कोरोना वायरस का कहर: चार सदी में तीसरी बार बंद हुआ ताजमहल

 

(ब्यूरो कार्यालय)

आगरा (साई)। खतरनाक और जानलेवा कोरोना वायरस (Coronavirus) का असर फैलने के बाद देशभर में अलर्ट है। स्कूलों और कॉलेजों के बाद अब टूरिस्ट प्लेस और ऐतिहासिक धरोहरों को भी बंद किया जा रहा है। इसी क्रम में दुनिया के सात अजूबों में शामिल ताजमहल को भी बंद कर दिया गया है। 1631 से 1648 के बीच बनाया गया ताजमहल अब तक सिर्फ दो बार बंद किया गया था। अब कोरोना (Covid-19) के चलते ताजमहल को तीसरी बार बंद किया गया है।

यूपी के आगरा में स्थित ताजमहल को इसकी खूबसूरती के लिए जाना जाता है। देश-विदेश से लोग ताजमहल देखने आते हैं। औसतन 10 हजार लोग हर दिन ताजमहल देखते हैं। हालांकि, कोरोना फैलने के बाद भारत सरकार ने विदेशी नागरिकों के भारत आने पर रोक लगा दी है। इसी के चलते ताजमहल आने वालों की संख्या भी तेजी से गिरी है। अब संस्कृति मंत्रालय ने लगभग 200 ऐतिहासिक धरोहरों को बंद करने का आदेश जारी किया है।

इससे पहले 1971 और 1978 में बंद हुआ था ताजमहल

जानकारी के मुताबिक, 2020 से पहले ताजमहल सिर्फ दो बार बंद किया गया है। पहली बार सन 1971 में भारत और पाकिस्तान के बीच हुए युद्ध के समय ताजमहल को एक हफ्ते से ज्यादा वक्त के लिए बंद किया गया था। दूसरी बार सन 1978 में बाढ़ आने पर इसे एक-दो दिनों के लिए बंद किया गया था। मुगल शासक शाहजहां के शासनकाल में बना ताजमहल यमुना नदी के ठीक किनारे पर स्थित है।

ताजमहल के अलावा भारत की ऐतिहासिक धरोहरों जैसे कुतुबमीनार, लालकिला और महात्मा गांधी के समाधि स्थल राजघाट को भी बंद कर दिया गया है। आगरा में ताजमहल, आगरा किला, फतेहपुर सीकरी, एत्माद्दौला, सिकंदरा, महताब बाग समेत स्मारक बंद रहेंगे। वहीं, देश के प्रमुख स्मारकों में कुतुब मीनार, हुमायूं का मकबरा, अजंता-एलोरा की गुफाओं समेत 200 से ज्यादा ऐतिहासिक स्मारकों, पुरातत्व स्थलों और संग्रहालयों को बंद करने के आदेश दिए गए हैं।