मंगलवार 08 सितंबर का राष्ट्रीय आडियो बुलेटिन

नमस्कार, आप सुन रहे हैं समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया की साई न्यूज में मंगलवार 08 सितंबर का राष्ट्रीय आडियो बुलेटिन, अब आप शरद खरे से समाचार सुनिए.
—–
ब्रिटेन के ऑक्सफर्ड यूनिवर्सिटी की भारतीय प्रोफेसर सुमी विश्वास ने कोरोना वायरस की एक नई वैक्सीन तैयार की है। सुमी ने इस वैक्सीन को भारतीय वैक्सीन निर्माता कंपनी सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया के साथ मिलकर तैयार किया है। इस वैक्सीन का ह्यूम ट्रायल ऑस्ट्रेलिया समेत कई देशों में हो रहा है।
ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार, प्रोफेसर सुमी ने 2017 में यूके में स्पाई बायोटेक नाम की कंपनी बनाई थी। इसी कंपनी की सीईओ खुद सुमी ही हैं। वे ऑक्सफर्ड यूनिवर्सिटी के जेनर इंस्टीट्यूट में, एड्रियन हिल और सारा गिलबर्ट के साथ भी काम कर चुकी हैं। इसी जेनर इंस्टीट्यूट ने, एस्ट्राजेनेका के साथ मिलकर अभी तक के सबसे एडवांस कोरोना वायरस वैक्सीन को तैयार किया है।
स्पाई बायोटेक की वैक्सीन दुनिया के दर्जनों अन्य वैक्सीन की तरह इस समय ह्यूमन ट्रायल के दौर में है। इस कंपनी की वैक्सीन का ह्यूमन ट्रायल, अभी ऑस्ट्रेलिया में जारी है। बताया जा रहा है कि वैक्सीन ट्रायल के दूसरे चरण में पहुंच गई है। इस ट्रायल को दुनिया की सबसे बड़ी वैक्सीन निर्माता भारतीय कंपनी, सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया संचालित कर रहा है।
—–
रूस के एक शीर्ष अधिकारी ने कहा है कि इस हफ्ते से कोरोना वायरस वैक्सीन स्पूतनिक वी को आम नागरिकों के लिए जारी कर दिया जाएगा। इस वैक्सीन को रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने 11 अगस्त को लॉन्च किया था। इस वैक्सीन को मॉस्को के गामलेया रिसर्च इंस्टिट्यूट ने, रूसी रक्षा मंत्रालय के साथ मिलकर, एडेनोवायरस को बेस बनाकर तैयार किया है।
रशियन डॉयरेक्ट इन्वेस्टमेंट फंड ने अपने बयान में कहा है कि इस वैक्सीन का उत्पादन भारत, दक्षिण कोरिया, ब्राजील, सऊदी अरब, तुर्की और क्यूबा में किया जाएगा। इसमें यह भी बताया गया है कि वैक्सीन के तीसरे फेज का ट्रायल सऊदी अरब, यूएई, ब्राजील, भारत और फिलीपींस सहित कई देशों में किए जाने की योजना है।
रूस ने बताया कि वैक्सीन का बड़े पैमाने पर उत्पादन इसी माह आरंभ होने की उम्मीद है। भविष्य की योजनाओं में 2020 के अंत तक इस वैक्सीन के, 20 करोड़ डोज बनाने का लक्ष्य रखा गया है। इसमें से 3 करोड़ वैक्सीन केवल रूसी लोगों के लिए होगी। रूसी न्यूज एजेंसी तास ने रशियन एकेडमी ऑफ साइंसेस में डेप्युटी डायरेक्टर, डेनिस लोगुनोव के हवाले से कहा कि स्पूतनिक वी वैक्सीन को रूस के स्वास्थ्य मंत्रालय की अनुमति के बाद व्यापक उपयोग के लिए जारी किया जाएगा।
—–
भारत सरकार के द्वारा बेन किये गये, पबजी मोबाइल गेम के फैंस के लिए अच्छी खबर है। पबजी मोबाइल की जल्द ही भारत में वापसी हो सकती है। दरअसल पबजी कॉर्पाेरेशन ने चीन के टेनसेंट गेम्स से नाता तोड़ने का फैसला किया है।
पबजी मूल रूप से, दक्षिण कोरिया में डिवेलप किया गया गेम है। इस गेम के मोबाइल वर्जन की फ्रेंचाइजी चीन ने ले रखी है। अब भारत में चाइनीज ऐप्स के बैन होने के बाद, पबजी की पेरेंट कंपनी ने भारत में पबजी के ऑपरेशंस अपने हाथ में लेने का फैसला किया है और भारत में टेनसेंट गेम्स की फ्रेंचाइजी कंपनी सस्पेंड कर दी है।
टेनसेंट गेम्स से नाता तोड़ने के बाद अब पबजी की सीड कंपनी, भारत में पबजी से जुड़े ऑपरेशंस को अंजाम देगी। इसका मतलब यह भी है कि भारत में पबजी मोबाइल पर लगा बैन जल्द ही हटाया जा सकता है।
—–
उत्तराखंड निवासी और जलवायु परिवर्तन कार्यकर्ता, बारह वर्षीय रिधिमा पांडे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दो पन्नों की, हाथ से लिखी चिट्ठी भेजी है। इसमें उन्होंने सबसे खराब सपना का जिक्र किया है, जिसमें वे ऑक्सीजन सिलेंडर के साथ स्कूल जा रहीं हैं। रिधिमा पांडे ने प्रधान मंत्री नरेन्द्र मोदी से अनुरोध किया है कि वे यह सुनिश्चित करें कि ऑक्सीजन सिलेंडर बच्चों के जीवन का एक अनिवार्य हिस्सा नहीं बने जिसे हमें निकट भविष्य में हर जगह अपने कंधों पर लेकर जाना होगा।
रिधिमा पांडे ने कहा कि वे पत्र लिखने के लिए मजबूर थीं, क्योंकि उन्हें लगा कि कोरोनो वायरस बीमारी के कारण, हम देख पाये, कि अगर मानव गतिविधियों को सीमित किया जाता है तो हमारे आसपास, प्रदूषण का स्तर कम हो सकता है, जिससे आसमान साफ, और नीला दिख सकता है।
—–
आकाशमंडल में 9 व 10 सितंबर को दुर्लभ संयोग बनने जा रहा है। इस दौरान 9 में से 8 ग्रह उच्च व अपनी राशि में रहेंगे। ज्योतिष के जानकारों के अनुसार 9 व 10 सितंबर को जन्म लेने वाले बालक बेहद भाग्यशाली होंगे। इस समय में जन्में बालक धनवान, भाग्यशाली, सर्वगुण सम्पन्न और महान व्यक्ति होंगे, क्योंकि जब 2 या 3 ग्रह कुंडली में उच्च व स्वराशि में होते हैं तब जातक भाग्यशाली माना जाता है, लेकिन इन दो दिनों में 9 में से 8 ग्रह, अपनी राशि व उच्च राशि में होंगे।
9 व 10 सितंबर को मंगल, अपनी राशि मेष में होंगे, जो रूचक योग बनाएंगे। चंद्रमा अपनी उच्च राशि वृषभ में रहेंगे, जिससे जातक सुंदर व धनवान होगा। राहु अपनी उच्च राशि मिथुन व केतु, धनु राशि में होंगे। बुध अपनी राशि कन्या में रहेंगे। वहीं गुरु, धनु राशि में होंगे जो उनकी अपनी राशि है।
वहीं शनि मकर स्वयं की राशि में होंगे। इससे ऐसे योग में जन्मे बालकों का स्वयं का मकान होगा और उच्च पद प्राप्त करेगा। ऐसे जातक भाग्यशाली, राजाओं के समान विचार एवं भाग्य का निर्माण करने वाले होंगे। इनकी आर्थिक स्थिति भी बहुत अच्छी रहेगी।
पंचागीय गणना के अनुसार मकर राशि में वक्रीय चल रहे शनि, 12 सितंबर को शाम 7 बजकर 40 मिनिट पर मार्गीय होंगे। शनिदेव के मार्गीय होते ही देश की अर्थव्यवस्था में सुधार आएगा। कारखानों में उत्पादन बढ़ेगा, मंदी का दौर खत्म होने से नौकरियों का संकट समाप्त होगा। मार्गीय शनि, विभिन्न राशि के जातकों को राहत प्रदान करेंगे। कोरोना संक्रमण में भी स्थिरता आने की संभावना जताई जा रही है।
ज्योतिषाचार्यों के अनुसार 11 मई से मकर राशि में वक्रीय चल रहे शनि के, 12 सितंबर की शाम को मार्गीय होते ही धीरे-धीरे सुधार की स्थिति निर्मित होगी। निजी कंपनियों में भी नौकरियों का संकट खत्म हो जाएगा। हालांकि अक्टूबर माह में इसके सकारात्मक परिणाम अधिक दिखाई देंगे क्योंकि जब भी कोई ग्रह मार्गीय होता है, तो उसके शुभ प्रभाव 27 से 40 दिन में ही नजर आते हैं।
उन्होंने बताया कि मार्गीय होते ही शनि, अपनी तीसरी दृष्टि से मीन राशि, सातवीं दृष्टि से कर्क राशि और दसवीं दृष्टि से तुला राशि को देखेंगे। शनि की तीसरी दृष्टि मित्रगत है, जिससे भारत के अन्य देशों से मित्र संबंध बनेंगे। सातवीं दृष्टि से अनुसंधान के क्षेत्र में प्रगति और उन्नति होगी। दसवीं दृष्टि से व्यापार व्यवसाय में भारत के आत्मनिर्भरता वाले पक्ष को गति मिलेगी।
शनि के मार्गीय होते ही देश की समस्याओं के निराकरण के लिए केंद्र सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों को आशातीत सफलता मिलने की बात ज्योतिषाचार्यों ने कही ह।
—–
भारतीय वायुसेना में, पांच राफेल लड़ाकू विमानों को, गुरुवार को अंबाला वायुसैनिक अड्डे पर औपचारिक रूप से शामिल किया जाएगा। इस दौरान आयोजित होने वाले समारोह में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उनकी फ्रांसीसी समकक्ष फ्लोरेंस पार्ली और भारत के शीर्ष सैन्य अधिकारी उपस्थित रहेंगे। अधिकारियों ने यह जानकारी देते हुए कहा कि समारोह के बाद फ्लोरेंस पार्ली और राजनाथ सिंह, दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय रक्षा संबंधों और सुरक्षा सहयोग को, और मजबूती देने के लिए अंबाला में चर्चा करेंगे।
—–
समाचारों के बीच में हम आपको यह जानकारी भी दे दें कि मौसम के अपडेट जानने के लिए समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के चेनल पर रोजाना अपलोड होने वाले वीडियो अवश्य देखें। मौसम से संबंधित अपडेट मूलतः किसानों, निर्माण कार्य करवाने वालों आदि के लिए फायदेमंद साबित हो सकते हैं। समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के द्वारा अब तक मौसम के जो पूर्वानुमान जारी किए गए हैं, वे 95 से 99 फीसदी तक सही साबित हुए हैं।
—–
बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनौत से विवाद के बीच, शिवसेना सांसद संजय राउत को पार्टी ने मुख्य प्रवक्ता घोषित किया है। पिछले कुछ दिनों से कंगना रनौत और संजय राउत के बीच मुंहजुबानी जंग देखने को मिल रही है। संजय राउत ने कंगना के लिए एक टीवी चैनल से बातचीत के दौरान, अपशब्द का इस्तेमाल कर दिया था। इस पर उनकी सफाई भी आई है। मीडिया रिपोटर््स के मुताबिक, शिवसेना ने संजय राउत के अलावा 10 अन्य सदस्यों को प्रवक्ता के रूप में नियुक्त किया है।
———
देश में कोरोना संक्रमित मरीजों की तादाद 43 लाख 19 हजार 937 पहुंच गई है। इसमें से सक्रिय मरीजों की तादाद 08 लाख 87 हजार 215 और रिकव्हर्ड मरीजों की तादाद 33 लाख 58 हजार 892 है। इस बीमारी से हुईं मृत्यु का आंकड़ा 73 हजार 234 हो गया है। कोरोना संक्रमितों के एक्टिव मरीजों की तादाद जिन राज्यों में 15 हजार से अधिक हो गयी है उनमें महाराष्ट्र में सर्वाधिक 02 लाख 36 हजार 934 एक्टिव मरीज हैं।
इसके बाद कर्नाटक में 97 हजार 01 एक्टिव मरीज, आंध्र प्रदेश में 96 हजार 769 एक्टिव मरीज, उत्तर प्रदेश में 63 हजार 256, तमिलनाडु में 50 हजार 210, तेलंगाना में 31 हजार 670, उड़ीसा में 31 हजार 362, असम में 28 हजार 798, छत्तीसगढ़ में 24 हजार 708, केरल में 23 हजार 218, पश्चिम बंगाल में 23 हजार 216, दिल्ली में 20 हजार 543, मध्य प्रदेश में 16 हजार 961, पंजाब में 16 हजार 640, गुजरात में 16 हजार 416, हरयाणा में 16 हजार 333 और बिहार में 15 हजार 839 एक्टिव मामले हैं।
————
आप सुन रहे थे समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया की साई न्यूज में मंगलवार 08 सितंबर का राष्ट्रीय आडियो बुलेटिन। बुधवार 09 सितंबर को एक बार फिर हम ऑडियो बुलेटिन लेकर उपस्थित होंगे, आपको ये ऑडियो बुलेटिन यदि पसंद आ रहे हों तो आप इन्हें लाईक, शेयर और सब्सक्राईब अवश्य करें। अभी आपसे अनुमति लेते हैं, नमस्कार।
(साई फीचर्स)

SAMACHAR AGENCY OF INDIA समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया

समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया देश की पहली डिजीटल न्यूज एजेंसी है. इसका शुभारंभ 18 दिसंबर 2008 को किया गया था. समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया में देश विदेश, स्थानीय, व्यापार, स्वास्थ्य आदि की खबरों के साथ ही साथ धार्मिक, राशिफल, मौसम के अपडेट, पंचाग आदि का प्रसारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाता है. इसके वीडियो सेक्शन में भी खबरों का प्रसारण किया जाता है. यह पहली ऐसी डिजीटल न्यूज एजेंसी है, जिसका सर्वाधिकार असुरक्षित है, अर्थात आप इसमें प्रसारित सामग्री का उपयोग कर सकते हैं. अगर आप समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को खबरें भेजना चाहते हैं तो व्हाट्सएप नंबर 9425011234 या ईमेल samacharagency@gmail.com पर खबरें भेज सकते हैं. खबरें अगर प्रसारण योग्य होंगी तो उन्हें स्थान अवश्य दिया जाएगा.