विधायक का कटा चालान . . .

 

प्रियंका गांधी को स्कूटी पर बिठा पहुंचे थे विधायक धीरज गुर्जर, कटा 6,300 का चालान

(ब्‍यूरो कार्यालय)
लखनऊ (साई)। आम व्यक्ति हो या विशेष शख्सियत, कानून सबके लिए बराबर होना चाहिए। उत्तर प्रदेश की ट्रैफिक पुलिस ने राजस्थान के कांग्रेस विधायक धीरज गुर्जर पर 6,300 रुपये का जुर्माना लगाकर यही संदेश दिया है।

गुर्जर ने शनिवार को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी को बिठाकर हेल्मेट पहने बिना स्कूटी चलाई थी।प्रियंका गांधी कांग्रेस के 134वें स्थापना दिवस के मौके पर पार्टी की ओर से आयोजित संविधान बचाओ, देश बचाओकार्यक्रम का नेतृत्व करने लखनऊ में थीं।

कार्यक्रम के बाद वह स्कूटी पर बैठकर पूर्व आईपीएस एस आर दारापुरी के परिजन से मिलने पहुंचीं। स्कूटी राजस्थान के कांग्रेस विधायक धीरज गुर्जर चला रहे थे, लेकिन दोनों ने हेल्मेट नहीं पहन रखा था। अब ट्रैफिक पुलिस ने कानून की अवहेलना के लिए 6,300 रुपये का चालान काट दिया है। गौरतलब है कि सोशल मीडिया पर कई लोगों ने इस पर सवाल उठाया था और गुर्जर का चालान काटने की मांग की थी।

धीरज गुर्जर राजस्थान की जहाजपुर विधानसभा सीट से विधायक हैं। इसके अलावा वह कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव और उत्तर प्रदेश के सह प्रभारी भी हैं। धीरज गुर्जर को प्रियंका गांधी का काफी विश्वस्त माना जाता है। शनिवार को लखनऊ प्रियंका गांधी की इस स्कूटी यात्रा के बाद हाईवोल्टेज राजनीतिक ड्रामा हुआ। एस आर दारापुरी को सीएए के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान हिंसा फैलाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।

स्कूटी से एसआर दारापुरी के घर गई थीं प्रियंका गांधी

प्रियंका गांधी वाड्रा ने पूर्व आईपीएस अधिकारी एसआर दारापुरी के घर जाने के लिए स्कूटी का सहारा लिया क्योंकि पुलिस ने कथित रूप से उनका रास्ता रोकने की कोशिश की। पुलिस ने लोहिया पथ पर प्रियंका को रोक दिया लेकिन वह स्कूटी से गईं।

एस आर दारापुरी के घर जाते वक्त रास्ते में कुछ देर के लिए पुलिस ने प्रियंका के वाहनों को रोक लिया था। प्रियंका ने आरोप लगाया कि लखनऊ पुलिस ने उनका गला दबाया और धक्का देकर गिरा दिया। इस बयान के कुछ देर बाद प्रियंका अपने बयान से पलट गईं। वहीं, प्रियंका गांधी के साथ हुई कथित बदसलूकी के मामले में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के पास एक शिकायत भी दर्ज कराई गई है।

पुलिस ने नकारी बदसलूकी की बात

गला दबाने वाली घटना को लेकर लखनऊ के एसएसपी कलानिधि नैथानी ने कहा कि आरोप पूरी तरह गलत हैं। इस संबंध में सीओ एमसीआर डॉ. अर्चना सिंह ने रिपोर्ट दी है। सीओ अर्चना सिंह प्रियंका गांधी की फ्लीट की प्रभारी थीं। रिपोर्ट में कहा गया है कि प्रियंका गांधी पार्टी दफ्तर से गोखले मार्ग के लिए निकली थीं। उनकी फ्लीट तय रास्ते से न जाकर लोहिया पथ की तरफ जाने लगी। इस पर जब बातचीत की गई तो कोई सही जवाब नहीं मिला। बाकी आरोप गलत हैं।