लंबे समय बाद उद्ध्व और राज ठाकरे दिखे साथ साथ . . .

भाजपा से लड़ने क्षेत्रीय दलों से हाथ मिलाने की बात कही राहुल गांधी ने
नमस्कार, ये समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया है। अब आप साई न्यूज की समाचार श्रंखला में शुक्रवार 22 दिसंबर 2023 का राष्ट्रीय औडियो बुलेटिन सुनिये।
——–
नई दिल्ली में कांग्रेस कार्य समिति की बैठक गत दिवस संपन्न हुई। कांग्रेस के उच्च पदस्थ सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि इस बैठक में हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को मिली हार पर चर्चा हुई। इस दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने बीजेपी के खिलाफ लड़ाई में जीत हासिल करने के लिए क्षेत्रीय दलों से हाथ मिलाने पर जोर दिया। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी, पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और कार्य समिति के विभिन्न सदस्यों ने शिरकत की थी। मल्लिकार्जुन खडऋगे, राहुल गांधी सहित पार्टी के अन्य नेताओं ने 2024 के चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी से मुकाबला करने के लिए विपक्षी एकता पर जोर दिया।
——–
लंबे अंतराल के बाद शुक्रवार को सार्वजनिक रूप से शिवसेना नेता उद्धव ठाकरे और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के प्रमुख राज ठाकरे एक साथ दिखाई दिये। मौका था भांजे की सगाई का। मुंबई के दादर में राज ठाकरे की बहन जयवंती और अभय देशपांडे के बेटे यश देशपांडे की सगाई समारोह हुआ। इस दौरान राज ठाकरे और उद्धव ठाकरे अपने पूरे परिवार के साथ एक साथ अगल-बगल खड़े देखे गए।
——–
भारतीय कुश्ती संघ के उपाध्यक्ष का चुनाव मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने लड़ा ही नहीं है। यह बात मध्य प्रदेश सरकार द्वारा कही गई है। सरकार ने मुख्यमंत्री की हार की खबरों को भ्रामक करार दिया है। सरकार का कहना है कि मोहन यादव को खुद भी अपना वोट डालने नहीं गए। मध्य प्रदेश सरकार की तरफ से कहा गया है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कुश्ती संघ के चुनाव में हिस्सा नहीं लिया था। डॉ. यादव ने खुद भी अपना वोट नहीं डाला था। हालांकि, सरकार ने भी माना है कि मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री का चयन होने से पहले महासंघ के चुनाव में उपाध्यक्ष के पद के लिए मोहन यादव ने नामांकन किया था। 13 दिसंबर नाम वापसी का आखिरी दिन था। मोहन यादव इससे पहले मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री चुन लिए गए। लेकिन वो अपना नामांकन वापस नहीं ले पाए। तकनीकी रूप से डॉ. यादव भले ही लड़ाई में दिख रहे हों लेकिन उन्होंने उसके बाद खुद को इस दौड़ से दूर कर लिया था। यहां तक कि वो खुद भी वोट डालने नहीं गए।
——–
दिल्ली शराब घोटाले में आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह की जमानत याचिका खारिज हो गई है। दिल्ली की अदालत ने आम आदमी पार्टी नेता को जमानत देने से इनकार करते हुए कहा कि संजय सिंह के खिलाफ मामला वास्तविक है। साथ ही कहा कि जो सबूत पेश किए गए हैं, वह कथित मनी लॉन्ड्रिंग में उनकी संलिप्तता दिखाते हैं। कोर्ट ने कहा कि प्रस्तुत साक्ष्यों से पता चलता है कि संजय सिंह कथित मनी लॉन्ड्रिंग में ष्प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से अपराध की आय से जुड़ी गतिविधियों में शामिल थे। इस बीच संजय सिंह के वकीलों ने कोर्ट से कहा कि उनके खिलाफ मामला राजनीति से प्रेरित है और उनके खिलाफ पैसे का कोई मामला नहीं है।
——–
ये समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया है। आप सुन रहे हैं साई न्यूज की समाचार श्रंखला में शुक्रवार 22 दिसंबर 2023 का राष्ट्रीय औडियो बुलेटिन।
——–
देशभर में पिछले पांच सालों के दौरान बाघ के हमलों में 302 लोगों की मौत हो गई, लेकिन इनमें से 55 फीसदी से अधिक मौतें सिर्फ महाराष्ट्र सूबे में हुईं। सरकारी आंकड़ों से यह जानकारी मिली है कि केंद्र ने पीड़ितों के परिवारों को मुआवजे के रूप में 29.57 करोड़ रुपये वितरित किए हैं। सरकार ने इस सप्ताह की शुरुआत में लोकसभा को बताया कि वर्ष 2022 में बाघ के हमलों में 112 लोग मारे गए, जबकि 2021 में 59, 2020 में 51, 2019 में 49 और 2018 में 31 लोग मारे गए।
इस अवधि के दौरान सिर्फ महाराष्ट्र प्रदेश में बाघ के हमलों में 170 लोगों की मौत दर्ज की गई। महाराष्ट्र में 2022 में 85, 2021 में 32, 2020 में 25, 2019 में 26 और 2018 में दो लोगों की बाघ के हमलों में मौत हो गई। उत्तर प्रदेश में पिछले पांच वर्षों में बाघ के हमलों के कारण 39 मौतें हुईं। उत्तर प्रदेश में 2022 और 2021 में 11-11, 2020 में चार, 2019 में आठ और 2018 में पांच लोगों की मौत बाघ हमले के कारण हुई।
——–
अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय ने कहा है कि राष्ट्रीय अल्पसंख्यक विकास और वित्त निगम के तहत वित्तीय वर्ष 2022-23 के दौरान 22 लाख 50 हजार से अधिक लाभार्थियों को 8300 करोड़ रुपये से अधिक वितरित किए गए। जिनमें 85 प्रतिशत से अधिक लाभार्थी महिलाएं हैं। मंत्रालय ने कहा है कि इस वर्ष 9 लाख 63 हजार 448 लाभार्थियों को प्रधानमंत्री विरासत का संवर्धन (पीएम विकास) योजना के तहत प्रशिक्षण प्राप्त हुआ
——–
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक नई दिल्ली में पार्टी मुख्यालय में चल रही है। दो दिन की इस बैठक में आगामी लोकसभा चुनाव के बारे में विचार-विमर्श होगा तथा पार्टी की रणनीति तय की जाएगी। भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा की अध्यक्षता में हो रही बैठक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, विभिन्न राज्यों के पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष तथा प्रभारी और पार्टी के अन्य लोग भाग ले रहे हैं। हाल में सम्पन्न हुए विधानसभा चुनावों में पार्टी के प्रदर्शन की भी बैठक में समीक्षा की जाएगी। संगठन से जुडे मुद्दों तथा विकसित भारत संकल्प यात्रा कार्यक्रम की भी समीक्षा होगी।
——–
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉ 75वें गणतंत्र दिवस समारोह के मुख्य अतिथि होंगे। विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर फ्रांस के राष्ट्रपति गणतंत्र दिवस समारोह के लिए भारत आएंगे। भारत और फ्रांस के बीच कई क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर समानता है। इस साल दोनों देश भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी की 25वीं वर्षगांठ मना रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी 14 जुलाई 2023 को पेरिस में आयोजित बैस्टिल डे परेड में सम्मानित अतिथि थे।
——–
ये समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया है। आप सुन रहे हैं साई न्यूज की समाचार श्रंखला में शुक्रवार 22 दिसंबर 2023 का राष्ट्रीय औडियो बुलेटिन।
——–
केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा है कि भारत दुनिया में ऐसी जगह बना रहा है जहां पूरा विश्व इसे देख रहा है। मेरा भारत अभियान की शुरूआत के बाद युवाओं से संवाद में उन्होंने कहा कि यह सरकार की उपलब्धि है कि देश बुनियादी ढांचा, अर्थव्यवस्था तथा अन्य सभी क्षेत्रों में विकास की ओर बढ रहा है और निर्णायक बदलाव दिख रहे हैं।
सरकार की उपलब्धियों के बारे में उन्होंने कहा कि डिजिटल भुगतान की शुरूआत करके भारत पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है और दुनिया में इस तरह के भुगतान का 48 प्रतिशत हिस्सा दर्ज किया है। उन्होंने कहा कि देश में 2014 में केवल 500 स्टार्टअप थे लेकिन आज भारत तीसरा सबसे बड़ा देश बन गया है जिसके पास स्टार्टअप के लिए इको सिस्टम है। उन्होंने कहा कि ब्रिटेन को पीछे छोड़ते हुए भारत दुनिया का पांचवां सबसे बड़ा देश बन गया है। श्री ठाकुर ने युवाओं से राष्ट्र के विकास में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भारत की स्वतंत्रता के लिए लाखों युवाओं ने अपने जीवन का बलिदान दिया और अब समय आ गया है कि भारतीय युवा अपना योगदान दें और 2047 तक इसे एक विकसित देश बनाने का संकल्प लें।
——–
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमन ने कहा कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल, वायुसेना और अन्य सभी बलों के साथ-साथ राज्य बचाव बल ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से 42 हजार 290 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया है। नई दिल्ली में आज तमिलनाडु के दक्षिणी जिलों में बाढ़ की स्थिति के बारे में एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि श्रीवैकुडम रेलवे स्टेशन में फंसे 800 यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया है और रेलवे ने इन यात्रियों के लिए विशेष रेलगाड़ियों और बसों का प्रबंध किया है। वायुसेना के पांच, नौसेना का एक और तटरक्षक बल के तीन हैलीकॉप्टर बचाव अभियान में लगाए गए हैं।
——–
केन्द्रीय जनजातीय कार्य मंत्री अर्जुन मुंडा ने कल नई दिल्ली में दो दिनों के जनजातीय प्रबोधन कार्यक्रम- आदि व्याख्यान का शुभारम्भ किया। राष्ट्रीय जनजातीय शोध संस्थान इस कार्यक्रम का आयोजन कर रहा है। इसका उद्देश्य जनजातीय परम्पराओं और संस्कृति की जटिलताओं के प्रति गहरी समझ बनाना है। इस अवसर पर श्री मुंडा ने जनजातीय पहचान, उनकी मान्यता और संरक्षण पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जनजातीय भाषा और साहित्य जनजातीय पहचान को संरक्षित रखने के लिए महत्वपूर्ण हैं। श्री मुंडा ने सरकार द्वारा विशेष रूप से संवेदनशील जनजातीय समूहों के लिए प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान का उल्लेख किया।
——–
केन्द्रीय संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा है कि नरेन्द्र मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल के पांच वर्ष के दौरान कई ऐतिहासिक विधेयक पारित किए गए। इनमें जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने से लेकर नए आपराधिक कानून आदि शामिल है।
नई दिल्ली में आज मीडिया को संबोधित करते हुए श्री जोशी ने कहा कि अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद से जम्मू-कश्मीर में महत्वपूर्ण बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि सरकार औपनिवेशिक काल के पुराने कानूनों को समाप्त कर भारतीय अपराध न्याय प्रणाली में बदलाव लाई है। श्री जोशी ने कहा कि नए विधेयक वर्तमान समय की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार किए गए हैं।
——–
आप सुन रहे थे समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया की साई न्यूज की समाचार श्रृंखला में शुक्रवार 22 दिसंबर 2023 का राष्ट्रीय औडियो बुलेटिन। शनिवार 23 दिसंबर 2023 को एक बार फिर हम औडियो बुलेटिन लेकर हाजिर होंगे। इसके साथ ही साई न्यूज में ज्वलंत विषयों पर लिमटी की लालटेन रोजाना सुबह सात बजे देखना न भूलें। यदि आपको ये ऑडियो बुलेटिन पसंद आ रहे हों तो आप इन्हें लाईक, शेयर और सब्सक्राईब जरूर करें। अभी आपसे अनुमति लेते हैं, जय हिन्द।
(साई फीचर्स)

——–