मोतीलाल वोरा हो सकते हैं कांग्रेस के अंतरिम अध्यक्ष

 

 

 

 

(ब्‍यूरो कार्यालय)

नई दिल्‍ली (साई)। राहुल गांधी के इस्तीफे के बाद अब कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और गांधी परिवार के बेहद करीबी मोती लाल वोरा को पार्टी का अंतरिम अध्यक्ष बनाया जा सकता है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक नए अध्यक्ष की नियुक्ति तक वोरा यह पदभार संभालेंगे। हालांकि पार्टी का अंतरिम अध्यक्ष बनाए जाने की रिपोर्टों पर जब मोतीलाल वोरा से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि उन्हें इसके बारे में कोई जानकारी नहीं है।

इससे पहले राहुल गांधी ने बुधवार दोपहर बाद 4 पन्ने की चिट्ठी ट्वीट कर कांग्रेस के अध्यक्ष पद से इस्तीफे की आधिकारिक घोषणा की। 2019 के लोकसभा चुनावों में पार्टी की करारी हार की जिम्मेदारी लेते हुए राहुल गांधी ने ट्विटर पर अपना प्रोफाइल भी अपडेट कर दिया, जिसमें उन्होंने खुद को अब भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का सदस्य और सांसद बताया है।

पत्र में राहुल ने लिखा है कि उन्हें नया अध्यक्ष नामित करने के लिए कहा गया था, लेकिन उन्होंने साफ कहा कि वह नए अध्यक्ष का नाम नहीं सुझाएंगे। उन्होंने कहा, ‘कांग्रेस कार्यसमिति को जल्द से जल्द एक बैठक बुलानी चाहिए और नए पार्टी अध्यक्ष पर फैसला करना चाहिए।आपको बता दें कि कांग्रेस के पार्टी नियम के मुताबिक अध्यक्ष के इस्तीफा देने के बाद सबसे वरिष्ठ नेता को अंतरिम अध्यक्ष बनाया जाता है। ऐसे में मोती लाल वोरा को यह जिम्मेदारी दी जा सकती है।