शिवराज मामा का बदला पता, अब श्यामला हिल्स के बजाए 74 बंगले के आवास में रहेगा बसेरा

एमपीपीएससी परीक्षा में सिवनी की शिवांगी बघेल ने मारी बाजी

नमस्कार, ये समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया है। अब आप साई न्यूज की समाचार श्रंखला में बुधवार 27 दिसंबर 2023 का प्रादेशिक औडियो बुलेटिन सुनिये।

——–

मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग ने राज्य सिविल परीक्षा 2019 का फाइनल रिजल्ट जारी कर दिया है। इस परीक्षा में सिवनी की शिवांगी बघेल ने दूसरा स्थान हासिल किया है। शिवांगी ने पहले ही प्रयास में सफलता हासिल की है। एमपी पीसएसी परीक्षा परिणामों में टॉप 10 में से 7 लड़कियों ने बाजी मारी है। तो वहीं राज्य प्रशासनिक सेवा उप जिलाध्यक्ष पद के लिए प्रिया पाठक, उप पुलिस अधीक्षक (जीडी) पद के लिए रुचि जैन, वाणिज्य कर अधिकारी पद केलिए अंजली शर्मा, जिला पंजीयक पद पर प्रियल यादव, सहायक संचालक, स्थानीय निधि संपरीक्षा पद पर इला खरे, सहायक संचालक, जनसंपर्क पद पर निहारिका मीणा, जिला संयोजक/ सहायक परियोजना प्रशासक/ सहायक संचालक (प्रशासन) पद पर अदिति शांडिल्य समेत कई पदों पर लड़कियों ने परीक्षा में टॉप किया है। मध्य प्रदेश राज्य प्रशासनिक सेवा उप जिलाध्यक्ष (डिप्टी कलेक्टर) पद के लिए टॉप करने वाली सतना की प्रिया पाठक ने बताया उन्होंने सोचा भी नहीं था टॉप करेंगी, पिछली परीक्षा में डीएसपी तक पहुंचीं थीं तो उम्मीद थी कि निकाल लेंगी। मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव ने मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग की राज्य सेवा परीक्षा-2019 में सफलता प्राप्त करने वाले सभी अभ्यर्थियों तथा उनके अभिभावकों को बधाई दी है।

मुख्यमंत्री डॉक्टर यादव ने कहा कि मुझे विश्वास है कि सफल होने वाले अभ्यर्थी पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ प्रदेश और देश के विकास में सार्थक योगदान देंगे। जो अभ्यर्थी सफल नहीं हुए वे अपने प्रयासों को अधिक गति देंगे तो निश्चित ही सफलता प्राप्त करेंगे।

——–

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि देश में स्व-सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं में से कम से कम 2 करोड़ दीदियों को लखपति बनना मेरा सपना है। गांव की महिला समृद्ध होगी तो देश समृद्ध बनेगा। देश की माताओं और बहनों का आत्मविश्वास ही देश को आत्मनिर्भर बनाने वाला है। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने विकसित भारत संकल्प यात्रा कार्यक्रम में वीसी के माध्यम से मध्यप्रदेश में देवास जिले की श्रीमती रूबीना बी से वर्चुअली संवाद किया। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने श्रीमती रूबीना बी से उनके जीवन संघर्ष, शासकीय योजना से मिले लाभ और उपलब्धियों के बारे में बात की। मुख्यमंत्री डॉक्टर यादव मंत्रालय में कार्यक्रम में वीसी से जुड़े।

——–

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने विकसित भारत संकल्प यात्रा कार्यक्रम के अंतर्गत आज भारत सरकार की विभिन्न योजनाओं के तमिलनाडु, राजस्थान, उत्तराखण्ड, त्रिपुरा और मध्यप्रदेश के लाभार्थियों से वर्चुअली चर्चा की। राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने भी इस कार्यक्रम में राजभवन, भोपाल से वर्चुअली सहभागिता की और लाभार्थियों का उत्साहवर्धन किया।

——–

मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की पहल पर देश में लागू की गई नई शिक्षा नीति-2020 में व्यावसायिक शिक्षा (वोकेशनल स्टडीज) पर विशेष जोर दिया गया है। इसी के अनुरूप मध्यप्रदेश में व्यावसायिक शिक्षा के विस्तार के लिये किए जा रहे प्रयासों में और गति लाई जाए। विद्यार्थी द्वारा स्कूली शिक्षा प्राप्त करने के बाद उच्च शिक्षा के लिये प्रवेश लेने के दौरान ही उन्हें वोकेशनल स्टडीज से जोड़कर रोजगार और स्वरोजगार के लिये प्रेरित किया जाए। इससे संपूर्ण शिक्षा प्रणाली को और सार्थक बनाया जा सकता है। नये सीएम राइज विद्यालयों के लिए चयन में व्यावहारिक आधार पर निर्णय लिया जाये और विद्यालयों के निर्माण में डिजाइन और अन्य सभी व्यवस्थाओं को भी बेहतर तरीके से पूर्ण किया जाए। मुख्यमंत्री डॉक्टर यादवआज मंत्रालय में स्कूल शिक्षा विभाग की कार्य गतिविधियों की समीक्षा कर रहे थे।

——–

ये समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया है। अब सुन रहे हैं साई न्यूज की समाचार श्रंखला में बुधवार 27 दिसंबर 2023 का प्रादेशिक औडियो बुलेटिन।

——–

मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव ने कहा है कि आम जनता के राजस्व से जुड़े कार्यों जैसे नामांतरण, बंटवारा, मालिकाना हक आदि का निराकरण करने के लिए मैदानी अमले की जवाबदेही सुनिश्चित की जाएं। कार्ययोजना बनाकर राजस्व प्रकरणों को हल करें।

मुख्यमंत्री डॉक्टर यादव आज मंत्रालय कक्ष में एक बैठक में राजस्व विभाग के कार्यों गतिविधियों की समीक्षा कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉक्टर यादव ने राजस्व प्रशासन में सूचना प्रौद्योगिकी के अधिकतम प्रयोग के भी अधिकारियों को निर्देश दिए।

समीक्षा बैठक में साइबर तहसील व्यवस्था, संपदा पोर्टल के उपयोग, राजस्व विभाग में आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल और राजस्व समस्याओं के स्थल पर निराकरण के संबंध में चर्चा हुई। प्रमुख सचिव राजस्व द्वारा विभाग में किए गए नवाचारों और प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा मध्यप्रदेश में राजस्व सुधारों के लिए की गई प्रशंसा से भी अवगत कराया।

समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के राजधानी भोपाल ब्यूरो ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव के द्वारा अधिकारियों को प्रमुख निर्देश दिए गए हैं उनमें पारदर्शिता से कार्यों का संपादन हो, प्रशासन में आईटी का अधिकतम प्रयोग किया जाए, शिविर लगाकर नागरिकों की समस्याएं हल करें, ऑन-द-स्पॉट समाधान की कार्रवाई हो, पटवारी अपने मुख्यालय ग्राम पंचायत में रात्रि विश्राम करें, राजस्व कर्मचारियों की जवाबदेही तय करें, विभागीय स्तर पर दिखाई देने वाली कमियां दूर करें, नागरिक परेशान न हों, लापरवाही पर सख्त कार्यवाही करें, लंबित कार्यों की सतत् समीक्षा करें, अभियान संचालित कर समस्याओं का निराकरण करें, जहां आवश्यक हो, पुलिस बल का सहयोग लेकर नागरिकों की राजस्व दिक्कतें हल करें आदि शामिल हैं।

——–

मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सीएम आवास खाली कर दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर एक पोस्ट कर यह जानकारी दी। शिवराज सिंह चौहान ने कहा, मेरे प्यारे भाइयों और बहनों नमस्कार, मैं आज मुख्यमंत्री निवास से विदा ले रहा हूं, यह निवास के साथ-साथ मेरी कर्मस्थली भी रहा है। आज पता बदल रहा है, लेकिन आपके भैया, आपके मामा के दरवाजे हमेशा आपके लिए खुले रहेंगे।

शिवराज सिंह चौहान ने अपनी पोस्ट में लोगों को अपने नए ठिकाने की भी जानकारी दी। उन्होंने एक्स पोस्ट में कहा, “जनसेवा का यह संकल्प मेरे नए पते बी-8, 74 बंगले से भी जारी रहेगा। जब भी आपको अपने भैया, अपने मामा की सहायता की जरूरत हो, आप बेहिचक घर पधारिये। मैं आपकी सेवा में कोई कसर नहीं छोड़ूंगा, यह मैं आपको वचन देता हूं।

——–

शिवराज सिंह चौहान साल 2005 के नवंबर महीने में पहली बार मुख्यमंत्री बने थे। उनका पहला कार्यकाल तीन साल का था। इसका बाद उनके नेतृत्व में बीजेपी ने दिसंबर 2008 में हुआ विधानसभा चुनाव जीता। साल 2013 में भी उनके नेतृत्व में बीजेपी ने चुनाव जीता। साल 2018 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी को हार मिली, तब कांग्रेस के कमलनाथ सीएम बने। कांग्रेस सरकार गिरने पर मार्च 2020 में शिवराज ने राज्य की कमान संभाली। इस बार बीजेपी ने राज्य में अपना सीएम का चेहरा बदल दिया है।

——–

ये समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया है। अब सुन रहे हैं साई न्यूज की समाचार श्रंखला में बुधवार 27 दिसंबर 2023 का प्रादेशिक औडियो बुलेटिन।

——–

मध्य प्रदेश की डॉक्टर मोहन यादव सरकार की ओर से जारी किए गए पहले आदेश का राजधानी भोपाल में सख्ती से पालन किया जा रहा है। जिले के रिकॉर्ड में दर्ज 462 धार्मिक स्थलों में से 356 लाउडस्पीकर की आवाज कम कर दी गई है, जबकि 126 धर्म स्थलों ने अपने सभी स्पीकर उतार लिए हैं। धार्मिक स्थलों से अबतक कुल 619 लाउडस्पीकर उतारे गए हैं। बता दें कि प्रशासन की ओर से लगातार छापामार कार्रवाई की जा रही है। ध्वनि प्रदूषण को रोकने के लिए टीम हर जगह मौजूद है।

——–

उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर में प्रतिदिन सुबह होने वाली भस्म आरती को अब लोग प्रदेश के दो रेलवे स्टेशनों पर भी देख सकेंगे। इसको लेकर रेलवे एक नई योजना पर काम कर रहा है। रेलवे के अधिकारियों के मुताबिक, मध्य प्रदेश के उज्जैन में स्थित विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर में प्रतिदिन सुबह होने वाली भस्म आरती में शामिल नहीं होने और बाबा महाकाल के दर्शन नहीं मिलने की कसक अब भक्तों को नहीं रहेगी। रेलवे, उज्जैन और इंदौर के स्टेशन पर वीआर तकनीक से इसे दिखाने का प्रबंध कर रहा है, जिससे भक्तों को सीधे महाकाल मंदिर की भस्म आरती में शामिल होने का अनुभव मिलेगा।

पश्चिम रेलवे के रतलाम रेल मंडल के जनसंपर्क निरीक्षक मुकेश कुमार ने बताया कि वर्चुअल रियलिटी अर्थात वीआर तकनीक से भस्म आरती के दर्शन के लिए भोपाल की एक निजी कंपनी को रेलवे द्वारा काम सौंपा गया है। रेलवे द्वारा कंपनी को उज्जैन और इंदौर स्टेशन पर 200 वर्ग फुट जगह दी जा रही है। इसमें कंपनी अपने खर्च से उपकरण लगाएगी और रेलवे को प्रतिवर्ष करीब 10 लाख रूपए अदा भी करेगी।

——–

मध्य प्रदेश सरकार ने मंगलवार को भोपाल की सड़कों से बस रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (बीआरटीएस) हटाने का फैसला किया। एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया कि यहां मुख्यमंत्री मोहन यादव की अध्यक्षता में निर्वाचित प्रतिनिधियों की बैठक में यह निर्णय लिया गया।

सार्वजनिक परिवहन बसों के लिए समर्पित लेन निर्धारित करने हेतु बनाया गया बीआरटीएस, 15 साल पहले भोपाल में लागू किया गया था। घनी आबादी वाले इलाकों से होकर गुजरने वाले इसके एक बड़े हिस्से को पहले ही हटा दिया गया था। विज्ञप्ति में कहा गया कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मांग पर सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि बीआरटीएस को सभी सड़कों से हटा दिया जाना चाहिए।

——–

प्रदेश में अब तेन्दूपत्ता संग्रहण दर बढ़ाकर 4 हजार रूपये प्रति मानक बोरा तय की गई है। राज्य सरकार के इस निर्णय से वर्ष 2024 के संग्रहण वर्ष में प्रदेश के करीब 35 लाख तेन्दूपत्ता संग्राहकों को आर्थिक लाभ होगा। तेन्दूपत्ता संग्राहकों को पिछले वर्ष के मुकाबले अब 162 करोड़ रूपये का अतिरिक्त पारिश्रिमिक मिलेगा। राज्य सरकार की इस निर्णय से अब तेन्दूपत्ता संग्राहकों को बढ़ी हुई दर से 4000 रूपये प्रति मानक बोरा पारिश्रिमिक मिलेगा।

——–

सतना जिले के जवाहरनगर में सर्वसुविधायुक्त ई सी एच एस पॉलीक्लीनिक बनाया गया हैं। इसमें क्षेत्र के रिटायर्ड आर्मी मैन और शहीदों के परिवारों का चिकित्सा विशेषज्ञों द्वारा निःशुल्क ईलाज, जांच और दवाओं की सुविधाएं उपलब्ध हैं।

——–

अनूपपुर जिले के जनपद पंचायत जैतहरी के प्रांगण में आज दिव्यांग शिविर का आयोजन किया गया शिविर में जिले के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने सेवाएं प्रदान की शिविर में कुल 221 दिव्यांग जनों का परीक्षण किया गया।

——–

शिवपुरी जिले में फोटो निर्वाचक नामावली का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत मतदाताओं के नाम जोड़े जाना है। इस अवधि में कार्मिकों के नाम पंजीकृत किए जाने का कार्य 6 जनवरी से 22 जनवरी 2024 तक किया जाएगा।

——–

रतलाम जिले में कलेक्टर द्वारा प्रतिबंधात्मक के आदेशानुसार कोई भी संस्था या व्यक्ति द्वारा नलकूपों, बोरवेल को खुला रखे जाने पर उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

——–

नीमच जिले में पुलिस एवं खनिज विभाग के दल द्वारा संयुक्त कार्यवाही में खनिज रेत के अवैध परिवहन कर रहे आठ वाहनों को जप्त किया है।

——–

आप सुन रहे थे समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया की साई न्यूज की समाचार श्रंखला में बुधवार 27 दिसंबर 2023 का प्रादेशिक औडियो बुलेटिन। ब्रहस्पतिवार 28 दिसंबर 2023 को एक बार फिर हम औडियो बुलेटिन लेकर हाजिर होंगे। इसके साथ ही साई न्यूज में ज्वलंत विषयों पर लिमटी की लालटेन रोजाना सुबह सात बजे देखना न भूलें। यदि आपको ये ऑडियो बुलेटिन पसंद आ रहे हों तो आप इन्हें लाईक, शेयर और सब्सक्राईब जरूर करें। अभी आपसे अनुमति लेते हैं, जय हिन्द।

(साई फीचर्स)

 

——–