छत तोड़कर 5 साल के बच्चे पर गिरी गाय, मासूम की मौत

 

(ब्यूरो कार्यालय)

भोपाल (साई)। कुत्तों के झुंड से घबराकर भागी गाय खदान के गड्ढे में बने एक मकान पर पहुंच गई। मकान की छत टीन की थी। टीन कमजोर होने की वजह से गाय कमरे में परिवार के साथ बैठकर खाना रहे 5 साल के बच्चे पर जा गिरी। हादसे में मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल ले गए, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी।

घटना बुधवार रात कोलार रोड स्थित सर्वधर्म कॉलोनी की दामखेड़ा बस्ती में हुई। कोलार थाना पुलिस के मुताबिक दामखेड़ा में पहले कोपरा-काले पत्थर की खदान थी। खदान बंद होने के बाद वहां पर झुग्गीबस्ती बस गई। खदान के गड्ढे में मूलत: छत्तीसगढ़ के रहने वाली विष्णु नवरंग ने भी अपना मकान बनाया था। उन्होंने छत पर लोहे की टीन लगा रखी थी।

इस घर में विष्णु अपने परिवार के साथ रहता है। मिस्त्री का काम करने वाला विष्णु रोजाना की तरह बुधवार शाम को काम से लौटकर घर आया था। रात करीब 8 बजे पत्नी साधना ने बेटे लक्ष्य (5) को खाना परोसा। वह कमरे में फर्श पर बैठकर खाना खाने लगा। तब उसकी मां साधना रसोईघर में थी, पिता विष्णु और बेटी लतिका (2) कमरे में लक्ष्य से कुछ दूर बैठे थे।

तेज धमाके से दहशत

मासूम विष्णु अभी दो निवाले ही खा पाया था, तभी तेज धमाके जैसी आवाज हुई। विष्णु कुछ समझ पाता, तभी उसने देखा कि मकान की टीन की छत को तोड़ते हुए एक गाय सीधे उसके बेटे के ऊपर आ गिरी थी।

गाय के नीचे दबा मासूम लक्ष्य चीख भी नहीं सका। तेज धमाके की आवाज सुनकर पड़ोसी भी विष्णु के घर की तरफ दौड़े। किसी तरह गाय के नीचे दबे बच्चे को निकालकर नजदीक के अस्पताल ले जाया गया। इसके बाद उसे एक अन्य अस्पताल भी ले जाया गया, लेकिन रात करीब 11: 30 बजे लक्ष्य ने दम तोड़ दिया।

लाडले की मौत से परिवार सदमे में, बस्ती में मातम

लक्ष्य परिवार का इकलौता बेटा था। अगले माह 23 फरवरी को उसका जन्म दिन था। वह पास के स्कूल में केजी वन में पढ़ता था। लाडले की मौत से उसके माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। बस्ती में भी मातम पसरा हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। इस हादसे में लोहे की टीन से चोट लगने और करीब 10 फीट की ऊंचाई से गिरने पर गाय को भी गंभीर चोट लगी है।