नमस्कार, आप सुन रहे हैं समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया की साई न्यूज की समाचार श्रंखला में शुक्रवार 11 दिसंबर का राष्ट्रीय ऑडियो बुलेटिन.
——-
केंद्रीय शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने शुक्रवार को शालाओं के नेत्तृत्वकर्त्ताओं से नयी राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एन.ई.पी.) को कारगर तरीके से लागू करने के लिये पुरजोर प्रयास करने का अनुरोध किया। वे सीबीएसई के वार्षिक सहोदय सम्मेलन के 26 वें सत्र को संबोधित कर रहे थे।
पोखरियाल ने कहा, मैं शालाओं के नेत्तृत्वकर्त्ताओं से नयी राष्ट्रीय शिक्षा नीति, 2020 को कारगर तरीके से लागू करने के लिये पुरजोर प्रयास करने का अनुरोध करता हूं। यह नीति, अब तक पहली बार सर्वाधिक संख्या में हितधारकों के विचारों को ध्यान में रख कर बनायी गयी है। उन्होंने कहा, यह प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है कि भारत को एक आत्मनिर्भर देश बनायें और असीमित संभावनाओं के साथ एक नया भारत बनायें। शालाओं के नेत्तृत्वकर्त्ताओं और शिक्षकों को इसे हकीकत में तब्दील करने के लिये सामूहिक रूप से काम करना चाहिए।
यह सम्मेलन डिजिटल माध्यमों से शुक्रवार को आरंभ हुआ। शिक्षा मंत्री ने समावेशी शिक्षा, खेल-खेल में सीखने और 11वीं एवं 12वीं कक्षा के लिये शारीरिक शिक्षा पर सी.बी.एस.ई. नियमावली भी जारी की।
——-
दिल्ली के सिंघू बॉर्डर पर बीते 15 दिन से बड़ी संख्या में किसान कृषि सुधार कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं, जहाँ अब कूड़े का अंबार लग गया है।
कई किसानों की शिकायत है कि उन्हें प्रदर्शन स्थल की साफ-सफाई के लिये प्रशासन की ओर से बहुत कम मदद मिल रही है। कागज और प्लास्टिक के गिलासों के ढेर, बोतलें, फलों के छिलके, खाना बनाने से होने वाला कूड़ा, गंदे शौचालय और ठहरा हुआ पानी बदूब उत्पन्न कर रहे हैं, जिससे प्रदर्शन स्थल की हालत बदतर हो गयी है। पच्चीस नवंबर से यहाँ डटे करनाल के एक किसान ने कहा, नगर निगम के कर्मचारी एक बार ही साफ-सफाई के लिये आते हैं। सफाई के अधिकतर प्रयास किसानों को ही करने पड़ रहे हैं।
दिल्ली और हरियाणा दोनों ओर नगर निगमों के कर्मचारी प्रदर्शन स्थल पर साफ-सफाई करते देखे जा सकते हैं, लेकिन किसानों का कहना है कि बड़ी तादाद में लोगों के जमा होने के चलते यहाँ सफाई रखने के लिये इतना काफी नहीं हैं। पंजाब के रामगढ़ के निवासी प्रदर्शनकारी गुरविंदर सिंह ने कहा, कई दिनों से शौचालयों की सफाई नहीं हुई है। सरकार की ओर से कोई मदद नहीं मिल रही।
——-
राजस्थान की अशोक गहलोत सरकार पर संकट उत्पन्न हो गया है।
गहलोत सरकार को झटका देते हुए भारतीय ट्राइबल पार्टी (बीटीपी) ने सरकार से अपना समर्थन वापस ले लिया है। बीटीपी के 02 विधायकों ने शुक्रवार को राजस्थान सरकार से समर्थन वापस लेने की बात कही है। पार्टी का आरोप है कि हाल ही में राज्य में हुए पंचायत चुनाव में कांग्रेस ने उनकी मदद नहीं की थी। बीटीपी नेता छोटूभाई वसावा ने इस संबंध में ट्वीट किये।
एक ट्वीट में छोटूभाई वसावा ने यह भी कहा कि भाजपा-कांग्रेस एक हैं इसलिये क्षेत्रीय पार्टियों को सत्ता से दूर करने के लिये कांग्रेस-भाजपा एक दूसरे का विरोध कर क्षेत्रीय पार्टियों से गठबंधन कर उन्हें खत्म करती हैं। इसलिये ये लोग तीसरे मोर्चे की बात करते हैं।
——-
केंद्र सरकार के नए कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन कर रहे किसानों के निशाने पर अडानी समूह है।
कुछ किसान समूहों ने आरोप लगाया है कि अडाणी समूह ऐसे भंडारण कक्ष तैयार कर रहा है जहाँ अनाज स्टोर करके रखा जायेगा और बाद में उन्हें ऊंची कीमत पर बेच दिया जायेगा। हालांकि, अडानी समूह की ओर से आरोपों पर सफाई भी दी गयी है। अडानी समूह ने कहा है कि वह न तो किसानों से खाद्यान्न खरीदती है और न ही खाद्यान्न का मूल्य तय करती है। दरअसल, अडानी एग्री लॉजिस्टिक के कृषि क्षेत्र में बढ़ते कदम ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है।
यदि मिनिस्ट्री ऑफ कॉरपोरेट अफेयर्स की वेबसाइट के आंकड़ों को ही देखें तो बीते पाँच साल में 21 कंपनियां अस्तित्व में आईं और मंत्रालय ने इनके नामों को मंजूरी दी। ये सभी कंपनियां अडानी एग्री लॉजिस्टिक नेटवर्क की हैं। वर्ष 2014 से 2018 के बीच अडानी एग्री लॉजिस्टिक लिमिटेड की ये सभी कंपनियां गुजरात में रजिस्टर्ड हुई हैं। अडानी एग्री लॉजिस्टिक लिमिटेड की कंपनियां- भटिंडा, बरनाला, देवास, होशंगाबाद, कन्नौज, मनसा, मोगा, कटिहार, दरभंगा, समस्तीपुर सतना, उज्जैन जैसे शहरों के लिये रजिस्टर्ड की गयी हैं।
वेबसाइट पर दी गयी जानकारी के मुताबिक मई 2014 के आखिरी हफ्ते में 05 कंपनियों के नाम पर मुहर लगायी गयी है। ये वही सप्ताह था, जब पहली बार नरेंद्र मोदी ने देश के प्रधानमंत्री के तौर पर शपथ ली थी। वहीं, कांग्रेस के कार्यकाल में अडानी एग्री लॉजिस्टिक की दो कंपनियों के रजिस्ट्रेशन को मंजूरी मिली है।
——-
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के काफिले पर हमले को लेकर गृह मंत्रालय द्वारा पश्चिम बंगाल के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक को तलब किये जाने पर राज्य सरकार ने शुक्रवार को कहा कि वे दोनों दिल्ली नहीं जायेंगे। राज्यपाल जगदीप धनखड़ से रिपोर्ट मिलने के बाद यह कदम उठाया गया है।
दरअसल, पश्चिम बंगाल में नड्डा के काफिले पर तृणमूल कांग्रेस के कथित कार्यकर्त्ताओं ने बृहस्पतिवार की सुबह उस समय हमला किया था जब वे भाजपा कार्यकर्त्ताओं की बैठक को संबोधित करने दक्षिण 24 परगना जिला स्थित डायमंड हार्बर जा रहे थे। भाजपा के सूत्रों के अनुसार हमले में वरिष्ठ नेता कैलाश विजयवर्गीय सहित पार्टी के कई नेता घायल हो गये।
पश्चिम बंगाल के राज्यपाल ने कानून व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति को लेकर कोलकाता में राज्य सरकार की निंदा की और कहा कि मुख्यमंत्री के द्वारा भारतीय जनता पार्टी को बाहरी लोगों की पार्टी बताने की बार-बार की जा रही अपनी टिप्पणियों से बचना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस तरह के बयान राष्ट्रीय ताने-बाने को कमजोर करेंगे। जगदीप धनखड़ ने कहा कि यह शर्मनाक है कि नड्डा पर हमले की घटना अंर्तराष्ट्रीय मानवाधिकार दिवस के दिन हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि कानून का उल्लंघन करने वालों को पुलिस और प्रशासन का संरक्षण प्राप्त है तथा विपक्ष के किसी भी विरोध को दबाया जा रहा है। उन्होंने कहा, राज्यपाल डाकघर नहीं है… वह राजभवन में ही सीमित नहीं रह सकता जब मानवाधिकारों का उल्लंघन हो। उन्होंने कहा, राज्यपाल अपनी शपथ का अनुपालन करेगा चाहे कुछ भी हो।
——-
नासा ने चंद्रमा पर इंसान को भेजने के अपने अभियान के लिये एक भारतीय-अमेरिकी सहित 18 अंतरिक्ष यात्रियों का चयन किया है। नासा ने अपने चंद्र अभियान के लिये बुधवार को 18 अंतरिक्ष यात्रियों के नामों की घोषणा की। इनमें आधी संख्या महिलाओं की है। नासा इन्हें अपने आर्टमिस चंद्र अभियान के लिये प्रशिक्षित करेगा।
43 वर्षीय राजा जॉन वुरपुतूर चारी यूएस एयर फोर्स एकेडमी, एमआईटी और यूएस नवल टेस्ट पायलट स्कूल से स्नातक हैं, और इस सूची में वे भारतीय मूल के एकमात्र अंतरिक्ष यात्री हैं। नासा ने उन्हें 2017 एस्ट्रोनॉट कैंडिडेट क्लास के लिये चुना। अगस्त 2017 में वे इसमें शामिल हुए थे और अपना शुरुआती प्रशिक्षण पूरा किया।
——-
समाचारों के बीच में हम आपको यह जानकारी भी दे दें कि मौसम के अपडेट जानने के लिये समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के चैनल पर प्रतिदिन अपलोड होने वाले वीडियो अवश्य देखें। मौसम से संबंधित अपडेट मूलतः किसानों, निर्माण कार्य, यात्रा या समारोह आदि के लिये फायदेमंद साबित हो सकते हैं। समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के द्वारा अब तक मौसम के जो पूर्वानुमान जारी किये गये हैं, वे 95 से 99 फीसदी तक सही साबित हुए हैं।
——-
पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम ने नौकरशाही को लेकर जोरदार कटाक्ष किया है।
लोकतंत्र के मुद्दे पर नीति आयोग के सी.ई.ओ. अमिताभ कांत की कथित टिप्पणियों पर कटाक्ष करते हुए, पी.चिदंबरम ने शुक्रवार को कहा कि देश में बहुत अधिक नौकरशाही है। इसके अलावा उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार के नए कानूनों पर भी हमला किया है।
चिदंबरम ने अपने एक ट्विट में लिखा, बहुत ज्यादा लोकतंत्र है, एक वरिष्ठ नौकरशाह कहता है. बहुत ज्यादा नौकरशाही है, एक प्रबुद्ध डेमोक्रेट कहता है। ट्वीट्स की एक सीरीज में उन्होंने लव जिहाद पर एक कानून बनाने के लिये भाजपा की अगुवाई वाली उत्तर प्रदेश सरकार के लिये कहा कि एक नये संसद भवन की नींव एक उदार लोकतंत्र के खण्डहर पर रखी गयी।
कांग्रेस नेता ने एक अन्य ट्वीट में पूछा, यूपी, कानून बनाने और कानून के अनुप्रयोग में सबसे रचनात्मक राज्य है, और कौन लव जिहाद नामक अपराध का आविष्कार कर सकता था?
—-
आप सुन रहे थे समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया की साई न्यूज में शरद खरे से शुक्रवार 11 दिसंबर का राष्ट्रीय आडियो बुलेटिन। रविवार 13 दिसंबर को एक बार फिर हम ऑडियो बुलेटिन लेकर उपस्थित होंगे, आपको ये ऑडियो बुलेटिन यदि पसंद आ रहे हों तो आप इन्हें लाईक, शेयर और सब्सक्राईब अवश्य करें, सब्सक्राईब कैसे करना है यह प्रत्येक वीडियो के अंत में हम आपको बताते ही हैं। अभी आपसे अनुमति लेते हैं, नमस्कार।
(साई फीचर्स)

समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया देश की पहली डिजीटल न्यूज एजेंसी है. इसका शुभारंभ 18 दिसंबर 2008 को किया गया था. समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया में देश विदेश, स्थानीय, व्यापार, स्वास्थ्य आदि की खबरों के साथ ही साथ धार्मिक, राशिफल, मौसम के अपडेट, पंचाग आदि का प्रसारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाता है. इसके वीडियो सेक्शन में भी खबरों का प्रसारण किया जाता है. यह पहली ऐसी डिजीटल न्यूज एजेंसी है, जिसका सर्वाधिकार असुरक्षित है, अर्थात आप इसमें प्रसारित सामग्री का उपयोग कर सकते हैं.
अगर आप समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को खबरें भेजना चाहते हैं तो व्हाट्सएप नंबर 9425011234 या ईमेल samacharagency@gmail.com पर खबरें भेज सकते हैं. खबरें अगर प्रसारण योग्य होंगी तो उन्हें स्थान अवश्य दिया जाएगा.