(ब्यूरो कार्यालय)
नागपुर (साई)। इंजीनियरिंग कॉलेज की छात्रा से दुष्कर्म करने वाले आरोपी को खोजने या उसके बारे में जानकारी देेने वाले को पुलिस ने 5 लाख रुपए इनाम देने की घोषणा की है। पुलिस ने आरोपी का एक स्केच भी जारी किया है। एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी शहर पुलिस के हाथ अभी तक आरोपी का कोई भी सुराग नहीं लग सका है।
नागपुर पुलिस सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि महाराष्ट्र में नागपुर शहर की हाईटेक पुलिस तमाम कोशिशों के बाद भी आरोपी के बारे में कोई जानकारी हासिल नहीं कर सकी। अब इस आरोपी के बारे में उपयुक्त जानकारी देनेवाले नागरिक को 5 लाख रुपए का पुरस्कार दिया जाएगा। दुष्कर्म के इस आरोपी की खोजबीन में हिंगना व आस-पास के थानों के डीबी स्क्वाड की टीम सहित अपराध शाखा पुलिस की कई टीमों को लगाया गया है।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि नागपुर शहर के बाहर भी पुलिस की टीमें रवाना की गई हैं। हिंगना थाना क्षेत्र के अंतर्गत 4 अक्टूबर को वर्धा रोड पर एक अभियांत्रिकी महाविद्यालय की छात्रा बस से उतरने के बाद पैदल कॉलेज की ओर जा रही थी। इस दौरान सुनसान सड़क से जाते समय छात्रा के साथ एक कुकर्मी ने कुल्हाड़ी का डर दिखाकर उससे दुष्कर्म किया। इस मामले में हिंगना पुलिस ने फरार आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज किया है।
सूत्रों ने यह भी बताया कि पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार इस मामले को लेकर काफी गंभीर हैं। उन्होंने पुलिस उपायुक्त डॉ. अनुराग जैन को इस मामले के आरोपी की खोजबीन कर उसे दबोचने का आदेश दिया है। इस मामले में सहायक पुलिस आयुक्त प्रवीण तेजाले, हिंगना के थानेदार विशाल काले व सहायक पुलिस निरीक्षक पांडूरंग जाधव के नेतृत्व में खोजी दस्ता आरोपी की खोजबीन कर रहा है।
हिंगना पुलिस ने गत शनिवार को आरोपी का स्केच जारी किया। इसके बाद भी आरोपी का अभी तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। अब इस प्रकरण के आरोपी की खोजबीन के लिए नागरिकों से मदद मांगी गई है। पुलिस ने आरोपी के बारे में जानकारी देनेवाले को 5 लाख रुपए का इनाम देने की घोषणा की है। पुलिस की ओर से जारी स्केच वाला व्यक्ति कहीं पर भी दिखाई दे तो उसके बारे में जानकारी देने का आह्वान हिंगना पुलिस ने किया है। साथ ही पुलिस विभाग की ओर से कहा गया है कि जो भी व्यक्ति आरोपी से संबंधित जानकारी देगा उसे गुप्त रखा जाएगा।

समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया देश की पहली डिजीटल न्यूज एजेंसी है. इसका शुभारंभ 18 दिसंबर 2008 को किया गया था. समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया में देश विदेश, स्थानीय, व्यापार, स्वास्थ्य आदि की खबरों के साथ ही साथ धार्मिक, राशिफल, मौसम के अपडेट, पंचाग आदि का प्रसारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाता है. इसके वीडियो सेक्शन में भी खबरों का प्रसारण किया जाता है. यह पहली ऐसी डिजीटल न्यूज एजेंसी है, जिसका सर्वाधिकार असुरक्षित है, अर्थात आप इसमें प्रसारित सामग्री का उपयोग कर सकते हैं.
अगर आप समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को खबरें भेजना चाहते हैं तो व्हाट्सएप नंबर 9425011234 या ईमेल samacharagency@gmail.com पर खबरें भेज सकते हैं. खबरें अगर प्रसारण योग्य होंगी तो उन्हें स्थान अवश्य दिया जाएगा.