भोपाल से इंदौर व जबलपुर आरंभ होगी वंदेभारत रेलगाड़ी

(ब्यूरो कार्यालय)

नई दिल्ली (साई)। रेल मंत्रालय सेमी हाईस्पीड ट्रेन वंदे भारत को देश के पांच अन्य रूटों पर एक साथ शुरू करने जा रहा है।

ओडिशा के बालासोर में हाल ही में हुए कोरामंडल एक्सप्रेस ट्रेन हादसे के बाद यह पहली लांचिंग होगी। रेल मंत्रालय ने हादसे के बाद मुंबई-गोवा वंदे भारत ट्रेन लांचिंग को रद्द कर दिया था। नई ट्रेनों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से 26 जून को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। कुछ दिन पहले ही पीएम मोदी ने नॉर्थ ईस्ट की पहली वंदे भारत ट्रेन का उद्घाटन किया था।

जिन रूटों पर ये ट्रेनें चलेंगी, उनमें मुंबई-गोवा, बेंगलुरु-हुबली, पटना-रांची, भोपाल-इंदौर और भोपाल-जबलपुर शामिल हैं। यह पहली बार होगा जब पांच वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनें एकसाथ एक ही दिन शुरू हो रही हैं। पहले ट्रेनों के लांच होने के समारोह को बहुत ही धूमधाम तरीके से आयोजित किया जाता था, लेकिन इस बार ओडिशा हादसे को देखते हुए बहुत ही सादा समारोह आयोजित होगा।

पटना और रांची के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का 12 जून को ट्रायल शुरू किया गया। ट्रायल में ट्रेन ने 6 घंटे का समय लिया था। यानी 6 घंटे में यात्री पटना से रांची और रांची से पटना पहुंच सकेंगे। सुबह 6 बजकर 55 मिनट पर ट्रेन को पटना रेलवे स्टेशन से रवाना किया गया था और इसका रांची रेलवे स्टेशन पहुंचने का समय दोपहर 1 बजे तय किया गया है।

अभी इन रूटों के किराए का ऐलान नहीं किया गया है। उम्मीद है कि जल्द ही सभी रूटों के किराए और अन्य सूचनाएं सार्वजनिक कर दी जाएंगी। जिन रूटों पर वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनें चल रही हैं, उन रूटों पर यात्रियों का पहले की अपेक्षा कम समय में आवागमन हो रहा है। अब तक देश में 17 वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेने चल चुकी हैं।

नई दिल्ली से बनारस तक जाने वाली वंदे भारत देश की पहली सेमी स्पीड ट्रेन थी। इसकी शुरुआत 15 फरवरी 2019 को हुई थी। इसके बाद उसी साल 3 अक्टूबर को दूसरी ट्रेन दिल्ली से जम्मू के कटरा तक चली।