दलसागर तालाब में नए ‘मलबा‘ घाट का उदय!

दौड़ रहे बेलगाम अफसरशाही के घोड़े! बाबुओं की लालफीताशाही चरम पर! अर्थ का अनर्थ हो जाता है शब्दों के गलत चयन से!
(ब्यूरो कार्यालय)


सिवनी (साई)। नगर पालिका परिषद में भारतीय जनता पार्टी काबिज हो या फिर कांग्रेस का राज हो, नगर पालिका परिषद में बेलगाम अफसरशाही और बाबुओं की लालफीताशाही पर रोक लगाना शायद किसी के बस की बात नहीं रह गई है। शब्दों का उपयोग अगर उचित तरीके से नहीं किया जाए तो अर्थ का अनर्थ होते देर नहीं लगती।
नगर पालिका में सत्ता पर काबिज कांग्रेस जब विपक्ष में थी तब माडल रोड, जलावर्धन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना आदि में भ्रष्टाचार की बात कांग्रेस के द्वारा गला फाड़ फाड़ कर की जाती थीं, किन्तु जैसे ही कांग्र्रेस पालिका में सत्ताशीन हुई उसके बाद जनता से जुड़े ये मामले गौड़ हो चुके हैं।
कांग्रेस शासित नगर पालिका परिषद में बाबूराज का आलम यह है कि अगर आप सीएम हेल्प लाईन में नवीन जलावर्धन योजना से बिना पानी की मोटर चलाए 06 मीटर पानी न चढ़ने की शिकायत करते हैं तो उसका जवाब दिया जाता है कि बाकायदा निविदा के जरिए काम कराया गया है। आवेदक की शिकायत निराधार है इसलिए इसका फोर्स क्लोजर किया जाए।
हाल ही में नगर पालिका परिषद की मेल आईडी से 21 सितम्बर को नपा द्वारा प्लेग रन एवं स्वच्छता अभियान का आयोजन शीर्षक से विज्ञप्ति जारी की गई है उसे आपके लिए जस का तस प्रस्तुत किया जा रहा है :
सिवनी। शासन के निर्देशानुसार वर्तमान में 17 सितम्बर से 02 अक्टूबर 2022 तक स्वच्छता पखवाडा मनाया जा रहा है। इसी तारतम्य में सिवनी नगर पालिका द्वारा दिनांक 21 सितम्बर 2022 को स्वच्छता अभियान का संचालन जनसहयोग के माध्यम से प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर करवाया जाना है इस हेतु निकाय द्वारा प्रातः 09 बजे स्थान- शुक्रवारी बाजार से गणेश चौक, गांधी भवन, सेल्फी र्पाइंट होते हुए दलसागर मलबा घाट तक प्लेग रन एवं तदोपरांत दलसागर मलबा घाट में स्वच्छता अभियान चलाया जाकर साफ-सफाई की जावेगी।
नगर पालिका सिवनी द्वारा नगर के प्रबुध्द नागरिकगण, जनप्रतिनिधिगण एवं समस्त जनमानस से अपील की जाती है कि उक्त अभियान में अधिक से अधिक संख्या में सम्मिलित होकर अभियान को सफल बनाये।
इस विज्ञप्ति के पहले पैराग्राफ में अंतिम पंक्ति अगर आप पढ़ें तो वहां मलबा घाट का उल्लेख किया गया है। आम बोलचाल की भाषा में मलबा का तातपर्य कचरा, कूड़ा करकट, भवन के अवशेष आदि से लिया जाता है। इस विज्ञप्ति को पढ़कर आप भी चौंक जाएंगे कि सिवनी में आखिर मलबा फैकने के लिए पालिका के द्वारा कहां स्थान का चयन कर लिया गया है।
उधर, नगर पालिका परिषद के सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि दरअसल, पालिका का आशय यह रहा होगा कि महारानी लक्ष्मी बाई उच्चतर माधमिक शाला के समाने वाला दलसागर का घाट, जिसमें महरानी का म, लक्ष्मी का ल और बाई का ब शब्द लेकर उसे मलबा लिख दिया गया होगा!