प्रभात झा ने आदर्श जीवन जिया

वरिष्ठ नेता, लेखक और विचारक श्री प्रभात झा के निधन पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शोक व्यक्त किया

(ब्यूरो कार्यालय)

भोपाल (साई)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वरिष्ठ नेता श्री प्रभात झा के निधन पर गहरा दु:ख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि श्री प्रभात झा एक सजग़ जनप्रतिनिधि के साथ ही प्रख्यात लेखक और राष्ट्रवादी विचारक भी थे। उन्होंने विभिन्न महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन किया। इनमें राज्यसभा सदस्य और मध्यप्रदेश भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की भूमिकाएं भी शामिल हैं। डॉ. यादव ने कहा कि उनका प्रभात जी के साथ कई वर्ष का संबंध रहा। उन्होंने एक आदर्श जीवन जिया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि श्री झा ने अपने राजनीतिक जीवन में मीडिया के साथ आवश्यक समन्वय को हमेशा प्राथमिकता दी। वे निरंतर अध्यनन करते रहते थे। उन्होंने संगठन को सशक्त बनाने के लिए यादगार सेवाएं दीं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बाबा महाकाल से स्व.प्रभात झा की आत्मा की शांति और उनके परिजन, प्रशंसक और विशाल मित्र समूह को यह दु:ख सहन करने की शक्ति देने के लिए प्रार्थना की है।

 

राज्यमंत्री श्री जायसवाल ने श्री प्रभात झा के निधन पर शोक व्यक्त किया

कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री दिलीप जायसवाल ने वरिष्ठ राजनीतिज्ञ, राष्ट्रीय भाजपा के पूर्व उपाध्यक्ष, मध्यप्रदेश भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष एवं पूर्व राज्यसभा सदस्य श्री प्रभात झा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। श्री जायसवाल ने कहा कि स्व. श्री झा ने हमेशा लोगों की भलाई के लिये काम किया। वे एक उच्च कोटि विचारक थे। उन्होंने हमेशा आमजन के जीवन को बेहतर बनाने के लिये चिंतन किया। अपने सद्कर्मों एवं प्रज्ञा से उन्होंने हम सबके दिलों में जगह बनाई। उनके निधन से एक युग का अंत हुआ है। श्री जायसवाल ने स्व. श्री झा के शोक संतप्त परिजन को सांत्वना देकर दिवंगत आत्मा की शांति की कामना परमपिता परमेश्वर से की है।

 

मंत्री डॉ. शाह ने श्री प्रभात झा के देहावसान पर गहन शोक व्यक्त किया

स्व. श्री झा लेखनी के धनी और राजनीति के सशक्त हस्ताक्षर थे

जनजातीय कार्य, लोक सेवा प्रबंधन तथा भोपाल गैस त्रासदी राहत एवं पुर्नवास मंत्री डॉ. कुवंर विजय शाह ने वरिष्ठ राजनीतिज्ञ, राष्ट्रीय भाजपा के पूर्व उपाध्यक्ष, मध्यप्रदेश भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष एवं पूर्व राज्यसभा सदस्य श्री प्रभात झा के देहावसान पर गहन शोक व्यक्त किया है। डॉ. शाह ने कहा कि स्व. श्री झा ने पत्रकार से राजनीतिज्ञ तक एक लंबी जीवन यात्रा तय की। वे लेखनी के धनी थे और राजनीति के सशक्त हस्ताक्षर थे। उन्होंने अपनी जीवटता और कर्मठता से पत्रकारिता, राजनीति एवं सामाजिक जीवन में एक बड़ा मुकाम हासिल किया। उनका निधन हम सबके लिये अपूर्णीय क्षति है। डॉ. शाह ने स्व. श्री झा के शोक संतप्त परिजन को सांत्वना देकर दिवंगत आत्मा की शांति की कामना परमपिता परमेश्वर से की है।

 

प्रभात झा के जाने की शून्यता को लंबे समय तक नहीं भरा जा सकता: राज्य मंत्री श्री पटेल

राज्य मंत्री श्री पटेल ने श्री झा के निधन पर जताया शोक

लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा राज्य मंत्री श्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल ने वरिष्ठ राजनीतिज्ञ श्री प्रभात झा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह दुःखद समाचार उनके लिए एक पितातुल्य संरक्षक, मार्गदर्शक व राजनीति में संबल प्रदायक के चले जाने जैसा है।

श्री पटेल ने कहा कि श्री झा के मार्गदर्शन और साथ में किए गए कई संगठनात्मक कार्यों की स्मृतियाँ अब जीवंत हो उठी हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं की जिस तरह चिंता की, वह अतुलनीय है। अपना जीवन सेवाकार्य में समर्पित करने वाले श्री झा के निधन से जो शून्यता उभरी है, उसे लंबे समय तक नहीं भरा जा सकता।

राज्य मंत्री श्री पटेल ने पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और शोकाकुल परिवारजनों को इस कठिन घड़ी में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की है।

 

उप-मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने श्री प्रभात झा के निधन पर व्यक्त किया शोक

राजनैतिक जगत और समाज के लिए अपूरणीय क्षति

उप-मुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल ने वरिष्ठ नेता, मध्यप्रदेश भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व राज्यसभा सदस्य, श्री प्रभात झा के निधन पर गहन शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ राजनीतिज्ञ, पत्रकार, लेखक और विचारक श्री झा का निधन राजनीतिक जगत और समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने राष्ट्र-सेवा में आजीवन समर्पित रहे कर्मठ व्यक्तित्व श्री प्रभात झा को श्रद्धांजलि अर्पित की है। उप-मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने, परिजन और समर्थकों को यह विकट दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।

 

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती उइके ने श्री प्रभात झा के निधन पर व्यक्त किया शोक

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने भाजपा के वरिष्ठ नेता, मध्यप्रदेश भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व राज्य सभा सदस्य श्री प्रभात झा के निधन पर गहन शोक व्यक्त किया है।

अपने शोक संदेश में श्रीमति उइके ने कहा कि श्री प्रभात झा का निधन संगठन एवं समाज के साथ ही उनके लिए व्यक्तिगत क्षति है। श्रीमती उइके ने कहा कि श्री प्रभात झा आजीवन पार्टी और समाज की सेवा के लिए निःस्वार्थ कार्य किया। श्रीमती उइके ने कहा कि श्री प्रभात झा बहुमुखी प्रतिभा के धनी थे।

श्रीमती उइके ने श्री प्रभात झा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने व परिजनों और समर्थकों को यह गहन दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।