(ब्यूरो कार्यालय)
एटा (साई)। उत्तर प्रदेश के एटा जिले में पटाखे बनाने वाली एक फैक्ट्री में शनिवार को हुए धमाके से 6 लोगों की मौत हो गई है। जानकारी के मुताबिक, 2 लोग गंभीर रूप से घायल भी हुए हैं। घायलों को अस्पताल ले जाया गया है। मृतकों में 5 महिलाएं शामिल हैं। यह हादसा मिरेहची इलाके में हुआ है। बता दें कि कुछ दिन पहले ही पंजाब के बटाला में एक पटाखा फैक्ट्री में हुए धमाके में 23 लोगों की जान चली गई थी और 15 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
सामने आईं तस्वीरों में देखा जा सकता है कि धमाके वाली जगह की बिल्डिंग धराशाई हो गई है। मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासन की टीम ने जेसीबी मशीन की मदद से मलबा हटाकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है। फिलहाल 6 लोगों के शव बरामद किए गए हैं। इसके अलावा 2 लोगों को गंभीर रूप से घायल बताया गया है।
धमाके की आवाज से दहशत में आए लोग
मिली जानकारी के अनुसार, मिरहची के मोहल्ला गड्ढा के एक मकान में आतिशबाजी बनाई जा रही थी। मुन्नी देवी के नाम पटाखा फैक्ट्री का लाइसेंस था। इस घटना के वक्त कई लोग फैक्ट्री में मौजूद थे। सुबह करीब साढ़े 11 बजे मकान में तेज धमाका हुआ। इसके बाद कई और धमाके हुए। धमाकों की आवाज सुनकर लोग दहशत में आ गए। चारों ओर धुंआ ही धुआं छा गया। जब धुआं छटा तो मंजर देख लोग की रूह कांप गई। घटना स्थल के आसपास मानव अंग बिखरे पड़े थे। किसी का कटा हुआ पैर दिखाई दे रहा था तो किसी का हाथ। मांस के लोथड़े जगह-जगह पड़े थे।
आसपास के मकान भी क्षतिग्रस्त
बताया गया है कि मकान के अंदर कम से कम 15-20 लोग मौजूद थे। इनमें कई बच्चे व महिलाएं भी शामिल हैं। पटाखे ठेकेदारी पर बनाए जा रहे थे। इसलिए वहां कुछ श्रमिकों के होने की भी आशंका है। इन धमाकों के चलते आसपास के चार-पांच मकान भी क्षतिग्रस्त हो गए। दो मकान तो पूरी तरह ढह गए। मृतकों में रंजनी, शीतल, सोनी, मुन्नीदेवी, खुशीना और एक अज्ञात शामिल हैं। वहीं माधुरी, देवी, नूतन, मीरा देवी, रिषभ और प्रतीक सहित कई घायल हैं।
गौरतलब है कि पंजाब के बटाला में गत 4 सितंबर को एक पटाखा फैक्ट्री में हुए धमाके में 23 लोगों की जान चली गई थी। पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने बटाला प्रकरण की मैजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए थे। साथ ही मृतकों के परिवारवालों को 2-2 लाख रुपये, गंभीर घायलों को 50 हजार और अन्य घायलों को 25-25 हजार के मुआवजे का ऐलान किया था।

समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया देश की पहली डिजीटल न्यूज एजेंसी है. इसका शुभारंभ 18 दिसंबर 2008 को किया गया था. समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया में देश विदेश, स्थानीय, व्यापार, स्वास्थ्य आदि की खबरों के साथ ही साथ धार्मिक, राशिफल, मौसम के अपडेट, पंचाग आदि का प्रसारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाता है. इसके वीडियो सेक्शन में भी खबरों का प्रसारण किया जाता है. यह पहली ऐसी डिजीटल न्यूज एजेंसी है, जिसका सर्वाधिकार असुरक्षित है, अर्थात आप इसमें प्रसारित सामग्री का उपयोग कर सकते हैं.
अगर आप समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को खबरें भेजना चाहते हैं तो व्हाट्सएप नंबर 9425011234 या ईमेल samacharagency@gmail.com पर खबरें भेज सकते हैं. खबरें अगर प्रसारण योग्य होंगी तो उन्हें स्थान अवश्य दिया जाएगा.