नमस्कार, ये समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया है। अब आप साई न्यूज की समाचार श्रंखला में ब्रहस्पतिवार 10 मार्च 2022 का राष्ट्रीय ऑडियो बुलेटिन सुनिये.
——–
अभी तक उत्तर प्रदेश में 403 सीटों में से भाजपा ने 188 सीटों पर विजय हासिल की है और 66 सीटों पर वह आगे चल रही है। समाजवादी पार्टी 68 सीट जीतकर 43 सीटों पर आगे चल रही है वहीं कांग्रेस ने महज दो सीटें ही जीती हैं। इसके अलावा बहुजन समाज पार्टी एक सीट पर आगे चल रही है। जनसत्ता दल लोकतांत्रिक दो सीटों पर विजयी हुई है। निर्बल इंडियन सोशित हमारा आम दल ने चार जीती हैं और तीन पर आगे चल रही है।
इधर, पंजाब में 117 सीटों पर हुए चुनावों में आम आदमी पार्टी ने 92 सीट जीती हैं तो कांग्रेस को महज 18 सीट ही मिल पाई हैं। भाजपा ने दो तो निर्दलीय ने एक तथा बहुजन समाज पार्टी ने एक सीट जीती है। एसएडी ने चार सीटें जीती हैं।
उत्तराखण्ड में 70 सीटों में से बहुजन समाज पार्टी ने एक सीट जीती है और एक पर आगे है। भाजपा ने 41 जीती हैं और 6 पर आगे है। निर्दलीय एक पर विजयी हुए और एक पर अगो हैं। कांग्रेस ने 17 सीट जीती हैं और दो पर आगे है।
गोवा में 40 सीटों में से भाजपा ने बीस, कांग्रेस ने 11, आप, महाराष्ट्रवादी गोमांतक ने दो दो निर्दलीय ने तीन तथा गोवा फारवर्ड पार्टी तथा आरजीपी ने एक एक सीट जीती हैं।
मणिपुर में 60 सीटों में भाजपा को 28, जद यू को 6, कांग्रेस व नागा प्यूपिल फ्रंट को को पांच पांच, निर्दलीय तीन, नेशनल प्यूमपिल पार्टी को छः एवं कूकी पीपुल फ्रंट को दो सीटें मिली हैं।
——-
पांच राज्यों के चुनावी नतीजों में कांग्रेस के प्रदर्शन से कांग्रेस के साथ गांधी परिवार की मुश्किलों में इजाफा कर दिया है। कांग्रेस जहां राष्ट्रीय राजनीति में अलग थलग पड़ती दिखाई दे रही है वहीं जानकारों का कहना है कि गांधी परिवार के लिए आने वाला समय आसान नहीं होगा। विरोधी गुट अब हर कीमत पर नेतृत्व परिवर्तन की कोशिश में जुट जाएगा। कहने की जरूरत नहीं कि राहुल प्रियंका के साथ सोनिया गांधी के सामने भी अब बहुत सारी चुनौतियां सिर उठाने जा रही हैं। सियासी विश्लेषकों का यहां तक मत है कि राहुल गांधी के लगातार असफल होने के बाद अब प्रियंका गांधी को क्रेज भी कांग्रेस के रणनीतिकारों ने समाप्त करवाना आरंभ कर दिया है।
पांचों सूबों की हार को सीधे गांधी परिवार से जोड़कर देखा जा रहा है। यूपी में जहां प्रियंका ने अपने बूते चुनाव लड़ा तो पंजाब में कैप्टन अमरिंदर को बाहर का रास्ता दिखाकर नवजोत सिद्धू को अहमियत देने का काम गांधी परिवार ने ही किया। गोवा में उनके विश्वस्त चिदंबरम कमान संभाले थे वहीं उत्तराखंड में भी हरीश रावत को उनका करीबी माना जाता है। मणिपुर के नतीजों ने आग में घी डालने का काम किया।
सबसे अहम चीज ये है कि पंजाब में कांग्रेस ने केजरीवाल के हाथों सत्ता गंवा दी। माना जा रहा है कि आम आदमी पार्टी अब राष्ट्रीय राजनीति में कांग्रेस का विकल्प बनेगी। इससे पहले हुए पश्चिम बंगाल, असम जैसे सूबों के चुनावों ने भी कांग्रेस को हाशिये पर लाकर खड़ा कर दिया था। बंगाल में तो उसका खाता तक नहीं खुल सका। वहीं असम में तमाम गठजोड़ करने के बाद भी कांग्रेस बहुमत से दूर रही। तमिलनाडु में डीएमके जीती पर उसमें कांग्रेस का रोल न के बराबर ही था।
——-
ये समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया है। आप सुन रहे हैं साई न्यूज की समाचार श्रंखला में ब्रहस्पतिवार 10 मार्च 2022 का राष्ट्रीय ऑडियो बुलेटिन.
——–
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में भाजपा ने बड़ी जीत हासिल की है। यहां की सभी आठ विधानसभा सीटों पर भाजपा गठबंधन ने दोबारा कब्जा जमा लिया है। सबसे प्रतिष्ठित सीट मानी जा रही काशी विश्वनाथ कॉरिडोर वाली शहर दक्षिणी पर कांटे के मुकाबले में फंसने के बाद भी विजयी हुई है।
——–
उत्तर प्रदेश में दूसरी बार भाजपा को बड़ी जीत मिलने का श्रेय सीएम योगी आदित्यनाथ ने पीएम नरेंद्र मोदी की लीडरशिप को दिया है। सीएम योगी ने कहा कि यह बहुमत भाजपा के राष्ट्रवाद, विकास और सुशासन के मॉडल को यूपी को 25 करोड़ जनता का आशीर्वाद है। इसे हम सबको स्वीकार करते हुए सबका साथ, सबका विकास, सबका विकास और सबके प्रयास के नारे पर आगे बढ़ना होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि आपने देखा होगा कि बीते 5 सालों में डबल इंजन की सरकार ने जिस तरह से यूपी में सुरक्षा देने का काम किया, उसे लोगों ने सराहा है। हमने जिस तरह से पीएम मोदी की लीडरशिप में विकास और कल्याणकारी योजनाओं को आगे बढ़ाया है, उसका परिणाम है कि आज जनता ने जातिवाद, वंशवाद की राजनीति को परास्त कर दिया है।
——–
देश के सबसे छोटे राज्य गोवा में भारतीय जनता पार्टी लगातार तीसरी बार सरकार बनाने जा रही है। यहां 40 सीटों में से उसे 20 पर जीत हासिल हुई। उसे 3 निर्दलियों और महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी के 2 विधायकों ने समर्थन दे दिया है। इस तरह उसका आंकड़ा 25 हो गया है जो बहुमत से 4 ज्यादा है। कांग्रेस 11 सीटें ही जीत पाई। आम आदमी पार्टी को पहली बार विधानसभा में एंट्री मिली है। उसके दो उम्मीदवार जीते हैं, लेकिन पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल ने जिस अमित पालेकर को सीएम का चेहरा बनाया था, वे ही चुनाव हार गए। उधर, ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस खाता भी नहीं खोल पाई।
——–
ये समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया है। आप सुन रहे हैं साई न्यूज की समाचार श्रंखला में ब्रहस्पतिवार 10 मार्च 2022 का राष्ट्रीय ऑडियो बुलेटिन.
——–
पंजाब में आप की धमाकेदार जीत के बीच जालंधर में भाजपा वर्कर पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। दरअसल, जालंधर के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में नतीजे देखने पहुंचे भाजपा वर्कर कृष्ण लाल शर्मा की वहां मौजूद कुछ लोगों से बहस हो गई। इसके बाद लोगों ने लात घूंसों ने न सिर्फ उनकी पिटाई कर दी, बल्कि उनके कपड़े भी फाड़ दिए। भाजपा के विधायक कृष्ण लाल शर्मा ने उन्हें अपनी गाड़ी में बैठाकर भीड़ से बचाया।
——–
योगी आदित्यनाथ के हाथ में दोबारा उत्तर प्रदेश की बागडोर आ गई है। बाबा के दोबारा मुख्यआमंत्री पद की शपथ लेते ही उत्तर प्रदेश विधानसभा से जुड़े कई रिकॉर्ड टूट जाएंगे। पहला और सबसे अहम रिकॉर्ड योगी के ही नाम होगा जो लगातार दो बार सीएम बनने का है। इसके पहले यूपी में चंद्रभानु गुप्ता और एनडी तिवारी लगातार दो बार सीएम बने, लेकिन वे अपना कार्यकाल पूरा नहीं कर सके थे।
20 मई 1950 को उत्तर प्रदेश विधानसभा का गठन हुआ था। 71 सालों में प्रदेश को 21 मुख्यमंत्री मिले। अब तक ऐसा किसी विधानसभा चुनाव में नहीं हो सका है। यानी योगी भारतीय जनता पार्टी के लिए लकी साबित हुए हैं।
उत्तर प्रदेश की राजनीति में तीन दशक तक प्रभावशाली भूमिका निभाने के बाद मायावती के नेतृत्व वाली बहुजन समाज पार्टी (बसपा) हाशिये पर चली गई है और पार्टी ने विधानसभा चुनावों में अब तक का सबसे खराब प्रदर्शन किया है।
——–
पत्रकार से नेता बने मुख्यमंत्री नोंगथोम्बम बीरेन सिंह राजनीति में कदम रखने के ठीक 20 साल बाद मणिपुर में भाजपा की अगुवाई में लगातार दूसरी बार सरकार बनाने जा रहे हैं। वह फुटबॉल खिलाड़ी भी रहे हैं। पिछले पांच साल के कार्यकाल में उग्रवाद प्रभावित मणिपुर में शांति लाने के साथ ही पर्वतीय क्षेत्र एवं घाटी के लोगों के बीच की दरार को कम करने का श्रेय 61 वर्षीय मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह को जाता है।
——–
गोवा में विधानसभा की आधी सीटें जीतकर सत्ता बरकरार रखने की ओर अग्रसर भारतीय जनता पार्टी ने बृहस्पतिवार शाम दावा किया कि एमजीपी और तीन निर्दलीय विधायक उम्मीदवार सरकार बनाने में उसका समर्थन करने के लिए सहमत हो गए हैं। भाजपा ने विधानसभा की 40 में से 20 सीटों पर जीत हासिल की है, जबकि महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी ने दो सीटें जीती हैं।
——–
आप सुन रहे थे समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया की साई न्यूज में ब्रहस्पतिवार 10 मार्च 2022 का राष्ट्रीय आडियो बुलेटिन। शुक्रवार 11 मार्च 2022 को एक बार फिर हम ऑडियो बुलेटिन लेकर हाजिर होंगे, यदि आपको ये ऑडियो बुलेटिन पसंद आ रहे हों तो आप इन्हें लाईक, शेयर और सब्सक्राईब जरूर करें। साथ ही आपको बता दें कि समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया की लाईव स्ट्रीमिंग आरंभ हो गई है। आप समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया की वेब साईट अथवा चेनल पर जाकर इसे चौबीसों घंटे देख सकते हैं। अभी आपसे अनुमति लेते हैं, जय हिन्द।
(साई फीचर्स)
———

समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया देश की पहली डिजीटल न्यूज एजेंसी है. इसका शुभारंभ 18 दिसंबर 2008 को किया गया था. समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया में देश विदेश, स्थानीय, व्यापार, स्वास्थ्य आदि की खबरों के साथ ही साथ धार्मिक, राशिफल, मौसम के अपडेट, पंचाग आदि का प्रसारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाता है. इसके वीडियो सेक्शन में भी खबरों का प्रसारण किया जाता है. यह पहली ऐसी डिजीटल न्यूज एजेंसी है, जिसका सर्वाधिकार असुरक्षित है, अर्थात आप इसमें प्रसारित सामग्री का उपयोग कर सकते हैं.
अगर आप समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को खबरें भेजना चाहते हैं तो व्हाट्सएप नंबर 9425011234 या ईमेल samacharagency@gmail.com पर खबरें भेज सकते हैं. खबरें अगर प्रसारण योग्य होंगी तो उन्हें स्थान अवश्य दिया जाएगा.