07 अगस्त का राष्ट्रीय आडियो बुलेटिन पढिए

नमस्कार, आप सुन रहे हैं समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया में शुक्रवार 07 अगस्त का राष्ट्रीय आडियो बुलेटिन, अब आप शरद खरे से समाचार सुनिए.
—–
कोरोना वायरस वैक्सीन के लिये दुनिया का इंतजार खत्म होता दिख रहा है। रूस के स्वास्थ्य मंत्री मिखाइल मुराश्को ने कहा है कि रूस की वैक्सीन ट्रायल में सफल रही है और अब अक्टूबर महीने से देश में व्यापक पैमाने पर लोगों के टीकाकरण का कार्य आरंभ हो जायेगा। उन्होंने कहा कि इस वैक्सीन को लगाने में आने वाला पूरा खर्च सरकार उठाएगी। वहीं उप-स्वास्थ्य मंत्री ओलेग ग्रिदनेव ने कहा कि रूस 12 अगस्त् को दुनिया की पहली कोरोना वायरस वैक्सीन को रजिस्टर कराएगा।
ग्रिदनेव ने ऊफा शहर में कहा कि इस समय वैक्सीन का तीसरा चरण चल रहा है। यह परीक्षण बेहद महत्वपूर्ण है। हमें यह समझना होगा कि यह वैक्सीन सुरक्षित रहे। मेडिकल प्रोफेशनल और वरिष्ठ नागरिकों को सबसे पहले कोरोना वायरस का टीका लगाया जाएगा। मंत्री ने कहा कि इस वैक्सीन की प्रभावशीलता तब आंकी जाएगी जब देश की जनसंख्या के अंदर रोग प्रतिरोधक क्षमता विकसित हो जाएगी।
इससे पहले रूस ने कहा था कि उसकी कोरोना वायरस वैक्सीन क्लिनिकल ट्रायल में 100 फीसदी सफल रही है। इस वैक्सीन को रूस रक्षा मंत्रालय और गमलेया नैशनल सेंटर फॉर रिसर्च ने तैयार किया है। रूस ने कहा कि क्लिनिकल ट्रायल में जिन लोगों को यह कोरोना वैक्सीसन लगाई गई, उन सभी में सार्स कोव टू के प्रति रोग प्रतिरोधक क्षमता पाई गई।
यह ट्रायल 42 दिन पहले आरंभ हुआ था। उस समय वॉलंटियर्स को मास्को के बुरदेंको सैन्य अस्पताल में कोरोना वैक्सीन लगाई गई थी। ये लोग सोमवार को दोबारा अस्पताल आए और उनकी सघन जांच की गई। इस दौरान पाया गया कि सभी लोगों में कोरोना वायरस के प्रति रोग प्रतिरोधक क्षमता विकसित हुई है।
रूस अपनी एक्सपेरिमेंटल कोरोना वायरस वैक्सीन की 03 करोड़ डोज देश में बनाने की तैयारी में है। यही नहीं मॉस्को का इरादा विदेश में इस वैक्सीन की 17 करोड़ डोज बनाने का है। रशिया डायरेक्ट इन्वेस्टमेंट फंड के हेड किरिल दिमित्रीव ने बताया है कि इस हफ्ते एक महीने तक 38 लोगों पर चला पहला ट्रायल भी पूरा हो गया। शोधकर्ताओं ने पाया है कि यह इस्तेमाल के लिए सुरक्षित है और प्रतिरोधक क्षमता भी विकसित कर रही है। हालांकि, यह प्रतिक्रिया कितनी मजबूत है, इसे लेकर अभी संशय है। अगले महीने इसे रूस और सितंबर में दूसरे देशों में अप्रूवल मिलने के साथ ही उत्पादन पर कार्य आरंभ हो जाएगा।
इस बीच इजरायल ने गुरुवार को दावा किया कि उसने कोरोना वायरस के खिलाफ एक जादुई असर करने वाली वैक्सीन को बना लिया है। इजरायल ने कहा कि अभी उसे इंसानों पर परीक्षण के लिए सरकारी अनुमति लेनी होगी। इस वैक्सीन का शरद कालीन छुट्टियों के बाद परीक्षण आरंभ कर दिया जाएगा। इजरायल के रक्षा मंत्री बेनी गांट्ज ने इजरायल इंस्टीट्यूट ऑफ बॉयोलॉजिकल रिसर्च का दौरा कर इस वैक्सीन के बारे में जानकारी ली है।
—–
असम से कांग्रेस के लोकसभा सांसद अब्दुल खालिक ने शुक्रवार को कहा कि अयोध्या में मुस्लिम पक्ष को मस्जिद के लिए मिली जमीन पर अस्पताल बनाने के लिए वे अपना एक महीने का वेतन देंगे। मस्जिद के लिए बनाए गए इंडो इस्लामिक कल्चरल फाउंडेशन इस जमीन पर मस्जिद के साथ ही साथ अस्पताल और कई अन्य सुविधाएं विकसित करने की योजना बना रहा है।
असम की बरपेटा लोकसभा सीट से सांसद खालिक ने ट्वीट किया कि सरकार की ओर से मस्जिद के लिए दी गई जमीन पर उत्तर प्रदेश सुन्नी सेंट्रल वक्फ बोर्ड की ओर से अस्पताल-सह-संग्रहालय बनाए जाने के लिए मैंने एक महीने का वेतन देने का फैसला किया है। गौरतलब है कि अयोध्या में मस्जिद के लिए आवंटित जमीन पर निर्माण कार्य को आगे बढ़ाने के मकसद से उत्तर प्रदेश सुन्नी सेंट्रल वक्फ बोर्ड ने इंडो इस्लामिक कल्चरल फाउंडेशन नामक ट्रस्ट का गठन किया है।
—–
केरल के इडुक्की जिले के राजमाला में भूस्खलन के चलते दर्दनाक हादसा हो गया। यहां अब तक 10 मजदूरों की मौत हो चुकी है जबकि 80 मलबे में दबे हुए हैं। हादसे में कई मजदूर लापता बताए जा रहे हैं। घटनास्थल पर राहत कार्य जारी है।
दस को रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान जीवित निकाला गया है। राहत कार्य के लिए कई टीमें लगाई गई हैं। केरल में लगातार बारिश के बाद शुक्रवार को यह हादसा हुआ। जिस जगह पर भूस्खलन हुआ वहां पर चाय के बागान में काम करने वाले मजदूर शेल्टर बनाकर रहते थे। यहां मजदूरों की एक बड़ी कॉलोनी सी बनी हुई थी। लैंड स्लाइड के बाद बड़ा सा मलबा शेल्टर हाउसेस के ऊपर गिरा जिसमें वे दब गए।
बताया जा रहा है कि अधिकांश मजदूर तमिलनाडु के रहने वाले थे और यहां रहकर मजदूरी करते थे। केरल के स्वास्थ्य मंत्री ने कहा है कि एक मोबाइल मेडिकल टीम और 15 एंबुलेंस को घटना स्थल पर भेजा गया है। राजमाला में भूस्खलन पीड़ितों को बचाने के लिए राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल तैनात किया गया है। पुलिस, अग्नि, वन और राजस्व अधिकारियों को भी बचाव अभियान तेज करने के निर्देश दिए गए हैं।
—–
सुशांत सिंह के कॉल रेकॉर्ड्स के बाद मीडिया के हाथ अब रिया चक्रवर्ती का कॉल रेकॉर्ड डीटेल्स (सीडीआर) लगा है, जो केस में सुबूत के तौर पर काफी अहम साबित हो सकते हैं। इस सीडीआर डाटा के मुताबिक, ऐसा लग रहा है कि रिया चक्रवर्ती मुंबई पुलिस के सीनियर अधिकारी के टच में थीं। सीडीआर में उस पुलिस अधिकारी का नाम भी सामने आया है जिनसे रिया की बात हुई थी।
इससे पहले ही बिहार पुलिस में डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय का बयान आया था जिसमें उन्होंने कहा था कि रिया को मुंबई पुलिस में से किसी की मदद मिल रही है। अब रिया के कॉल डीटेल्स से दूध का दूध और पानी का पानी होता नजर आ रहा है।
सीडीआर डीटेल्स में यह जानकारी सामने आई है कि रिया बांद्रा के डीसीपी अभिषेक त्रिमुखे से सम्पर्क में थीं। इस डीटेल्स में जो जानकारियां हाथ लगी हैं उनमें बताया गया है कि रिया और मुंबई पुलिस के इस अधिकारी के बीच चार कॉल्स किये गये थे साथ ही एक एसएमएस भी किया गया था।
—–
जम्मू कश्मीर में शांति और स्थिरता पर जोर देते हुए नव नियुक्त उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने शुक्रवार को कहा कि प्रशासन अनिश्चितता की स्थिति और आतंकवाद को खत्म करने के लिए लोगों के साथ जल्द ही सीधा संवाद आरंभ करेगा। केंद्र शासित प्रदेश के उपराज्यपाल की शपथ लेने के बाद पत्रकारों से बातचीत में मनोज सिन्हा ने 5 अगस्त को जम्मू कश्मीर के इतिहास में एक महत्वपूर्ण दिन बताया।
मीडिया से बात करते हुए मनोज सिन्हा ने कहा कि कई वर्षों तक अलग-थलग रहने के बाद जम्मू कश्मीर मुख्यधारा में शामिल हो गया है। प्रशासन की प्राथमिकताओं का जिक्र करते हुए 61 वर्षीय पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि हमें जम्मू कश्मीर के आम लोगों से संवाद स्थापित करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा, इसमें हमारा कोई एजेंडा नहीं है, किसी के भी खिलाफ कोई भेदभाव नहीं होगा।
राज भवन में एक सादे समारोह में पद की शपथ लेने वाले मनोज सिन्हा ने कहा कि लोगों के साथ सीधे संवाद की प्रक्रिया कुछ दिनों में आरंभ होगी। उपराज्यपाल ने कहा कि जम्मू कश्मीर में शांति एवं स्थिरता कायम होनी चाहिए। अनिश्चितता की स्थिति खत्म होनी चाहिए, आतंकवाद का खात्मा होना चाहिए। उन्होंने कहा कि तेजी से विकास करने के साथ इन सभी को हासिल करना हमारा उद्देश्य हमारा मिशन होगा।
—–
समाचारों के बीच में हम आपको यह जानकारी भी दे दें कि मौसम के अपडेट जानने के लिए समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के चेनल पर रोजाना अपलोड होने वाले वीडियो अवश्य देखें। मौसम से संबंधित अपडेट मूलतः किसानों निर्माण कार्य करवाने वालों आदि के लिए फायदेमंद साबित हो सकते हैं। समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के द्वारा अब तक मौसम के जो पूर्वानुमान जारी किए गए हैं, वे 95 से 99 फीसदी तक सही साबित हुए हैं।
—–
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने अर्थव्यवस्था की खराब सेहत को लेकर आगाह किया है। आरबीआई के कंज्यूमर कॉन्फिडेंस सर्वे का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि इकॉनॉमी और रोजगार के मोर्चे पर अभी और बुरी खबरें आ सकती हैं। दरअसल रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया ने गुरुवार को कंज्यूमर कॉन्फिडेंस सर्वे के नतीजों को जारी किया था जिसके मुताबिक जुलाई महीने में कंज्यूमर कॉन्फिडेंस गोता लगाते हुए अब तक के सबसे निचले स्तर पर पहुंच चुका है।
राहुल गांधी ने पीपल्स कॉन्फिडेंस लेवल से जुड़े एक ग्राफ को शेयर करते हुए ट्वीट किया कि आरबीआई ने देश के असल मूड का खुलासा किया हैः लोगों का कॉन्फिडेंस अबतक के सबसे निचले स्तर पर भय और असुरक्षा अब तक के सबसे उच्च स्तर पर इकॉनॉमी और जॉब के फ्रंट पर और बुरी खबरों की आशंका।
—–
समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव का स्वास्थ्य एक बार फिर नासाज हो गया है। मुलायम सिंह को लखनऊ मेदान्ता अस्पताल में दाखिल कराया गया है। मुलायम सिंह को पेट में दर्द और पेशाब में संक्रमण की समस्या है।
मेदान्ता अस्पताल के निदेशक डॉ.राकेश कपूर का कहना है कि मुलायम सिंह के पेट में गुरुवार को दर्द होने लगा। दोपहर साढ़े बारह बजे उन्हें अस्पताल लाया गया। यहां भर्ती करने के बाद उनका कोरोना टेस्ट कराया गया। उनकी कोरोना रिपोर्ट नेगेटिव आई है। मुलायम सिंह का अल्ट्रासाउंड, ब्लड टेस्ट, यूरिन टेस्ट भी कराया गया है। उनको पेशाब में संक्रमण की समस्या है जिसका उपचार चल रहा है।
—–
अंर्तराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के वीडियो चैनल को फेसबुक पर इस साल शुरुआती छः महीनों में सबसे ज्यादा लोगों ने देखा जो अन्य वैश्विक खेल महासंघों की तुलना में दोगुना से अधिक है। आईसीसी ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी। आईसीसी ने कहा कि उसके वीडियो चैनल पर 2020 की पहली छःमाही में व्यूज की संख्या 1.65 अरब थी जो सोशल मीडिया के इस मंच पर अन्य शीर्ष खेल संस्थानों की तुलना में कहीं अधिक है।
—–
देश में अब तक कोरोना संक्रमित मरीजों की तादाद 20 लाख 40 हजार 261 पहुंच गई है। इसमें से सक्रिय मरीजों की तादाद 06 लाख 11 हजार 563 और रिकव्हर्ड मरीजों की तादाद 13 लाख 86 हजार 452 है। इस बीमारी से र्हुइं मृत्यु का आंकड़ा 41 हजार 792 हो गया है। जिन राज्यों में कोरोना संक्रमितों के एक्टिव मरीजों की तादाद पांच हजार से अधिक हो गयी है उनमें महाराष्ट्र में सर्वाधिक 01 लाख 46 हजार 305 एक्टिव मरीज हैं।
इसके बाद आंध्र प्रदेश में 82 हजार 166 एक्टिव मरीज, कर्नाटक में 75 हजार 67 एक्टिव मरीज, तमिलनाडु में 53 हजार 486, उत्तर प्रदेश में 43 हजार 654, बिहार में 25 हजार 128, पश्चिम बंगाल में 23 हजार 829, तेलंगाना में 21 हजार 417, असम में 15 हजार 464, उड़ीसा में 15 हजार 370, गुजरात में 14 हजार 708, राजस्थान में 13 हजार 469, केरल में 11 हजार 983, दिल्ली में 10 हजार 409, झारखण्ड में 09 हजार 37, मध्य प्रदेश में 08 हजार 716, जम्मू काश्मीर में 07 हजार 310, हरयाणा में 06 हजार 205 और पंजाब में 06 हजार 715 एक्टिव मामले हैं।
————
आप सुन रहे थे समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया में शुक्रवार 07 अगस्त का राष्ट्रीय आडियो बुलेटिन। शनिवार 08 अगस्त को आडियो बुलेटिन का अवकाश रहेगा अतः रविवार 09 अगस्त को एक बार फिर हम आडियो बुलेटिन लेकर उपस्थित होंगे, यदि आपको ये आडियो बुलेटिन पसंद आ रहे हों तो आप इन्हें लाईक, शेयर और सब्सक्राईब अवश्य करें। अभी आपसे अनुमति लेते हैं, नमस्कार।

SAMACHAR AGENCY OF INDIA समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया

समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया देश की पहली डिजीटल न्यूज एजेंसी है. इसका शुभारंभ 18 दिसंबर 2008 को किया गया था. समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया में देश विदेश, स्थानीय, व्यापार, स्वास्थ्य आदि की खबरों के साथ ही साथ धार्मिक, राशिफल, मौसम के अपडेट, पंचाग आदि का प्रसारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाता है. इसके वीडियो सेक्शन में भी खबरों का प्रसारण किया जाता है. यह पहली ऐसी डिजीटल न्यूज एजेंसी है, जिसका सर्वाधिकार असुरक्षित है, अर्थात आप इसमें प्रसारित सामग्री का उपयोग कर सकते हैं. अगर आप समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को खबरें भेजना चाहते हैं तो व्हाट्सएप नंबर 9425011234 या ईमेल samacharagency@gmail.com पर खबरें भेज सकते हैं. खबरें अगर प्रसारण योग्य होंगी तो उन्हें स्थान अवश्य दिया जाएगा.