भोपाल में धुरैड़ी के दिन सुबह जलेगी होली!

नमस्कार, आप सुन रहे हैं समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया की साई न्यूज की समाचार श्रृंखला में शुक्रवार 26 मार्च 2021 का प्रादेशिक आडियो बुलेटिन, अब आप रीना सिंह से समाचार सुनिए.
——–
कोरोना के बढ़ते मामले को देखते हुए इंदौर जिला प्रशासन ने होलिका दहन पर बैन लगा दिया है। इसे लेकर राजनीति शुरू हो गई है। इंदौर में बीजेपी के नेता ही इसके विरोध में उतर आए हैं। बीजेपी के कद्दावर नेता और पश्चिम बंगाल बीजेपी के प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय ने इसका विरोध किया है।
इंदौर कलेक्टर के आदेश पर कैलाश विजयवर्गीय ने ट्वीट कर कहा है कि होलिका दहन रोकना अनुचित। इंदौर के जिला प्रशासन ने होली दहन नहीं करने के आदेश दिए हैं। ये बेहद आपत्तिजनक फैसला है। मेरा आग्रह है कि प्रशासन इस फैसले पर पुनर्विचार करे। इससे जनता की धार्मिक भावनाएं आहत होंगी। दरअसल, कलेक्टर ने यह फैसला क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप की बैठक के बाद लिया है। इसमें सांसद और विधायक भी होते हैं।
कलेक्टर जब इसकी घोषणा कर रहे थे, तब इंदौर से बीजेपी सांसद शंकर लालवानी भी वहां मौजूद थे। वहीं, अब कांग्रेस के नेता भी इसके विरोध में हैं। दरअसल, इंदौर में कोरोना मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। गुरुवार को इंदौर में 600 के पार मरीज मिले हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए इंदौर में होली और होलिका दहन पर बैन लगाया गया है।
——–
भोपाल में होली समेत दूसरे त्योहारों पर सार्वजनिक आयोजन पर रोक लगा दी गई है। अब लोग सिर्फ घर पर रहकर ही त्योहार मना सकते हैं। होली पर सोमवार के दिन प्रशासन ने अघोषित लॉकडाउन कर दिया है। जो आदेश जारी हुआ है, उसके अनुसार सोमवार को सभी दफ्तर, दुकानें और मार्केट पूरी तरह से बंद रहेंगे। बेवजह आने-जाने पर पाबंदी रहेगी। रात का कर्फ्यू भी अब रात 10 बजे की जगह 9 बजे ही शुरू हो जाएगा।
कोरोना के बढ़ते मामलों के चलते पिकनिक स्पॉट और धार्मिक स्थलों पर भी लोगों के प्रवेश पर पाबंदी लगा दी गई है। भोपाल कलेक्टर अविनाश लवानिया ने शुक्रवार को क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप की मीटिंग के बाद लॉकडाउन की नई गाइडलाइन जारी कर दी है। इसे तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
कोरोना संक्रमण रोकने के लिए ये है नई गाइडलाइन के अनुसार सभी तरह के त्यौहार सिर्फ घर में रहकर परिवार के सदस्यों के साथ मनाने की अनुमति रहेगी। सार्वजनिक रूप से कोई कार्यक्रम नहीं किया जाएगा। होली पर सभी कार्यालय और प्रतिष्ठान बंद रहेंगे, इसलिए बिना कारण बाहर निकलने पर प्रतिबंध रहेगा।
अब नाइट कर्फ्यू रात 10 बजे की जगह रात 9 बजे से लागू होगा। इसका मतलब रात 9 बजे के बाद बिना काम के घर से बाहर नहीं निकला जा सकता है। रात 9 बजे से सुबह 6 बजे तक दुकानें और अन्य दूसरे व्यवसायिक प्रतिष्ठान बंद रखने होंगे।
भोपाल में हर रविवार को लॉकडाउन रहेगा। यह लॉकडाउन शनिवार रात 9 बजे शुरू होकर सोमवार सुबह 6 बजे तक रहेगा। इस दौरान सिर्फ जरूरी सेवाओं को छूट रहेगी। जिले में सभी तरह की रैली, जुलूस, गेर (होली का जुलूस), यात्रा, प्रदर्शन और धरने पर पूरी तरह रोक रहेगी।
सभी धार्मिक स्थल बंद रहेंगे। यहां पर आम लोगों का प्रवेश प्रतिबंधित किया गया है। सिर्फ दैनिक गतिविधियों की अनुमति रहेगी। आम लोग उपस्थित नहीं हो सकेंगे। सामाजिक, धार्मिक, सांस्कृतिक, मनोरंजन, शैक्षणिक और खेल आदि के आयोजन में बंद, कार्यक्रम स्थल की क्षमता के 50ः और खुले में अधिकतम 100 लोग शामिल हो सकेंगे। इसके लिए पहले से अनुमति लेनी होगी।
शादी में सिर्फ 50 लोग ही शामिल हो सकते हैं। इसके लिए पहले से अनुमति लेनी होगी। शवयात्रा में अधिकतम 20 और मृत्युभोज में सिर्फ 50 लोग ही शामिल हो सकते हैं। रेस्टोरेंट में खाना बैठकर नहीं खा सकते, लेकिन पैक करवाकर घर ले जा सकते हैं। खाने की होम डिलीवरी भी रात 10 बजे तक ही हो सकेगी। जिम, स्वीमिंग पूल, सिनेमाघर पूरी तरह से बंद रहेंगे। सभी पिकनिक स्पॉट आगामी आदेश तक बंद रहेंगे।
——–
प्रदेश में एक बार फिर कोरोना ने रफ्तार पकड़ ली है। कोरोना के सबसे बेकाबू हालात इंदौर और भोपाल में बनते जा रहे हैं। वहीं कोरोना संक्रमण की रफ्तार बढ़ने के साथ त्यौहार भी आने वाले हैं। राजधानी भोपाल में संडे लॉकडाउ और नाइट कर्फ्यू को देखते हुए इस बार रविवार रात की बजाय सोमवार सुबह 6.15 बजे होलिका दहन होगा। यह निर्णय भोपाल की हिंदू उत्सव समिति ने लिया है। ऐसा पहली बार होगा जब भोपाल में होलिका दहन रात की जगह सुबह किया जाएगा।
बता दें कि 28 मार्च को संडे होने के कारण भोपाल में लॉकडाउन रहेगा। यह 29 मार्च यानी सोमवार सुबह 6 बजे तक रहेगा। लॉकडाउन खुलने के 15 मिनट बाद 6.15 बजे होलिका दहन किया जाएगा। यह फैसला इसलिए लिया गया, ताकि लोगों होली के पूजन में शामिल हो सकें।
——–
महिलाओं के प्रति अपराध की घटनाएं मध्य प्रदेश में लगातार घट रही हैं। घरेलू हिंसा के एक नए प्रकार ने सीएम शिवराज सिंह चौहान को झकझोंर दिया है। एक महीने के अंदर एमपी में ऐसी तीन घटनाएं घटी हैं, जिससे पूरा प्रदेश शर्मसार है। पत्नियों से विवाद के बाद एमपी में पति, अपनी पत्नियों के हाथ-पैर काट दे रहे हैं। ऐसी घटनाएं भोपाल, सागर और बैतूल में घटी है।
सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि तीन ऐसी दुर्भाग्य पूर्ण घटनाएं हुई हैं, जिन्होंने मुझे अंदर से झकझोंर दिया है। इन घटनाओं ने मुझे अंदर से हिला दिया है। 15 दिनों के अंदर तीन बहनों के हाथ काटे गए हैं। पति ने इनके हाथ काटे हैं। घरेलू हिंसा का यह मामला बहुत गंभीर है। मुझे लगता है कि बहनें आज भी कहां स्वतंत्र हैं। सीएम ने कहा कि मैंने इन मामलों को बहुत गंभीरता से लिया है।
उन्होंने कहा कि आज मैंने डीजीपी को निर्दशे दिया हूं कि इसे चिह्नित अपराध मानकर कार्रवाई करें। इस मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में हो और उन्हें जल्द से जल्द सजा मिले। अगर दूसरा को कोई हमला करे तो वह अपराध है। वहीं, अगर पति हाथ काटता है तो यह विश्वास का खून है। ये लोग सात फेरे लिए हैं, साथ निभाने की कसमें खाई हैं। यह एक भयंकर अपराध है। ऐसे मामलों के लिए सीएम ने और कठोर कानून बनाने के निर्देश दिए हैं।
——–
समाचारों के बीच में हम आपको यह जानकारी भी दे दें कि मौसम के अपडेट जानने के लिए समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के चेनल पर रोजाना अपलोड होने वाले वीडियो जरूर देखें। मौसम से संबंधित अपडेट मूलतः किसानों, निर्माण कार्य करवाने वालों आदि के लिए फायदेमंद साबित हो सकते हैं। समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के द्वारा अब तक मौसम के जो पूर्वानुमान जारी किए गए हैं, वे 95 से 99 फीसदी तक सही साबित हुए हैं।
——–
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में मध्यप्रदेश के जवान सुरक्षा-व्यवस्था संभालेंगे। निष्पक्ष विधानसभा चुनाव कराने के लिए आज ग्वालियर से विशेष सशस्घ्त्र बल की 12 कंपनियां वेस्ट बंगाल और चेन्नई के लिए रवाना हुई हैं। दरअसल, पूरे देश की निगाह इस समय पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव पर है। पश्चिम बंगाल में 8 चरणों में मतदान हो रहा है। पहला चरण 27 मार्च और आखिरी 29 अप्रैल को है। 2 मई को मतदान के नतीजे आने हैं।
इसके साथ ही चेन्नई में 234 विधानसभा सीट के लिए एक ही चरण में मतदान होना है। 6 अप्रैल को वहां मतदान होगा। पश्चिम बंगाल में शांतिपूर्ण चुनाव कराने के जिम्मेदारी चुनाव आयोग पर है। इसलिए पूरे देश से 125 कंपनियां एसएएफ, रिजर्व पुलिस व अन्य फोर्स की मांगी गई थी। आज ग्वालियर रेलवे स्टेशन एसएएफ की 10 कंपनियां स्पेशल ट्रेन से पश्चिम बंगाल के लिए रवाना हुई हैं। वहां इन्हें 1 अप्रैल को होने वाले दूसरे चरण के मतदान में ड्यूटी करना है। इसके साथ ही एसएएफ की 2 कंपनियां स्पेशल ट्रेन से चेन्नई के लिए रवाना हुई हैं। वहां 6 अप्रैल को चुनाव कराए जाने हैं। पूरे एक महीने तक फोर्स वहीं रहेगा।
——–
भोपाल की करोंद मंडी में लहसुन की बंपर आवक हो रही है। प्रतिदिन 1200 क्विंटल तक लहसुन बिकने पहुंच रही है। इस कारण थोक भाव भी घट गए हैं। थोक में लहसुन 30 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है। हालांकि, फुटकर मंडी में भाव अधिक है। ग्राहकों को 60 से 80 रुपये प्रति किलो तक लहसुन मिल रही है। शुक्रवार को मंडी में 1252 क्विंटल तक लहसुन बिकने आई। इससे न्यूनतम भाव 20 और अधिकतम भाव 30 रुपये प्रति किलो तक रहे। कारोबारियों के अनुसार आसपास के जिलों से लहसुन बिकने आ रहा है। इससे आवक बढ़ गई है। किसान ट्रॉलियों में भरकर लहसुन ला रहे हैं।
——–
आप सुन रहे थे रीना सिंह से समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया की साई न्यूज में शुक्रवार 26 मार्च 2021 का प्रादेशिक आडियो बुलेटिन। रविवार 28 मार्च 2021 को एक बार फिर हम आडियो बुलेटिन लेकर हाजिर होंगे, अगर आपको यह आडियो बुलेटिन पसंद आ रहे हों तो आप इन्हें लाईक, शेयर और सब्सक्राईब जरूर करें, सब्सक्राईब कैसे करना है यह हर वीडियो के आखिरी में हम आपको बताते ही हैं। फिलहाल इजाजत लेते हैं, नमस्कार।
(साई फीचर्स)

———

SAMACHAR AGENCY OF INDIA समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया

समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया देश की पहली डिजीटल न्यूज एजेंसी है. इसका शुभारंभ 18 दिसंबर 2008 को किया गया था. समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया में देश विदेश, स्थानीय, व्यापार, स्वास्थ्य आदि की खबरों के साथ ही साथ धार्मिक, राशिफल, मौसम के अपडेट, पंचाग आदि का प्रसारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाता है. इसके वीडियो सेक्शन में भी खबरों का प्रसारण किया जाता है. यह पहली ऐसी डिजीटल न्यूज एजेंसी है, जिसका सर्वाधिकार असुरक्षित है, अर्थात आप इसमें प्रसारित सामग्री का उपयोग कर सकते हैं. अगर आप समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को खबरें भेजना चाहते हैं तो व्हाट्सएप नंबर 9425011234 या ईमेल samacharagency@gmail.com पर खबरें भेज सकते हैं. खबरें अगर प्रसारण योग्य होंगी तो उन्हें स्थान अवश्य दिया जाएगा.