राजेश खन्ना की असफलता को रेखांकित किया प्रेम चौपड़ा ने!

(ब्यूरो कार्यालय)

मुंबई (साई)। बॉलीवुड के दिवंगत एक्टर राजेश खन्ना (Rajesh Khanna) इंडस्ट्री के चार्मिंग और सफल एक्टरों में से एक रहे हैं। इंडस्ट्री में एक ऐसा दौर रहा था, जब सभी मेकर्स केवल राजेश खन्ना को ही अपनी फिल्म में साइन करना चाहते थे। उन्हें सिनेमा जगत का सुपरस्टार तक कहा गया। लेकिन उनके जीवन में ऐसा समय भी आया जब उन्होंने उतार-चढ़ाव देखा। उनके करियर में ऐसा समय भी रहा जब उन्होंने अपना स्टारडम गिरता हुआ देखा और फिर उसके बाद कभी भी इंडस्ट्री में अपनी धाक नहीं जमा पाए। ऐसे में उनके स्टारडम गिरने की वजह का खुलासा एक्टर प्रेम चोपड़ा ने किया है और बताया कि इसे वो बर्दाश्त नहीं कर पा रहे थे। उनका बुरा हाल हो गया था।

प्रेम चोपड़ा ने राजेश खन्ना के साथ करीब 19 फिल्मों में काम किया था। इसमें ‘प्रेम नगर’, ‘डोली’, ‘ऊंचे लोग’, ‘कटी पतंग’, ‘दो रास्ते’, ‘अजनबी’ और ‘दाग’ जैसी फिल्में शामिल हैं। प्रेम चोपड़ा ने हाल ही में न्यूज18 से बातचीत में राजेश के डूबते करियर के बारे में बात की और कहा कि ‘राजेश खन्ना के साथ काम करना उनका शानदार अनभुव रहा है। लेकिन बाद में वो ये मानने के लिए ही तैयार नहीं थे कि उनका करियर फ्लॉप हो रहा है, उनकी फिल्में फ्लॉप हो रही हैं।’

प्रेम चोपड़ा अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए बताते हैं कि ‘कभी आलम ये था कि राजेश को साइन करने के लिए प्रोड्यूसर्स की लाइन लगी रहती थी। लेकिन कई लोग उन्हें गलत समझ बैठे थे। वो एक इमोशनल इंसान थे। उनकी खुद की काफी दिक्कतें थीं। हालांकि, प्रेम उन बातों को नकारते हैं कि इसके बारे में नहीं जानते हैं कि वो कौन सी बातें थीं लेकिन कहते हैं कि अपनी परेशानियों की वजह से एक्टर ने स्टारडम को खो दिया था।’

इसके आगे प्रेम चोपड़ा बताते हैं कि राजेश को कई बार वो फिल्में भी ऑफर होती थीं, जिसमें वो फिट नहीं बैठते थे। ऐसे में जो-जो फिल्में राजेश खन्ना नहीं करते थे। वो अमिताभ बच्चन की झोली में जा गिरती थी और बिग बी उस रोल के लिए तैयार हो जाते थे। अमिताभ ने इसमें कई रोल ऐसे भी किए, जिसमें उनका हीरो का नहीं बल्कि साइड रोल रहा है। जबकि, राजेश खन्ना केवल हीरो का ही रोल करना चाहते थे। इसकी वजह से वो फिल्मों में काम करने से मना करते गए और उनका स्टारडम नीचे गिरता चला गया।

आपको बता दें कि राजेश खन्ना 1970 से 1987 तक इंडस्ट्री के सफल एक्टर रहे। वो सिनेमा जगत के हाईएस्ट पेड एक्टर रहे। हालांकि, बाद में डाउनफॉल शुरू हो गया था। एक के बाद एक उनकी सभी फिल्में फ्लॉप हो रही थीं। अंत में एक्टर ने इंडस्ट्री से खुद को किनारे कर लिय और लंबे समय तक बीमार रहने के बाद साल 2012 में उनका निधन हो गया था।