ग्‍वालियर में बिन मौसम आया कोहरा

 

दो घंटे कम रही दृश्यता

(ब्यूरो कार्यालय)

ग्‍वालियर (साई)। शनिवार को मौसम में अचानक आए बदलाव ने सबको चौंका दिया। बिन मौसम बरसात के साथ कोहरे ने भी दस्तक दे दी। सुबह 7 से 9 बजे तक शहर कोहरे की आगोश में समा गया। दृश्यता 10 किमी से घटकर 200 मीटर रह गई।

कोहरे की वजह से एक दिन में ही अधिकतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस नीचे 23.2 पर आ गया, जिससे दिन में भी ठंड का अहसास हुआ। मौमस विभाग के अनुसार 24 से 26 फरवरी के बीच बादल और बारिश के आसार बन रहे हैं।

संक्राति के बाद शहर का मौसम बदलने लगता है और तापमान बढ़ने लगता है। फरवरी में कोहरे का मौसम नहीं रहता है, लेकिन वर्ष 2015 के बाद पहली बार फरवरी में कोहरे ने दस्तक दी है। यह कोहरा दो दिन पहले शहर में हुई बारिश की वजह से आया है। क्योंकि बारिश ने हवा में नमी की मात्रा बढ़ा दी। हवा का रुख भी उत्तर से था। इससे मौसम में ठंडक रही। अधिकतम तापमान सामान्य से 3.9 डिसे नीचे आ गया।

37 दिन बाद लौटा कोहरा

-15 दिसंबर से 15 जनवरी के बीच कोहरा छाया था। इसके बाद घने कोहरे ने दस्तक नहीं दी थी। 37 दिन बाद शहर में कोहरा लौटा है।

सुबह 6 बजे हलका कोहरा था, लेकिन 7 बजे के बाद अचानक मौसम में बदलाव आया और घना कोहरा छा गया। सुबह 9 बजे तक घना कोहरा रहा फिर 10 बजे के बाद हलकी धूप निकली। धूप निकलने के बाद उमस का अहसास हुआ। लेकिन शाम बादल छाए गए।

जम्मू कश्मीर से एक पश्चिम विक्षोभ गुजर रहा है। इस पश्चिमी विक्षोभ की वजह से मौसम में बदलाव आ रहा है। क्योंकि मैदानी इलाकों में साइक्लोन सर्कुलेशन विकसित हो रहे हैं। पूर्व मध्य प्रदेश व उत्तर प्रदेश में साइक्लोन सर्कुलेशन विकसित हो रहे हैं।