किसानों को अब एक लाख रुपए तक कर्जमाफी

 

 

 

 

प्रदेश के पांच लाख किसान होंगे लाभांवित

(ब्यूरो कार्यालय)

भोपाल (साई)। कमल नाथ सरकार जय किसान ऋ ण मुक्ति योजना के दूसरे चरण में 50 हजार से एक लाख रुपए तक किसानों की कर्जमाफी करेगी। इसकी शुरुआत मुख्यमंत्री कमल नाथ 17 दिसंबर को सरकार के एक साल पूरे होने पर करेंगे। इससे लगभग पांच लाख किसान लाभांवित होंगे। कृषि विभाग ने पात्र किसानों की सूची तैयार कर जिलों को भेज दी है।

कर्जमाफी के लिए बचे प्रदेश में अब करीब 12 लाख किसान : सूत्रों के मुताबिक, अब करीब 12 लाख किसान कर्जमाफी के लिए बचे हैं। इनमें पांच लाख किसान ऐसे हैं, जिन पर चालू खाते में 50 हजार से एक लाख रुपए का कर्ज है। झाबुआ और आलीराजपुर में यह दौर पूरा हो चुका है।

17 दिसंबर से कर्जमाफी का सिलसिला शुरू हो जाएगा : मध्य प्रदेश के बाकी जिलों में 17 दिसंबर से कर्जमाफी का सिलसिला शुरू हो जाएगा। इस संबंध में मध्य प्रदेश के कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिलेवार लाभांवित होने वाले किसानों की सूची बैंकों को दे दी गई है। जिलों से बैंकों को अब यह आदेश जारी होंगे। जल्दो ही आदेश जारी होने की संभावना व्यक्त की गई है।

20 लाख से ज्यादा किसानों की हो चुकी है कर्जमाफी : उल्लेेखनीय है कि मध्य प्रदेश में अभी तक 20 लाख से ज्यादा किसानों को सरकार कर्जमाफी दे चुकी है। इसमें दो लाख रुपए तक एनपीए (नॉन परफॉर्मिंग असेट) लोन माफ करने के साथ चालू खाते पर 50 हजार रुपए तक कर्ज माफी दी गई है। इसमें किसानों को सात हजार 154 करोड़ रुपए से ज्यादा की कर्जमाफी मिली है।