आधार अपडेट कराया जा सकेगा अब अगले साल 14 मार्च तक

छत्तीसगढ़ में आदिवासी, एमपी में पिछड़ा वर्ग के बाद अब राजस्थान में ब्राम्हण मुख्यमंत्री बनाया भाजपा ने

नमस्कार, ये समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया है। अब आप साई न्यूज की समाचार श्रंखला में मंगलवार 12 दिसंबर 2023 का राष्ट्रीय औडियो बुलेटिन सुनिये।

——–

मध्य प्रदेश एवं छत्तीसगढ़ के बाद अब राजस्थान में भी मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान हो गया। भाजपा ने यहां सबको चौंकाते हुए भजन लाल शर्मा को को मुख्यमंत्री बनाया है। वो सांगानेर से विधायक हैं। ब्राह्मण समाज से आते हैं। राजस्थान बीजेपी के महामंत्री हैं भजन लाल शर्मा, भरतपुर के रहने वाले हैं। भरतपुर के रहने वाले भजनलाल शर्मा पार्टी संगठन में लंबे समय से कार्यरत हैं। वो प्रदेश महामंत्री के तौर पर काम कर रहे थे। बीजेपी ने उन्हें पहली बार जयपुर की सांगानेर सीट से उतारा। पहली बार में ही वो सीएम भी बन गए हैं। मौजूदा विधायक का टिकट काटकर भजनलाल को उतारा गया था।

इसके साथ ही उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी और प्रेमचंद बैरवा होंगे। राजस्थान विधानसभा चुनाव में दीया कुमारी ने राजस्थान की विद्याधर नगर सीट पर भारी मतों से जीत हासिल की थी। राजघराने से संबंध रखने वालीं दीया कुमारी को सीएम के रूप में भी देखा जा रहा था। वहीं दूसरे उप मुख्यमंत्री प्रेम चंद बैरवा दूदू से भाजपा के विधायक हैं। दलित परिवार में जन्मे डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के साथ राजनीतिक जीवन की शुरुआत 1995 से की थी। उन्होंने दूदू ब्लॉक संगठन में कार्य किया था। वर्ष 2000 में दूदू के वार्ड 15 से जिला परिषद सदस्य के तौर पर उन्होंने जीत दर्ज कर राजनीतिक कॅरियर की शुरुआत की थी। वह 2008 में जयपुर ग्रामीण दूदू भाजपा मंडल महामंत्री थे। साल 2013 में विधायक के लिए भाजपा ने दूदू एससी वर्ग की आरक्षित सीट पर उन्हें टिकट दिया। इसके बाद 2023 में उन्होंने दूदू विधानसभा सीट से जीत हासिल की।

——–

अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन गणतंत्र दिवस के मौके पर भारत नहीं आएंगे, उन्हें भारत सरकार की ओर से इसका आमंत्रण मिला था, लेकिन अब अब तक जो बाइडेन के आने के प्लान की जानकारी नहीं मिली है। उक्ताशय की जानकारी प्रधानमंत्री कार्यालय के उच्च पदस्थ सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को देते हुए बताया कि जी-20 समिट के दौरान ही पीएम नरेंद्र मोदी ने जो बाइडेन को द्विपक्षीय वार्ता में 26 जनवरी को भारत आने का न्योता दिया था। 26 जनवरी के आसपास ही भारत में क्वाड समिट का आयोजन भी होना है। सूत्रों का कहना है कि अब क्वाड समिट का आयोजन 2024 में ही बाद में होगा।

——–

अमित शाह द्वारा कश्मीर पर गलतियों के लिए देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू को दोषी ठहराए जाने के एक दिन बाद, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि गृह मंत्री को ष्इतिहास को फिर से लिखने की आदत है। दरअसल गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को राज्यसभा में जम्मू कश्मीर आरक्षण (संशोधन) विधेयक और जम्मू कश्मीर पुनर्गठन (संशोधन) विधेयक पर हुई चर्चा का जवाब देते हुए आरोप लगाया था कि जम्मू-कश्मीर को प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की गलतियों के कारण नुकसान उठाना पड़ा। इस क्रम में शाह ने असामयिक संघर्ष विराम और कश्मीर मुद्दे को संयुक्त राष्ट्र में ले जाने जैसे फैसलों को गिनाया। कांग्रेस के नेतृत्व में विपक्षी दलों के सदस्यों ने गृह मंत्री के जवाब के दौरान सदन से बहिर्गमन किया।

अमित शाह द्वारा कश्मीर पर गलतियों के लिए देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू को दोषी ठहराए जाने के एक दिन बाद, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि गृह मंत्री को इतिहास को फिर से लिखने की आदत है।

——–

देश के सभी आधार कार्ड धारकों को मंगलवार के दिन बड़ी खुशखबरी मिली है। विशिष्ट पहचान प्राधिकरण ने फ्री में आधार को अपडेट करने की डेडलाइन एक बार फिर से बढ़ा दी है। आधार को फ्री में अपडेट करने की डेडलाइन 14 दिसंबर को समाप्त हो रही थी। आधार प्राधिकरण यूआईडीएआई ने एक आधिकारिक अपडेट में डेडलाइन को बढ़ाने की जानकारी दी। प्राधिकरण ने बताया कि नागरिकों से मिल रही सकारात्मक प्रतिक्रियाओं को देखते हुए आधार अपडेशन की डेडलाइन को बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। अब माई आधार पोर्टल के जरिए बिना कोई शुल्क दिए 14 मार्च 2024 तक आधार को अपडेट किया जा सकेगा। प्राधिकरण ने कहा कि डेडलाइन को 15 दिसंबर 2023 से अगले 3 महीने यानी 14 मार्च 2024 तक के लिए बढ़ाने का निर्णय लिया गया है।

——–

ये समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया है। आप सुन रहे हैं साई न्यूज की समाचार श्रंखला में रविवार 10 दिसंबर 2023 का राष्ट्रीय औडियो बुलेटिन।

——–

राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु की आज भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईआईटी), लखनऊ के दूसरे दीक्षांत समारोह में गरिमामयी उपस्थिति रही और उन्होंने इसे संबोधित किया। इस अवसर पर राष्ट्रपति ने कहा कि आज भारत में 5 डी – डिमांड, डेमोग्राफी, डेमोक्रेसी, डिज़ायर और ड्रीम हैं। ये 5डी हमारी विकास यात्रा में बहुत लाभकारी सिद्ध होंगी। हमारी अर्थव्यवस्था, जो एक दशक पहले 11वें स्थान पर थी, आज 5वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गई है और यह वर्ष 2030 तक तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने के मार्ग पर अग्रसर है। भारत एक प्रगतिशील और लोकतांत्रिक राष्ट्र है। हमारा यह सपना है कि भारत वर्ष 2047 तक एक विकसित देश बने। उन्होंने कहा कि यह आईआईआईटी, लखनऊ के सभी छात्रों की जिम्मेदारी है कि वे न केवल इस विजन में भागीदार ही न बनें, बल्कि इसे पूरा करने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान भी दें।

——–

भारतीय तटरक्षक, एशिया में जहाजों के खिलाफ समुद्री डाकुओं और सशस्त्र लूटपाट से निपटने पर क्षेत्रीय सहयोग समझौते (रीजनल को-ऑपरेशन एग्रीमेंट ऑन कॉम्बेटिंग पायरेसी एंड आर्म्ड रोबरी अगेन्स्ट शिप्स इन एशिया-रीकैप) के साथ मिलकर 11 दिसंबर से 15 दिसंबर, 2023 तक गुजरात के गांधीनगर में क्षमता निर्माण से संबंधित वरिष्ठ अधिकारियों की 15वीं बैठक का आयोजन कर रहा है। बैठक का उद्देश्य एशिया में समुद्री डाकुओं और जहाजों के खिलाफ सशस्त्र लूटपाट की अद्यतन स्थिति को समझना, एक-दूसरे के अनुभवों का आदान-प्रदान करना और सभी अनुबंधित पक्षों के सहयोगात्मक दृष्टिकोण के साथ ऐसी घटनाओं से निपटने के लिए उत्कृष्ट व्यवहारों को विकसित करना है।

रीकैप के लिए नामित भारतीय गवर्नर होने के नाते, महानिदेशक राकेश पाल ने चार दिवसीय बैठक का उद्घाटन किया था, जिसमें अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय विषय विशेषज्ञ और वक्ता भाग ले रहे हैं। बैठक में 15 देशों के कुल 19 अंतर्राष्ट्रीय प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं। इसके अलावा, भारतीय नौसेना, प्रमुख बंदरगाहों, राज्य समुद्री बोर्ड, नौवहन महानिदेशालय सहित अन्य समुद्री संगठनों जैसे राष्ट्रीय हितधारकों के वरिष्ठ अधिकारी इस बैठक में भाग ले रहे हैं।

——–

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि अनुच्छेद 370 और 35ए पर सर्वाेच्च न्यायालय के निर्णय ने संवैधानिक एकता को बढ़ावा दिया है। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि सर्वाेच्च न्यायालय के निर्णय ने ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ की भावना को मज़बूत किया है। अपने ब्लॉग पर लेख में प्रधानमंत्री ने कहा कि अपने ऐतिहासिक फैसले में सर्वाेच्च न्यायालय ने भारत की संप्रभुता और अखंडता को बरकरार रखा है। यह ऐसी भावना है, जिसे प्रत्येक भारतीय ने सदैव संजोया है। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख की खूबसूरती का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि इन क्षेत्रों की शांत वादियाँ, बर्फ से ढके पहाड़, पीढ़ियों से कवियों, कलाकारों और हर भारतीय के दिल को मंत्रमुग्ध करते रहे हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि कश्मीर एक ऐसा अद्भुत क्षेत्र है, जो हर दृष्टि से अभूतपूर्व है, लेकिन पिछले सात दशकों से यहां के अनेक स्थानो पर ऐसी हिंसा और अस्थिरता देखी गई, जिसकी कल्पना तक नहीं की जा सकती। प्रधानमंत्री ने कहा कि मुझे अपने जीवन के शुरुआती दौर से ही जम्मू-कश्मीर आंदोलन से जुड़े रहने का अवसर मिला है।

——–

ये समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया है। आप सुन रहे हैं साई न्यूज की समाचार श्रंखला में रविवार 10 दिसंबर 2023 का राष्ट्रीय औडियो बुलेटिन।

——–

कुछ मीडिया रिपोर्टों में यह आरोप लगाया गया है कि देश की केंद्रीय खरीद एजेंसी, केंद्रीय चिकित्सा सेवा सोसायटी (सीएमएसएस) द्वारा गर्भ निरोधकों की खरीदारी में विफल रहने के कारण भारत का परिवार नियोजन कार्यक्रम बुरी तरह से प्रभावित होने की संभावना है। ऐसी रिपोर्टें ग़लत जानकारी देने वाली और भ्रामक हैं। यह बात केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के द्वारा जारी विज्ञप्ति में कही गई है।

विज्ञप्ति के अनुसार केंद्रीय चिकित्सा सेवा सोसायटी (सीएमएसएस), नई दिल्ली, एक स्वायत्त निकाय और केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के तहत एक केंद्रीय खरीद एजेंसी है, जो राष्ट्रीय परिवार नियोजन कार्यक्रम और राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण कार्यक्रम के लिए कंडोम खरीदती है। सीएमएसएस ने मई, 2023 में परिवार नियोजन कार्यक्रम के लिए 5।88 करोड़ कंडोम खरीदे हैं। कंडोम की वर्तमान स्टॉक स्थिति परिवार नियोजन कार्यक्रम की आवश्यकता को पूरा करने के लिए पर्याप्त है।

——–

ऊर्जा संरक्षण के महत्व पर संदेश फैलाने और ऊर्जा दक्षता एवं संरक्षण में राष्ट्र की उपलब्धियों को प्रदर्शित करने के लिए प्रति वर्ष 14 दिसंबर को राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण दिवस मनाया जाता है। राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु 14 दिसंबर, 2023 को नई दिल्ली के विज्ञान भवन, में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण दिवस 2023 समारोह में भाग लेंगी। इस अवसर पर, राष्ट्रपति उघ्पस्थित जनसमूह को संबोधित करेंगी और राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण पुरस्कार 2023, राष्घ्ट्रीय ऊर्जा दक्षता नवोन्घ्मेषण पुरस्कार 2023 और ऊर्जा संरक्षण पर राष्ट्रीय चित्रकला प्रतियोगिता 2023 के विजेताओं को सम्मानित भी करेंगे।

——–

तेलंगाना में विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव बृहस्पतिवार 14 दिसंबर को होगा। इसके लिए अधिसूचना जारी कर दी गई है। विधानसभा अध्यक्ष के चुनाव के लिए नामांकन कल सुबह दस बजकर 30 मिनट से शाम पांच बजे तक किये जा सकेंगे। प्रत्याशी अपने नामांकन पत्र राज्य विधानसभा के सचिव के पास अपने प्रस्तावक के माध्यम से जमा कर सकते हैं। कोई भी सदस्य अपना नाम स्वयं प्रस्तावित नहीं कर सकता और एक से अधिक नामों का प्रस्ताव भी नहीं रख सकता। नामांकन पत्र में प्रत्याशी का नाम होगा और उसपर प्रस्तावक के हस्ताक्षर होंगे।

——–

आप सुन रहे थे समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया की साई न्यूज की समाचार श्रृंखला में मंगलवार 12 दिसंबर 2023 का राष्ट्रीय औडियो बुलेटिन। बुधवार 13 दिसंबर 2023 को एक बार फिर हम औडियो बुलेटिन लेकर हाजिर होंगे। इसके साथ ही साई न्यूज में ज्वलंत विषयों पर लिमटी की लालटेन रोजाना सुबह सात बजे देखना न भूलें। यदि आपको ये ऑडियो बुलेटिन पसंद आ रहे हों तो आप इन्हें लाईक, शेयर और सब्सक्राईब जरूर करें। अभी आपसे अनुमति लेते हैं, जय हिन्द।

(साई फीचर्स)

 

——–