लोकसभा में 97 विपक्षी सांसदों की गैरहाजिर, पारित हुए तीन नए आपराधिक विधेयक

लोकसभा में विपक्ष की गैरहाजिर, पारित हुए तीन नए आपराधिक विधेयक

हालिया बैठक के साथ ही बजते दिख रहे विपक्ष के इंडी एलायंस के बर्तन!

नमस्कार, ये समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया है। अब आप साई न्यूज की समाचार श्रंखला में बुधवार 20 दिसंबर 2023 का राष्ट्रीय औडियो बुलेटिन सुनिये।

——–

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को संसद भवन परिसर में विपक्षी सांसदों द्वारा उपराष्ट्रपति और राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ का मजाक उड़ाने पर गहरा दुख व्यक्त किया है। एक सोशल मीडिया पोस्ट में राष्ट्रपति ने कहा कि वह संसद परिसर में उप राष्ट्रपति की अवमानना को देखकर बेहद निराश हैं। उन्होंने कहा कि चुने गए प्रतिनिधि अपने विचार व्यक्त करने के लिए स्वतंत्र हैं लेकिन उनकी अभिव्यक्ति शिष्ट और सम्मानजनक रूप में होनी चाहिए। सोशल मीडिया पोस्ट में उपराष्ट्रपति ने कहा कि उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से टेलिफोन आया है जिसमें उन्होंने कुछ सांसदों की अभद्र नाटकीयता पर दुख व्यक्त किया है।

——–

कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा है कि जब तक विपक्षी सांसदों का निलंबन वापस नहीं लिया जाता तब तक पार्टी का विरोध जारी रहेगा। संसद परिसर में मीडियाकर्मियों से बात करते हुए श्री खड़गे ने सरकार पर विपक्ष को रोकने के लिए अलोकतांत्रिक तरीके अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सांसदों का निलंबन जानबूझकर किया गया है और इसका एकमात्र उद्देश्य तीन आपराधिक प्रक्रिया विधेयकों को बिना किसी बहस और चर्चा के पारित करना है।

——–

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आज तेलंगाना के भूदान पोचमपल्ली में बुनकरों को आश्वासन दिया कि पोचमपल्ली बुनाई को और बढ़ावा देने के प्रयास किए जाएंगे। राष्ट्रपति ने आज सुबह यदाद्री भुवनगिरी जिले के भूदान पोचमपल्ली गांव का दौरा किया। उन्होंने पोचमपल्ली रेशम और कपास की अनूठी इक्कत बुनाई की कला को अगली पीढ़ियों तक पहुंचाने के प्रयासों की सराहना की। राष्ट्रपति ने पोचमपल्ली बुनाई को जीआई टैग दिए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने देश के अन्य हिस्सों के बुनकरों को भी पोचमपल्ली की जानकारी प्रदान करने का सुझाव दिया।

——–

इस खबर को वीडियो मे देखिए . . .
हालिया बैठक के साथ ही बजते दिख रहे विपक्ष के इंडी एलायंस के बर्तन!
https://www.youtube.com/watch?v=Ysu2gfGqUg8

विपक्षी सांसद थॉमस चाज़िकादान और ए.एम आरीफ को अनुचित व्यवहार के लिए आज लोकसभा से निलंबित कर दिया गया। संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने सदन में गंभीर कदाचार के लिए दोनों सांसदों को निलंबित करने का प्रस्ताव पेश किया गया, जिसे ध्वनि मत से पारित कर दिया गया।

——–

राज्यसभा में आज केन्द्रीय वस्तु और सेवा कर संशोधन विधेयक-2023 को चर्चा और पारित करने के लिए पेश किया गया। विधेयक में केन्द्रीय वस्तु और सेवा कर-सीजीएसटी विधेयक-2017 के प्रावधानों में संशोधन करना है। इससे केंद्र सरकार को अपीलीय अधिकरण की स्थापना का अधिकार मिल जाएगा।

——–

ये समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया है। आप सुन रहे हैं साई न्यूज की समाचार श्रंखला में बुधवार 20 दिसंबर 2023 का राष्ट्रीय औडियो बुलेटिन।

——–

लोकसभा ने भारतीय न्याय (द्वितीय) संहिता 2023, भारतीय नागरिक सुरक्षा (द्वितीय) संहिता 2023 और भारतीय साक्ष्य (द्वितीय) विधेयक 2023 पारित कर दिया है। भारतीय न्याय (द्वितीय) संहिता 2023, भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) 1860 का स्थान लेगा। ये देश में आपराधिक अपराध पर प्रमुख कानून है। नया विधेयक सामुदायिक सेवा को सजा के रूप में परिभाषित करता है। भारतीय नागरिक सुरक्षा (द्वितीय) संहिता 2023 आपराधिक प्रक्रिया संहिता 1973 (सीआरपीसी) की जगह लेगा। सीआरपीसी गिरफ्तारी, अभियोजन और जमानत के लिए है। भारतीय साक्ष्य (द्वितीय) विधेयक 2023 (बीएसबी टू) भारतीय साक्ष्य अधिनियम 1872 का स्थान लेगा। यह अधिनियम भारतीय न्यायालयों में साक्ष्य की स्वीकार्यता पर है। यह सभी नागरिक और आपराधिक कार्यवाहियों पर लागू होता है। इन कानूनों में एफआईआर से लेकर केस डायरी, केस डायरी से लेकर आरोप पत्र और आरोप पत्र से लेकर फैसले तक की पूरी प्रक्रिया को डिजिटल बनाने का प्रावधान किया गया है।

——–

मंगलवार 19 दिसंबर को दिल्ली में इंडी अलायंस की हुई बैठक में यह सहमति बनी थी कि इस महीने के अंत तक सीट शेयरिंग पर हर हाल में सहमति बना ली जाएगी। बैठक के दौरान प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार कौन होगा, उसके लिए बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे का नाम आगे किया और अरविंद केजरीवाल ने इस नाम पर समर्थन जताया। लेकिन अगले ही दिन आप पार्टी ने पंजाब में सीटों के बंटवारे को लेकर कांग्रेस को झटका दे दिया। आम आदमी पार्टी का कहना है कि केजरीवाल और भगवंत मान के नेतृत्व में यहां की सभी 13 सीटों पर वह अकेले ही लड़ेगी।

वहीं दूसरी ओर जेडीयू सांसद सुनील कुमार पिंटू ने मंगलवार को हुई इंडिया गठबंधन की बैठक को असफल करार दिया है। इस तरह एक बार फिर उन्होंने नीतीश कुमार और पार्टी लाइन के खिलाफ बगावती रुख अख्तियार किया है। उन्होंने विपक्षी गठबंधन की बैठक पर कहा कि, पहले मीटिंग में समोसा मिलता था, इस बार सिर्फ चाय बिस्कुट हुआ। जेडीयू के सुनील कुमार पिंटू बताया पहले तो मीटिंग्स में चाय समोसे चलते थे पर अभी कांग्रेस ने खुद कह रखा है कि फंड की कमी है। लोग उन्हें डोनेट करें। जेडीयू सांसद ने कहा कि कल की मीटिंग तो बस चाय बिस्कुट पर रह गई, समोसे भी नहीं आ पाए।

——–

ये समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया है। आप सुन रहे हैं साई न्यूज की समाचार श्रंखला में बुधवार 20 दिसंबर 2023 का राष्ट्रीय औडियो बुलेटिन।

——–

उत्तर प्रदेश की योगी सरकार शराब नीति में अहम बदलाव करने जा रही है। शराब नीति पर कई बदलावों को कैबिनेट से मंजूरी भी मिल गई है। इसके बाद अब शराब की आम दुकानों को भी मॉडल शॉप में बदला जा सकेगा। साथ ही अब साल में दो दिन शराब की दुकानें एक घंटे ज्यादा खुली रहेंगी। ये शराब नीति 1 अप्रैल 2024 से 31 मार्च 2025 तक के लिए रहेगी। हालांकि, इसके कुछ नियम अभी से लागू हो जाएंगे।

नई शराब नीति में एक बड़ा बदलाव बीयर को लेकर भी किया गया है। अब बीयर की दुकानों को मॉडल शॉप में बदला जा सकेगा। नई नीति के तहत, अगर शराब दुकान के बगल में कम से कम 100 वर्गफीट की जगह खाली है, तो वहां लोग बीयर पी सकेंगे। हालांकि, ये फ्री में नहीं होगा। इसके लिए लाइसेंसधारक को कुछ रकम भी चुकानी होगी।

नई शराब नीति में साल के दो दिन शराब की दुकानें एक घंटे ज्यादा खुल सकेंगी। नई नीति के तहत, क्रिसमस की रात यानी 24 दिसंबर और नए साल की रात यानी 31 दिसंबर को शराब की दुकानें रात के 11 बजे तक खुल सकेंगी।

——–

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल बुधवार (20 दिसंबर) को विपश्यना केंद्र के लिए रवाना हो गए हैं। सीएम केजरीवाल 30 दिसंबर तक यहां रहेंगे। ऐसे में साफ है कि गुरुवार (21 दिसंबर) को दिल्ली शराब नीति से जुड़े मनी लॉन्ड्रिग केस में ईडी के समन पर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल पेश नहीं होंगे। अरविंद केजरीवाल को पिछली बार मामले में ईडी ने समन भेजकर 2 नवंबर को पेश होने के लिए कहा था, लेकिन इस दौरान भी वो पेश नहीं हुए और मध्य प्रदेश के विधानसभा चुनाव को लेकर यहां प्रचार करने के लिए पहुंच गए। केजरीवाल ने ईडी को लेटर लिखते हुए कहा था कि ये अवैध और राजनीति से प्रेरित है। ये सब बीजेपी बदले की राजनीति के तहत कर रही है।

——–

सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की मिकीक्री को लेकर विपक्ष पर कड़ा प्रहार किया। संसद के बाहर मीडिया से बातचीत में श्री ठाकुर ने आरोप लगाया कि हाल के विधानसभा चुनावों में हार की हताशा विपक्ष के चेहरे पर स्पष्ट है। उन्होंने कहा कि श्री गांधी स्वयं नकल को बढ़ावा देने में शामिल थे। उन्होंने आरोप लगाया कि यह न सिर्फ उपराष्ट्रपति का बल्कि एक खास समुदाय का भी अपमान है।

——–

संसद के बाहर मीडिया से बातचीत में राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने सरकार पर संसद में विपक्ष को बोलने का अवसर नहीं देने का आरोप लगाया। उन्होंने संसद की सुरक्षा में सेंध के मुद्दे पर गृह मंत्री के वक्तव्य की मांग को दोहराया। सभापति की नकल उतारने के संबंध में श्री धनखड द्वारा उनके समुदाय का अपमान करने का हवाला देते हुए श्री खरगे ने कहा कि हर मुद्दे में जाति को घसीटना ठीक नहीं हैं।

श्री खरगे ने कहा है कि जब तक विपक्षी सांसदों का निलंबन वापस नहीं लिया जाता तब तक पार्टी का विरोध जारी रहेगा। श्री खरगे ने सरकार पर विपक्ष को रोकने के लिए अलोकतांत्रिक तरीके अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सांसदों का निलंबन जानबूझकर किया गया है और इसका एकमात्र उद्देश्य तीन आपराधिक प्रक्रिया विधेयकों को बिना किसी बहस और चर्चा के पारित करना है। इससे पहले सांसदों के निलंबन और संसद की सुरक्षा में सेंध के मुद्दे पर विपक्षी दल के सदस्यों ने संसद परिसर में विरोध प्रदर्शन किया।

इस बीच, कांग्रेस संसदीय दल की बैठक आज संसद परिसर में हुई। बैठक की अध्यक्षता संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने की। श्रीमती गांधी ने आरोप लगाया कि सरकार ने विपक्षी सांसदों को सदन से निलंबित कर लोकतंत्र को कमजोर किया है। इस बीच, लोकसभा में भारतीय न्याय द्वितीय संहिता 2023, भारतीय नागरिक सुरक्षा द्वितीय संहिता 2023 और भारतीय साक्ष्य-द्वितीय विधेयक 2023 पर चर्चा आगे शुरू हुई।

ये समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया है। आप सुन रहे हैं साई न्यूज की समाचार श्रंखला में बुधवार 20 दिसंबर 2023 का राष्ट्रीय औडियो बुलेटिन।

——–

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत कुल एक हजार 309 रेलवे स्टेशनों को विकास के लिए चिन्हित किया गया है। लोकसभा में एक प्रश्न का उत्तर देते हुए रेल मंत्री ने कहा कि पांच सौ साठ से अधिक ऐसे चयनित स्टेशनों पर काम शुरू कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि मंत्रालय, अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत शहरों और रेल से सम्पर्क के लिए यातायात योजना और मास्टर प्लान पर काम कर रहा है।

——–

मद्रास उच्च न्यायलय ने तमिलनाडु के उच्च शिक्षा मंत्री पोनमुडी को भ्रष्टाचार के एक आरोप में दोषी पाया है। न्यायमूर्ति जी. जयचन्द्रन ने पोनमुडी और उनकी पत्नी को दोष मुक्त किए जाने के बाद पहले के आदेश को रद्द कर दिया। भ्रष्टाचार रोधी और सतर्कता निदेशालय द्वारा एक मामले में पी. विसालाखशी ने 2011 में आय से अधिक सम्पत्ति का मामला दर्ज कराया था। अदालत ने पोनमुडी और उनकी पत्नी को कल न्यायालय में पेश होने को कहा है।

——–

कोलोराडो के सुप्रीम कोर्ट ने एक संवैधानिक विरोध संबंधी निर्णय का हवाला देते हुए फैसला सुनाया है कि डोनाल्ड ट्रंप अगले वर्ष अमरीका में होने वाले राष्ट्रपति पद का चुनाव नहीं लड़ सकते। ऐसा पहली बार हुआ है कि अमरीका के संविधान के 14वें संशोधन की धारा तीन का प्रयोग करते हुए राष्ट्रपति पद के एक उम्मीदवार को अयोग्य ठहराया गया है।

इस बीच अमरीका में रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवार विवेक रामास्वामी ने कहा है कि अगर देश की सुप्रीम कोर्ट डोनाल्ड ट्रम्प को कोलोराडो कि बैलेट पर चुनाव लडने नहीं देगी तो वह कोलोराडो क्षेत्र से अपना नाम वापस ले लेंगे। अमरीकी कैपिटोल पर हमले में पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की भूमिका को लेकर राष्ट्रपति चुनाव के लिए अयोग्य घोषित किए जाने के बाद विवेक रामास्वामी ने यह टिप्पणी की।

——–

आप सुन रहे थे समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया की साई न्यूज की समाचार श्रृंखला में बुधवार 20 दिसंबर 2023 का राष्ट्रीय औडियो बुलेटिन। ब्रहस्पतिवार 21 दिसंबर 2023 को एक बार फिर हम औडियो बुलेटिन लेकर हाजिर होंगे। इसके साथ ही साई न्यूज में ज्वलंत विषयों पर लिमटी की लालटेन रोजाना सुबह सात बजे देखना न भूलें। यदि आपको ये ऑडियो बुलेटिन पसंद आ रहे हों तो आप इन्हें लाईक, शेयर और सब्सक्राईब जरूर करें। अभी आपसे अनुमति लेते हैं, जय हिन्द।

(साई फीचर्स)

 

——–