विश्व स्वास्थ्य संगठन ने दिया राजस्थान को सबसे कुशल भारतीय राज्य का दर्जा!

नमस्कार, आप सुन रहे हैं समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया की साई न्यूज की समाचार श्रंखला में शुक्रवार 22 जनवरी का राष्ट्रीय ऑडियो बुलेटिन.
——–
कृषि कानूनों को लेकर किसानों और सरकार के बीच 11वीं बैठक के बाद भी कोई हल नहीं निकलने पर शुक्रवार को कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर काफी नाराज दिखे। उन्होंने कहा कि किसान आंदोलन की पवित्रता नष्ट हो चुकी है और कुछ लोग इसका राजनीतिक फायदा उठा रहे हैं।
कृषि मंत्री ने कहा, हमने सबसे बेहतर प्रस्ताव किसानों को दे दिया है लेकिन कुछ ताकतें चाहती हैं कि आंदोलन चलता रहे और इसका कुछ अच्छा नतीजा न निकले। बातचीत का कोई नतीजा नहीं निकला क्योंकि किसान संगठनों के दिल में किसानों का हित नहीं था। किसान संगठन लगातार कृषि कानूनों की वापसी की मांग पर अड़े रहे, जबकि सरकार ने कई वैकल्पिक प्रस्ताव भी दिये।
नरेंद्र सिंह तोमर ने बैठक के बाद कहा, भारत सरकार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेत्तृत्व में किसानों और गरीबों के उत्थान के लिये प्रतिबद्ध है और रहेगी। विशेष रूप से पंजाब के किसान और कुछ अन्य राज्यों के किसान कृषि क़ानूनों के विरोध में आंदोलन कर रहे हैं। इस आंदोलन के दौरान लगातार ये कोशिश हुई कि जनता और किसानों के बीच गलतफहमियां फैले और इसका फायदा उठाकर प्रत्येक अच्छे काम का विरोध करने वाले कुछ लोग किसानों के कंधे का उपयोग अपने राजनीतिक फायदे के लिये कर सकें।
कृषि मंत्री ने आगे कहा, भारत सरकार की कोशिश थी कि वो सही रास्ते पर विचार करें, जिसके लिये 11 दौर की बैठक की गयी। लेकिन किसान संगठन क़ानून वापसी पर अड़े रहे। सरकार ने एक के बाद एक प्रस्ताव दिये, लेकिन जब आंदोलन की पवित्रता नष्ट हो जाती है तो निर्णय नहीं होता।
——–
गणतंत्र दिवस परेड में 26 जनवरी को देश की राजधानी दिल्ली के राजपथ पर इस वर्ष उत्तर प्रदेश की झांकी में प्राचीन शहर अयोध्या की धरोहर, भव्य राम मंदिर की प्रतिकृति, दीपोत्सव की झलक और पौराणिक ग्रंथ रामायण की विभिन्न घटनाओं को प्रदर्शित किया जायेगा। अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि झांकी के अग्रिम हिस्से में महर्षि वाल्मीकि की एक प्रतिमा विराजमान होगी और इसके पीछे मंदिर का प्रारूप उपस्थित रहेगा।
उत्तर प्रदेश की टीम के साथ आये राज्य सरकार के एक अधिकारी ने कहा, अयोध्या हमारा पवित्र स्थान है और राम मंदिर मुद्दे से श्रद्धालुओं का भावनात्मक जुड़ाव रहा है। हमारी झांकी में अयोध्या नगर की प्राचीन धरोहर को दिखाया जायेगा। उत्तर प्रदेश की झांकी में नृत्य करतीं दो महिलाओं सहित कलाकारों का एक समूह दिखेगा। भगवान राम की वेशभूषा में एक व्यक्ति भी झांकी में दिखेगा।
——–
किसान नेता और भारतीय किसान संगठन के प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा है कि किसानों का प्रदर्शन कमजोर आंदोलन नहीं है, ये लंबा चलेगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि 26 जनवरी को परेड भी निकलेगी। हालांकि दिल्ली पुलिस ने रैली के लिये मंजूरी देने से मना कर दिया है, लेकिन टिकैत का कहना था कि किसान 26 जनवरी को दिल्ली की सड़कों पर अपनी रैली निकालेंगे।
टिकैत ने कहा कि हजारों की संख्या में ट्रैक्टर पंजाब और हरियाणा से दिल्ली की तरफ कूच कर रहे हैं। 26 जनवरी की रैली के लिये प्रमुख तौर पर गाँवों में तैयारी हो रही है। किसान अपनी ट्रैक्टर ट्रॉली में…. 02 माह का राशन लेकर दिल्ली आ रहे हैं। उनकी योजना दिल्ली की सीमा पर जमकर बैठने की है।
——–
काँग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने रिपब्लिक टीवी के एडिटर-इन-चीफ अर्णब गोस्वामी और टीवी चैनल्स की रेटिंग एजेंसी बी.ए.आर.सी. के पूर्व प्रमुख पार्थाे दासगुप्ता की लीक वॉट्सएप चैट पर पहली बार टिप्पणी की है। उन्होंने बैठक में केंद्र सरकार को भी घेरा।
वॉट्सएप बातचीत प्रकरण का हवाला देते हुए उन्होंने कहा, हाल ही में हमने बहुत ही परेशान करने वाली खबरें देखीं कि किस तरह से राष्ट्रीय सुरक्षा के साथ समझौता किया गया। जो लोग दूसरों को देशभक्ति और राष्ट्रवाद का प्रमाणपत्र बांटते हैं वो अब पूरी तरह बेनकाब हो गये हैं। उन्होंने अर्थव्यवस्था की स्थिति को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा और कहा कि सरकार निजीकरण को लेकर हड़बड़ी में है।
काँग्रेस अध्यक्ष ने कहा, एक हफ्ते बाद संसद सत्र आरंभ होने जा रहा है। यह बजट सत्र है, लेकिन जनहित के कई ऐसे मुद्दे हैं जिन पर पूरी तरह चर्चा किये जाने की आवश्यकता है। क्या सरकार इस पर सहमत होती है, यह देखने होगा। केंद्रीय कृषि कानूनों के विरूद्ध किसानों के आंदोलन पर बात करते हुए उन्होंने आरोप लगाया, किसानों का आंदोलन जारी है और सरकार ने बातचीत के नाम पर हैरान करने वाली असंवेदनशीलता और अहंकार दिखाया है।
——–
विश्व स्वास्थ्य संगठन ने राजस्थान को टीकाकरण के लिये सबसे कुशल भारतीय राज्य के रूप में दर्जा दिया है। राज्य सरकार के अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि डब्ल्यू.एच.ओ. ने टीकाकरण की सफल मुहिम के लिये आवश्यक पांच कैटेगरी में राजस्थान को पाया है।
राजस्थान के टीकाकरण विभाग में प्रोजेक्ट डायरेक्टर के पद पर तैनात डॉ. रघुराज सिंह ने कहा कि डब्ल्यू.एच.ओ. ने राज्य सरकार की परिवहन की सुविधाओं, कोल्ड स्टोरेज पॉइंट्स, सप्लाई प्लान, पहुँच आदि जैसी तैयारियों को देखते हुए हमें टीकाकरण की हरी श्रेणियों में डाल दिया है, जबकि कुछ अन्य राज्यों को कुछ ही पैरामीटर्स में हरे रंग की श्रेणी में रखा गया है।
——–
नाबालिग की माँ घर पर बेटी का इंतजार करती रही, लेकिन पुलिस शव को सीधे श्मशान लेकर चली गयी। वहीं पुलिस इस सब से इन्कार कर रही है कि, हमने परिजनों को बिना बताये शव को अंतिम संस्कार स्थल पर पहुँचा दिया। गुरुवार को पुलिस की निगरानी में दोपहर डेढ़ बजे उसका भदभदा विश्राम घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। यह मामला देश के हृदय प्रदेश की राजधानी भोपाल का है।
भोपाल के हाई प्रोफाइल प्यारे मियां यौन शोषण मामले की शिकार नाबालिग ने ज्यादा मात्रा में नींद की गोलियों का सेवन कर लिया था, जिसके बाद अस्पताल में उपचार के दौरान बुधवार को उसकी मृत्यु हो गयी थी। दरअसल, बुधवार को बेटी की मौत की खबर माँ को इसलिये नहीं दी गयी थी कि कहीं उन्हें सदमा न लग जाये। लेकिन माँ ने जब बेटी के शव को देखा तो वे स्तब्ध रह गयीं। उनकी आंखें खुलीं थीं और जुबान थमी हुई थी। थोड़ी देर बाद वे बेहोश हो गयीं। बाद में चेहरे पर पानी के छींटे छिड़के, तब उन्हें होश आया।
माँ ने कहा कि, मेरी बेटी की क्या गलती थी, जो पुलिस व प्रशासन ने उसके साथ अपराधी जैसा व्यवहार किया। बेटी अस्पताल में तड़पती रही, तो भी हमें उससे नहीं मिलने दिया। हम उसकी शादी के सपने संजो रहे थे और हमारे सपने ही उजड़ गये। बेटी को वैदिक रीति-रिवाज के साथ हम विदा नहीं कर पाये। पुलिस पर आरोप है कि पीड़िता की माँ और परिजन घर पर बेटी के शव की प्रतीक्षा करते रहे, लेकिन पुलिस उन्हें शव सौंपना ही नहीं चाहती थी।
——–
गुजरात में पालनपुर तहसील के भाभर गाँव से चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहाँ लूडो गेम को जुए की तरह खेलते-खेलते युवक पर दस लाख का कर्ज हो गया। आखिर में कर्ज न चुका पाने से तंग आकर उस युवक ने नहर में कूदकर आत्महत्या कर ली। इस मामले में पुलिस ने उसके 06 साथियों के विरूद्ध मामला दर्ज किया है।
पुलिस की जानकारी के अनुसार, 23 वर्षीय पीयूष ठक्कर नाम का युवक भाभरा गाँव का रहने वाला था और सब्जी बेचने का व्यवसाय करता था। साथ ही वह जुआ खेलने का आदी था। पीयूष और उसके दोस्त लूडो के खेल को जुए के रूप में खेलते थे। यही खेल खेलते-खेलते पीयूष पर 10 लाख रूपये का कर्ज चढ़ गया था, जिसे लौटाने के लिये उसके साथी उस पर दबाव बना रहे थे।
पीयूष, कर्ज में चढ़े 10 लाख में से 04 लाख रूपये दे चुका था और बाकी पैसों को लेकर बात धमकी से मारपीट तक पहुँच गयी थी। इसी से तंग आकर पीयूष ने नहर में कूदकर आत्महत्या कर ली।
——–
समाचारों के बीच में हम आपको यह जानकारी भी दे दें कि मौसम के अपडेट जानने के लिये समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के चैनल पर प्रतिदिन अपलोड होने वाले वीडियो अवश्य देखें। मौसम से संबंधित अपडेट मूलतः किसानों, निर्माण कार्य, यात्रा या समारोह आदि के लिये फायदेमंद साबित हो सकते हैं। समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के द्वारा अब तक मौसम के जो पूर्वानुमान जारी किये गये हैं, वे 95 से 99 प्रतिशत तक सही साबित हुए हैं।
——–
चलो बुलावा आया है, माता ने बुलाया है और तूने मुझे बुलाया शेरावालिये.. जैसे मशहूर गानों को आवाज देने वाले नरेंद्र चंचल का शुक्रवार को निधन हो गया। 80 वर्ष के चंचल लंबे समय से बीमार थे और पिछले दो महीने से दिल्ली के एक निज़ि अस्पताल में भर्ती थे। शुक्रवार दोपहर लगभग सवा 12 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।
अमृतसर के एक पंजाबी परिवार में 16 अक्टूबर 1940 को नरेंद्र चंचल का जन्म हुआ था। पिता चेतराम खरबंदा और माता कैलाशवती के घर जन्मे चंचल ने बचपन से ही माँ को देवी के भजन गाते हुए सुना। इससे उन्हें भी संगीत में रुचि होने लगी। इसके बाद चंचल ने प्रेम त्रिखा से संगीत सीखा और वे भी भजन गाने लगे।
भजन सम्राट नरेंद्र चंचल ने कई प्रसिद्ध भजनों के साथ हिंदी फिल्मों में भी गाने गाये हैं। उन्होंने न सिर्फ शास्त्रीय संगीत में अपना नाम कमाया, बल्कि लोक संगीत में भी लोगों का दिल जीता। बॉलीवुड में उनका सफर राज कपूर के साथ आरंभ हुआ। फिल्म बॉबी में उन्होंने बेशक मंदिर मस्जिद तोड़ो गाना गाया था। इसी गाने के लिये उन्हें बेस्ट सिंगर का फिल्मफेयर एवार्ड मिला।
—-
आप सुन रहे थे समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया की साई न्यूज में शरद खरे से शुक्रवार 22 जनवरी का राष्ट्रीय ऑडियो बुलेटिन। रविवार 24 जनवरी को एक बार फिर हम ऑडियो बुलेटिन लेकर उपस्थित होंगे, आपको ये ऑडियो बुलेटिन यदि पसंद आ रहे हों तो आप इन्हें लाईक, शेयर और सब्सक्राईब अवश्य करें, सब्सक्राईब कैसे करना है यह प्रत्येक वीडियो के अंत में हम आपको बताते ही हैं। अभी आपसे अनुमति लेते हैं, नमस्कार।
(साई फीचर्स)

SAMACHAR AGENCY OF INDIA समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया

समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया देश की पहली डिजीटल न्यूज एजेंसी है. इसका शुभारंभ 18 दिसंबर 2008 को किया गया था. समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया में देश विदेश, स्थानीय, व्यापार, स्वास्थ्य आदि की खबरों के साथ ही साथ धार्मिक, राशिफल, मौसम के अपडेट, पंचाग आदि का प्रसारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाता है. इसके वीडियो सेक्शन में भी खबरों का प्रसारण किया जाता है. यह पहली ऐसी डिजीटल न्यूज एजेंसी है, जिसका सर्वाधिकार असुरक्षित है, अर्थात आप इसमें प्रसारित सामग्री का उपयोग कर सकते हैं. अगर आप समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को खबरें भेजना चाहते हैं तो व्हाट्सएप नंबर 9425011234 या ईमेल samacharagency@gmail.com पर खबरें भेज सकते हैं. खबरें अगर प्रसारण योग्य होंगी तो उन्हें स्थान अवश्य दिया जाएगा.