हर तिपहिया वाहन चालक का पसंदीदा है दिल्ली का यह एरिया

 

 

(विवेक शुक्ला)

दिल्ली के तिपहिया चालकों को समझना सच में आसान नहीं है। पहले यह आपसे पूछेंगे कि कहां चलना है और जब आप बताएंगे तो ये मुंडी हिलाकर मना कर देंगे। तब तर्क देंगे कि हमें पास की ही सवारी चाहिए थी। पर कोई भी तिपहिया चालक एक खास जगह जाने के लिए तुरंत राजी हो जाएगा। वह चाहे जनकपुरी में खड़ा हो या पीरागढ़ी में सवारी का इंतजार कर रहा हो या फिर सब्जी मंडी स्कूटर स्टैंड के पास खड़ा हो। क्या आपको पता है उस जगह का नाम? उस जगह का नाम है लाजपत नगर।

आप किसी भी तिपहिया चालक को लाजपत नगर चलने को कहें, 10 में से 9 बार वह आपको अपने स्कूटर में बैठने के लिए कह देगा। स्कूटर को स्टार्ट करते हुए वह सवारी से पूछता है लाजपत नगर में कौन-सी जगह जाना है? इसका मतलब सेंट्रल मार्किट, मूलचंद मेट्रो स्टेशन या रिंग रोड से होता है। यकीन मानिए तिपहिया पर लाजपत नगर का सफर बड़ा सुखद रहता है। अब आप पूछ सकते हैं कि लाजपत नगर जाने के लिए तिपहिया चालक हमेशा राजी क्यों हो जाते हैं? तो जान लीजिए इसकी भी वजह। दरअसल, लाजपत नगर साउथ दिल्ली के दिल में बसा है। यहां से तिपहिया वालों को साउथ दिल्ली के किसी इलाके की या शेष दिल्ली की सवारी तुरंत मिल जाती है।

आमतौर पर तिपहिया चालक साउथ दिल्ली में ही घूमते हैं। इनको नेहरू प्लेस, आई.एन.ए, दिल्ली हाट, साउथ एक्सटेंशन आदि की सवारियां मिलती रहती हैं। बहुत से चालकों का कहना है कि साउथ दिल्ली की सवारियां मीटर के खराब होने का मसला नहीं बनातीं और 10-20 रुपये ज्यादा ही दे जाती हैं। पूर्वी दिल्ली के कई चालकों ने बताया कि वे रोज सुबह पहली सवारी साउथ दिल्ली की लेना पसंद करते हैं। उस सवारी को छोड़ने के बाद वे लाजपत नगर आ जाते हैं। यहां पर आते ही सवारी मिल जाती है। लाजपत नगर के पास नेहरू प्लेस, ग्रेटर कैलाश, कालकाजी, ग्रीन पार्क, एम्स जैसे व्यस्त इलाके होने के कारण हजारों लोग इधर रोज पहुंचते हैं। इनमें से बड़ी संख्या में लोगों को इधर से उधर जाने के लिए तिपहिया चाहिए होता है।

एक बार लाजपत नगर आने के बाद तिपहिया चालकों को सवारियां मिलती रहती हैं। उन्हें सवारियों के लिए इंतजार नहीं करना पड़ता। इसलिए ही लाजपत नगर इनकी सबसे पसंदीदा जगह है। हालांकि यह मानना होगा कि तिपहिया चालक कनॉट प्लेस आने से पहले भी आमतौर पर आनकानी नहीं करते हैं। सारी दिल्ली के तिपहिया चालक खुशी-खुशी कनॉट प्लेस आ जाते हैं। पर लाजपत नगर इनका प्रिय स्थान है।

(साई फीचर्स)

SAMACHAR AGENCY OF INDIA समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया

समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया देश की पहली डिजीटल न्यूज एजेंसी है. इसका शुभारंभ 18 दिसंबर 2008 को किया गया था. समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया में देश विदेश, स्थानीय, व्यापार, स्वास्थ्य आदि की खबरों के साथ ही साथ धार्मिक, राशिफल, मौसम के अपडेट, पंचाग आदि का प्रसारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाता है. इसके वीडियो सेक्शन में भी खबरों का प्रसारण किया जाता है. यह पहली ऐसी डिजीटल न्यूज एजेंसी है, जिसका सर्वाधिकार असुरक्षित है, अर्थात आप इसमें प्रसारित सामग्री का उपयोग कर सकते हैं. अगर आप समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को खबरें भेजना चाहते हैं तो व्हाट्सएप नंबर 9425011234 या ईमेल samacharagency@gmail.com पर खबरें भेज सकते हैं. खबरें अगर प्रसारण योग्य होंगी तो उन्हें स्थान अवश्य दिया जाएगा.