गुना बस हादसा, परिवहन आयुक्त सहित अनेक पर गिरी गाज

सीएम सख्त, देर रात थानों का निरीक्षण करते दिखे आला अफसरान

नमसकार, ये समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया है। अब आप साई न्यूज की समाचार श्रंखला में ब्रहस्पतिवार 28 दिसंबर 2023 का प्रादेशिक औडियो बुलेटिन सुनिये।

——–

मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव ने कहा है कि गुना हादसे में दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही के लिए मुख्य सचिव को निर्देश दिए गए हैं। राज्य स्तर से सभी कलेक्टर्स और पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिए जा रहे हैं कि यदि उनके क्षेत्र में बगैर परमिट के वाहन चलते हैं तो सतर्कता बरती जाए और दोषियों के विरुद्ध कठोर कदम उठाएं। परिवहन विभाग के उच्चाधिकारियों की भी जिम्मेदारी तय कर सख्त कार्यवाही की जाए। मुख्यमंत्री डॉक्टर यादव गुना दुर्घटना के प्रभावितों से भेंट के बाद गुना से लौटकर मीडिया प्रतिनिधियों से चर्चा कर रहे थे। उल्लेखनीय है कि गुना हादसे के लिए दोषी आरटीओ गुना और सीएमओ गुना को निलंबित किया गया है। गुना हादसे के बाद समय पर फायर ब्रिगेड उपलब्ध न कराए जाने के कारण नगर पालिका अधिकारी के निलंबन का कदम उठाया गया है।

मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव ने कहा कि परिवहन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियो का दायित्व निर्धारित करते हुए दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। ऐसी घटनाओं की पुनरावृति ना हो यह भी ध्यान रखा जाएगा। यह संवेदनशील विषय है। इस संबंध में राज्य सरकार ने सजगता से ऐसी दुर्घटनाओं पर अंकुश के लिए भी निर्देश दिए हैं। सभी जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध राज्य सरकार आवश्यक रूप से सख्त कार्रवाई करेगी।

मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव ने गुना से आरोन जाते हुए बजरंगगढ़ के समीप हुई बस दुर्घटना में दिवंगत यात्रियों के परिजनों और घायल यात्रियों से जिला चिकित्सालय में मुलाकात की। उन्घ्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की तथा उनके परिजनों को यह वज्रपात सहन करने कि शक्ति देने की कामना की। मुख्यमंत्री डॉक्टर यादव ने घायल यात्रियों के परिजनों से मुलाकात कर बस हादसे में झुलसे यात्रियों के स्वास्थ्य की जानकारी ली तथा समुचित उपचार के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और घायल यात्रियों के शीघ्र स्वस्थ होने की ईश्वर से प्रार्थना की।

——–

मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव द्वारा वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को रात्रि भ्रमण के लिये निर्देशों के पालन में बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात डीजीपी से लेकर एसपी तक के सभी पुलिस अधिकारियों ने मध्य प्रदेश के थानों का एक साथ औचक निरीक्षण किया। इस दौरान बीती रात पूरे प्रदेश में आईजी से लेकर एसपी तक के समस्त पुलिस अधिकारियों ने अपने कार्यक्षेत्र के सवा सौ से अधिक थानों का औचक निरीक्षण किया। डीजीपी रात एक बजे औबेदुल्लागंज, ढाई बजे बिलखिरिया और प्रातः चार बजे टीटी नगर थाने के औचक निरीक्षण के लिए पहुंचे। टीटी नगर थाने में डीजीपी श्री सुधीर कुमार सक्सेना ने भोपाल पुलिस कमिश्नरेट के अधिकारियों की बैठक भी ली।

——–

सामान्य प्रशासन विभाग ने अपर मुख्य सचिव गृह श्री राजेश कुमार राजौरा को परिवहन विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपते हुए प्रमुख सचिव श्री सुखवीर सिंह को उक्त प्रभार से मुक्त करने संबंधी आदेश जारी किया है। शासन ने विशेष पुलिस महानिदेशक और परिवहन आयुक्त श्री संजय कुमार झा को परिवहन आयुक्त के पदभार से मुक्त करने संबंधी आदेश भी जारी कर दिया है।

शासन से जारी आदेशानुसार गुना कलेक्टर श्री तरुण राठी की नवीन पदस्थापना अपर सचिव मध्यप्रदेश शासन के पद पर की गई है। गुना जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रथम कौशिक को कलेक्टर गुना का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। इसी प्रकार गुना पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार खत्री की नवीन पदस्थापना सहायक पुलिस महानिरीक्षक, पुलिस मुख्यालय, भोपाल करते हुए जिले के वरिष्ठतम अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को गुना पुलिस अधीक्षक का अतिरिक्त प्रभार सौंपने संबंधी आदेश जारी कर दिये गये हैं।

——–

पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार को अपने नए आवास पर जनता दरबार लगाया। यहां पर उनके विधानसभा क्षेत्र बुदनी, भोपाल और आसपास के जिलों के 300 से अधिक लोग शिकायत लेकर पहुंचे। शिवराज ने सभी की शिकायतें सुनीं और संबंधित विभाग व अधिकारियों से बात कर निराकरण का आश्वासन भी दिया।

——–

ये समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया है। अब सुन रहे हैं साई न्यूज की समाचार श्रंखला में ब्रहस्पतिवार 28 दिसंबर 2023 का प्रादेशिक औडियो बुलेटिन।

——–

देशभर में कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच इंदौर भी अब अलर्ट मोड़ पर आ गया है। शहर में विदेशों से आने वाले दो प्रतिशत यात्रियों की एयरपोर्ट पर ही कोरोना जांच की जा रही है, ताकि शहर में अन्य लोगों को यह संक्रमण न फैले। हालांकि विदेश यात्रा से आया एक यात्री ही अब तक कोरोना संक्रमित पाया गया था, जो अब स्वस्थ है।

स्वास्थ्य विभाग ने कोरोना के लिए हाल ही में माकड्रिल भी की। इसमें पाया गया कि शहर में अभी 5800 बेड की उपलब्धता निजी और शासकीय अस्पतालों में है, जिसे जरूरत पड़ने पर बढ़ाकर 10 से 12 हजार कर सकते हैं। वहीं ग्रामीण और शहरी क्षेत्र में कुल 12 स्थानों पर कोरोना की सैंपलिंग की जा रही है, जिससे लोगों को दूर न आना पड़े। बात करें आक्सीजन प्लांट की तो अभी 36 प्लांट चालू है। वहीं 12 भी जल्द शुरू हो जाएंगे। लोगों को अपने-अपने क्षेत्रों में ही इलाज की सुविधाएं मिले, इसके लिए 55 फीवर ओपीडी सेंटर भी संचालित किए जा रहे हैं।

——–

मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के विश्व प्रसिद्ध पेंच नेशनल पार्क के खवासा बफर जोन में सुबह की सफारी में सैलानी एक टाइगर को देखकर रोमांचित हो गए। टाइगर शिकार के बाद अपने मुंह में किसी जानवर का दबाकर ले जा रहा था। सैलानियों ने इसे देखा तो रोमांचित हो गए। सैलानियों ने इसका पूरा वीडियो बना लिया।

——–

प्रदेश के अनूपपुर जिले में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां पुरानी दीवार गिरने के कारण दो बच्चे नीचे दब गए। दीवार के नीचे दबने के कारण दो बच्चों की मौत हो गई। हादसे की खबर सुनकर पुलिस मौके पर पहुंची है। शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इस हादसे के बाद गांव में मातम छाया हुआ है। हादसे में मृतक बच्चों की उम्र 4 साल और 8 साल बताई जा रही है। दोनों बच्चे एक ही परिवार के थे। मिली जानकारी अनुसार, हादसे के समय बच्चे मंदिर के पास खेल रहे थे। इस दौरान अचानक से दीवार गई गई और बच्चे दब गए।

——–

प्रदेश विधानसभा चुनाव में जीत हासिल करके विधायक और फिर मंत्री बने कैलाश विजयवर्गीय ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) संगठन में अपनी जिम्मेदारी छोड़ दी है। कैलाश विजयर्गीय ने गुरुवार को महासचिव पद से इस्तीफा दिया। उन्होंने भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात करके इस्तीफा दिया। नड्डा ने एक व्यक्ति एक पद फॉर्मूले का हवाला देते हुए यह फैसला किया।

कैलाश विजयवर्गीय ने सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म एक्स पर अपने इस्तीफे की जानकारी दी। उन्होंने लिखा, आज मैं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा जी से मिला। हमारी पार्टी के सिद्धांत एक व्यक्ति एक पद के अनुसार मैंने महासचिव पद से उन्हें इस्तीफा सौंपा। मेरा सौभाग्य रहा कि मैंने 9 वर्ष तक पहले अमित शाह जी फिर जेपी नड्डा जी के मार्गदर्शन में देश के विभिन्न स्थानों पर संगठन को गढ़ने में प्राणप्रण से कार्य किया।

——–

प्रदेश के 31 मंत्रियों में से 39 फीसदी के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज हैं। एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) और मध्य प्रदेश इलेक्शन वॉच की एक रिपोर्ट में यह दावा किया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, एक मंत्री को छोड़कर एमपी के सभी मंत्री करोड़पति हैं। रिपोर्ट में मुख्यमंत्री मोहन यादव समेत प्रत्येक मंत्री की ओर से दाखिल हलफनामों का विश्लेषण किया गया है। रिपोर्ट यह भी कहती है कि एमपी के 10 फीसदी या 3 मंत्रियों के खिलाफ गंभीर आपराधिक आरोप हैं। इनमें हत्या के प्रयास का आरोप भी शामिल है।

——–

ये समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया है। अब सुन रहे हैं साई न्यूज की समाचार श्रंखला में ब्रहस्पतिवार 28 दिसंबर 2023 का प्रादेशिक औडियो बुलेटिन।

——–

प्रदेश के जबलपुर जिले में न्यूनतम समर्थन मूल्य पर धान खरीदी में गड़बड़ी पर सरकार ने एक और बड़ी कार्रवाई की है। जिले के फूड कंट्रोलर के बाद मार्कफेड के डीएम रोहित सिंह बघेल को भी सस्पेंड कर दिया गया है। वहीं, सत्तारूढ़ बीजेपी के वरिष्ठ विधायक अजय विश्नोई ने मुख्यमंत्री मोहन यादव को पत्र लिखकर शिकायत की है कि जिले के किसान धान बेचने के लिए दर-दर भटक रहा है। आरएसएस से सम्बद्ध भारतीय किसान संघ ने इस पूरे मामले की सीबीआई जांच की मांग की है।

——–

मध्य प्रदेश के मुरैना शहर में देखने को मिला। रात में ड्यूटी से घर लौट रही एक लेडी कॉन्स्टेबल ने दर्द से कराह रही लावारिस गर्भवती महिला को जिला अस्पताल पहुंचाकर सुरक्षित डिलीवरी करवाई और दो जान बचाईं। दरअसल, शहर में भगवान खाटू श्याम जी के नाम का जागरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इस कार्यक्रम में ड्यूटी करने के बाद मध्यरात्रि की कड़कड़ाती ठंड में लेडी कॉन्स्टेबल रानी सिसोदिया अपने घर की ओर जा रही थीं। तभी उन्होंने देखा कि एक लावारिस गर्भवती महिला दर्द से कराह रही है। आधी रात को कोई वाहन भी मौके पर नहीं दिखा। तड़पती महिला ने बताया कि उसे डिलीवरी के लिए ले जाने वाला कोई नहीं है। ऐसे में प्रसव पीड़ा से जूझ रही महिला को रानी सिसौदिया अपनी स्कूटी पर ही लेकर ज़िला अस्पताल पहुंचीं और डिलीवरी करवाई।

——–

उमरिया के विश्व प्रसिद्ध बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के पास अपने मवेशी चराने गए एक चरवाहे के ऊपर बाघ ने हमला कर दिया है, इस हमले के बाद चरवाहा गंभीर रूप से घायल हो गया है। इस हमले के बाद से गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है। गांव वाले बाघ के डर की वजह से अपने घर से बाहर ही नहीं निकल रहे हैं।

ये घटना बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के पतौर रेंज की है, जहां सुरेश अपने मवेशी चराने गया हुआ था। जब ये गांव से लगे जंगल में अपने मवेशी चरा रहा था तो अचानक से बाघ आ गया और उसने इसके ऊपर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से चरवाहा बुरी तरह से घायल हो गया। इसके बाद इस घटना की सूचना वन विभाग को दी गई, जिसके बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घायल चरवाहे को इलाज के लिए भर्ती कराया है।

——–

मौसम विभाग के सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि नया पश्चिमी विक्षोभ बनने से 30 दिसंबर से 2 जनवरी तक प्रदेश का मौसम बिगड़ा रहेगा। खासकर ग्वालियर चंबल संभाग और उज्जैन समेत प्रदेश के कई शहरों में बेमौसम बारिश हो सकती है। बादल छाने और बारिश का दौर 2 जनवरी तक रहेगा और उसके बाद पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होने पर एक बार फिर ठंड जोर पकड़ेगी और कड़ाके की सर्दी प्रदेश में पड़ेगी।

सूत्रों के अनुसार प्रदेश में जिन जिलों के लिए अलर्ट जारी हुआ है उनमें अति घना कोहरा (दृश्यता 50 मीटर से कम) का अलर्ट छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी, ग्वालियर, दिया, भिंड मुरैना जिलों में। मध्यम से घना कोहरा (दृश्यता 50-500 मीटर) का अलर्ट रीवा, मऊगंज, सतना, पन्ना, दमोह जिलों में एवं हल्के से मध्यम कोहरा (दृश्यता 200-800 मीटर) का अलर्ट शिवपुरी, श्योपुर कलां, सिंगरौली, सीधी और सागर जिलों में जारी किया गया है।

——–

गाँजा तस्करों पर सिवनी की कोतवाली पुलिस ने मश्कें कसीं हैं। पुलिस ने तीन आरोपियो से आठ किलो गाँजा एवं दो मोबाईल सहित दो मोटर सायकल जप्त की हैं।

——–

आप सुन रहे थे समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया की साई न्यूज की समाचार श्रंखला में ब्रहस्पतिवार 28 दिसंबर 2023 का प्रादेशिक औडियो बुलेटिन। शुक्रवार 29 दिसंबर 2023 को एक बार फिर हम औडियो बुलेटिन लेकर हाजिर होंगे। इसके साथ ही साई न्यूज में ज्वलंत विषयों पर लिमटी की लालटेन रोजाना सुबह सात बजे देखना न भूलें। यदि आपको ये ऑडियो बुलेटिन पसंद आ रहे हों तो आप इन्हें लाईक, शेयर और सब्सक्राईब जरूर करें। अभी आपसे अनुमति लेते हैं, जय हिन्द।

(साई फीचर्स)

 

——–