नमस्कार आप सुन रहे हैं समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया की साई न्यूज में शुक्रवार 25 सितंबर का राष्ट्रीय आडियो बुलेटिन अब आप शरद खरे से समाचार सुनिए.
—–
एशिया में चीन की बढ़ती दादागिरी को रोकने के लिए जापान और भारत अपने संबंधों को मजबूत कर रहे हैं। इसी सिलसिले में जापान के नवनियुक्त प्रधानमंत्री योशिहिडे सुगा ने भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बात की है। शुक्रवार को हुई बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सुगा ने दोनों देशों के बीच आर्थिक और सैन्य संबंधो को और मजबूत करने पर सहमति जताई है। वहीं प्रधानमंत्री सुगा ने चीन से बढ़ते खतरे को कम करने के लिए क्वॉड का सुझाव दिया है।
जापानी प्रधानमंत्री योशिहिडे सुगा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से कहा कि वे फ्री और ओपन इंडो-पैसिफिक रीजन के लिए भारत-जापान-ऑस्ट्रेलिया और यूएस के बीच सहयोग को बढ़ाना चाहते हैं। चीन से बढ़ते खतरों को देखते हुए इन चार देशों ने मिलकर क्वॉड को बनाने का फैसला किया है। इसके अलावा जापानी प्रधानमंत्री ने संयुक्त राष्ट्र में भी आपसी सहयोग को बढ़ाने को लेकर बातचीत की है।
—–
सुशांत सिंह राजपूत मौत केस में बॉलीवुड से ड्रग्स कनेक्शन की जांच कर रहे नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की जद में कई बड़ी हस्तियों के नाम आने के बाद हड़कंप मचा हुआ है। जांच एजेंसी लगातार ड्रग्स से जुड़े बॉलीवुड के तार को खंगालने में जुटी है कि आखिर ये कितने गहरे हैं। इस बीच महाराष्ट्र की सत्ताधारी पार्टी शिवसेना ने जहां बॉलीवुड का बचाव किया तो वहीं एनसीबी को इस मामले के तार बेपर्दा करने को लेकर कठघरे में भी खड़ा किया।
—–
शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा है कि नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो का काम ड्रग्स की तस्करी को रोकना है लेकिन वे एक के बाद दूसरे लोगों को बुला रहे हैं। किस क्षेत्र में लत नहीं है? किसी को पैसे की लत है तो किसी को कुछ और चीज की।
—–
ड्रग्स मामले में दीपिका पादुकोण को लेकर नए खुलासे हो रहे हैं। 2017 के जिस वॉट्सऐप ग्रुप में दीपिका ने हैश जिसका इशारा संभवतः हशीश की ओर था के संबंध में और माल है क्या जैसी लाइन लिखी थी उस ग्रुप की वे खुद एडमिन थीं। सूत्रों के अनुसार दीपिका के अलावा उनकी मैनेजर करिश्मा प्रकाश और रिया चक्रवर्ती की मैनेजर रहीं जया साहा भी इसकी एडमिन थीं। कुछ महीने पहले ही यह ग्रुप डिलीट किया गया। इस ग्रुप में कई नामचीन सितारे और उनके मैनेजर जुड़े थे। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) को ग्रुप की कई ड्रग चैट मिली हैं जिसके आधार पर एनसीबी ड्रग सिंडिकेट ऑपरेट करने का केस दर्ज कर सकती है।
सूत्रों के मुताबिक ग्रुप में 12 मेंबर थे। करिश्मा ने पूछताछ में बताया कि वह जया साहा के अंडर में काम करतीं थीं। दीपिका को लेकर उनसे कई बार बातचीत हुई। जया और दीपिका की मुलाकात भी करिश्मा ने ही करवाई थी। सूत्रों के अनुसार करिश्मा ने दीपिका के लिए ड्रग्स खरीदने की बात कबूल कर ली है। ग्रुप की चैट से पता चला है कि सेलेब्रिटीज ड्रग्स की खरीददारी अपने स्टाफ या मैनेजर के जरिए करते थे।
—–
आखिरकार बिहार में चुनाव का ऐलान हो ही गया। 243 सीटों पर तीन फेज में 28 अक्टूबर 03 नवंबर और 07 नवंबर को वोटिंग होगी। 10 नवंबर को नतीजे आएंगे। इसकी घोषणा करने शुक्रवार दोपहर साढ़े बारह बजे मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा मीडिया के सामने आए। नजर इस पर भी थी कि क्या मध्यप्रदेश की 28 विधानसभा सीटों समेत देशभर की 56 अलग-अलग सीटों पर उपचुनाव की घोषणा होगी? लेकिन इस पर फैसला 29 नवंबर तक टाल दिया गया है।
—–
10 नवंबर को चुनाव के नतीजे आएंगे। यानी 14 नवंबर को मनाई जाने वाली दीपावली से चार दिन और 20 नवंबर से आरंभ होने वाले छठ पर्व से दस दिन पहले यह साफ हो जाएगा कि बिहार में अगली सरकार किसकी बनेगी। नई सरकार के गठन और नए विधायकों की शपथ छठ के बाद ही होने की संभावना है। मौजूदा विधानसभा का टर्म 29 नवंबर तक है।
—–
मानवाधिकारों और नागरिकों की धार्मिक आजादी को लेकर घिरते रहे चीन का असली चेहरा एक बार फिर सामने आया है। एक ऑस्ट्रेलियन थिंक टैंक ने शुक्रवार को जारी रिपोर्ट में बताया है कि चीनी सरकार ने शिनजियांग प्रांत में 16 हजार से ज्यादा मस्जिदों को जमींदोज कर दिया है। इस रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि इस इलाके में किस तरह मानवाधिकारों को कुचला जा रहा है।
थिंक टैंक ने कहा है कि उत्तरी-पश्चिमी प्रांत में 10 लाख से अधिक उइगर और दूसरे मुसलमानों को कैंप में कैद करके रखा गया है। शिनजियांग प्रांत में लोगों पर परंपरागत और धार्मिक गतिविधियों को छोड़ने का दबाव बनाया जा रहा है।
ऑस्ट्रेलियन स्ट्रैटिजिक पॉलिसी इंस्टीट्यूट के मुताबिक लगभग 16 हजार मस्जिदों को ढहा दिया गया है या नुकसान पहुंचाया गया है। यह रिपोर्ट सैटेलाइट इमेज और स्टैटिकल मॉडलिंग पर आधारित है। रिपोर्ट में कहा गया है कि अधिकतर मस्जिदों को पिछले तीन साल में नुकसान पहुंचाया गया है। अधिकतर नुकसान उरुमकी और काशगर के बाहरी इलाकों में पहुंचाया गया है।
—–
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 13वें सीजन में किंग्स इलेवन पंजाब और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) के बीच हुए मैच के दौरान लाइव कमेंट्री में सुनील गावस्कर के एक कमेंट से विवाद उत्पन्न हो गया। विराट कोहली के खराब प्रदर्शन पर गावस्कर ने ऑन एयर कहा था कि उन्होंने लॉकडाउन में बस अनुष्का शर्मा की गेंदबाजी का सामना किया था। विराट कोहली की पत्नी अनुष्का शर्मा को इसके बाद सोशल मीडिया पर काफी ट्रोल किया गया था। अनुष्का ने मैच के एक दिन बाद सोशल मीडिया के जरिए गावस्कर के कमेंट की आलोचना की थी। अब गावस्कर ने अपनी सफाई पेश करते हुए कहा है कि उन्होंने कहां अनुष्का को विराट के खराब प्रदर्शन के लिए दोषी ठहराया?
उन्होंने कहा मैं उनको कहां दोषी ठहरा रहा हूं? मैंने कब सेक्सिस्ट कमेंट किया? मैं बस उस वीडियो का जिक्र कर रहा था जो किसी ने पास की बिल्डिंग से रिकॉर्ड करके सोशल मीडिया पर डाला था। विराट ने कोई प्रैक्टिस नहीं की थी और जो प्रैक्टिस उन्होंने की थी वो बस वही थी जब वे अपनी बिल्डिंग के कंपाउंड में अनुष्का की गेंदबाजी का सामना कर रहे थे यही मैंने कहा था। लॉकडाउन के दौरान एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें बिल्डिंग कंपाउंड में विराट बल्लेबाजी कर रहे थे और अनुष्का उन्हें गेंद फेंक रही थीं। जानकारी के मुताबिक लॉकडाउन के समय सभी भारतीय क्रिकेटर्स अपने घरों में थे और क्रिकेट प्रैक्टिस नहीं कर पा रहे थे।
—–
समाचारों के बीच में हम आपको यह जानकारी भी दे दें कि मौसम के अपडेट जानने के लिए समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के चेनल पर प्रतिदिन अपलोड होने वाले वीडियो अवश्य देखें। मौसम से संबंधित अपडेट मूलतः किसानों निर्माण कार्य यात्रा या समारोह आदि के संबंध में फायदेमंद साबित हो सकते हैं। समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के द्वारा अब तक मौसम के जो पूर्वानुमान जारी किए गए हैं वे 95 से 99 फीसदी तक सही साबित हुए हैं।
—–
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने यस बैंक के सह-प्रवर्तक राणा कपूर का लंदन में 127 करोड़ रुपये मूल्य का फ्लैट कुर्क किया है। ईडी ने शुक्रवार को कहा कि कपूर और अन्य के खिलाफ मनी लांड्रिंग जांच के सिलसिले में फ्लैट कुर्क किया गया है। केंद्रीय जांच एजेंसी ने मनी लांड्रिंग निरोधक कानून के तहत सेवन्टी सेवन साऊथ आडले स्ट्रीट स्थित एर्पाटमेंट-वन की कुर्की के लिए अस्थायी आदेश जारी किया है।
—–
मशहूर गायक एसपी बालासुब्रमण्यम का निधन हो गया है। वे 74 साल के थे। कोरोना से एक लंबी जंग लड़ने के बाद चेन्नई के एम.जी.एम. अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली। एसपी बालासुब्रमण्यम बीते महीने कोरोना से संक्रमित हुए थे और 5 अगस्त को उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया था। एम.जी.एम. अस्पताल ने गुरुवार को स्टेटमेंट जारी कर कहा था कि उनकी हालत काफी नाजुक है। आज दोपहर 1 बजकर 4 मिनट पर उन्होंने अंतिम सांस ली।
बॉलीवुड में एक से बढ़कर एक हिट गाने देने वाले एसपी बालासुब्रमण्यम इंडस्ट्री में सलमान खान की आवाज के रूप में भी जाने जाते थे। एसपी बालासुब्रमण्यम ने सलमान के लिए कई शानदार गाने गाए थे जिन्हें अब तक काफी पसंद किया जाता है।
—–
किसान बिल पर सियासी उठापटक जारी है। इस बिल को किसान विरोधी बताते हुए शिरोमणि अकाली दल की सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर ने मोदी कैबिनेट से स्तीफा दे दिया था। इसके साथ ही उन्होंने केंद्रीय मंत्री का पद भी छोड़ दिया था। अब शिरोमणि अकाली दल के नेता सुखबीर सिंह बादल ने पंजाब के मुक्तसर में मोदी सरकार पर जोरदार तंज भी किया है।
सुखबीर सिंह बादल ने कहा है कि द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान अमेरिका ने जापान को एक एटॉमिक बम से हिला दिया था। हरसिमरत कौर बादल के स्तीफे की ओर इशारा करते हुए उन्होंने कहा कि अकाली दल के एक बम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हिला दिया है। दो महीनों से कोई भी किसानों पर एक शब्द नहीं बोल रहा था लेकिन अब 5-5 मंत्री इस पर बोल रहे हैं।
———
देश में कोरोना संक्रमित मरीजों की तादाद 58 लाख 33 हजार 48 पहुंच गई है। इसमें से सक्रिय मरीजों की तादाद 09 लाख 72 हजार 190 और रिकव्हर्ड मरीजों की तादाद 47 लाख 67 हजार 527 है। इस बीमारी से हुईं मृत्यु का आंकड़ा 92 हजार 503 हो गया है। कोरोना संक्रमितों के एक्टिव मरीजों की तादाद जिन राज्यों में 20 हजार से अधिक हो गयी है उनमें महाराष्ट्र में सर्वाधिक 02 लाख 74 हजार 993 एक्टिव मरीज हैं।
इसके बाद कर्नाटक में 95 हजार 549 एक्टिव मरीज, आंध्र प्रदेश में 69 हजार 353 एक्टिव मरीज, उत्तर प्रदेश में 61 हजार 300, तमिलनाडु में 46 हजार 386, केरल में 45 हजार 921, उड़ीसा में 39 हजार 232, छत्तीसगढ़ में 36 हजार 38, दिल्ली में 31 हजार 125, तेलंगाना में 30 हजार 387, असम में 29 हजार 830, पश्चिम बंगाल में 25 हजार 221, मध्य प्रदेश में 22 हजार 744 और पंजाब में 20 हजार 679 एक्टिव मामले हैं।
————
आप सुन रहे थे समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया की साई न्यूज में शुक्रवार 25 सितंबर का राष्ट्रीय आडियो बुलेटिन। रविवार 27 सितंबर को एक बार फिर हम ऑडियो बुलेटिन लेकर उपस्थित होंगे आपको ये ऑडियो बुलेटिन यदि पसंद आ रहे हों तो आप इन्हें लाईक शेयर और सब्सक्राईब अवश्य करें। अभी आपसे अनुमति लेते हैं नमस्कार।
(साई फीचर्स)

समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया देश की पहली डिजीटल न्यूज एजेंसी है. इसका शुभारंभ 18 दिसंबर 2008 को किया गया था. समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया में देश विदेश, स्थानीय, व्यापार, स्वास्थ्य आदि की खबरों के साथ ही साथ धार्मिक, राशिफल, मौसम के अपडेट, पंचाग आदि का प्रसारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाता है. इसके वीडियो सेक्शन में भी खबरों का प्रसारण किया जाता है. यह पहली ऐसी डिजीटल न्यूज एजेंसी है, जिसका सर्वाधिकार असुरक्षित है, अर्थात आप इसमें प्रसारित सामग्री का उपयोग कर सकते हैं.
अगर आप समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को खबरें भेजना चाहते हैं तो व्हाट्सएप नंबर 9425011234 या ईमेल samacharagency@gmail.com पर खबरें भेज सकते हैं. खबरें अगर प्रसारण योग्य होंगी तो उन्हें स्थान अवश्य दिया जाएगा.