दिल्ली में बढ़ने लगे कोविड के मरीज . . .

नमस्कार, ये समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया है। अब आप साई न्यूज की समाचार श्रंखला में बुधवार 20 अप्रैल 2022 का राष्ट्रीय ऑडियो बुलेटिन सुनिये।
——–
राजधानी दिल्ली में कोरोना एक बार फिर से डराने लगा है। यहां पिछले 24 घंटे में 1,009 नए पॉजिटिव केस मिले हैं, जबकि 1 मरीज की मौत हो गई। हालांकि यहां 314 मरीज ठीक भी हुए हैं। राजधानी में पॉजिटिविटी रेट 5.70 प्रतिशत के साथ एक्टिव केसेज बढ़कर 2 हजार 641 पर पहुंच गए हैं। कोविड के नए वैरिएंट के खतरे को देखते हुए दिल्ली सरकार ने मास्क लगाना कम्पलसरी कर दिया है। दिल्ली डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी ने बुधवार को अपनी बैठक में यह फैसला लिया। उन्होंने कहा कि मास्क नहीं पहनने पर 500 रुपए का चालान काटा जाएगा। स्कूल और अन्य एजुकेशनल इंस्टीट्यूट बंद नहीं होंगे।
——–
कुतुब मीनार के पूर्व में हिंदू मंदिर होने का दावा हाल ही में विश्व हिंदू परिषद के एक नेता ने किया था। अब इसमें उस समय नया मोड़ आ गया जब एक पुरातत्वविद् ने कहा कि कुतुब मीनार के पास बनी मस्जिद का निर्माण मंदिरों को तोड़कर किया गया। उनका कहना है कि अगर आप उसमें जाएंगे तो बहुत सारी मूर्तियां उसमें आज भी मिलेंगी। हालांकि वो कहते हैं कि कुतुब मीनार को बनाने में ऐसा कुछ नहीं किया गया। केके मुहम्मद ने कहा कि कुव्वत उल इस्लाम मस्जिद में भगवान गणेश समेत दूसरे देवताओं की मूर्तियां हैं। कुव्वत उल इस्लाम से पहले वहां हिंदू और जैन स्टाइल का स्ट्रक्चर था। 27 मंदिरों को तोड़कर इसका निर्माण किया गया। मंदिरों को तोड़ने का काम 1192 से शुरू हो गया था। लेकिन उनका ये भी कहना है कि कुतुब मीनार विशुद्ध इस्लामिक स्ट्रक्चर है। ध्यान रहे कि केके मोहम्मद सुप्रीम कोर्ट की उस समिति में थे, जिसने बाबरी मस्जिद के ढहने के बाद खुदाई की थी।
——–
महाराष्ट्र के लोगों को अब बालाजी के दर्शन करने तिरुपति जाने की जरूरत नहीं होगा क्योंकि खुद बालाजी महाराष्ट्र में आ रहे हैं। महाराष्ट्र सरकार ने तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम बोर्ड को भगवान वैंकटेश्वर मंदिर जैसा मंदिर बनाने के लिए नवी मुंबई में जगह दी है। बुधवार को सीएम उद्धव ठाकरे की अध्यक्षता में हुई बैठक में ये फैसला लिया गया। सिटी एंड इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉर्पाेरेशन ने बयान जारी कर कहा है कि तिरुपति मंदिर मैनेजमेंट को नवी मुंबई में जगह दी गई है ताकि वहां तिरुपति जैसे भगवान बालाजी के मंदिर का निर्माण किया जा सके। बयान के मुताबिक तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम बोर्ड के चेयरमैन सुब्बा रेड्डी ने चिट्ठी लिखकर नवी मुंबई के पास बनने वाले एयरपोर्ट के नजदीक जमीन मांगी थी।
——–
ये समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया है। आप सुन रहे हैं साई न्यूज की समाचार श्रंखला में बुधवार 20 अप्रैल 2022 का राष्ट्रीय ऑडियो बुलेटिन।
——–
राजधानी दिल्ली के जहांगीरपुरी में बुधवार को दिल्ली नगर निगम ने अवैध निर्माण गिराने की कार्रवाई शुरू की। एक घंटे के भीतर ही सुप्रीम कोर्ट ने इस ऑपरेशन पर रोक लगा दी। सुप्रीम कोर्ट उस याचिका पर सुनवाई के लिए तैयार हो गया है, जिसमें दंगे के आरोपियों के घर गिराने का विरोध किया गया है। अदालत ने कहा कि कल सुनवाई तक जहांगीरपुरी में यथास्थिति बरकरार रखी जाए। उधर, दिल्ली के मौजूदा हालात को लेकर दिल्ली भाजपा के नेता केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मिले। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद जहांगीरपुरी में एमसीडी की कार्रवाई कुछ जगहों पर जारी थी। जब याचिकाकर्ता ने सुप्रीम कोर्ट को इस बात की जानकारी दी तो सीजेआई एनवी रमना ने तुरंत रजिस्ट्रार को आदेश दिया कि एमसीडी, दिल्ली पुलिस और मेयर तक हमारा आदेश तुरंत पहुंचाया जाए। सुप्रीम कोर्ट के पहले ऑर्डर के करीब 2 घंटे बाद निगम की कार्रवाई पूरी तरह रोकी गई।
——–
कांग्रेस ने दिल्ली और मध्य प्रदेश के हिंसा प्रभावित इलाकों में अतिक्रमण रोधी अभियान के तहत बुलडोजर चलाए जाने को लेकर बुधवार को सरकार पर निशाना साधा और कहा कि बुलडोजर से मकान नहीं, बल्कि देश के संविधान को ध्वस्त किया जा रहा है। पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि देश के संवैधानिक मूल्यों को ध्वस्त किया गया है।
——–
दिल्ली की एक अदालत ने दिल्ली पुलिस को 2018 में बच्चे के जन्म के दौरान चिकित्सा लापरवाही के मामले में उत्तरी-दिल्ली स्थित एक अस्पताल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया है। अतिरिक्त मुख्य मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट जगमोहन सिंह ने अस्पताल और उसके चिकित्सक के खिलाफ आदेश पारित किया।
——–
आजम खान की अनदेखी के मामले को लेकर सपा में घमासान मचा है। एक के बाद एक करके तमाम नेता इस्तीफा देते जा रहा हैं। चिंगारी सहारनपुर में भी दिखी तो लखनऊ में भी। बागी नेताओं का आरोप है कि अखिलेश ने आजम की अनदेखी की। उनकी मदद के लिए उन्होंने कुछ भी नहीं किया है। माना जा रहा है कि मुस्लिमों का सपा से मोहभंग हो रहा है। हालांकि सपा ने इस बात को खारिज कर कहा है कि ये बीजेपी का दुष्प्रचार है।
——–
ये समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया है। आप सुन रहे हैं साई न्यूज की समाचार श्रंखला में बुधवार 20 अप्रैल 2022 का राष्ट्रीय ऑडियो बुलेटिन।
——–
नेटफ्लिक्स को पिछली कुछ तिमाही में जोरदार नुकसान उठाना पड़ा है। रिपोर्ट के मुताबिक इस साल की पहली तिमाही में करीब 100 दिनों में नेटफ्लिक्स के 2 लाख से ज्यादा सब्सक्राइबर्स कम हुए हैं। नेटफ्लिक्स के इतिहास में यह पहली बार हुआ है जब इतनी बड़ी संख्या में सब्सक्राइबर्स कम हुए हो। हालांकि कंपनी इसके पीछे रूस-यूक्रेन जंग को वजह मान रही है। वहीं रिलायंस जियो ग्राहकों की संख्या 36.6 लाख तक घट गई है। जबकि इस दौरान एयरटेल ने 15.91 लाख नए ग्राहक जोड़े हैं।
——–
आप सुन रहे थे समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया की साई न्यूज में बुधवार 20 अप्रैल 2022 का राष्ट्रीय आडियो बुलेटिन। ब्रहस्पतिवार 21 अप्रैल 2022 को एक बार फिर हम ऑडियो बुलेटिन लेकर हाजिर होंगे। इसके साथ ही साई न्यूज में ज्वलंत विषयों पर लिमटी की लालटेन रोजाना दोपहर दो बजे देखना न भूलें। यदि आपको ये ऑडियो बुलेटिन पसंद आ रहे हों तो आप इन्हें लाईक, शेयर और सब्सक्राईब जरूर करें। अभी आपसे अनुमति लेते हैं, जय हिन्द।
(साई फीचर्स)

——–

SAMACHAR AGENCY OF INDIA समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया

समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया देश की पहली डिजीटल न्यूज एजेंसी है. इसका शुभारंभ 18 दिसंबर 2008 को किया गया था. समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया में देश विदेश, स्थानीय, व्यापार, स्वास्थ्य आदि की खबरों के साथ ही साथ धार्मिक, राशिफल, मौसम के अपडेट, पंचाग आदि का प्रसारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाता है. इसके वीडियो सेक्शन में भी खबरों का प्रसारण किया जाता है. यह पहली ऐसी डिजीटल न्यूज एजेंसी है, जिसका सर्वाधिकार असुरक्षित है, अर्थात आप इसमें प्रसारित सामग्री का उपयोग कर सकते हैं. अगर आप समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को खबरें भेजना चाहते हैं तो व्हाट्सएप नंबर 9425011234 या ईमेल samacharagency@gmail.com पर खबरें भेज सकते हैं. खबरें अगर प्रसारण योग्य होंगी तो उन्हें स्थान अवश्य दिया जाएगा.