भाजपा नेता राम माधव ने कहा सरकारों को अपदस्थ करने की ताकत रखता है सोशल मीडिया!

नमस्कार, आप सुन रहे हैं समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया की साई न्यूज की समाचार श्रंखला में रविवार 21 फरवरी का राष्ट्रीय ऑडियो बुलेटिन.
——–
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता राम माधव ने कहा है कि सोशल मीडिया इतना शक्तिशाली हो गया है कि वह सरकारों को भी अपदस्थ करने की ताकत रखता है, जिसके कारण अराजकता उत्पन्न हो सकती है और लोकतंत्र कमजोर हो सकता है। इससे निपटने के लिये संवैधानिक ढांचे के तहत समाधान तलाशने की आवश्यकता है।
माधव ने अपनी नयी किताब बिकॉज इंडिया कम्स फर्स्ट के विमोचन के अवसर पर कहा कि गैर-राजनीतिक एवं राज्येतर ताकतों के उदय के कारण लोकतंत्र दबाव में है और नयी चुनौतियों का सामना कर रहा है। उन्होंने प्रभा खेतान फाउंडेशन द्वारा शनिवार शाम को आयोजित समारोह में कहा, सोशल मीडिया इतना ताकतवर है कि वह सरकारों को भी अपदस्थ कर सकता है और उसका नियमन मुश्किल है, क्योंकि यह सीमाओं से परे है। ये बल अराजकता को प्रोत्साहित कर सकते हैं, जिससे लोकतंत्र कमजोर होता है, लेकिन इसका समाधान संवैधानिक ढांचे के भीतर खोजा जाना चाहिये।
——–
कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए पुणे के जिला प्रशासन ने नाइट फर्फ्यू का ऐलान कर दिया है। जिले में रात को 11 बजे से सुबह 06 बजे के दौरान अनावश्यक गतिविधियों की अनुमति नहीं होगी। इसके अलावा स्कूल, कॉलेज और प्राइवेट कोचिंग संस्थानों को भी 28 फरवरी तक बंद रखने का निर्णय लिया गया है। रेस्तरां भी रात 01 बजे की बजाय 11 बजे ही बंद होंगे।
इसके साथ ही तमाम राज्यों में कोरोना के बढ़ते मामले को देखते हुए केंद्र ने भी सख्ती बरतना आरंभ कर दिया है।
केंद्र सरकार ने राज्य की सरकारों को मुख्य रुप से चार-पांच प्रमुख चीजों पर काम करने को कहा है। राज्यों के चयनित जिले जहाँ मामले ज्यादा हों, वहाँ सख्त और व्यापक निगरानी पर ध्यान केंद्रित करना होगा। इसके अलावा उच्च मृत्यु दर वाले जिलों में क्लिनिकल प्रबंधन पर खास ध्यान देने के साथ ही साथ रैपिड एंटीजन टेस्ट के बाद जिन लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आये, उनका अनिवार्य रूप से आर.टी.-पी.सी.आर. टेस्ट करना होगा।
——–
उत्तराखंड के चमोली जिले पर अभी भी संकट के बादल मंडरा रहे हैं। यहाँ ऋषि गंगा के ऊपर ग्लेशियर टूटने से बनी आर्टिफिशियल झील का इंडियन नेवी, एयरफोर्स और एक्सपर्ट की टीम ने मुआयना किया। डाइवर्स ने झील की गहरायी मापी है। इससे मिले डेटा के जरिये वैज्ञानिक यह पता करेंगे कि डैम की मिट्टी की दीवार पर कितना दबाव पड़ रहा है। इस झील में लगभग 4.80 करोड़ लीटर पानी होने का अनुमान है।
विशेषज्ञों के मुताबिक, ये झील लगभग 750 मीटर लंबी है और आगे बढ़कर संकरी हो रही है। इसकी गहरायी आठ मीटर है। इसके हिसाब से झील में लगभग 48 हजार घन मीटर यानी लगभग 4.80 करोड़ लीटर पानी होने का अनुमान है। नेवी के डाइवर्स ने हाथ में इको साउंडर लेकर इस झील की गहरायी मापी। यदि ये झील टूटती है तो काफी ज्यादा नुकसान हो सकता है। एक्सपर्ट के मुताबिक, ये झील केदारनाथ के चौराबाड़ी जैसी है।
——–
देश में एक बार फिर से कोरोना मरीजों के आंकड़े परेशान करने वाले आ रहे हैं। सबसे ज्यादा महाराष्ट्र, कर्नाटक, राजस्थान, छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, हरियाणा, पंजाब, पुडुचेरी, त्रिपुरा और चंडीगढ़ में मरीजों की संख्या बढ़ रही है। केरल में पिछले तीन दिनों से हालात में सुधार हुआ है।
उधर, मरीजों की संख्या बढ़ता देख महाराष्ट्र सरकार ने एक बार फिर से राज्य के कई शहरों में सख्ती आरंभ कर दी है। अमरावती में एक हफ्ते का लॉकडाउन लगाने का निर्णय लिया गया है। यह सोमवार रात 08 बजे से प्रभावी होगा। इस दौरान आवश्यक सामान की दुकानें सुबह 09 बजे से शाम 05 बजे तक खुली रहेंगी।
वहीं, पुणे जिला प्रशासन ने भी नाइट कर्फ्यू लगा दिया है। यहाँ रात 11 बजे से सुबह 06 बजे तक लोगों को घरों से निकलने पर रोक लग गयी है। केवल इमरजेंसी में निकलने की अनुमति होगी। स्कूल-कॉलेज भी 28 फरवरी तक बंद कर दिये गये हैं। पुणे के बाद अब नागपुर, यवतमाल और मुंबई में भी नाइट कर्फ्यू लगाने की तैयारी आरंभ हो गयी है।
——–
सी.बी.आई. ने कोयला तस्करी के मामले में टी.एम.सी. सांसद और ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी की पत्नी को नोटिस जारी किया है। रविवार दोपहर अभिषेक बनर्जी के घर पहुँची सी.बी.आई. टीम ने अभिषेक की पत्नी रुजिरा नरूला को यह नोटिस दिया। बताया जा रहा है कि शीघ्र ही उनसे इस मामले में पूछताछ हो सकती है। दूसरी तरफ भारतीय जनता पार्टी ने कहा है कि कोयला तस्करी तो सिर्फ एक बानगी है, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का परिवार गाय की तस्करी में भी शामिल रहा है और उससे खूब पैसे कमाये हैं।
अभिषेक बनर्जी से जुड़े आरोपों पर एक टीवी चैनल से बातचीत करते हुए भारतीय जनता पार्टी के महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने कहा, ट्रक के ट्रक रोज कोयला निकाला जाता था, जो बाहर भी जाता था। ये तो सिर्फ कोयला तस्करी की बात है, मेरे पास तो गाय की तस्करी के पैसे का कैसे लेनदेन हुआ है इसके भी सबूत हैं।
——–
पेट्रोल, डीज़ल की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ौत्तरी के विरूद्ध काँग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा है। उन्होंने कीमतों को ऐतिहासिक और अव्यवहारिक बताते हुए सरकार से बढ़े दाम वापस लेने की अपील की है।
काँग्रेस अध्यक्ष ने पत्र में आरोप लगाया है कि मोदी सरकार की गलत आर्थिक नीतियों की वजह से ईंधन की कीमत में बेतरतीब इजाफा हो रहा है, जी.डी.पी. गोता लगा रही है लेकिन केंद्र इसका ठीकरा पिछली सरकारों पर फोड़ने में लगा है। सोनिया गांधी ने अपने खत में लिखा है, जिस तरह जी.डी.पी. गोता खा रही है और ईंधन के दाम बेतरतीब बढ़ रहे हैं, सरकार अपने आर्थिक कुप्रबंधन का ठीकरा पिछली सरकारों पर फोड़ने में लगी है। सरकार ईंधन के बढ़े दाम वापस ले और इसका लाभ हमारे मध्यम एवं वेतनभोगी वर्ग, किसानों, गरीबों तक पहुँचाये। काँग्रेस अध्यक्ष ने मोदी सरकार पर लोगों की मुसीबतों से मुनाफाखोरी का आरोप लगाया है।
——–
समाचारों के बीच में हम आपको यह जानकारी भी दे दें कि मौसम के अपडेट जानने के लिये समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के चैनल पर प्रतिदिन अपलोड होने वाले वीडियो अवश्य देखें। मौसम से संबंधित अपडेट मूलतः किसानों, निर्माण कार्य, यात्रा या समारोह आदि के लिये फायदेमंद साबित हो सकते हैं। समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के द्वारा अब तक मौसम के जो पूर्वानुमान जारी किये गये हैं, वे 95 से 99 प्रतिशत तक सही साबित हुए हैं।
——–
दिल्ली के शाहीन बाग में पापुलर फ्रंट ऑफ इंडिया के दफ्तर पर उत्तर प्रदेश एस.टी.एफ. ने रेड की है। सी.ए.ए.-एन.आर.सी. के विरूद्ध प्रदर्शन के दौरान हिंसा फैलाने और हाथरस में दंगा भड़काने के मामले को लेकर एस.टी.एफ. ने यह कार्यवाही की है। एस.टी.एफ. ने उनकी निशानदेही पर कुछ और स्थानों पर भी छापेमारी की है। तफ्तीश में क्या हाथ लगा, इसके बारे में अभी तक पता नहीं लग सका है।
सूत्रों का कहना है कि दिल्ली के शाहीन बाग में पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया के दफ्तर पर रविवार सुबह एस.टी.एफ. की टीम रेड डालने पहुँची थी। पुलिस के मुताबिक छापेमारी अभी जारी है। उत्तर प्रदेश एस.टी.एफ. ने मथुरा से गिरफ्तार किये गये रउफ शरीफ से पूछताछ के बाद पी.एफ.आई. के दिल्ली दफ्तर में छापेमारी की है। रऊफ शरीफ़ पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया की छात्र शाखा सी.एफ.आई. का राष्ट्रीय महासचिव बताया जाता है।
——–
मध्यप्रदेश के सीधी जिले स्थित संजय बाघ रिजर्व में तेंदुए के हमले में 12 वर्षीय एक लड़की की मौत हो गयी। मड़वास पुलिस चौकी प्रभारी केदार परौहा ने बताया कि मृतिका की पहचान सरोज गोंड़ के रूप में की गयी है, वह झपरी गाँव की रहने वाली थी और शिव नारायण सिंह गोंड़ की बेटी थी।
उन्होंने कहा कि यह घटना शनिवार को संजय बाघ अभयारण्य के मड़वास के समीप जंगल में उस वक्त हुई, जब वह अपनी माँ सहित अन्य महिलाओं के साथ खाना पकाने के लिये लकड़ी बीनने गयी थी। परौहा ने बताया, जंगल में ये सभी महिलाएं थोड़े से फासले से लकड़ी बीन रही थीं। सरोज की माँ उसके पास ही थी। अचानक तेंदुए ने सरोज के गले को जबड़े में दबोच लिया और लगभग 200 मीटर तक घसीटते हुए ले गया। वहाँ उपस्थित महिलाओं ने शोर मचाकर उसे छुड़ाने का प्रयास भी किया, लेकिन जब तक तेंदुआ उसे छोड़कर भागा, तब तक सरोज की मौत हो चुकी थी।
—-
आप सुन रहे थे समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया की साई न्यूज में शरद खरे से रविवार 21 फरवरी का राष्ट्रीय ऑडियो बुलेटिन। सोमवार 22 फरवरी को एक बार फिर हम ऑडियो बुलेटिन लेकर उपस्थित होंगे, आपको ये ऑडियो बुलेटिन यदि पसंद आ रहे हों तो आप इन्हें लाईक, शेयर और सब्सक्राईब अवश्य करें, सब्सक्राईब कैसे करना है यह प्रत्येक वीडियो के अंत में हम आपको बताते ही हैं। अभी आपसे अनुमति लेते हैं, नमस्कार।
(साई फीचर्स)

SAMACHAR AGENCY OF INDIA समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया

समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया देश की पहली डिजीटल न्यूज एजेंसी है. इसका शुभारंभ 18 दिसंबर 2008 को किया गया था. समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया में देश विदेश, स्थानीय, व्यापार, स्वास्थ्य आदि की खबरों के साथ ही साथ धार्मिक, राशिफल, मौसम के अपडेट, पंचाग आदि का प्रसारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाता है. इसके वीडियो सेक्शन में भी खबरों का प्रसारण किया जाता है. यह पहली ऐसी डिजीटल न्यूज एजेंसी है, जिसका सर्वाधिकार असुरक्षित है, अर्थात आप इसमें प्रसारित सामग्री का उपयोग कर सकते हैं. अगर आप समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को खबरें भेजना चाहते हैं तो व्हाट्सएप नंबर 9425011234 या ईमेल samacharagency@gmail.com पर खबरें भेज सकते हैं. खबरें अगर प्रसारण योग्य होंगी तो उन्हें स्थान अवश्य दिया जाएगा.