अब जौरा के साथ आगर में भी होगा उपचुनाव
(ब्यूरो कार्यालय)
भोपाल (साई)। लंबी बीमारी के बाद आलोट से भाजपा विधायक मनोहर ऊंटवाल का गुरुवार तड़के गुरुग्राम के निजी अस्पताल में निधन हो गया। ऊंटवाल चार बार विधायक तथा वर्ष 2014 में देवास से सांसद व प्रदेश की शिवराज सरकार में मंत्री भी रहे।
मुख्यमंत्री कमलनाथ, पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान समेत कई भाजपा नेताओं ने उनके निधन पर दुख जताते हुए श्रद्धांजलि दी है। उनका शव गुरुग्राम से आलोट लाया गया है, जहां शुक्रवार को उनका अंतिम संस्कार होगा।
पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि ऊंटवाल (54) के परिवार में उनकी पत्नी, दो बेटे और एक बेटी हैं। वह पिछले कुछ माह से मस्तिष्क संबंधी बीमारी से पीड़ित थे। कुछ दिन और के अस्पताल में भर्ती रहने के बाद उन्हें हाल ही में मेदांता अस्पताल गुरुग्राम (हरियाणा) ले जाया गया था। गुरुवार तड़के उन्होंने वहीं अंतिम सांस ली।
दो सीटों पर होंगे उपचुनाव
अब मुरैना जिले की जौरा के बाद आगर-मालवा जिले की आगर विधानसभा सीट के लिए भी उपचुनाव होगा। जौरा से कांग्रेस विधायक बनवारीलाल शर्मा का भी लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया था। विधानसभा सचिवालय जौरा सीट को रिक्त घोषित कर चुका है। इसी के साथ विधानसभा में कांग्रेस व भाजपा के एक-एक विधायक कम हो गए हैं। 230 सदस्यों वाली विधानसभा में अब 228 सदस्य बचे हैं। इनमें कांग्रेस के 114, भाजपा के 107 और सात अन्य (बसपा के दो, सपा से एक और चार निर्दलीय) विधायक हैं।
सरल व समर्पित थे : शिवराज
भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट कर कहा, भाजपा के प्रदेश महामंत्री, पूर्व सांसद, पूर्व मंत्री, आगर से विधायक और अत्यंत लोकप्रिय नेता, जो सहज, सरल और समर्पित व्यक्तित्व के धनी थे। उनके असमय निधन से मध्य प्रदेश की जनता ने अपने प्रिय सेवक को खोया है। उनका पूरा जीवन प्रदेश एवं देशवासियों की सेवा में समर्पित रहा। उनका निधन पूरे मध्य प्रदेश की क्षति है। वे मेरे मित्र, भाई व निकट सहयोगी थे।

समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया देश की पहली डिजीटल न्यूज एजेंसी है. इसका शुभारंभ 18 दिसंबर 2008 को किया गया था. समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया में देश विदेश, स्थानीय, व्यापार, स्वास्थ्य आदि की खबरों के साथ ही साथ धार्मिक, राशिफल, मौसम के अपडेट, पंचाग आदि का प्रसारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाता है. इसके वीडियो सेक्शन में भी खबरों का प्रसारण किया जाता है. यह पहली ऐसी डिजीटल न्यूज एजेंसी है, जिसका सर्वाधिकार असुरक्षित है, अर्थात आप इसमें प्रसारित सामग्री का उपयोग कर सकते हैं.
अगर आप समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को खबरें भेजना चाहते हैं तो व्हाट्सएप नंबर 9425011234 या ईमेल samacharagency@gmail.com पर खबरें भेज सकते हैं. खबरें अगर प्रसारण योग्य होंगी तो उन्हें स्थान अवश्य दिया जाएगा.