नमस्कार, ये समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया है। अब आप साई न्यूज की समाचार श्रंखला में सोमवार 28 मार्च 2022 का प्रादेशिक आडियो बुलेटिन सुनिये।
——–
देश के हृदय प्रदेश में सालाना ढाई करोड़ पेटी देसी शराब बेचने वाली 11 डिस्टलरियों की मोनोपॉली को प्रदेश सरकार की ओर से खत्म कर दिया गया है। यहां आपको बता दें कि एक पेटी में 750 मिली लीटर वाली 12 बोतल शराब रहती है। सरकार के टेंडर में खुली प्रतिस्पर्धा के चलते सिंडिकेट बनाकर महंगी दरों पर शराब बेचने वाली 8 डिस्टलरी लगभग सीधे बाहर हो गई हैं। इसके बाद से अब राज्य में सिर्फ तीन डिस्टलरी के ग्रुप 95 फीसदी देसी शराब मेन्युफेक्चरिंग होगी। हालांकि, इससे सरकार के साथ साथ उपभोक्ता को भी फायदा होगा। नए टेंडर के हिसाब से कीमतों में प्रति पेटी की दर में 120 रुपए तक की कमी आई है। सरकार का खरीदी रेट घटने और ठेकेदारों का रेट फिक्स होने के चलते मार्जिन वाली 350 करोड़ रुपए की रकम भी शासन के खाते में ही आएंगी।
——–
प्रदेश कोटे की तीन राज्यसभा सीटें खाली होने वाली हैं। इस पर भाजपा और कांग्रेस खेमे में हलचल तेज हो गई है। इन तीन सीटों पर पूर्व केंद्रीय मंत्री एमजे अकबर (भाजपा), संपतिया उइके (भाजपा) और विवेक तन्खा (कांग्रेस) राज्यसभा सदस्य हैं। इन तीनों का ही कार्यकाल अगले दो माह में पूरा हो रहा है।
वर्तमान में दिग्विजय सिंह, प्रभात झा, सत्यनारायण जटिया, सम्पतिया उइके, एमजे अकबर, विवेक तन्खा, अजय प्रताप सिंह, कैलाश सोनी, थावरचंद गेहलोत, धर्मेंद्र प्रधान, राजमणि पटेल प्रदेश से राज्य सभा सांसद हैं।
——–
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का संकल्प है कि प्रदेश का कोई भी गरीब कच्चे मकान में नहीं रहेगा। हर व्यक्ति का अपना पक्का मकान होगा। प्रधानमंत्री आवास योजना में वर्ष 2024 तक हर व्यक्ति को पक्का आवास उपलब्ध करा दिया जायेगा। मुख्यमंत्री श्री चौहान के इसी संकल्प को पूरा करने के लिये प्रदेश में ग्रामीण विकास विभाग द्वारा इस योजना में तेजी से कार्य जारी है और इसके अच्छे परिणाम सामने आये हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आगामी 29 मार्च को प्रदेश के 5 लाख 21 हजार हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) में गृह-प्रवेश वर्चुअली करायेंगे।
——–
ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने बताया कि बिजली कम्पनियों में कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारियों को प्रति वर्ष 7 हजार रुपये तक का बोनस दिया जायेगा। बोनस का भुगतान कांट्रेक्टर्स द्वारा द पेमेंट ऑफ बोनस एक्ट-1965 के तहत मासिक आधार पर किया जायेगा। कांट्रेक्टर्स द्वारा आउटसोर्स कर्मचारियों को बोनस देने का प्रमाण-पत्र देने पर विद्युत कम्पनी द्वारा उसे बोनस राशि का भुगतान किया जायेगा। यह निर्णय इस संबंध में गठित समिति की अनुशंसा पर लिया गया है।
——–
ये समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया है। आप सुन रहे हैं साई न्यूज की समाचार श्रंखला में सोमवार 28 मार्च 2022 का प्रादेशिक आडियो बुलेटिन।
——–
प्रदेश में शिक्षक वर्ग- 3 परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक मामले में अब पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ ने सरकार पर निशाना साधा है। कमलनाथ ने कहा कि मध्य प्रदेश में शिवराज सरकार व्यापम पार्ट 2 घोटाले की ओर बढ़ रही है। सवाल उठाने पर कांग्रेस नेता केके मिश्रा पर ही एफआईआर करवा दी है। ये तो चोरी के ऊपर सीनाजोरी है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में दूसरा व्यापम घोटाला होने से रोकिए।
——–
प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने सोमवार को कहा कि राज्य में रह रहे कश्मीरी पंडित अगर जम्मू कश्मीर स्थित अपने पैतृक आवासों में जाना चाहते हैं तो प्रदेश सरकार उनकी पूरी मदद करेगी। प्रदेश सरकार उनकी वापसी सुनिश्चित कराने के साथ-साथ भेजने की व्यवस्था भी करेगी। गृह मंत्री ने यह नहीं बताया कि प्रदेश में कितने कश्मीरी पंडित रह रहे हैं। एक सवाल के जवाब में मिश्रा ने कहा, मध्य प्रदेश में रह रहे कश्मीरी पंडित भाई-बहन अगर वापस कश्मीर जाना चाहते हैं तो वे गृह विभाग को सूचित करें। सरकार उनकी वापसी सुनिश्चित कराने के साथ-साथ भेजने की व्यवस्था भी करेगी।
——–
भोपाल के ऐशबाग इलाके में 14 दिन पहले गिरफ्तार किए गए जमात उल मुजाहिदीन के चार आतंकियों को सोमवार दोपहर बाद कोर्ट में पेश किया गया। चारों आतंकियों को आठ अप्रैल तक जेल भेजा गया है। 14 मार्च को एमपी एटीएस ने जमात उल मुजाहिदीन के चार आतंकियों को ऐशबाग इलाके से गिरफ्तार किया गया था। आतंकियों के पास से जिहादी साहित्य और मोबाइल बरामद किए गए थे। यह किराये से नायाब जहां नाम की विधवा महिला के मकान में बिना किसी पहचान पत्र के रह रहे थे।
——–
प्रदेश में प्रोफेशनल एक्जामिनेशन बोर्ड व्यापम की वनरक्षक परीक्षा- 2012 में फर्जी तरीके से एग्जाम देने वाले 3 लोगों को 7-7 साल की सजा सुनाई गई है। सीबीआई की विशेष अदालत के जज नीति राज सिंह सिसोदिया ने सोमवार को ये फैसला सुनाया। मामले में विशेष लोक अभियोजक सतीश दिनकर ने पैरवी की थी। मामले की जांच एसटीएफ के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरुण कश्यप और सीबीआई निरीक्षक अनुज कुमार ने की थी। कोर्ट ने इस केस में देवेंद्र कुमार जाटव पुत्र भूषण लाल, पदम सिंह खरे पुत्र मुरारी लाल और आनंद सागर पुत्र अर्जुन प्रसाद को सजा सुनाई।
——–
ये समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया है। आप सुन रहे हैं साई न्यूज की समाचार श्रंखला में सोमवार 28 मार्च 2022 का प्रादेशिक आडियो बुलेटिन।
——–
इंदौर के पालदा इलाके में मंदिर के बाहर एक गुंडे की हत्या कर दी गई। वह छावनी इलाके में रहता था। उस पर करीब दस से अधिक अपराध दर्ज थे। गुंडे की जिलाबदर की फाइल पर सोमवार को कमिश्नर को साइन करना थी। लेकिन सुबह ही उसका दूसरे थाना क्षेत्र में शव पड़ा मिला।
——–
खंडवा के नर्मदा नगर में नाबालिग बेटी को छेड़ा तो पिता का खून खौल गया। उसने अपने साले के साथ मिलकर आरोपी के तीन टुकड़े कर दिए। शव को न्यूड हालत में अजनाल नदी में फेंक दिया। सिर, धड़ और घुटने के नीचे के दोनों पैर रविवार को नदी में मिले। उन्होंने नदी के पास ही मंदिर के सामने शव को काटा था। पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लिया है।
——–
मंदसौर के पशुपतिनाथ मंदिर परिसर में निर्माणाधीन सहस्त्र शिवलिंग मंदिर के पास देश का सबसे बड़ा 3700 किलोग्राम का महाघंटा स्थापित किया गया। संभवतरू यह दुनिया का सबसे बड़ा और वजनी घंटा है। 36 लाख रुपए की लागत से बने इस घंटे को 10 कारीगरों की टीम ने रात-दिन मेहनत कर तैयार किया है।
——–
आप सुन रहे थे समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया की साई न्यूज की समाचार श्रंखला में सोमवार 28 मार्च 2022 का प्रादेशिक आडियो बुलेटिन। मंगलवार 29 मार्च 2022 को एक बार फिर हम आडियो बुलेटिन लेकर हाजिर होंगे। इसके साथ ही साई न्यूज में ज्वलंत विषयों पर लिमटी की लालटेन रोजाना रात को प्राईम टाईम में आठ बजे देखना न भूलें। यदि आपको ये ऑडियो बुलेटिन पसंद आ रहे हों तो आप इन्हें लाईक, शेयर और सब्सक्राईब जरूर करें। अभी आपसे अनुमति लेते हैं, जय हिन्द।
(साई फीचर्स)
———

समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया देश की पहली डिजीटल न्यूज एजेंसी है. इसका शुभारंभ 18 दिसंबर 2008 को किया गया था. समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया में देश विदेश, स्थानीय, व्यापार, स्वास्थ्य आदि की खबरों के साथ ही साथ धार्मिक, राशिफल, मौसम के अपडेट, पंचाग आदि का प्रसारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाता है. इसके वीडियो सेक्शन में भी खबरों का प्रसारण किया जाता है. यह पहली ऐसी डिजीटल न्यूज एजेंसी है, जिसका सर्वाधिकार असुरक्षित है, अर्थात आप इसमें प्रसारित सामग्री का उपयोग कर सकते हैं.
अगर आप समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को खबरें भेजना चाहते हैं तो व्हाट्सएप नंबर 9425011234 या ईमेल samacharagency@gmail.com पर खबरें भेज सकते हैं. खबरें अगर प्रसारण योग्य होंगी तो उन्हें स्थान अवश्य दिया जाएगा.