मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु से भेंट

(ब्यूरो कार्यालय)

नई दिल्ली (साई)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु से सौजन्य भेंट की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव की कार्यभार ग्रहण करने के उपरांत राष्ट्रपति से यह पहली मुलाकात थी।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिड़ला से शिष्टाचार भेंट

(ब्यूरो कार्यालय)

नई दिल्ली (साई)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज नई दिल्ली में लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिड़ला से उनके निवास पर शिष्टाचार भेंट की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने श्री बिड़ला को पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। यह मुख्यमंत्री डॉ. यादव की कार्यभार ग्रहण करने के उपरांत लोकसभा अध्यक्ष से पहली मुलाकात थी। श्री बिड़ला ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव को नए पद व दायित्व के लिए शुभकामनाएं दीं और विविध विषयों पर चर्चा की। लोकसभा अध्यक्ष श्री बिड़ला ने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव अपनी प्रगतिशील सोच से मध्यप्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की केंद्रीय मंत्री श्री अनुराग सिंह ठाकुर से सौजन्य भेंट

(ब्यूरो कार्यालय)

नई दिल्ली (साई)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज नई दिल्ली प्रवास के दौरान केंद्रीय युवा कार्यक्रम, खेल तथा सूचना और प्रसारण मंत्री श्री अनुराग सिंह ठाकुर से उनके निवास पर सौजन्य भेंट की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने केंद्रीय मंत्री श्री ठाकुर को पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र भेंट किया। केंद्रीय मंत्री श्री ठाकुर ने भी मुख्यमंत्री डॉ. यादव का पारम्परिक तरीके से हिमाचली टोपी, शॉल और पुष्पगुच्छ भेंट कर शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में युवाओं और खेलों को अभूतपूर्व प्रोत्साहन दिया जा रहा है। मध्यप्रदेश सरकार भी इसी दिशा में आगे बढ़ रही है। आगामी 12 जनवरी को युवा दिवस के रुप में मनाया जाएगा। इस अवसर पर युवाओं और खेल को जोड़ने वाले ‘खेलो इंडिया’ जैसे कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने आशा व्यक्त की कि आने वाले 5 सालों में मध्यप्रदेश सरकार खेलों की विभिन्न विधाओं में स्टेडियम और अन्य खेल अधोसंरचनाएं विकसित कर युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करेगी। केंद्रीय मंत्री श्री ठाकुर ने इस संबंध में भारत सरकार द्वारा मध्यप्रदेश को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।