नमस्कार, ये समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया है। अब आप साई न्यूज की समाचार श्रृंखला में सुनिये बृहस्पतिवार 09 सितंबर का राष्ट्रीय ऑडियो बुलेटिन.
——–
चुनाव प्रक्रिया पर नजर रखते हुए इसमें सुधार की पैरवी करने वाली संस्था एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) ने बृहस्पतिवार को एक रिपोर्ट जारी की है, जिसके आंकड़े बताते हैं कि 2014 से 2021 के बीच काँग्रेस पार्टी का साथ सबसे अधिक विधायकों और सांसदों ने चुनावों से पहले छोड़ा है। इसके बाद बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) का नंबर है। दोनों ही पार्टियों का इस दौरान चुनावों में बेहद खराब प्रदर्शन रहा है।
एक अखबार की रिपोर्ट में एडीआर के हवाले से कहा गया है, 2014 से 2021 के बीच हुए चुनावों के दौरान सबसे अधिक 222 (20 प्रतिशत) कैंडिडेट्स ने काँग्रेस छोड़कर दूसरी पार्टियों का दामन थाम लिया। इसके बाद 153 सदस्यों ने बीएसपी छोड़कर दूसरे दलों से चुनाव लड़ा। रिपोर्ट में कहा गया है कि 07 वर्षों में पार्टी बदलने वाले 1133 कैंडिडेट्स में से सर्वाधिक 253 (22 प्रतिशत) भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए।
एडीआर की रिपोर्ट के अनुसार, 2014 से 2021 के बीच सबसे अधिक 177 (35 प्रतिशत) सांसदों/विधायकों ने काँग्रेस पार्टी का साथ छोड़ा। इन्होंने चुनावों के दौरान देश की सबसे पुरानी पार्टी को झटका देकर दूसरी पार्टियों का दामन थामा। वहीं, 33 (07 प्रतिशत) सांसद/विधायक भारतीय जनता पार्टी को छोड़कर दूसरे दलों में गए। पार्टी बदलने वालों का सबसे बड़ा ठिकाना भारतीय जनता पार्टी रही तो इसके बाद काँग्रेस और तृणमूल काँग्रेस का नंबर है।
——–
17 अक्टूबर से आरंभ होने जा रहे वर्ल्ड टी-20 के लिए बीती रात भारतीय स्क्वॉड का ऐलान हुआ था। विश्व विजेता कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को टीम का मेंटॉर बनाया गया। लेकिन अब 24 घंटे के भीतर-भीतर माही की इस नियुक्ति पर ऐतराज जताया गया है। धोनी के विरूद्ध हितों के टकराव की शिकायत बीसीसीआई की शीर्ष परिषद से की गई है।
लोढ़ा कमेटी सुधारों के अनुसार एक व्यक्ति दो पद पर नहीं रह सकता। शिकायतकर्ता के अनुसार धोनी आईपीएल फ्रैंचाइजी चेन्नई सुपरकिंग्स के कप्तान हैं और अब उन्हें मेंटॉर बनाना नियमों के विरूद्ध है। बीसीसीआई के संविधान की धारा 38 (4) का उल्लंघन है।
——–
लगभग दो अरब डॉलर का नुकसान उठाने के बाद अमेरिकी कार कंपनी फोर्ड की भारतीय सहयोगी फोर्ड इंडिया ने अपने प्लांट बंद करने का फैसला किया है। फोर्ड इंडिया ने अपने स्टाफ को इस बात की जानकारी दी है कि वह भारत में कार मैन्युफैक्चरिंग प्लांट बंद करने जा रही है। फोर्ड इंडिया के इस फैसले से 4000 से अधिक स्टाफ की जॉब चली जाएगी।
फोर्ड इंडिया के टॉप मैनेजमेंट ने अपने स्टाफ से कहा है कि फोर्ड फिगो, फोर्ड फ्रीस्टाइल जैसे मॉडल का उत्पादन बंद करने की प्रक्रिया तेजी से चल रही है। फोर्ड इंडिया के प्रबंधन द्वारा आयोजित टाउन हॉल कार्यक्रम में इस बात की घोषणा की गई।
फोर्ड इंडिया की भारत में कारोबारी यात्रा बहुत अच्छी नहीं रही है। पिछले कुछ वर्षों से कंपनी भारतीय बाजार में कार की बिक्री बढ़ाने में विफल साबित हुई है। इसके साथ ही फोर्ड इंडिया की कारों का निर्यात भी गिरा है और नए प्रोडक्ट लॉन्च करने में देरी के कारण घरेलू बाजार में फोर्ड इंडिया की हिस्सेदारी तेजी से गिरी है।
——–
शिक्षा मंत्रालय की वार्षिक भारतीय संस्थागत रैंकिंग ढांचा (एन.आई.आर.एफ.)-2021 में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आई.आई.टी.) मद्रास ने लगातार तीसरे वर्ष पूरे भारत में पहला स्थान बरकरार रखा है। सर्वश्रेष्ठ अनुसंधान संस्थाओं की श्रेणी में भारतीय विज्ञान संस्थान (आई.आई.एस.सी.) बेंगलुरु को प्रथम स्थान मिला।
शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने एन.आई.आर.एफ. का छठवां संस्करण जारी किया। इसमें इंजीनियरिंग के शीर्ष दस संस्थाओं की सूची में आठ आई.आई.टी., दो एन.आई.टी. संस्थानों ने जगह बनायी।
——–
तालिबान ने हाजी मोहम्मद इदरिस को सेंट्रल बैंक ऑफ अफगानिस्तान का गवर्नर बनाया है। सोशल मीडिया पर शेयर की जा रही एक तस्वीर में हाजी मोहम्मद अपने ऑफिस में बैठे हुए हैं। जो बात सबको हैरान कर रही है वह यह कि गवर्नर के आगे रखे टेबल पर कागज और लैपटॉप के साथ ही साथ बंदूक भी रखी हुई है।
सूत्रों की मानें तो अफगानिस्ताभन के पूर्व उपराष्ट्रपति अमरुल्ला सालेह ने इदरिस को लेकर चेतावनी जारी की थी कि तालिबान ने काले धन को सफेद करने वाले शख्स को देश के शीर्ष बैंक का चीफ बनाया है। सालेह ने पिछले दिनों कहा था, काले धन को सफेद करने वाला इदरिस अलकायदा समर्थकों और तालिबान के बीच पैसे की लेन-देन की सुविधा मुहैया कराता है।
——–
तालिबान ने मंगलवार को अंतरिम सरकार की घोषणा की जिसमें सभी पुरुष हैं। मुल्ला मोहम्मद हसन अखुंद के नेत्तृत्व वाली इस अंतरिम सरकार की घोषणा होते ही तालिबान एक बार फिर पुराने तरीके पर उतर आया और महिला खेलों और संगीत पर पाबंदी लगा दी।
संगीत पर पाबंदी लगते हुए काबुल स्थित नेशनल म्यूजिक इंस्टीट्यूट के वाद्य यंत्रों को नष्ट कर दिया गया। तालिबान की यह हरकत ऐसे समय में सामने आई है जब उसने सभी अफगानों के लिए समावेशी प्रशासन बनाने का वादा किया है। नई सरकार में सभी प्रमुख पदों पर कट्टरपंथियों की नियुक्ति की गई है और इस सरकार में एक भी महिला नहीं है। यह साफ दर्शाता है कि तालिबान वही 90 के दशक वाला तालिबान है।
——–
समाचारों के बीच में हम आपको यह जानकारी भी दे दें कि मौसम के अपडेट जानने के लिए समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के चैनल पर प्रतिदिन अपलोड होने वाले वीडियो अवश्य देखें। मौसम से संबंधित अपडेट मूलतः किसानों, निर्माण कार्य, यात्रा या समारोह आदि के लिए फायदेमंद साबित हो सकते हैं। समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के द्वारा अब तक मौसम के जो पूर्वानुमान जारी किए गए हैं, वे 95 से 99 प्रतिशत तक सही साबित हुए हैं।
——–
यदि आप देश की राजधानी दिल्ली के पूर्वी दिल्ली क्षेत्र में रहते हैं और आपके पास पालतू जानवर के रूप में कुत्ता है, तो आपको अपने पालतू कुत्ते का पूर्वी दिल्ली नगर निगम (ई.डी.एम.सी.) में रजिस्ट्रेशन कराना आवश्यक होगा। इसके लिए ई.डी.एम.सी. ने एक ऑनलाइन पोर्टल की सुविधा आरंभ की है।
——–
छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में जंगली हाथियों के हमले में पति, पत्नी और उनके चार वर्ष के बेटे की मौत हो गई। सरगुजा जिले के वन विभाग के अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को बताया कि जिले के उदयपुर वन परिक्षेत्र के अंतर्गत मोहनपुर गाँव के समीप बुधवार को जंगली हाथियों के हमले में 30 वर्षीय गौतम दास, उनकी 28 वर्ष की पत्नी रीना दास और उनके चार वर्षीय पुत्र युवराज की मौत हो गई है। अधिकारियों ने बताया कि लखनपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत कुन्नी गाँव निवासी गौतम दास अपने परिवार के साथ स्कूटी से उदयपुर गाँव गया था। वापसी के दौरान जब परिवार मोहनपुर गाँव के समीप पहुंचा तब उनका सामना जंगली हाथियों के एक दल से हो गया।
हाथियों को देखकर दास परिवार भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन हाथियों ने उन्हें दौड़ा लिया और पूरे परिवार को कुचल दिया। अधिकारियों ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने पर वन विभाग के दल को रवाना किया गया तथा शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मृतकों के परिजन को आर्थिक सहायता दी जा रही है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में सात हाथियों का दल विचरण कर रहा है। घटनास्थल के समीप उपस्थित ग्रामीणों को वहां से हटने के लिए कहा गया है।
——–
भारत ने बृहस्पतिवार को एक बार फिर अपनी सुरक्षा की क्षमता का प्रदर्शन किया। पाकिस्तान सीमा से 40 किलोमीटर दूर बाड़मेर के हाईवे पर बनी 03 किलोमीटर लंबी इमरजेंसी फील्ड लैंडिंग स्ट्रिप पर सुपर हरक्युलिस ने लैडिंग की। सुपर हरक्युलिस में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और सड़क-परिवहन मंत्री नितिन गडकरी सवार थे।
इसके बाद फाइटर जेट्स सुखोई-30 और जगुआर ने भी इस इमरजेंसी स्ट्रिप पर टच एंड गो लैंडिंग की। इस अवसर पर चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ बिपिन रावत और एयर चीफ मार्शल आर.के.एस. भदौरिया भी उपस्थित थे।
राजनाथ सिंह ने इस एयर स्ट्रिप को सुरक्षा के लिहाज से अहम बताया। उन्होंने कहा, आपने सड़क पर ट्रैक्टर, बैलगाड़ी चलते हुए देखे होंगे और अब आप सड़क पर विमान उतरते हुए देख रहे हैं। इंटरनेशनल बॉर्डर से कुछ ही दूर ऐसी स्ट्रिप का तैयार होना ये साबित करता है कि हम अपनी रक्षा के लिए तैयार हैं और सक्षम हैं। हम एक भारत और सशक्त भारत की दिशा में तेजी से बढ़ रहे हैं।
———
आप सुन रहे थे समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया की साई न्यूज की समाचार श्रृंखला में शरद खरे से बृहस्पतिवार 09 सितंबर का राष्ट्रीय ऑडियो बुलेटिन। शुक्रवार 10 सितंबर को एक बार फिर हम ऑडियो बुलेटिन लेकर उपस्थित होंगे, आपको ये ऑडियो बुलेटिन यदि पसंद आ रहे हों तो आप इन्हें लाईक, शेयर और सब्सक्राईब अवश्य करें। अभी आपसे अनुमति लेते हैं, जय हिन्द।
(साई फीचर्स)

समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया देश की पहली डिजीटल न्यूज एजेंसी है. इसका शुभारंभ 18 दिसंबर 2008 को किया गया था. समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया में देश विदेश, स्थानीय, व्यापार, स्वास्थ्य आदि की खबरों के साथ ही साथ धार्मिक, राशिफल, मौसम के अपडेट, पंचाग आदि का प्रसारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाता है. इसके वीडियो सेक्शन में भी खबरों का प्रसारण किया जाता है. यह पहली ऐसी डिजीटल न्यूज एजेंसी है, जिसका सर्वाधिकार असुरक्षित है, अर्थात आप इसमें प्रसारित सामग्री का उपयोग कर सकते हैं.
अगर आप समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को खबरें भेजना चाहते हैं तो व्हाट्सएप नंबर 9425011234 या ईमेल samacharagency@gmail.com पर खबरें भेज सकते हैं. खबरें अगर प्रसारण योग्य होंगी तो उन्हें स्थान अवश्य दिया जाएगा.