नए साल में ग्वालियर व जबलपुर को मिल सकता है पुलिस कमिश्नर प्रणाली का तोहफा!

मोहन यादव ने की अमित शाह से चर्चा, मंत्रीमण्डल के विभाग हुए तय, घोषणा शनिवार को!

 

नमस्कार, ये समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया है। अब आप साई न्यूज की समाचार श्रंखला में शुक्रवार 29 दिसंबर 2023 का प्रादेशिक औडियो बुलेटिन सुनिये।

——–

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव ने शुक्रवार को दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से अहम मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच यह मुलाकात लगभग एक घंटे तक चली। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के करीबी सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि इस मुलाकात में मध्य प्रदेश में मंत्रियों के बीच विभागों के बंटवारे को लेकर अहम चर्चा हुई है। सूत्रों की मानें तो मुख्यमंत्री के भोपाल लौटने के उपरांत जल्द ही कैबिनेट मंत्रियों को पोर्टफोलियो मिल जाएगा।

यहां आपको बता दें कि मध्य प्रदेश में हाल ही में शपथ लेने वाले मंत्रियों के बीच विभागों (मंत्रालयों) के बंटवारे को लेकर आलाकमान से चर्चा करने के लिए मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव दिल्ली पहुंचे। वहां उन्होंने बीजेपी के बड़े नेताओं से मुलाकात की है। शुक्रवार को उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर मंत्रियों के बीच विभागों के बंटवारे को लेकर विस्तार से चर्चा की है। यह माना जा रहा है कि उनके भोपाल लौटते ही जल्द ही मंत्रियों के बीच विभागों का आवंटन कर दिया जाएगा।

——–

नए साल में मध्य प्रदेश के दो प्रमुख नगरों जबलपुर और ग्वालियर में पुलिस कमिश्नर प्रणाली की सौगात मिल सकती है। उक्ताशय की बात मुख्यमंत्री निवास के उच्च पदस्थ सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताते हुए कहा कि पूर्व में प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव ने अपने शुरुआती फैसले में इस बात का एलान किया जा चुका है। अभी तक राजधानी भोपाल और इंदौर में पुलिस कमिश्नर प्रणाली लागू है। उम्मीद की जा रही है कि मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव 3 जनवरी के अपने पहले जबालपुर के प्रस्तावित दौरे के दौरान इसकी घोषणा कर सकते है।

——–

मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव द्वारा पुलिस मुख्यालय में आयोजित बैठक के दौरान पुलिस विभाग के अधिकारियों /कर्मचारियों को शीघ्र पदोन्नति करने के लिए निर्देशित किया गया था। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार तत्काल कार्रवाई के लिए पुलिस महानिदेशक श्री सुधीर सक्सेना ने पुलिस विभाग के सभी शाखाओं को आदेशित किया गया। पुलिस मुख्यालय के सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि इसी तारतम्य में विशेष सशस्त्र बल (एसएएफ) द्वारा विभिन्न संवर्गों की विभागीय पदोन्नति समितियां गठित कर पदोन्नति की कार्रवाई की गई जिसमें विभिन्न संवर्गों (जीडी, आर्म्स, अश्वारोही, बैंड) में 67 उप निरीक्षक से निरीक्षक, 118 सहायक उप निरीक्षक से उप निरीक्षक एवं 167 प्रधान आरक्षक से सहायक उप निरीक्षक के इस तरह कुल 368 अधिकारियों/ कर्मचारियों की उपयुक्तता सूची जारी कर पदोन्नति प्रदान की गई।

——–

मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव ने आज दिल्ली प्रवास के दौरान केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह से उनके निवास पर भेंट कर आगामी 1 जनवरी, 2024 को प्रदेश में साइबर तहसील व्यवस्था लोकर्पित करने का अनुरोध किया।

मुख्यमंत्री डॉक्टर यादव ने बताया कि प्रधान मंत्री श्री नरेंद्र मोदी की प्रदेश की जनता को दी गयी संकल्प-पत्र 23 की गारंटियों की पूर्ति के लिए राज्य सरकार दृढ़ संकल्पित है। इसी क्रम में राज्य सरकार ने 1 जनवरी, 2024 से पूरे प्रदेश में साइबर तहसील की अवधारणा लागू करने का निर्णय लिया है।

——–

ये समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया है। अब सुन रहे हैं साई न्यूज की समाचार श्रंखला में शुक्रवार 29 दिसंबर 2023 का प्रादेशिक औडियो बुलेटिन।

——–

सामान्य वनमंडल अलीराजपुर के जोबट परिक्षेत्र के ग्राम छोटा उण्डवा से रेस्क्यू कर एक नर तेन्दुआ शावक को अलीराजपुर डिपो परिसर में रखा गया था। शावक की अत्यंत कमजोर स्थिति को देखते हुये वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार शावक को 23 अगस्त को वन विहार राष्ट्रीय उद्यान में उपचार के लिये लाया गया था। तेंदुआ शावक को क्वारेन्टाईन बाड़े में रखकर उसका समुचित उपचार एवं देखभाल की गई। क्वारेन्टाईन अवधि पूरी होने के बाद इस शावक को स्वस्थ हालत में तेंदुआ हाउसिंग में स्थानांतरित कर दिया गया था। 28 एवं 29 दिसम्बर 2023 की दरम्यानी रात में इस तेंदुआ शावक की मृत्यु हो गई।

——–

मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा नई कॉलोनियों के विद्युतीकरण तथा अन्य विद्युतीय निर्माण कार्य में अनियिमितता, नियमों की अवहेलना, स्थल निरीक्षण में लापरवाही और कॉलोनाइजर/ विद्युत ठेकेदार को अनुचित लाभ पहुंचाने के आरोप में 6 विद्युत अधिकारियों को म.प्र. सिविल सेवा नियम 1966 तथा पेंशन नियमों के अंतर्गत मेजर पेनाल्टी से दंडित किया गया है।

——–

बीजेपी के पूर्व राष्ट्रीय महासचिव और मध्य प्रदेश कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय शुक्रवार को इंदौर में पार्टी दफ्तर पर आयोजित अभिनंदन कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। विजयवर्गीय ने कार्यकर्ताओं को नसीहत देते हुए कहा कि योजनाओं की जानकारी जनता तक खुद पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि अगर अधिकारियों के भरोसे रहे तो योजनाओं का बंटाधार हो जाता। वहीं मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में मिली प्रचंड जीत का श्रेय विजयवर्गीय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दिया। इस दौरान उन्होंने गुना भीषण अग्निकांड पर हुई कार्रवाई को लेकर मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव की जमकर तारीफ की और कहा कि सरकार ऐसे चलती है, जैसे मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव ने शुरुआत की है।

——–

मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कमल नाथ का गढ़ माना जाता है। इस बार विधान सभा चुनावों में छिंदवाड़ा जिले की सातों सीटों पर कांग्रेस का परचम लहराया है। इसके बाद भी जिला भाजपा में रार थमने का नाम नहीं ले रही है। छिंदवाड़ा जिले में बीजेपी की अंदरुनी लड़ाई अब थाने की सीमा तक पहुंच गई है। एक सप्ताह पहले तक बीजेपी जिलाध्यक्ष विवेक बंटी साहू ने पूर्व मंत्री और बीजेपी के कद्दावर नेता चौधरी चंद्रभान सिंह की शिकायत पुलिस और भोपाल पार्टी कार्यालय में की थी। बंटी साहू गुट का आरोप था कि चंद्रभान सिंह उनके खिलाफ सोशल मीडिया पर भ्रामक और गलत खबरे फैलाकर उन्हें बदनाम कर रहे हैं। वहीं अब बीजेपी के कद्दावर नेता पूर्व मंत्री चौधरी चंद्रभान सिंह भी थाने पहुंच गए हैं। चंद्रभान सिंह ने पुलिस अधीक्षक विनायक वर्मा से विवेक बंटी साहू के नाम से शिकायत की है। उन्होंने कहा कि बीजेपी जिलाध्यक्ष विवेक बंटी साहू सोशल मीडिया वाट्सएप, यूट्यूब और इंस्टाग्राम पर उनके खिलाफ सीधा आक्षेप लगाकर अनुचित झूठी और भ्रामक टिप्पणी कर वीडियो संदेश प्रसारित कर रहे हैं। ऐसे में उनके खिलाफ अपराधिक मामला दर्ज किया जाए।

——–

प्रदेश के इंदौर में बड़ा हादसा हो गया है। ट्रेन की चपेट में आने के कारण दो छात्राओं की मौत हो गई है। ये हादसा उस वक्त हुआ जब दोनों छात्राएं ट्यूशन से लौट रही थी। दोनों कक्षा 10वीं की छात्रा थीं। ट्यूशन के बाद दोनों छात्राएं घर लौट रही थी। रेलवे ट्रैक पार करने के दौरान अचानक दोनों छात्राएं ट्रेन की चपेट में आ गई और दूर छिटक कर गिरी। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इस मामले में जांच के आदेश दिए हैं। हादसा इंदौर देवास रेल ट्रैक के कैलोद हाला में हुआ।

——–

ये समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया है। अब सुन रहे हैं साई न्यूज की समाचार श्रंखला में शुक्रवार 29 दिसंबर 2023 का प्रादेशिक औडियो बुलेटिन।

——–

उज्जैन के महाकाल मंदिर के पुजारियों ने एक गाने पर आपत्ति जताई है। पुजारी महासभा के अध्यक्ष ने आरोप लगाया है कि गाने में आपत्तिजनक शब्दों के साथ गंदी-गंदी गालियां हैं जिसमें भगवान शिव का नाम लिया गया है। दरअसल, पैंथर नाम के एक रैपर ने श्गलत करमश् नाम का एक म्यूजिक वीडियो बनाया है। करीब एक महीने पहले यूट्यूब पर अपलोड हुए इस वीडियो को 33 लाख लोग देख चुके हैं। पुजारियों ने आरोप लगाया है कि साढ़े तीन मिनट का गाना गालियों से भरा पड़ा है और उसमें भोलेनाथ का नाम लिया गया है। पुजारियों ने भोलेनाथ का नाम हटाने और साथ ही गाने पर बैन लगाने की मांग की है। साथ ही गायक को माफी मांगने के लिए कहा है।

——–

जम्मू-कश्मीर के पुंछ में हुए आतंकी मुठभेड़ में शहीद हुए सैनिक राजेश यादव का पार्थिव शरीर उनके गृह ग्राम पहुंचा। शहीद राजेश सागर जिले के बंडा क्षेत्र के क्वायला गांव के रहने वाले थे। उनका पार्थिव शरीर पहुंचने पर क्षेत्र के हजारों लोगों का हुजूम उमड़ा। इस दौरान सभी नम आंखों से शहीद राजेश यादव को विदाई दी और देशभक्ति के नारे लगाए। उनकी अंतिम यात्रा में नारे लगाते हुए हजारों लोग शामिल हुए। इस दौरान मध्य प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री प्रहलाद पटेल और प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे। मंत्री प्रहलाद पटेल ने शहीद राजेश को श्रद्धांजलि अर्पित की।

——–

मध्यप्रदेश के विभिन्न संस्कृत शिक्षण संस्थान शिक्षा सत्र 2024 – 2025 के लिए महर्षि पतंजलि संस्कृत संस्थान म.प्र. से नवीन सम्बद्धता प्राप्त करने अथवा सम्बद्धता नवीनीकरण के लिए एम.पी.ऑनलाइन के माध्यम से 30 दिसंबर 2023 से 15 जनवरी 2024 तक आवेदन कर सकेंगे। इस संबंध में महर्षि पतंजलि संस्कृत संस्थान द्वारा विस्तृत दिशा निर्देश जारी किये गये है। जारी परिपत्र अनुसार प्रदेश के शासकीय/आदर्श संस्कृत विद्यालय/अशासकीय संस्कृत विद्यालय/शासकीय संस्कृत महाविद्यालय/ परम्परागत सामान्य संस्कृत विद्यालय एवं प्राच्य आवासीय संस्कृत विद्यालय (छात्रावास युक्त) संस्कृत विद्यालयों को वर्तमान में प्रचलित पाठ्यक्रम के आधार पर, संस्थान से सम्बद्धता हेतु एमपी ऑनलाइन के माध्यम से आवेदन करना होगा।

——–

जिला प्रशासन सिवनी इन दिनों खुले में मांस मछली बेचने वालों के खिलाफ कार्यवाही कर रहा है। खाद्य सुरक्षा प्रशासन विभाग एवं नगरीय निकायों के संयुक्त दल द्वारा मांस-मछली दुकानों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान बिना विहित खाद्य लाइसेंस, खुले में तथा अस्वच्छ स्तिथि में मांस-मछली विक्रय करने वाले कुल 39 व्यवसायियों पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम तहत कार्यवाही कर 13 हजार 800 रुपए का जुर्माना वसूला गया। निरीक्षण के दौरान सिवनी नगरीय निकाय अंतर्गत 6 दुकानदारों पर कार्यवाही कर तीन हजार रूपए, नगर परिषद बरघाट में 10 दुकानदारों से 15 सौ रूपए, नगर परिषद लखनादौन 14 दुकानदारों से 5 हजार 400 रूपए, नगर परिषद छपरा में 4 दुकानदारों से 14 सौ रूपए एवं नगर परिषद केवलारी में 5 दुकानदारों पर कार्यवाही कर ढाई हजार रूपए अर्थदंड राशि वसूल की गई तथा शासन द्वारा जारी दिशा निर्देशों का पालन करने की समझाइश दी गई। साथ ही दल द्वारा अस्वच्छ स्थिति में रखे चिकन के 2 और मछली का 1 नमूना जांच हेतु लिया गया।

——–

आप सुन रहे थे समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया की साई न्यूज की समाचार श्रंखला में शुक्रवार 29 दिसंबर 2023 का प्रादेशिक औडियो बुलेटिन। शुनिवार 30 दिसंबर 2023 को एक बार फिर हम औडियो बुलेटिन लेकर हाजिर होंगे। इसके साथ ही साई न्यूज में ज्वलंत विषयों पर लिमटी की लालटेन रोजाना सुबह सात बजे देखना न भूलें। यदि आपको ये ऑडियो बुलेटिन पसंद आ रहे हों तो आप इन्हें लाईक, शेयर और सब्सक्राईब जरूर करें। अभी आपसे अनुमति लेते हैं, जय हिन्द।

(साई फीचर्स)

 

——–