महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग के शिखर पर अब नहीं जमेगी काई

 

पहली बार एंटी एलगल पेंट

(ब्यूरो कार्यालय)

उज्‍जैन (साई)। ज्योतिर्लिंग महाकाल मंदिर के शिखर पर अब काई और फफूंद नहीं जमेगी। मंदिर प्रशासन ने पहली बार ज्योतिर्लिंग के शिखर पर एंटी एलगल व एंटी फंगल पेंट कराया है। रंग-रोगन के बाद शिखर स्वर्णिम आभा से दमकने लगा है। इस बार अतिवृष्टि के चलते पूरे श्रावण मास में शिखर का रंग धूमिल नजर आया। मंदिर प्रशासक सुजानसिंह रावत ने बताया कि साधारण पेंट ज्यादा समय तक टिकता नहीं है, इसलिए इस बार शिखर पर थ्री कोटिंग पुताई कराई जा रही है। पहला कोट एंटी एलगल का है, इससे काई नहीं जमेंगी। दूसरा कोट एंटी फंगल का है, इससे फफूंद नहीं होगी। आखिर में मल्टी परपज वॉलपेंट किया जा रहा है।

द्विवेदी सहायक प्रशासक बनाए गए : ज्योतिर्लिंग महाकाल मंदिर में शुक्रवार को मंदिर समिति अध्यक्ष व कलेक्टर शशांक मिश्र ने मत्स्य विभाग के अधिकारी प्रतीक द्विवेदी को सहायक प्रशासक बनाया है। मंदिर प्रशासन के अनुसार कार्य सुविधा की दृष्टि में मंदिर में एक और अधिकारी की नियुक्ति की गई है। बता दें महाकाल मंदिर में प्रशासक सुजानसिंह रावत के साथ, सहायक प्रशासक मूलचंद जूनवाल, चंद्रशेखर जोशी, सुरक्षा अधिकारी रूबी यादव, सहायक प्रशासनिक अधिकारी आरके तिवारी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। नवागत सहायक प्रशासक द्विवेदी मंदिर में छठे अधिकारी हैं। बताया जाता है प्रशासक जल्द ही अधिकारियों के बीच नए सिरे से कार्य विभाजन करेंगे।

कर्मचारियों के विभाग बदले : ऐमहाकाल मंदिर में शुक्रवार को प्रशासक सुजानसिंह रावत ने कर्मचारियों का तबादला किया है। पहली बार बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रशासक ने कर्मचारियों के विभागों में बदलाव किया है।

पुजारी प्रतिनिधि निलंबित : महाकाल मंदिर के पुजारी प्रतिनिधि शरद शर्मा को श्रद्धालुओं से रुपए लेने के मामले में प्रशासक रावत ने निलंबित किया है।