उमा भारती एक बार फिर शराब बंदी के लिए दिखीं संजीदा!

नमस्कार, ये समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया है। अब आप साई न्यूज की समाचार श्रंखला में शुक्रवार 11 मार्च 2022 का प्रादेशिक आडियो बुलेटिन सुनिये।
——–
प्रदेश पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती अपनी शराबबंदी के अभियान में एक के बाद एक तारीखें देने के उपरांत अब इसे लेकर एक बार फिर सक्रिय हो गई हैं। शुक्रवार को उन्होंने एक बार फिर दोहराया कि मेरा फोकस मध्य प्रदेश में शराबबंदी है। इस सिलसिले में बीते दिवस उनकी मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से बात हुई है।
पूर्व केंद्रीय मंत्री उमा भारती एक बार फिर शराबबंदी को लेकर सक्रिय हो गई हैं। इसी सिलसिले में शुक्रवार को उन्होंने प्रेस कांफ्रेंस कर कहा कि वे बैरसिया के पास गुनगा गई थी तो शराब दुकान के सामने खड़ी हो गई। इतने में ही आसपास लोग आ गए और बोले दीदी दुकान बंद कराएं। ऐसे ही एक दिन भोपाल की किसी दुकान के सामने जाऊंगी और लोगों से पूछेंगी कि क्या आप शराब दुकान से खुश हैं। उमा ने कहा कि इस अभियान से कोई अटेंशन नहीं चाहिए। शराबबंदी के अभियान को लेकर उन्होंने विधायकों से बात करने की बात भी कही है।
——–
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राष्ट्रीय विधि संस्थान विश्वविद्यालय (एनएल आईयू) प्रकरण में उच्च स्तरीय बैठक बुलाकर संबंधित प्राध्यापक के विरुद्ध जाँच कर कड़ी कार्यवाही के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने निवास कार्यालय में बैठक कर पुलिस महानिदेशक सुधीर कुमार सक्सेना तथा पुलिस आयुक्त मकरंद देउस्कर को निर्देश दिए। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि जाँच में महिला पुलिस अधिकारी को आवश्यक रूप से शामिल किया जाए। छात्र छात्राओं से दुर्व्यवहार सहन नहीं किया जाएगा। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि आवश्यकता होने पर प्रकरण के संबंध में उच्चतम न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश तथा उच्च न्यायालय के न्यायाधीश से भी चर्चा की जाएगी।
——–
मार्च माह के अंतिम सप्ताह में सड़क निर्माण एजेंसियों के नोडल अधिकारियों और मैदानी पुलिस अमले का संयुक्त रूप से प्रशिक्षित किया जायेगा। प्रशिक्षण में मौलाना आजाद राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (मैनिट) सहयोगी रहेगा। यह जानकारी अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (पीटीआरआई) जी. जनार्दन ने पुलिस प्रशिक्षण एवं शोध संस्थान में आयोजित बैठक में दी। उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिये ब्लैक स्पॉट्स के रेक्टिफिकेशन के लिए आवश्यक कार्यवाही तत्परता से करने के निर्देश दिये।
——–
ये समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया है। आप सुन रहे हैं साई न्यूज की समाचार श्रंखला में शुक्रवार 11 मार्च 2022 का प्रादेशिक आडियो बुलेटिन।
——–
वन विहार राष्ट्रीय उद्यान जू भोपाल में स्वतंत्र रूप से विचरण करने वाले और बाड़ों में रखे गए शाकाहारी वन्य प्राणियों की गणना की गई, जिसमें 1652 वन्य प्राणी पाये गये। संचालक वन विहार एच.सी. गुप्ता ने बताया कि इस साल 24, 25 और 26 फरवरी को की गई गणना में स्वतंत्र विचरण करने वाले 1516 वन्य प्राणी पाये गये। इनमें 522 चीतल, 362 सांभर, 81 नील गाय, 90 जंगली सुअर, 257 मोर, 51 सियार, 60 लंगूर, 71 काले हिरण, 3 चौसिंगा, 3 सेही, 11 बारासिंगा, 3 जंगली बिल्ली और एक एक चिंकारा एवं पेगोलिन शामिल हैं।
——–
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान 12 मार्च को श्योपुर जिले की कराहल तहसील में दोपहर 12.30 बजे पीएम आवास योजना में सहरिया स्पेशल प्रोजेक्ट का शुभारंभ करेंगे। केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। मुख्यमंत्री श्री चौहान कार्यक्रम में लगभग 11 करोड़ रूपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और 138 करोड़ रूपये के विकास कार्यों का भूमि पूजन भी करेंगे।
——–
पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस को मिली करारी हार के बाद के हालातों पर प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने चुटकी ली है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के घर घर चलो अभियान के तहत ये पार्टी अब घर ही बैठ गई है। आगे उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष कमल नाथ के घर घर चलो अभियान को कांग्रेस अच्छी तरह स्वीकार कर पांच राज्यों में घर बैठ गई है। अगले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस छत्तीसगढ़ और राजस्थान में भी घर बैठ जाएगी।
——–
विधानसभा के बजट सत्र के पांचवें दिन शुक्रवार को कांग्रेस ने विधानसभा का साउंड सिस्टम खराब होने का मुद्दा उठाया। इसके बाद सदन से वॉकआउट कर दिया। संभवतः यह पहला मौका था, जब साउंड सिस्टम पर किसी दल द्वारा वॉकआउट किया गया हो। कांग्रेस विधायक और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एनपी प्रजापति ने विधानसभा में साउंड सिस्टम खराब होने पर सचिवालय पर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विधानसभा सचिवालय द्वारा इसमें गड़बड़ी की गई है। एनपी प्रजापति ने आरोप लगाया कि जब हम बोलते हैं, तो माइक बंद रहता है। जब संसदीय कार्य मंत्री बोलते हैं, तो माइक तुरंत चालू हो जाता है। इस पर विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम ने कहा कि मैंने कोई नई बटन चालू नहीं की है, जो आप बटन चालू छोड़ गए थे, वही दबी है। इसके बाद कांग्रेस विधायकों ने वॉक आउट कर दिया।
——–
ये समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया है। आप सुन रहे हैं साई न्यूज की समाचार श्रंखला में शुक्रवार 11 मार्च 2022 का प्रादेशिक आडियो बुलेटिन।
——–
इंदौर के समीप बांक में नायता मुस्लिम समाज की पंचायत ने अनूठा फैसला लिया है। यहां के एक बदमाश के खिलाफ समाज की पंचायत बैठी। इसमें सभी ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि बदमाश और उसके परिवार को ना तो किसी कार्यक्रम में बुलाया जाएगा और ना ही कोई उनके यहां कार्यक्रम में जाएगा। अगर वह दिखता है तो उसे पकड़कर पुलिस के हवाले किया जाएगा। दरअसल बदमाश ने यहां रहने वाले एक व्यापारी की दुकान में आग लगा दी थी। घर पर भी आग लगाने की कोशिश की थी। बदमाश दुकानदार से रुपयों की डिमांड कर रहा था। इसके बाद समाज के सभी लोग एकजुट हो गए हैं।
——–
ग्वालियर में प्रदेश के पहले ड्रोन स्कूल के शुभारंभ के दौरान गुरुवार को सीएम शिवराज सिंह ने ड्रोन उड़ाया। जब उनका ड्रोन 60 फीट की ऊंचाई पर था तो अनियंत्रित होने लगा। इसी बीच केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सीएम के अनियंत्रित ड्रोन को उसी अंदाज में थाम लिया, जैसे सत्ता से बेदखल होने पर बीजेपी में आकर शिवराज को फिर से सीएम बनवाया था। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ड्रोन उड़ा रहे सीएम के हाथ के रिमोट कंट्रोल को अपने हाथों से ऑपरेट किया। साथ ही आसमान में लड़खड़ा रहे ड्रोन को सुरक्षित नीचे उतारा। इसका वीडियो वायरल होते ही ज्योतिरादित्य सिंधिया का इस अंदाज में सीएम की मदद करना सियासी गलियारों में चर्चा बना हुआ है। इतना ही नहीं ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ साथ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा भी सीएम की मदद करते नजर आए।
——–
आप सुन रहे थे समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया की साई न्यूज की समाचार श्रंखला में शुक्रवार 11 मार्च 2022 का प्रादेशिक आडियो बुलेटिन। शनिवार 12 मार्च 2022 को एक बार फिर हम आडियो बुलेटिन लेकर हाजिर होंगे, साथ ही आपको बता दें कि समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया की लाईव स्ट्रीमिंग आरंभ हो गई है। आप समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया की वेब साईट अथवा चेनल पर जाकर इसे चौबीसों घंटे देख सकते हैं। यदि आपको ये ऑडियो बुलेटिन पसंद आ रहे हों तो आप इन्हें लाईक, शेयर और सब्सक्राईब जरूर करें। अभी आपसे अनुमति लेते हैं, जय हिन्द।
(साई फीचर्स)

———

SAMACHAR AGENCY OF INDIA समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया

समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया देश की पहली डिजीटल न्यूज एजेंसी है. इसका शुभारंभ 18 दिसंबर 2008 को किया गया था. समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया में देश विदेश, स्थानीय, व्यापार, स्वास्थ्य आदि की खबरों के साथ ही साथ धार्मिक, राशिफल, मौसम के अपडेट, पंचाग आदि का प्रसारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाता है. इसके वीडियो सेक्शन में भी खबरों का प्रसारण किया जाता है. यह पहली ऐसी डिजीटल न्यूज एजेंसी है, जिसका सर्वाधिकार असुरक्षित है, अर्थात आप इसमें प्रसारित सामग्री का उपयोग कर सकते हैं. अगर आप समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को खबरें भेजना चाहते हैं तो व्हाट्सएप नंबर 9425011234 या ईमेल samacharagency@gmail.com पर खबरें भेज सकते हैं. खबरें अगर प्रसारण योग्य होंगी तो उन्हें स्थान अवश्य दिया जाएगा.