रविदास समाज के सहारे चुनाव जीतने की जुगाड़ में है भाजपा

(ब्यूरो कार्यालय)

सिवनी (साई)। मध्यप्रदेश में रविदास समाज की जनसंख्या करीब ग्यारह प्रतिशत है। सन 2018 के विधानसभा चुनाव में रविदास समाज के अधिकांश वोट कांग्रेस को मिले। कांग्रेस जीती और उसकी सरकार बनी। आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा रविदास समाज को अपने पक्ष में करने के लिए सागर में एक सौ करोड़ रुपए का विशाल संत रविदास मंदिर बनाने जा रही है। 25 जुलाई से 12  अगस्त 2023 तक पूरे प्रदेश में रविदास समरसता यात्राएँ निकाली जा रही हैं। इस तरह रविदास समाज के सहारे चुनाव जीतने की जुगाड़ में है भाजपा।

उक्ताशय का विश्लेषण करते हुए संत रविदास  समाज संघ जिला सिवनी के अध्यक्ष रघुवीर अहरवाल ने बताया कि आगामी विधानसभा चुनाव जीतने के लिए भाजपा और मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान कई प्रकार हथकण्डे अपना रहे हैं। जिसमें  रविदास समाज को भाजपा से जोड़ना बहुत महत्वपूर्ण है। प्रदेश के जो चुनाव क्षेत्र अनुसूचित जाति के लिए सुरक्षित हैं उनमें अधिकांश जनसंख्या रविदास समाज की है। वैसे भी पूरे प्रदेश में इस समाज के लोग निवास करते हैं। करीब 50 वर्ष पहले यह समाज कांग्रेस का वोट बैंक था। किन्तु बहुजन समाज पार्टी के उदय से यह वोट बैंक बड़ी संख्या में बसपा की ओर चला गया। इसी प्रकार गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के आने से कांग्रेस का अधिकांश आदिवासी वोट बैंक गोंगपा से जुड़ गया। इस तरह कांग्रेस कमजोर हो गई और  भाजपा की सरकार बन गई। पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने इन्ही दोनों समुदायों को जोड़ने की भारी मशक्कत की। जिसमें उसको काफी हद तक सफलता भी मिली। उसकी सरकार बनी किन्तु मात्र 18 महीने बाद ज्योतिरादित्य सिंधिया की बगावत के कारण कांग्रेस की सरकार गिर गई और भाजपा ने सिंधिया गुट की  सहायता से अपनी सरकार बना लिया।

आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा रविदास समाज पर डोरे डाल रही है। पाठकों को याद होगा कि पिछले दो वर्ष से भाजपा संत रविदास जयंती का पूरे प्रदेश में भव्य आयोजन कर रही है। जिसके तहत जिला मुख्यालय से लेकर ग्राम पंचायत स्तर तक भाजपा सरकार ने संत रविदास जयंती मनाई। प्रदेश के सभी रविदास मंदिरों में भाजपा के अनेक छोटे बड़े नेता इन मंदिरों में मत्था टेकते दिखे।

आज सिवनी पहुचेगी संत शिरोमणि रविदास जी की समरसता यात्रा

27, 28, 29 एवं 30 जुलाई जिले के विभिन्न ग्रामों में यात्रा देगी समरसता का संदेश, ग्रामों से संग्रहित की जाएगी मिट्टी एवं जल

संत शिरोमणि रविदास महाराज के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य प्रदेश में 5 स्थानों से समरसता यात्राएं आयोजित की जा रही है। जिसमें जिला बालाघाट से प्रारंभ हुई यात्रा का 27 जुलाई 23 जिले के बरघाट विकासखण्ड के ग्राम गंगेरूआ से जिले में प्रवेश होगा। यह यात्रा जिले के चारों विधानसभा में भ्रमण कर समरसता का संदेश देते हुए ग्राम से मिट्टी एवं नदियों का जल एकत्रित करेगी।

27 जुलाई को यह यात्रा दोपहर 2 बजे बरघाट विधानसभा के ग्राम गंगेरूआ से जिले में प्रवेश करेगी तथा गंगेरूआ में जनसभा का आयोजन किया जाएगा। इसके उपरांत यात्रा दोपहर 3.30 बजे ग्राम आष्टा, 4 बजे धारना तथा 5 बजे बरघाट पहुंचेगी। इसी तरह यात्रा 6.30 बजे विधानसभा केवलारी के ग्राम मेहरा पिपरिया, ग्राम कान्हीवाड़ा से होती हुई शाम 7.30 बजे ग्राम पलारी पहुंचेगी जहां संवाद कार्यक्रम के साथ ही रात्रि विश्राम करेगी।

संत रविदास समाज के जिला अध्यक्ष रघुवीर अहरवाल ने आगे बताया कि बहुजन समाज पार्टी ने जो राजनीतिक चेतना कमजोर जातियों में जाग्रत किया है। उसके कारण रविदास समाज अपने वोट बैंक की ताकत समझने लगा है। वह राजनीतिक और सामाजिक रुप से संगठित भी हो रहा है। इसी कारण सभी राजनीतिक दल चौकन्ने हो गए हैं।