नेहरू रोड को क्या धनाड्य व्यापारियों की निजि जागीर मान लिया गया है?

 

नगर पालिका के साथ ही साथ जिला प्रशासन से इस स्तंभ के माध्यम से मैं अपील करना चाहता हूँ कि यदि उनके द्वारा कम से कम सिवनी शहर के प्रमुख मार्गों की सुध ली जाकर वहाँ यातायात को पटरी पर लाने के लिये कवायद की जाये।

संपूर्ण सिवनी शहर में यातायात काफी सघन हो चुका है लेकिन सड़कें वही पुरानी चौड़ाई की हैं बल्कि अतिक्रमणकारियों के द्वारा इन सड़कों की चौड़ाई को पहले से बहुत ज्यादा कम ही कर दिया गया है जिसके चलते नेहरू रोड जैसे प्रमुख मार्ग पर पैदल चलने वालों के लिये भी कठिन हो गया है।

इस मार्ग पर चार पहिया वाहनों के दिन के समय में प्रवेश पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया जाना चाहिये। इसके साथ ही दो पहिया वाहनों के लिये इसे एकल मार्ग घोषित कर दिया जाना चाहिये। सिर्फ घोषित ही नहीं बल्कि इसका सख्ती के साथ पालन हो, यह भी सुनिश्चित करना होगा। इसके लिये आवश्यक हो तो यातायात विभाग की मदद ली जा सकती है।

नेहरू रोड पर दुर्गा चौक, छोटी पुलिस लाइन, पिंजारी मोहल्ला, दुर्गा चौक, जिन्ना चौक, अमर टॉकीज़ चौराहा, सुनारी मोहल्ला जैसी दिशाओं से आकर भी मार्ग मिलते हैं। इसके चलते इस मार्ग पर यातायात काफी बढ़ जाता है और यहाँ, जहाँ-तहाँ जाम लगने की स्थिति बनते ही रहती है। स्थिति यह है कि कई लोग तो अब ट्रैफिक जाम जैसी समस्या से बचने की खातिर अब इस रोड पर प्रवेश करने से हिचकने लगे हैं। इस प्रमुख मार्ग को व्यवस्थित बनाये जाने की आवश्यकता है।

सिवनी शहर के किसी नागरिक को शायद ही याद होगा कि प्रशासन के द्वारा कभी नेहरू रोड से अतिक्रमण हटाने की जहमत उठायी गयी होगी। बड़े व्यापारियों के द्वारा इस मार्ग के दोनों ओर अतिक्रमण करते हुए अपने-अपने पक्के निर्माण तक करवा दिये गये हैं लेकिन प्रशासन का चाबुक कभी इस प्रमुख मार्ग की ओर चलते नहीं देखा गया।

शहर में यदा-कदा जब कभी भी अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही की जाती है तो उसकी जद में निर्धन वर्ग या मध्यम वर्गीय व्यापारी ही आते दिखते हैं। इसलिये यह कहा जा सकता है कि सिवनी में जब भी अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही की जाती है वह मुँह देखकर ही की जाती है। धनी और संपन्न वर्ग के अतिक्रमण हटाने का साहस सिवनी में कोई भी अधिकारी करता नहीं दिखा है।

ऐसे में लोगों के बीच यही संदेश जा रहा है कि शायद नेहरू रोड को बड़े और धनाड्य वर्ग के व्यापारियों की निजि जागीर मान लिया गया है, वरना क्या कारण है कि प्रशासन को शहर के सबसे व्यस्ततम इस मार्ग के अतिक्रमण नहीं दिखायी देते हैं। वास्तव में सिवनी को एक दमदार अधिकारी की आवश्यकता है जो यातायात को व्यवस्थित करने के लिये प्रमुख मार्गों के अतिक्रमण हटाने का साहस दिखा जा सके।

विकास सूद