आप सुन रहे हैं समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया में ब्रहस्पतिवार 18 जून 2020 का प्रदेश स्तरीय आडियो बुलेटिन, अब आप रीना सिंह से समाचार सुनिए.
देश में कोरोना के संक्रमित मरीजों की तादाद का आंकड़ा तीन लाख 68 हजार 705 पहुंच गया है। देश में कुल एक्टिव मरीजों की तादाद से लगभग चौंतीस हजार ज्यादा ठीक होने वालों की तादाद हो गई है, जो राहत की बात मानी जा सकती है। देश में अब तक सक्रिय मरीजों की तादाद 01 लाख 61 हजार 238 एवं रिकव्हर्ड मरीजों की तादाद एक लाख 95 हजार 142 है, एवं जिनका निधन हुआ है उनकी संख्या 12 हजार 280 है। मध्य प्रदेश में कुल संक्रमित मरीजों की तादाद का आंकड़ा 11 हजार 244 पहुंच गया है, जिसमें एक्टिव मरीजों की तादाद 02 हजार 374, रिकव्हर्ड मरीजों की तादाद 08 हजार 388 एवं जिनका निधन हुआ है उनकी तादाद 482 है।
जिन जिलों में कोरोना के संक्रमित मरीजों की तादाद दो सौ से ज्यादा है उनमें इंदौर में 04 हजार 134, एक्टिव मरीजों की तादाद 904, भोपाल में 02 हजार 332, एक्टिव मरीजों की तादाद 655, उज्जैन में 822, एक्टिव मरीजों की तादाद 99, नीचम में 408 एवं एक्टिव मरीजों की तादाद 72, बुरहानपुर में 388, एक्टिव मरीजों की तादाद 30, जबलपुर में 318 कुल मरीजों में से एक्टिव मरीजों की तादाद 54, खण्डवा में 283 एक्टिव मरीजों की तादाद 16, ग्वालियर में कुल संक्रमित मरीजों की तादाद 272 एवं एक्टिव मरीजों की तादाद 76, सागर में 270 एवं एक्टिव मरीजों की तादाद 48 एवं खरगोन में 238 कुल एवं एक्टिव मरीजों की तादाद 45 है। प्रदेश में अलीराजपुर, सीहोर, सीधी, सतना एवं होशंगाबाद में एक्टिव मरीजों की तादाद शून्य है।
—–
जबलपुर जिले में कोरोना संक्रमण की स्थिति नियंत्रण में रहे साथ ही व्यापारिक गतिविधियां भी चलती रहें, इसके लिए दिन में कोरोना प्रोटोकॉल के तहत पूरी छूट मिली है। लेकिन रात में पूरी सख्ती बरती जा रही है। किसी को भी रात में बिना वाजिब कारण के घर से बाहर निकलने की मनाही है। फिर भी कुछ लोगों द्वारा इसका उल्लंघन करने की सूचना मिल रही थी। इस पर जिले के कलेक्टर ने कड़ा रुख अख्तियार किया है।
जिलाधिकारी भरत यादव ने कहा है कि अनलॉक-1 के तहत जिले में दिन में छूट दी गई है। लॉकडाउन काफी हद तक शिथिल कर दिया गया है। लेकिन रात 9 बजे के बाद लोगों को घर पर ही रहना होगा। इसका पालन नहीं करने वालों को अब संस्थागत क्वारंटाइन सेंटर भेजा जाएगा।
कलेक्टर ने बुधवार की रात निर्देश जारी कर कहा कि लोग रात में अपने घरों रहें। बताया कि पूल सैंपलिंग के दौरान कुछ लोगों को इसी तरह घर की जगह संस्थागत यानी सरकारी अस्पताल में क्वारंटाइन किया गया है। जिला कलेक्टर ने पूर्व में जारी आदेश का हवाला देते हुए कहा है कि रात 9 बजे सभी बाजार, दुकान बंद हो जाना है। बावजूद इसके बहुतेरे लोग सड़कों पर बिना काम के घूमते नजर आ रहे हैं। ऐसे लोगों की जांच मौके पर की जाएगी और उन्हें संस्थागत क्वारंटाइन सेंटर्स में 14 दिनों के लिए भेजा जाएगा। उन्हें 14 दिन के पहले क्वारंटीन सेंटर से छोड़ा नहीं जाएगा।
उन्होंने कहा कि रात 9 बजे के बाद सिर्फ अति आवश्यक सेवा वाले वाहनों, राजस्व, पुलिस, होमगार्ड या सरकारी कार्यालयों के अनुमति वाले कर्मचारी, सामाजिक संगठन के अधिकृत स्वयंसेवक, प्रिंट व इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के लोग ही आवाजाही कर सकेंगे। इनके अलावा किसी भी सामान्य व्यक्ति को घर से बाहर नहीं निकलना है।
—–
देवाधिदेव भगवान भोलेनाथ की साधना को समर्पित पावन मास सावन अगले माह की 6 जुलाई से शुरू होगा। इस माह शिवालयों में भगवान भोलेनाथ की आराधना के स्वर गूंजेंगे। लंबे समय बाद एक बार फिर सावन माह सोमवार से शुरू और सोमवार को ही विदा होगा। खास बात यह है कि इस बार सावन की शुरुआत उत्तराषाढ़ा नक्षत्र व वैधृति योग में होगी। इसके साथ ही चंद्रमा मकर राशि में विचरण करेगा। इससे इस बार सावन मास में जमकर बारिश होगी।
ज्योतिषाचार्यों के अनुसार, लंबे समय बाद जो योग बन रहे हैं, वह पूरे महीने अच्छी बारिश के संकेत दे रहे हैं। बता दें कि 6 जुलाई सोमवार से सावन माह शुरू होगा। वहीं, 3 अगस्त को सावन मास का अंतिम दिन है और इसी दिन सोमवार को रक्षाबंधन का पर्व भी मनेगा।
ज्योतिषाचार्यों ने बताया कि इस वर्ष श्रावण माह में 5 सोमवार होंगे। पहला सोमवार 6 जुलाई, दूसरा 13 जुलाई, तीसरा 20 जुलाई, चौथा 27 जुलाई और पांचवां सोमवार अगले माह 3 अगस्त को रहेगा। सावन माह की शुरुआत उत्तराषाढ़ा नक्षत्र वैधृति योग तथा कौलव करण प्रतिपदा तिथि होने से अभीुलदायक वन सोमवार रहेगा। इस दिन भगवान शिव तत्व की साधना, आराधना, पूजा, व्रत मंगलकारी तथा अनिष्ट विनाशक सिद्ध होगा। यह पंचागीय संयोग में शिव पूजा के साथ लक्ष्मी नारायण भगवान की पूजा-अर्चना करना भी विशेष फलदाई रहेगी। मकर का चंद्रमा मेष राशि वालों के लिए विशेष शुभ तथा मिथुन, तुला और धनु राशि वालों के लिए थोड़ा कठिन प्रद रहेगा। शेष राशि वालों के लिए प्रथम वन सोमवार साधारण रहेगा। शिव पूजा से सर्वत्र लाभ-विजयश्री की प्राप्ति होगी।
ज्योतिषाचार्यों की मानें तो चातुर्मास इस बार पांच महीने का पड़ रहा है। हिंदू धर्म में एक जुलाई से चातुर्मास शुरू होगा, 25 नवंबर तक देवशयन करेंगे। 26 नवंबर को इसकी समाप्ति होगी। 18 सितंबर से 16 अक्टूबर तक क्वांर के महीने में अधिकमास भी पड़ रहा है। इसके कारण चातुर्मास के दिनों में वृद्धि हो गई है। 4 महीने के स्थान पर 4 महीने 25 दिन का चतुर्मास होगा। गुरुजी रामजीवन दुबे ने बताया कि देव पंचांग के अनुसार हर 32 मास, 16 दिन और 4 घंटे बीतने पर अधिकमास पड़ता है। यह संयोग 32 माह बाद बना है। इससे पहले वर्ष 2017 में अधिकमास पड़ा था। जैन धर्म में 4 व 5 जुलाई से चातर्मास शुरू होगा।
इधर, जैन समाज में चातुर्मास का विशेष महत्व है। इस अवधि में समाज के संत, मुनि, साध्वी एक निश्चित स्थान पर विराजमान होकर चातुर्मास करते हैं। वहीं, हिंदू धर्म में व्रत, भक्ति और शुभ कर्म के चार महीने को चातुर्मास कहा गया है। ध्यान और साधना करने वाले लोगों के लिए यह माह महत्वपूर्ण होता है। इस दौरान शारीरिक और मानसिक स्थिति तो सही होती है, साथ ही वातावरण भी अच्छा रहता है। चातुर्मास चार महीने की अवधि का होता है। जो आषाढ़ शुक्ल एकादशी से शुरू होकर कार्तिक शुक्ल एकादशी तक चलता है। इस बार अधिक मास भी पड़ रहा है, जिसमें दान का विशेष महत्व बताया गया है। इस मास में गुड़, सरसों, मालपुआ और स्वर्ण के साथ दान करने से पृथ्वी दान काुल प्राप्त होता है।
ज्योतिषाचार्यों ने बताया कि अधिकमास में तिल, गेहूं, सोने का दान तथा संध्योपासना कर्म व पर्व का होम ग्रहण का जप, अग्निहोत्र देवता पूजन, अतिथि पूजन अधिकमास में ग्राहृय है। श्रीमद भागवत कथा मोक्षदायी है। इस मास में 33 देवताओं का स्मरण, पूजन करने का विधान होता है। इसके अलावा अधिमास में तीर्थयात्रा, देवप्रतिष्ठा, तालाब, बगीचा, यज्ञोपवीत आदि कर्म निष्क्रिय हो जाते हैं। राज्याभिषेक, अन्नप्राशन, गृह आरंभ, गृहप्रवेश इत्यादि कर्म नहीं करना चाहिए।
—–
लंबे इंतजार के बाद पर्यटक 22 जून से भोपाल के वन विहार नेशनल पार्क की सैर कर सकेंगे। यह सुबह और शाम दो पाली में सीमित समय तक खुलेगा, लेकिन 10 साल से कम उम्र के बच्चे और 65 साल से अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिकों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। पर्यटकों को पार्क के अंदर किराए से साइकिल भी नहीं मिलेगी। प्रवेश के लिए ऑनलाइन बुकिंग करानी होगी। पर्यटक एमपी ऑनलाइन से बुकिंग करा सकेंगे। यह बुकिंग 22 जून के पहले खुल जाएगी। एक दिन में 600 पर्यटकों को ही प्रवेश दिया जाएगा। बता दें कि पार्क लॉकडाउन के बाद से बंद था।
इसके तहत पहली पाली में सुबह 6.30 बजे से सुबह 11.30 बजे तक प्रवेश दिया जाएगा। दोपहर 12 बजे बाहर निकलना होगा। वहीं, दूसरी पाली में दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक प्रवेश दिया जाएगा। शाम 6.30 तक बाहर निकलना होगा।
इसके साथ ही वाहन चालक को यह हिदायत भी दी गई है कि दोनों प्रमुख द्वार पर टायर बाथ बनाए हैं। इनमें से दो पहिया, चार पहिया वाहनों को गुजरना पड़ेगा, ताकि वाहन के पहिए संक्रमण मुक्त हो सकें।
—–
टीवी एक्ट्रेस चाहतमणि पांडेय और उसकी मां को दमोह पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। चाहत और उसी मां पर मामा के घर में घुस कर मारपीट करने का आरोप है। आरोप है कि दोनों ने मामा के घर में न सिर्फ तोड़फोड़ की है, बल्कि उनके साथ मारपीट भी की है। पुलिस ने गिरफ्तारी के बाद बुधवार शाम दमोह कोर्ट में पेश किया, उसके बाद मां-बेटी को जेल भेज दिया गया।
दमोह जिले के कोतवाली पुलिस ने चाहत पांडेय और उसकी मां भावना पांडेय के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज किया है। चाहत की मां पर आरोप है कि उसने एक सप्ताह पहले ही अपने भाई के घर में जाकर गाली-गलौज और धमकी दी थी। उसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया था। मां-बेटी घटना के बाद से फरार चल रही थी। मंगलवार की रात चाहत और उसकी मां ने फिर से मामा के घर में घुस बवाल किया है। पुलिस ने बुधवार को दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
वहीं, इस घटना में अभिनेत्री चाहत पांडेय के 2 नाबालिग भाई भी शामिल हैं। कोर्ट ने नाबालिग भाइयों को राहत देते हुए जेल नहीं भेजा है। पुलिस ने अनुसार घटना मंगलवार रात की है। अभिनेत्री चाहतमणि पांडेय, उसकी मां और 2 नाबालिग भाइयों ने मामा तनुश पाराशर के घर पहुंचे। चाहत के परिवार के लोगों ने मामा और उनकी पत्नी के साथ गाली गलौच शुरू कर दी। साथ ही उनके घर में तोड़फोड़ की। इस दौरान चाहत ने सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ दिए। पूरी घटना को पीड़ित पक्ष ने मोबाइल में कैद किया है। पुलिस के सामने मामा ने इसी सबूत को पेश किए, तब जाकर मां-बेटी की गिरफ्तारी हुई। मामी ने मां-बेटी पर दूसरी बार एफआईआर की है।
दरअसल, चाहत पांडेय के मामा के कोई बच्चे नहीं हैं। उन्होंने किसी और को गोद ले लिया है। चाहत की मां चाहती हैं कि उनके भाई उन्हीं के बच्चों को गोद लें। उनके बच्चों को गोद नहीं लेने पर चाहत और उसकी मां लगातार मामा को धमकी दे रही हैं। चाहत की मां को लगता है कि दूसरे बच्चे को गोद लेने की वजह से भाई की सारी संपत्ति उसकी हो जाएगी।
चाहत पांडेय टीवी कलाकार हैं। वह तेनालीराम, राधा कृष्ण, सावधान इंडिया और नागिन 2 टीवी सीरियल में काम कर चुकी है। लॉकडाउन की वजह से चाहत दमोह स्थित घर पर ही रह रही है। कुछ दिन पहले चाहत अपने साथी हीर चौपड़ा के साथ विवादों की वजह से भी सुर्खियों में थी।
—–
राज्य शासन ने जे.एन. कंसोटिया अपर मुख्य सचिव, पशुपालन विभाग को मध्यप्रदेश राज्य पशुधन एवं कुक्कुट विकास निगम का अध्यक्ष नियुक्त किया है।
—–
प्रदेश की तीन राज्यसभा सीटों के लिये कल होने वाले चुनाव के लिये राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। प्रमुख राजनीतिक दल भाजपा और कांग्रेस इन चुनावों के लिये अपनी रणनीति को अंतिम रूप देने में जुट गये हैं। प्रदेश में इन चुनावों के लिये नियुक्त भाजपा के पर्यवेक्षक केन्द्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ओर पार्टी के प्रदेश प्रभारी डॉ. विनय सहस्त्रबुद्धे ने कल शाम भोपाल स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में पार्टी विधायकों से मुलाकात की थी। इधर, आज पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ के निवास पर कांग्रेस विधायकों की बैठक हुई। पार्टी के प्रदेश प्रभारी मुकुल वासनिक भी इस बैठक में मोजूद थें आज भी पार्टी के विधायकों की बैठक होगी। गोरतलब है कि 3 सीटों के लिये होने वाले इन चुनावों में भाजपा की ओर से पूर्व केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, सुमेर सिंह सोलंकी, कांग्रेस की ओर से वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह और फूल सिंह बरैया चुनाव मैदान में हैं।
—–
जबलपुर मध्य प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय में डिग्री स्कैंडल सामने आया है। इस पूरे मामले में कुलपति डॉ टीएन दुबे ने शिकायत मिलते ही अपात्र 24 चिकित्सक छात्रों की मार्कशीट और डिग्री निरस्त कर दी है, वही पूरे मामले में विश्वविद्यालय के अधिकारियों पर जांच के निर्देश दिए है।
—–
दक्षिण-पश्चिम मानसून प्रदेश में कुछ ओर जिलों में आगे बढ़ गया है। इससे भोपाल ओर उसके आसपास के जिलों में कल रात से तेज बारिश हुई।
—–
आप सुन रहे थे रीना सिंह से समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया में ब्रहस्पतिवार 18 जून का प्रदेश स्तरीय आडियो बुलेटिन। शुक्रवार 19 जून को एक बार फिर हम आडियो बुलेटिन लेकर हाजिर होंगे, अगर आपको यह आडियो बुलेटिन पसंद आ रहे हों तो आप इन्हें लाईक, शेयर और सब्सक्राईब जरूर करें। फिलहाल इजाजत लेते हैं, नमस्कार।

समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया देश की पहली डिजीटल न्यूज एजेंसी है. इसका शुभारंभ 18 दिसंबर 2008 को किया गया था. समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया में देश विदेश, स्थानीय, व्यापार, स्वास्थ्य आदि की खबरों के साथ ही साथ धार्मिक, राशिफल, मौसम के अपडेट, पंचाग आदि का प्रसारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाता है. इसके वीडियो सेक्शन में भी खबरों का प्रसारण किया जाता है. यह पहली ऐसी डिजीटल न्यूज एजेंसी है, जिसका सर्वाधिकार असुरक्षित है, अर्थात आप इसमें प्रसारित सामग्री का उपयोग कर सकते हैं.
अगर आप समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को खबरें भेजना चाहते हैं तो व्हाट्सएप नंबर 9425011234 या ईमेल samacharagency@gmail.com पर खबरें भेज सकते हैं. खबरें अगर प्रसारण योग्य होंगी तो उन्हें स्थान अवश्य दिया जाएगा.