मोबाइल फोन को लेकर हुआ विवाद, पत्नी को लगा दी आग

(ब्यूरो कार्यालय)
भोपाल (साई)। रातीबड़ थाना इलाके के ग्राम नीलबड़ में मोबाइल फोन के विवाद पर एक व्यक्ति ने पत्नी को आग लगा दी। 70 फीसद झुलस गई महिला की हालत गंभीर बनी हुई है। हालांकि आग लगने के बाद पत्नी को बचाने की कोशिश में पति के भी हाथ झुलस गए हैं।

रातीबड़ थाना प्रभारी सुधेश तिवारी ने बताया कि सीहोर निवासी प्रीति मालवीय (25) की शादी पांच साल पहले सिकंदराबाद निवासी अर्जुन से हुई थी। अर्जुन यहां नीलबड़ में एचपी गैस के गोदाम के पीछे किराए से रहता है और निजी काम करता है। प्रीति भी एक निजी अस्पताल में साफ-सफाई का काम करती है। उनका तीन साल का एक बच्चा है। शादी के बाद से पति-पत्नी के बीच दहेज को लेकर अकसर विवाद होता रहता था।

शनिवार रात साढ़े आठ बजे अर्जुन का प्रीति से मोबाइल चलाने को लेकर विवाद हो गया। अर्जुन ने उसे दिन भर मोबाइल चलाने से मना किया था। विवाद बढ़ने पर गुस्से में आकर प्रीति ने खुद के ऊपर केरोसिन उड़ेल लिया, लेकिन माचिस की तीली बार-बार बुझ रही थी। इस पर तैश में आकर अजुर्न ने माचिस छीन ली और तीली जलाकर प्रीति के ऊपर फेंक दी। इससे आग भड़क गई। प्रीति की चीख-पुकार सुनकर अर्जुन और वहां मौजूद प्रीति के एक रिश्तेदार ने आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दी। इस दौरान अर्जुन के भी दोनों हाथ झुलस गए। आग लगने से प्रीति का लगभग 70 फीसद शरीर झुलस गया है। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस को दिए बयान में प्रीति ने खुद ही आग लगाने की बात कही थी, लेकिन प्रत्यदर्शी की गवाही के बाद घटना का पता चला। इस आधार पर आरोपित पति अर्जुन के खिलाफ हत्या के प्रयास, दहेज एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है।