अच्छी नींद के लिये ऐसे इस्तेमाल करें कपूर

कपूर का हिंदू परंपरा में धार्मिक महत्व है। यह पूजन पद्धतियों का महत्वपूर्ण हिस्सा होता है। सर्दी के मौसम में पुराने ऊनी कपड़ों को कीड़ों आदि से सुरक्षित रखने के लिये भी कपूर का प्रयोग किया जाता है।

इन सबके अलावा कपूर के बहुत-से औषधीय गुण भी होते हैं। यह शरीर तथा दिमाग दोनों को दुरुस्त रखने में मददगार होता है। जोड़ों के दर्द, जलने – कटने तथा अन्य कई तरह की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के लिये कपूर लाभकारी प्राकृतिक औषधि है। आज हम कपूर के विभिन्न फायदों के बारे में बात करेंगे।

दिमाग को शांत रखता है

जानकारों का कहना है कि नींद न आना आजकल की आम समस्याओं में से एक है। कपूर के तेल की खूशबू दिमाग को शांत रखने और बेहतर नींद लाने में असरदार है। इसके लिये कपूर के तेल की कुछ बूंदों को अपने तकिये पर लगायें और आराम की नींद सोयें।

बंद नाक खोले

जानकार बताते हैं कि सर्दियों में जुकाम हो जाना बहुत आम है। ऐसे में बंद नाक, साँस लेने में तकलीफ और छींक आने जैसी समस्याएं परेशान करती हैं। कपूर इस समस्या से निजात दिलाने वाला बेहतरीन उपाय है। इसके लिये एक बड़े कटोरे में पानी गर्म कीजिये और इसमें कपूर का एक टुकड़ा मिलाईये। अब अपने सिर और कटोरे को तौलिये से ऐसे ढंकिये कि स्टीम बाहर न जाने पाये। अब इस भाप को नाक के रास्ते अंदर खींचिये।

बाल बढ़ाने में फायदेमंद

जानकारों का कहना है कि बालों के न बढ़ने के कई कारण हो सकते हैं, लेकिन कपूर के तेल से इस समस्या से आसानी से निपटा जा सकता है। इसके लिये बालों वाले तेल में कपूर के तेल को मिलाईये और लगाईये। इससे सिर की त्वचा में रक्त प्रवाह बढ़ता है, जो कि बालों की वृद्धि में मदद करता है।

खाज से दिलाये छुटकारा

जानकारों की मानें तो खाज की वजह से त्वचा लाल पड़ जाती है। इससे निपटने के लिये कपूर के तेल को पानी में मिलाकर प्रभावित स्थान पर लगाईये। ऐसा कुछ दिन तक करने से जल्द ही खाज से छुटकारा मिल जायेगा।

मच्छरों को भगाने में कारगर

जानकारों का मत है कि डेंगू मच्छरों के काटने से होने वाला एक घातक रोग है। इससे बचने के लिये जरूरी है कि मच्छरों से बचाव किया जाये। कपूर मच्छरों को भगाने के लिये बेहतरीन उपाय है। इसके लिये कमरे में कपूर को जलाकर सारे खिड़की और दरवाजे बंद कर दें। यह कमरे के कोने में छुपे मच्छरों को मारने में मदद करता है और मलेरिया तथा डेंगू जैसी घातक बीमारियों से बचाता है।

(साई फीचर्स)