नमस्कार, आप सुन रहे हैं समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया की साई न्यूज की समाचार श्रृंखला में ब्रहस्पतिवार 29 जुलाई 2021 का प्रादेशिक राष्ट्रीय बुलेटिन, अब आप रीना सिंह से समाचार सुनिए.
——–
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अंतरराष्ट्रीय बाघ दिवस पर गुरुवार को सभी वन्यजीव प्रेमियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि बाघों के लिए सुरक्षित प्राकृतिक वास सुनिश्चित करने तथा उनके अनुकूल पारिस्थितीकी विकसित करने को लेकर भारत प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री ने सिलसिलेवार ट्वीट कर कहा कि बाघों के संरक्षण के सिलसिले में भारत की रणनीति में स्थानीय समुदायों को सबसे ज्यादा अहमियत दी जा रही है। उन्होंने कहा, हम अपनी सदियों पुरानी परंपरा का भी पालन कर रहे हैं, जो हमें सिखाती है कि हमें जीव-जंतुओं, पेड़-पौधों के संग समरसता के साथ रहना चाहिये, क्योंकि ये सब भी इस धरती पर हमारे साथ ही रहते हैं।
बांघों के संरक्षण के प्रति सचेत लोगों और सभी वन्य जीव प्रेमियों को अंतरराष्ट्रीय बाघ दिवस की शुभकामनाएं देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि बाघों की वैश्विक आबादी का 70 प्रतिशत से अधिक हिस्सा आज भी भारत में निवास करता है। उन्होंने कहा, बाघों के लिए सुरक्षित प्राकृतिक वास सुनिश्चित करने तथा उनके अनुकूल पारिस्थितीकी विकसित करने को लेकर हम अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हैं।
——–
गोवा में एक समुद्र तट पर दो नाबालिग लड़कियों के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म के मामले पर बयान देकर सीएम प्रमोद सावंत घिर गए हैं। दरअसल, विपक्ष के दबाव के बीच मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत राज्य विधानसभा में की गई उस टिप्पणी के लिए आलोचनाओं का सामना कर रहे हैं जिसमें उन्होंने कथित तौर पर कहा था कि माता-पिता को यह आत्ममंथन करने की जरूरत है कि उनके बच्चे रात में इतनी देर तक समुद्र तट पर क्यों थे।
सावंत ने सदन में ध्यानाकर्षण नोटिस पर एक चर्चा के दौरान बुधवार को कहा, जब 14 साल के बच्चे पूरी रात समुद्र तट पर रहते हैं तो माता-पिता को आत्ममंथन करने की जरूरत है। हम सिर्फ इसलिए ही सरकार और पुलिस पर जिम्मेदारी नहीं डाल सकते, कि बच्चे नहीं सुनते। गृह विभाग का प्रभार संभालने वाले सावंत ने कहा था कि अपने बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करना माता-पिता की जिम्मेदारी है और उन्हें अपने बच्चों खासतौर से नाबालिगों को रात-रात भर बाहर नहीं रहने देना चाहिए।
——–
झारखंड के धनबाद शहर के जिला एवं सत्र न्यायाधीश-8 उत्तम आनंद की मौत का रहस्य गहरा गया है। जज की मौत के मामले में पुलिस अब तक तीन संदिग्ध आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। घटना में उपयोग किया गया ऑटो भी पुलिस ने जब्त कर लिया है। बताया जा रहा है कि जज उत्तम आनंद को चोरी के ऑटो से टक्कर मारी गई थी। हत्या का यह मामला अब सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच गया है। सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन ने इस हत्या की जांच सीबीआई से कराने की मांग की है। वहीं हादसे का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद से इसे सोच समझकर की गई हत्या माना जा रहा है।
आईए बताते हैं कि क्या थी पूरी घटना : धनबाद के अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश (एडीजे)-8 उत्तम आनंद बुधवार की सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। तभी पीछे से आ रहे एक ऑटो ने उन्हें टक्कर मार दी। घर से कुछ कदम की दूरी पर ही वे खून से लथपथ घायल अवस्था में मिले। करीब डेढ़ घंटे के बाद कुछ लोगों ने उन्हें स्थानीय शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड अस्पताल पहुंचाया था। घंटेभर चले इलाज के बाद उन्हें सुबह 9ः30 बजे उनकी मौत हो गई।
पुलिस को घटना का सीसीटीवी फुटेज भी मिला है। इसमें दिख रहा है कि बुधवार सुबह 5 बजकर 8 मिनट पर एडीजे सड़क किनारे जॉगिंग कर रहे थे। उसी समय एक ऑटो अचानक उनकी ओर घूमा और उन्हें टक्कर मारते हुए निकल गया।
कर रहे थे चर्चित मामलों की सुनवाई: उत्तम आनंद चर्चित रंजय हत्याकांड की सुनवाई कर रहे थे। रंजय सिंह धनबाद के बाहुबली नेता और झरिया के पूर्व विधायक संजीव सिंह के काफी करीबी माने जाते थे। कुछ दिन पहले ही शूटर अभिनव सिंह और अमन का गुर्गा रवि ठाकुर की जमानत याचिका उन्होंने खारिज कर दी थी। आशंका जताई जा रही है कि रंजय सिंह हत्याकांड मामले में ही उनकी हत्या की गई है।
——–
पिछले साल संसद के मॉनसून सत्र के दौरान लाए गए केंद्र के तीन कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों का आंदोलन आठ महीने से भी ज्यादा समय से जारी है। इस बीच किसान नेता राकेश टिकैत ने ऐलान किया कि अब उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ को भी दिल्ली की तरह बनाया जाएगा। जिस तरह दिल्ली सील है, वैसे ही लखनऊ के सारे रास्ते किसान सील कर देंगे। इस ऐलान के बाद उत्तर प्रदेश बीजेपी ने प्रतिक्रिया के तौर पर एक कार्टून ट्वीट किया, जिसको लेकर विवाद शुरू हो गया है।
दरअसल, कार्टून में दाईं तरफ राकेश टिकैत जैसे दिखने वाले एक व्यक्ति को दिखाया गया है जिसके कंधे पर किसान आंदोलन का भार है। दूसरी ओर एक बाहुबली नाम का शख्स है, जो कह रहा है, सुना लखनऊ जा रहे तम . . . किमे पंगा न लिए भाई . . योगी बैठ्या है बक्कर तार दिया करे और पोस्टर भी लगवा दिया करे।
——–
असम-मिजोरम सीमा पर खूनी संघर्ष के बाद हालात तनावपूर्ण हैं। असम की ओर से नैशनल हाइवे 306 पर रोक लगा दी गई है जिससे मिजोरम की जरूरी चीजों की आपूर्ति सेवा बाधित हो रही है। नैशनल हाइवे 306 मिजोरम की लाइफलाइन माना जाता है। दरअसल मिजोरम चारों तरफ से किसी न किसी राज्य से घिरा है और ऐसे में यह रूट उसके लिए बेहद अहम है। हाइवे बंद करने से यहां ट्रकों की लंबी लाइन लगी हुई है और जरूरी समान से लदे ट्रक असम की सीमा में खड़े हैं।
आईए बताते हैं कि आखिर मजोरम के लिए क्यों जरूरी है एनएच 306?
एनएच 306 (पहले एनएच 54) मिजोरम की लाइफलाइन है। सभी जरूरी सामानों की आपूर्ति वाले ट्रकों को मिजोरम पहुंचने के लिए इस रूट से होकर जाना पड़ता है। साथ ही मिजोरम से पड़ोसी राज्यों में जाने के लिए भी इस हाइवे का सहारा लेना पड़ता है। यह असम के सिल्चर में एनएच 37 इंटरसेक्शन से शुरू होता है और असम के लुमडिंग (सिल्चर) को मिजोरम के कोलासिब से जोड़ता है। यह हाइवे 90 किमी लंबा है और नैशनल हाइवे डिवेलपमेंट प्रॉजेक्ट की ओर से इसे ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर के लिए चुना गया है।
——–
समाचारों के बीच में हम आपको यह जानकारी भी दे दें कि मौसम के अपडेट जानने के लिए समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के चेनल पर रोजाना अपलोड होने वाले वीडियो जरूर देखें। मौसम से संबंधित अपडेट मूलतः किसानों, निर्माण कार्य करवाने वालों आदि के लिए फायदेमंद साबित हो सकते हैं। समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के द्वारा अब तक मौसम के जो पूर्वानुमान जारी किए गए हैं, वे 95 से 99 फीसदी तक सही साबित हुए हैं।
——–
बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने लोकसभा में एक सनसनीखेज बात कही। उन्होंने कहा कि प. बंगाल के सत्ताधारी दल तृणमूल कांग्रेस के एक सांसद ने उन्हें बिहारी गुंडा कहकर पुकारा। दुबे ने बिना किसा का नाम लिए बिना आरोप लगाया कि टीएमसी सांसद ने बुधवार को सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) संबंधी संसदीय समिति की बैठक में उनके लिए अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया। हालांकि, टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने इस आरोप को सिरे से खारिज कर दिया।
झारखंड के गोड्डा से लोकसभा सदस्य निशिकांत दुबे ने सदन के शून्यकाल में इस विषय को उठाते हुए कहा, संसद सदस्य के रूप में यह मेरा 13वां वर्ष है, लेकिन कल जिस तरह से संसदीय समिति की बैठक में तृणमूल कांग्रेस की सदस्य ने उनके लिए बिहारी के साथ अपमानजनक शब्द का इस्तेमाल किया, ऐसा इससे पहले कभी नहीं हुआ।
बीजेपी सांसद ने गुरुवार को लोकसभा में कहा कि मैं झारखंड से आता हूं। मुझे पार्ल्यामेंट्री कमिटी में बिहारी गुंडा कहकर संबोधित किया गया एक महिला के द्वारा, तृणमूल कांग्रेस के द्वारा। हमने यह अपनी लाइफ में नहीं देखा। उन्होंने बड़े भावुक लहजे में कहा, हमारा दोष क्या है सर? क्या हमारा दोष यह है कि इस देश को बनाने में हमने एक मजदूर के तौर पर, एक बिहारी के तौर पर, हिंदीभाषी के तौर पर मेहनत की है? हमने राम की शिक्षा दी। बस्तर न होता तो राम पढ़ाई नहीं करते। राम-सीता की जन्मभूमि है। गुरुगोविंद सिंह बिहार में पैदा हुए। बुद्ध को शिक्षा बिहार में मिली।
——–
त्रिपुरा के होटल में नजरबंद चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर की आई पेक टीम के 23 सदस्यों को कोर्ट ने गुरुवार को बिना शर्त रिहाई का आदेश दिया। कोर्ट ने पब्लिक प्रॉसिक्यूटर की ओर से मामले में दायर की गई दलील को भी खारिज कर दिया। बता दें कि प्रशांत किशोर की टीम के 23 लोगों के खिलाफ त्रिपुरा में डिजास्टर मैनेजमेंट एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की गई थी और उन्हें अगरतला के एक होटल में नजरबंद कर दिया गया था।
यह टीम ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस के लिए चुनाव से पहले बीजेपी शासित राज्य त्रिपुरा में ग्राउंड वर्क के लिए पहुंची थी। टीम के सदस्यों ने दावा किया था कि पुलिस ने उन्हें होटल में ही रोक दिया और पुलिस की टीम सुबह से ही होटल में गश्त कर रही थी।
पुलिस ने नजरबंदी के पीछे कोरोना प्रोटोकॉल का हवाला दिया था। हालांकि, टीएमसी ने कहा कि प्रशांत किशोर की टीम पर मनगढ़ंत आरोप लगाए गए हैं। उनके पास कोरोना प्रोटोकॉल से जुड़े सभी कागजात थे।
——–
आप सुन रहे थे रीना सिंह से समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया की साई न्यूज में शुक्रवार ब्रहस्पतिवार 29 जुलाई 2021 का राष्ट्रीय आडियो बुलेटिन। शुक्रवार 30 जुलाई 2021 को एक बार फिर हम आडियो बुलेटिन लेकर हाजिर होंगे, अगर आपको यह आडियो बुलेटिन पसंद आ रहे हों तो आप इन्हें लाईक, शेयर और सब्सक्राईब जरूर करें, सब्सक्राईब कैसे करना है यह हर वीडियो के आखिरी में हम आपको बताते ही हैं। फिलहाल इजाजत लेते हैं, नमस्कार।
(साई फीचर्स)
———

समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया देश की पहली डिजीटल न्यूज एजेंसी है. इसका शुभारंभ 18 दिसंबर 2008 को किया गया था. समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया में देश विदेश, स्थानीय, व्यापार, स्वास्थ्य आदि की खबरों के साथ ही साथ धार्मिक, राशिफल, मौसम के अपडेट, पंचाग आदि का प्रसारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाता है. इसके वीडियो सेक्शन में भी खबरों का प्रसारण किया जाता है. यह पहली ऐसी डिजीटल न्यूज एजेंसी है, जिसका सर्वाधिकार असुरक्षित है, अर्थात आप इसमें प्रसारित सामग्री का उपयोग कर सकते हैं.
अगर आप समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को खबरें भेजना चाहते हैं तो व्हाट्सएप नंबर 9425011234 या ईमेल samacharagency@gmail.com पर खबरें भेज सकते हैं. खबरें अगर प्रसारण योग्य होंगी तो उन्हें स्थान अवश्य दिया जाएगा.