी खबरों का प्रसारण किया जाता है. यह पहली ऐसी डिजीटल न्यूज एजेंसी है, जिसका सर्वाधिकार असुरक्षित है, अर्थात आप इसमें प्रसारित सामग्री का उपयोग कर सकते हैं. अगर आप समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को खबरें भेजना चाहते हैं तो व्हाट्सएप नंबर 9425011234 या ईमेल samacharagency@gmail.com पर खबरें भेज सकते हैं. खबरें अगर प्रसारण योग्य होंगी तो उन्हें स्थान अवश्य दिया जाएगा.