रीवा कलेक्टर ने अपने बच्चे का मनाया आंगनवाड़ी में जन्म दिवस

नमस्कार, ये समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया है। अब आप साई न्यूज की समाचार श्रंखला में शुक्रवार 25 फरवरी 2022 का प्रादेशिक आडियो बुलेटिन सुनिये.
———
प्रदेश में आगामी 7 मार्च से शुरू होने वाले विधानसभा सत्र में बजट पेश होना है, लेकिन स्थिति यह है कि इस बजट में कुल राजस्व प्राप्तियों यानी आमदनी का हर साल औसत 12 फीसदी केवल कर्ज के ब्याज को चुकाने में चला जाता है। प्रदेश पर कर्ज और उसका ब्याज भारी पड़ता है, लेकिन बावजूद इसके हर साल बढ़ोत्तरी हो रही है। खास तौर पर पिछले दो साल में कोरोना काल के कारण कर्ज में तेजी से बढ़ोत्तरी हुई। जितनी कर्ज बढ़ोत्तरी 2014 से 2019 तक हुई थी, उतनी तो केवल कोरोना काल के दो सालों में हो गई।
मौजूदा वित्तीय सत्र में 2.41 लाख करोड़ रुपए का बजट है, जिसमें कुल राजस्व प्राप्तियों में से 12.72 फीसदी को ब्याज के रूप में ही चुकाया जा रहा है। इस साल राजस्व प्राप्ति की आमदनी 1 लाख 64 हजार 699 करोड़ रुपए की अनुमानित है। इसका 12.72 फीसदी ब्याज के रूप में जाना है। अगले 2022 2023 के बजट में यह और बढ़ जाएगा। इसमें एक से डेढ़ फीसदी तक की बढ़ोत्तरी संभावित है।
मौजूदा वित्तीय सत्र में 2.41 लाख करोड़ रुपए का बजट है, जिसमें कुल राजस्व प्राप्तियों में से 12.72 फीसदी को ब्याज के रूप में ही चुकाया जा रहा है। इस साल राजस्व प्राप्ति की आमदनी 1 लाख 64 हजार 699 करोड़ रुपए की अनुमानित है। इसका 12.72 फीसदी ब्याज के रूप में जाना है। अगले 2022-23 के बजट में यह और बढ़ जाएगा। इसमें एक से डेढ़ फीसदी तक की बढ़ोत्तरी संभावित है।
———
प्रदेश के भिंड जिले का एक परिवार राजधानी भोपाल में मुख्य मंत्री निवास के बाहर न्याय की गुहार लगाते हुए धरने पर बैठा हुआ है। पीड़ित परिवार ने भिंड देहात थाना प्रभारी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिवार के साथ धरने पर बैठे युवक ने बताया कि कभी टीआई उसकी पत्नी को साथ ले जाते हैं तो कभी उसकी बेटी को। टीआई की हरकतों से परेशान होकर उन्होंने एसपी से भी शिकायत की और न्याय की गुहार लगाई लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई जिसके बाद अब परिवार भोपाल में सीएम हाउस के बाहर धरने पर बैठ गया है।
पीड़ित ने आगे बताया कि उसने टीआई रामबाबू यादव की हरकतों की शिकायत एसपी से भी की लेकिन एसपी ऑफिस के अफसर भी टीआई की ही तरफदारी करते हैं और उस पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। स्थानीय स्तर पर न्याय न मिलने से परेशान होकर अब वो परिवार सहित भोपाल आया है और सीएम हाउस के बाहर बैठक न्याय का इंतजार कर रहा है।
———
रीवा कलेक्टर मनोज पुष्प ने अपने बेटे का जन्मदिन आंगनवाड़ी केंद्र में गरीब बच्चों के साथ मना कर समाज के बीच एक नई मिसाल पेश की है। इस दौरान बच्चों में खुशी का माहौल देखा गया। बच्चे कलेक्टर के पुत्र राम के नए दोस्त भी बने। हाल ही में रीवा स्थानांतरित होकर आए कलेक्टेर मनोज पुष्प के बेटे का रीवा में कोई दोस्त नहीं था, जिससे अब नए दोस्तों के साथ मिलकर उसने भी अपनी खुशियां बांटी।
दरअसल, रीवा कलेक्टर मनोज पुष्प के बेटे राम का जन्म दिवस था। जिसके लिए उन्होंने ऐसी जगह चुनी जहां उनके बेटे की खुशी के साथ-साथ समाज को एक नया संदेश जाए और गरीब बेसहारा बच्चे जो खुशियों से वंचित रहते हो उन्हें भी खुश होने का एक मौका दिया जाए। कलेक्टर मनोज पुष्प ने रीवा शहर के लाखोरी बाग स्थित आदर्श आंगनवाड़ी केंद्र में अपने परिवार के साथ पहुंचकर केक काटते हुए बेटे का जन्म दिवस मनाया। कलेक्टर के बेटे का जन्म दिवस होने के चलते आदर्श आंगनवाड़ी केंद्र में सजावट की गई, जिसमें छोटे-छोटे बच्चों ने गुब्बारों के बीच खुशियों को हासिल किया।
———
मध्य प्रदेश के बैतूल में एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने वाले एक्सेल गैंग के दो गुंडों को पुलिस ने शहर में पैदल घुमाते हुए कोतवाली ले गए। इन दोनों आरोपी ने युवक पर बेरहमी से चाकू से हमला किया था और युवक की हालत गंभीर होने पर उसे इलाज के लिए भोपाल रेफर किया गया।
बैतूल के कोसमी डैम पर रोशन नाम का युवक अपने साथियों के साथ फोटो शूट करने गया था । इस दौरान वहां करण और शुभम नाम के दोनों आरोपी मौजूद थे और किसी बात को लेकर विवाद होने पर इन दोनों ने रोशन की पीठ पर चाकू से हमला कर दिया। घटना 22 फरवरी की है पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया था। रोशन की हालत गंभीर होने पर उसे इलाज के लिए भोपाल रेफर किया गया। बताया जा रहा है कि करण और शुभम बैतूल की एक्सेल गैंग के सदस्य हैं और यह गैंग चोरी और मारपीट के मामले में बदनाम है। इनके खिलाफ पहले भी कई मामले दर्ज हो चुके हैं।
———
नियंत्रक-महालेखा परीक्षक (कैग) की रिपोर्ट में उठाई गई आपत्तियों पर वनमंत्री विजय शाह सख्त हो गए हैं। शुक्रवार को बुलाई गई वन अधिकारियों की बैठक में उन्होंने साफ कहा कि रिपोर्ट में गंभीर अनियमितता और आर्थिक नुकसान के जो मामले उठाए गए हैं, उनके लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए और सरकार को हुए नुकसान की भरपाई के लिए उनसे वसूली भी करें। एक हफ्ते में यह दूसरा मौका है, जब वनमंत्री ने इस मुद्दे पर वन अधिकारियों को फटकार लगाई है और कार्रवाई करने को कहा है। वनमंत्री बैठक में वर्चुअल जुड़े थे।
उन्होंने कहा कि गंभीर मामलों में भी जांच के बाद कार्रवाई तो होती ही नहीं है। ऐसा नहीं चलेगा। अब गंभीर अनियमित्ता व आर्थिक नुकसान के मामलों में जिम्मेदारी तय करें और मामला लोकायुक्त को दें। यदि आप ऐसा नहीं करेंगे, तो मैं करूंगा। उन्होंने कहा कि कैग और कोष एवं लेखा की रिपोर्ट में जिन मामलों में विभाग को आर्थिक नुकसान होने की पुष्टि होती है। उनमें संबंधित से वसूली के लिए समयसीमा तय करें। मंत्री ने कहा कि इस संबंध में जल्द ही समीक्षा बैठक बुलाई जाएगी।
———
बुरहानपुर में पति-पत्नी के प्यार का अनोखा मामला सामने आया है। पत्नी को उसके बर्थडे पर स्कूटर गिफ्ट करनी थी, इसलिए दूध की डेयरी पर काम करने वाले पति ने एक-एक करके 5 साल तक पूरे 50 हजार रुपए की चिल्लर (सिक्के) जमा की। लेकिन तय समय पर जब वो चिल्लर की बोरी कंधे पर रखकर शोरूम पहुंचा, तो इतनी चिल्लर देख शोरूम संचालक सहित सभी हैरान रह गए। संचालक ने पहले तो सिक्कों के बदले स्कूटर देने से मना किया, लेकिन जब उसे पत्नी के प्रति उस शख्स के प्रेम के बारे में पता चला, तो स्कूटर की चाबी सौंप दी। पति के इस अनोखे गिफ्ट को पाकर पत्नी की आंखें भी खुशी से नम हो गई।
———
मध्यप्रदेश में नर्मदापुरम (होशंगाबाद) के कांग्रेस जिला अध्यक्ष सत्येंद्र फौजदार के एक कथित ऑडियो पर बवाल मच गया है। जिसमें वे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी को आपत्तिजनक शब्द कह रहे हैं। इस ऑडियो के आने के बाद इलाके में राजनीति गरमा गई है। भाजपा नेता और केंद्रीय राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने जहां इसे लेकर कांग्रेस पार्टी के संस्कारों पर सवाल उठाए हैं। वहीं, फौजदार ने इसे अपने खिलाफ षड्यंत्र बताया है।
केंद्रीय राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने इस ऑडियो को सोशल मीडिया पर शेयर किया और दावा किया कि ऑडियो कांग्रेस जिलाध्यक्ष सत्येंद्र सिंह फौजदार और आईटी सेल के नगर अध्यक्ष लवलेश जैन के बीच बातचीत का है। केंद्रीय मंत्री फग्गपन सिंह कुलस्ते ने लिखा है कि कांग्रेस पार्टी के नेताओं का संस्कार और मर्यादा जैसे शब्दों से दूर-दूर तक वास्ता नहीं है। पूर्व केंद्रीय मंत्री और ब्राह्मण समाज के सम्मानित व्यक्ति के लिए होशंगाबाद जिलाध्यक्ष जिस तरह से अभद्र भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं, उसकी जितनी निंदा की जाए, कम है।
———
इंदौर में एक महिला ने पति को गला घोंटकर मार डाला। उसके शव को काटकर दफना दिया। उसका सिर, धड़ और हाथ-पैर अलग-अलग जगह ठिकाने लगाए। इसका खुलासा तब हुआ जब 19 साल के बेटे ने नशे में अपने दोस्तों को इस बारे में बताया। उसने कहा कि मम्मी ने पापा की हत्या कर बाथरूम में गाड़ दिया है। पुलिस ने महिला को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने शुक्रवार सुबह उसके घर में खुदाई शुरू कर दी।
पुलिस ने पहले बाथरूम की खुदाई की, लेकिन वहां कुछ नहीं मिला। फिर महिला ने दूसरी जगह बताई। वहां जेसीबी से खुदाई की तो पति का शव 6 फीट गहराई में मिला। मृतक का धड़ बोरी में बंद मिला। पुलिस उसके हाथ-पैर और गर्दन की तलाश कर रही है। समाचार लिखे जाने तक खुदाई चल रही है।
———
आप सुन रहे थे समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया की साई न्यूज की समाचार श्रंखला में शुक्रवार 25 फरवरी 2022 का प्रादेशिक आडियो बुलेटिन। शनिवार 26 फरवरी 2022 को एक बार फिर हम आडियो बुलेटिन लेकर हाजिर होंगे, अगर आपको यह आडियो बुलेटिन पसंद आ रहे हों तो आप इन्हें लाईक, शेयर और सब्सक्राईब जरूर करें, अभी आपसे अनुमति लेते हैं, जय हिन्द।
(साई फीचर्स)

———

SAMACHAR AGENCY OF INDIA समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया

समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया देश की पहली डिजीटल न्यूज एजेंसी है. इसका शुभारंभ 18 दिसंबर 2008 को किया गया था. समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया में देश विदेश, स्थानीय, व्यापार, स्वास्थ्य आदि की खबरों के साथ ही साथ धार्मिक, राशिफल, मौसम के अपडेट, पंचाग आदि का प्रसारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाता है. इसके वीडियो सेक्शन में भी खबरों का प्रसारण किया जाता है. यह पहली ऐसी डिजीटल न्यूज एजेंसी है, जिसका सर्वाधिकार असुरक्षित है, अर्थात आप इसमें प्रसारित सामग्री का उपयोग कर सकते हैं. अगर आप समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को खबरें भेजना चाहते हैं तो व्हाट्सएप नंबर 9425011234 या ईमेल samacharagency@gmail.com पर खबरें भेज सकते हैं. खबरें अगर प्रसारण योग्य होंगी तो उन्हें स्थान अवश्य दिया जाएगा.