50 हजार के बदले लाखों वसूलने वाले दंपती पर सूदखोरी का केस

 

(ब्यूरो कार्यालय)

इंदौर (साई)।लसूड़िया थाना पुलिस ने एक दंपति के खिलाफ सूदखोरी का केस दर्ज किया है। आरोपितों ने महिलाओं से कोरे चेक, स्टाम्प पर साइन करवा लिए और लाखों रुपए वसूल कर लिए।

पुलिस के मुताबिक आरोपित चेतन वर्गे और जया वर्गे निवासी स्कीम-78 हैं। सुखलिया निवासी मुंबी पति अब्दुल सलाम और नीतू विश्वकर्मा ने आरोपितों के खिलाफ शिकायत की है। मुंबी के मुताबिक करीब एक साल पूर्व दंपती से 10 प्रतिशत की दर से 50 हजार रुपए उधार लिए थे। आरोपितों ने भाभी सुमन मिश्रा के नाम से कोरे चेक ले लिए।

साथ ही एक स्टाम्प पर साइन करवा लिए। आरोपितों ने करीब एक लाख 65 हजार रुपए वसूल लिए, इसके बावजूद रुपयों की मांग करने लगे। उन्होंने बैंक में चेक लगाकर केस दर्ज कराने की धमकी दी। इसी तरह नीतू से भी आरोपितों ने 50 हजार के बदले ब्याज, पैनल्टी मिलाकर एक लाख 40 हजार रुपए वसूल कर लिए।