समरसता यात्रा का छपारा में हुआ भव्य स्वागत

(ब्यूरो कार्यालय)

सिवनी (साई)। संत शिरोमणि रविदास जी के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने तथा उनके समरसता के संदेश को प्रसारित करने के उद्देश्य से प्रदेश में समरसता यात्रा का आयोजन किया जा रहा है।

समरसता यात्रा के सिवनी जिलें में प्रवास के तृतीय दिवस यह यात्रा लखनादौन से प्रारंभ होकर सिरमंगनी, बम्होड़ी, खुर्सीपार, शिकारा, मोहगांव, गनेशगंज, बिजना, सहजपुरी, पायली होती हुई छपारा नगरीय क्षेत्र में पहुँची।

यात्रा के नगर में प्रवेश के दौरान बैंड-बाजे, पुष्प वर्षा से समरसता यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। यात्रा की अगवानी क्षेत्रीय विधायक श्री राकेश पाल ने की। इस अवसर पर मध्य प्रदेश गोपालन एवं पशुधन संवर्धन बोर्ड के अध्यक्ष स्वामी अखिलेश्वरानंद गिरि, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री आलोक दुबे, पूर्व विधायक श्री नरेश दिवाकर, सिवनी नगरपालिका उपाध्यक्ष श्री ज्ञानचंद सनोड़िया, नगर पालिका अध्यक्ष छपारा श्रीमती निशा पटेल, यात्रा प्रभारी श्री प्रवीण मेश्राम, अजय मेश्रामसहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

मध्य प्रदेश गोपालन एवं पशुधन संवर्धन बोर्ड के अध्यक्ष स्वामी अखिलेश्वरानंद गिरि ने जन संवाद कार्यक्रम को संबोधित कहा कि भारत के धार्मिक एवं आध्यात्मिक मूल्य ही हमारी अमूल्य सम्पति हैं। भारत देश के आदर्श सदैव विश्व को मार्गदर्शन देते हैं। उन्होंने कहा कि  संत रविदास का परम ज्ञान और समरसता का संदेश आज भी जीवंत हैं। यह सम्पूर्ण विश्व को सद्भाव और सामाजिक समरसता का संदेश देता है।

विधायक श्री पाल ने कहा कि संत शिरोमणि रविदास जी ने कर्म मार्ग का आदर्श प्रस्तुत किया हैं। उन्होंने कहा कि संत रविदास जी के आदर्शों को आत्मसात कर हमें कर्म को सर्व प्राथमिकता देकर समाज से भेद-भाव और जातिवाद को मिटाने का प्रयास करना चाहिए। विधायक श्री पाल ने कहा कि प्रदेश शासन द्वारा आयोजित की जा रही समरसता यात्रा निश्चित रूप से संत रविदास जी के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने में कारगर सिध्द होगी। यात्रा के माध्यम से गांव-गांव से एकत्रित किए जा रहे जल एवं मिट्टी का उपयोग सागर जिले में बनने वाले संत शिरोमणि रविदास जी के भव्य मंदिर निर्माण में होने से यह आने वाली पीढ़ी को समरसता का संदेश देगा।

इसी तरह श्री आलोक दुबे ने कहा कि संत रविदास जी के समरसता संदेश को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से संचालित की जा रही यह यात्रा निश्चित रूप से अभिनव प्रयास हैं।