ब्रहस्पतिवार 10 सितंबर 2020 का प्रादेशिक आडियो बुलेटिन

नमस्कार, आप सुन रहे हैं समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया की साई न्यूज में ब्रहस्पतिवार 10 सितंबर 2020 का प्रादेशिक आडियो बुलेटिन, अब आप रीना सिंह से समाचार सुनिए.
—–
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश में ऑक्सीजन की कोई कमी नहीं रहेगी। कोविड-19 के मरीजों को आवश्यकतानुसार ऑक्सीजन की आपूर्ति हर हलात में सुनिश्चित की जाएगी। प्रदेश में विद्यमान प्लांट्स की क्षमता बढ़ाने के साथ-साथ अन्य राज्यों से समन्वय का प्रयास निरंतर जारी है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने निवास पर आयोजित बैठक में कोरोना की स्थिति की समीक्षा करते हुए कहा कि प्रदेश में कोरोना के मरीजों की संख्या बढ़ रही है पर हर स्थिति में व्यवस्थाओं का सुचारु संचालन आवश्यक है। सितम्बर माह के अंत तक 150 टन ऑक्सीजन उपलब्ध हो जाएगी। नए ऑक्सीजन प्लांट के लिए भी कार्यवाही प्रारंभ कर दी गई है।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने बैठक के दौरान महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से प्रदेश में ऑक्सीजन आपूर्ति के संबंध में फोन पर बात की। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने बताया कि श्री ठाकरे ने आश्वस्त किया है कि ऑक्सीजन की समस्या महाराष्ट्र में भी है पर वे पूरे प्रयास करेंगे कि मध्यप्रदेश को ऑक्सीजन की आपूर्ति जारी रहे।
—–
मध्य प्रदेश नाट्य विद्यालय के 2019 – 20 सत्र के विद्यार्थियों को शेष रहे चार माह के पाठ्यक्रम पूर्ण कराये जाने का निर्णय लिया गया है। यह पाठ्यक्रम कोरोना महामारी की नैदानिक औषधि की उपलब्धता एवं गृह मंत्रालय, भारत सरकार की एस.ओ.पी. जारी होने के पश्चाित अनुसरण में शासन के संस्कृति विभाग के आदेशों की गाइड लाइन का पालन करते हुए मध्य प्रदेश नाट्य विद्यालय द्वारा कराये जाने की जवाबदारी होगी।
इस आशय का निर्णय संस्कृ्ति विभाग द्वारा विद्यार्थियों की समस्याओं के निराकरण के लिए गठित कमेटी की अनुशंसा के आधार पर लिया गया। प्रशिक्षण अवधि में विद्यार्थियों को स्टायपेंड नहीं दिया जायेगा, क्योंकि यह स्टायपेंड नाट्य विद्यालय द्वारा उनको पूर्व में लॉकडाउन अवधि में दिया चुका है। विद्यार्थियों ने इसे सिद्धान्तः मान्या भी किया है एवं स्वीकृत व्यवस्था के अनुरूप पाठ्यक्रम पूर्ण किए जाने में अपनी सहमति भी दी है।
विभाग द्वारा यह भी निर्णय लिया गया है कि यदि तीन दिन तक छात्र-छात्राओं की उपस्थिति 50 प्रतिशत से कम रहेगी तो कक्षाओं को जारी नहीं रखा जायेगा। विभाग ने नाट्य विद्यालय के निदेशक को निर्देश दिया है कि उपरोक्त अनुशासन में कार्यवाही की जाये एवं शुद्ध पेयजल जैसी आवश्यक सहूलियतें विद्यार्थियों के लिए सुनिश्चित की जायें। साथ ही किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति निर्मित न हो इसका ध्यान रखा जाये।
—–
कुख्यात बदमाश दुर्लभ कश्यप की हत्या का उज्जैन पुलिस ने खुलासा कर दिया है। फेसबुक पर दहशत फैलाकर अपराध का कारोबार करने वाले दुर्लभ कश्यप की हत्या मामले में पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। 4 आरोपी अभी भी फरार हैं दिन पर 10-10 हजार रुपए का ईनाम घोषित किया गया है।
इधर, दुर्लभ की मौत के बाद भी उसकी लाइफ स्टाइल और सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर काफी चर्चा हो रही है। मंगलवार को उसके पिता द्वारा पोस्ट किया गया एक वीडियो भी चर्चा में है। पोस्ट में पिता ने बेटे की तस्वीर शेयर करते हुए लिखा है कि दुर्लभ के एक दोस्त भी मौत के बाद उसकी मिट्टी उठाने नहीं आए। उन्होंने बच्चों को यह पोस्ट दिखाने की अपील भी की है ताकि वे अपराध के रास्ते पर जाने से बच सकें।
गौरतलब है कि सोशल मीडिया के जरिए शहर में अपना खौफ फैलाने के लिए की गई पोस्ट्स में भी कश्यप का नाम चर्चा में था। दुर्लभ हमेशा अपने माथे पर गोल टीका, आंखों में काजल और गले में काला स्कार्फ डालता था। उसकी यह स्टाइल भी काफी चर्चित थी। दो साल पहले उसने अपनी फेसबुक वॉल पर एक पोस्ट डालकर दहशतगर्दी फैलाने का काम शुरू कर दिया। उसने बाकायदा इसके लिए रेट तक तय कर दिए थे। पुलिस ने अक्टूबर 2018 में गैंग के 23 सदस्यों को गिरफ्तार किया था, जो कि कम उम्र के थे। इनमें कुछ नाबालिग भी थे। गुंडागर्दी, मारपीट, लोगों को डराने के मामले में केस दर्ज हुआ था।
—–
जबलपुर में बुधवार दोपहर को पति ने पत्नी के सिर पर हथौड़ी मार कर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया। जबलपुर के शक्तिनगर में रहने वाले गंगाराम वंशकार का अपनी पत्नी दुर्गा वंशकार से लंबे समय से विवाद चल रहा था। गंगाराम अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था और इस वजह से पति-पत्नी के बीच में अक्सर विवाद और मारपीट होती थी। तीन वर्ष पूर्व भी गंगाराम ने शक की वजह से पत्नी के साथ मारपीट की थी और उसके हाथ पैर तोड़ दिए थे। इसके बाद वह फरार हो गया था। तीन वर्ष बाद पति-पत्नी के बीच में समझौता हुआ और दोनों एक साथ रहने लगे लेकिन फिर दोनों में विवाद होने लगे। बुधवार की दोपहर को भी गंगाराम ने एक बार दुर्गा के चरित्र पर संदेह जताते हुए विवाद करना शुरू कर दिया। विवाद बढ़ा तो गुस्से में आकर गंगाराम ने हथौड़ी से दुर्गा के सर पर वार कर उसे मौत की नींद सुला दिया और मौके से फरार हो गया। क्षेत्र के लोग दुर्गा की चीख सुनकर मौके पर पहुंचे और उसे तुरंत मेडिकल अस्पताल लेकर गए, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची गढ़ा थाना पुलिस ने लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
—–
मध्य प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के सिंगरौली जिला पंचायत में पदस्थ जिला परियोजना प्रबंधक अंजुला झा द्वारा स्थानांतरित मिशन कर्मी को रिलीव ना करने हेतु 30 हजार रुपए की रिश्वत कलेक्ट्रेट के सामने ली। प्रबंधक ने अपने ड्राइवर के हाथों रिश्वत ली जिसका वीडियो अब वायरल हो रहा है। वीडियो में प्रबंधक 50 हजार रुपए अपने पति के खाते में जमा करने हेतु मिशन कर्मी के ऊपर दबाव बनाते हुए भी दिख रही हैं। खास बात यह है कि 50 हजार रुपए पति के खाते में ना प्राप्त होने के कारण मिशन कर्मी को सिंगरौली से मुरैना जिले के लिए रिलीव भी करा दिया।
—–
—–
शरीर पर हुए गहरे घाव और बीमारी से एक भालू ने भोपाल के वन विहार नेशनल पार्क में जंग जीत ली है। उसे बुधवार को वन विहार से सिवनी के जंगल के लिए रवाना कर दिया है। गुरुवार को उसे तीन महीने बाद जंगल में छोड़ा जाएगा, जो उसका प्राकृतिक रहवास स्थल भी है।
बता दें कि जुलाई में यह भालू दक्षिण वन मंडल सिवनी की रूखड़ रेंज के रजौला जंगल में जख्मी मिला था। शरीर पर गहरे घाव थे। उसे खाना खाते नहीं बन रहा था। नाखून व कुछ दांत भी टूटे हुए थे। स्थानीय स्तर पर उसका इलाज किया गया, पर सुधार नही हुआ तो उसे 19 जुलाई को वन विहार नेशनल पार्क लाया गया था। यहां वन्यप्राणी विशेषज्ञ डॉ. अतुल गुप्ता व उनकी टीम ने उसका इलाज किया। उसके शरीर की पूरी जांच की गईं। तब घावों में कीड़े लगे हुए मिले। उसे जिंदा रखने के लिए आईवी फ्लूड दिया गया था।
भालू अगस्त में ही ठीक हो गया था। उसे 25 अगस्त को ही वन्यप्राणी विभाग ने खुले जंगल में छोड़ने की अनुमति भी दे दी थी लेकिन सिवनी वन मंडल में पिंजरा खराब हो गया था। इस वजह से उसे पूर्व में नहीं छोड़ा जा सका और इस तरह 16 दिन उसे कैद में गुजारने पड़े थे। वन विभाग ने जल्द पिंजरा ठीक करवाकर भालू को रवाना किया।
—–
समाचारों के बीच में हम आपको यह जानकारी भी दे दें कि मौसम के अपडेट जाने के लिए समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के चेनल पर रोजाना अपलोड होने वाले वीडियो जरूर देखें। मौसम से संबंधित अपडेट मूलतः किसानों, निर्माण कार्य करवाने वालों आदि के लिए फायदेमंद साबित हो सकते हैं। समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के द्वारा अब तक मौसम के जो पूर्वानुमान जारी किए गए हैं, वे 95 से 99 फीसदी तक सही साबित हुए हैं।
—–
आर्थिक अपराध अन्वेषण प्रकोष्ठ (ईओडबल्यू) ने भारतीय स्टेट बैंक की सियागंज शाखा (इंदौर) की प्रबंधक रहीं श्वेता दारूवाला और कर्मचारी कौस्तुभ सिंगारे के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी की धाराओं में केस दर्ज किया है। आरोपितों ने 49 खातों से तीन करोड़ रुपये निकाल लिए। वे नकदी जमा कराने आने वाले खाताधारकों से रकम लेकर उनके खातों में जमा न करते हुए दूसरे खातों में ट्रांसफर करते और बाद में वहां से रकम निकाल लेते। आरोपितों ने अधूरे दस्तावेजों पर पर्सनल लोन, वाहन और होम लोन भी जारी कर दिए गए। कई मामलों में तो आवेदक को ही नहीं पता था कि उनके नाम से ऋण भी है।
ईओडब्ल्यू के मुताबिक खाताधारकों ने शिकायत की थी कि बैंक मैनेजर श्वेता और कौस्तुभ खातों से राशि हड़प रहे हैं। इस बात को लेकर विवाद भी होते थे। खातों की जांच में पता चला कि एंट्री ही सही से नहीं की जाती है। मंगलवार को जांच पूरी होने के बाद भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, अमानत में खयानत सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया।
—–
उत्तराफाल्गुनी नक्षत्र शुक्ल योग में 18 सितंबर से पुरुषोत्तम मास प्रारंभ हो रहा है। इसे अधिकमास भी कहते हैं। यह मास पूजा, भक्ति, आराधना, तप, जप, योग, ध्यान आदि के लिए सबसे अधिक महत्वपूर्ण माना जाता है। पुरुषोत्तम मास 16 अक्टूबर तक रहेगा, इस माह में 14 दिन शुभ योग रहेंगे। जिसमें 9 सर्वार्थसिद्धि योग, 2 दिन द्विपुष्कर योग, 1 दिन अमृतसिद्धि योग एवं 1 दिन रवि पुष्य नक्षत्र रहेगा। 18 सितम्बर को भी शुभ दिन है।
ज्योतिषाचार्यों के अनुसार पुरुषोत्तम मास भगवान की आराधना व भक्ति का मास रहता है। इस मास में भगवान विष्णु की उपासना की जाती है। यह मास उपवास, पूजा पाठ, यज्ञ, हवन, श्रीमद भागवत पुराण, श्री विष्णु पुराण आदि का मनन विशेष रूप से फलदायी माना जाता है। अधिकमास के अधिष्ठाता भगवान विष्णु हैं। इसलिए पूरे समय भगवान विष्णु के मंत्रों का जाप विशेष लाभकारी होता है।
18 सितम्बर उत्तराफाल्गुनी नक्षव व शुक्ल योग होने के कारण यह दिन शुभ रहेगा। सर्वार्थ सिद्धि योग 26 सितंबर, 1, 2, 4, 6, 7, 9, 11 एवं 17 अक्टूबर को रहेगा। यह योग सर्व मनोकामनाओं को पूर्ण करने वाला एवं प्रत्येक कार्य को सफलता देने वाला माना जाता है।
द्विपुष्कर योग इसके बारे में मान्यता है कि इस दिन किए गए कार्य का दोगुणा फल मिलता है। यह योग 19 एवं 27 सितम्बर को रहेगा। अमृत सिद्धि योग के बारे में मान्यता है कि इस योग किए गए कार्य शुभ फल देते हैं और यह फल दीर्घकालीन होते हैं। अमृत सिद्धि योग 2 अक्टूबर को रहेगा। इसके बाद पुष्य नक्षत्र व रवि पुष्य नक्षत्र अधिकमास में 11 अक्टूबर को रहेगा। इस दिन कोई भी आवश्यक शुभ कार्य किया जा सकता है।
—–
कोरोना के संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 45 लाख के लगभग पहुंच रहा है। वर्तमान में यह आंकड़ा 44 लाख 82 हजार 171 पहुंच गया है। देश में कुल एक्टिव मरीजों की तादाद से लगभग 25 लाख 60 हजार से ज्यादा लोग स्वस्थ्य हो चुके हैं। देश में अब तक सक्रिय मरीजों की तादाद 09 लाख 23 हजार 327 एवं रिकव्हर्ड मरीजों की तादाद 34 लाख 83 हजार 39 है, एवं जिनका निधन हुआ है उनकी संख्या 75 हजार 197 है। अब तक देश में कुल 05 करोड़ 29 लाख 34 हजार 433 लोगों का कोविड परीक्षण कराया जा चुका है। वहीं, मध्य प्रदेश में संक्रमित मरीजों की तादाद का आंकड़ा 79 हजार से ज्यादा हो गया है। यहां कुल संक्रमित मरीजों की तादाद से लगभग 42 हजार 148 से ज्यादा लोग स्वस्थ्य हो चुके हैं। प्रदेश में आंकड़ा 79 हजार 192 पहुंच गया है, जिसमें एक्टिव मरीजों की तादाद 17 हजार 702, रिकव्हर्ड मरीजों की तादाद 59 हजार 850 एवं जिनका निधन हुआ है उनकी तादाद 1 हजार 640 है। प्रदेश में अब तक 15 लाख 90 हजार से ज्यादा लोगों का कोविड टेस्ट कराया जा चुका है।
प्रदेश में जिन जिलों में कोरोना के संक्रमित मरीजों की तादाद एक हजार से ज्यादा है उनमें वर्तमान में इंदौर में 15 हजार 452 कुल मरीजों में से एक्टिव मरीजों की तादाद 04 हजार 301 एवं जिनका निधन हुआ है उनकी संख्या 432 है, भोपाल में 12 हजार 241 कुल मरीज, एक्टिव मरीजों की तादाद 1 हजार 774, जिनका निधन हुआ है उनकी तादाद 313, ग्वालियर में 06 हजार 905 कुल मरीजों में एक्टिव मरीजों की तादाद 01 हजार 882 एवं जिनका निधन हुआ है उनकी संख्या 73, जबलपुर में कुल 05 हजार 516 में से एक्टिव मरीजों की संख्या 01 हजार 369 एवं जिनका निधन हुआ है उनकी तादाद 103, मुरैना में कुल मरीजों की संख्या 2 हजार 206 एवं सक्रिय मरीजों की तादाद 130 एवं जिनका निधन हुआ है उनकी तादाद 15, उज्जैन में 02 हजार 46 कुल में से एक्टिव मरीजों की तादाद 364 एवं जिनका निधन हुआ है उनकी संख्या 82, खरगौन में कुल मरीजों की संख्या 02 हजार 35 एक्टिव मरीजों की तादाद 435 एवं जिनका निधन हुआ है उनकी संख्या 32, नीमच में कुल मरीजों की संख्या 01 हजार 411 में से एक्टिव मरीज 287 एवं जिनका निधन हुआ है उनकी तादाद 19, शिवपुरी में कुल 01 हजार 391 में से एक्टिव केसेज 459 एवं 11 लोग काल कलवित हुए हैं। रतलाम में कुल एक हजार 336 में से एक्टिव मरीजों की तादाद 364 एवं जिनका निधन हुआ उनकी संख्या 26, सागर में एक हजार 329 मरीजों में से एक्टिव की तादाद 211 एवं जिनका निधन हुआ है उनकी तादाद 67, बड़वानी में कुल एक हजार 326 मरीजों में से एक्टिव मरीजों की तादाद 189 एवं जिनका निधन हुआ है उनकी तादाद 16, धार में कुल 01 हजार 201 में से एक्टिव मरीजों की तादाद 339 एवं जिनका निधन हुआ है उनकी तादाद 17, विदिशा में कुल 01 हजार 134 मरीजों में से एक्टिव मरीज 239 एवं जिनका निधन हुआ उनकी तादाद 23, खण्डवा में कुल 01 हजार 92 मरीजों में से 161 एक्टिव मरीज और जिनका निधन हुआ है उनकी तादाद 25 एवं मंदसौर में कुल 1 हजार 41 मरीजों में से एक्टिव मरीज 212 व जिनका निधन हुआ है उनकी तादाद 14 है। प्रदेश में एक भी जिले में एक्टिव मरीजों की तादाद शून्य नहीं है, इसके साथ ही सिर्फ उमरिया में ही मरीजों की तादाद 200 से कम है, शेष सभी जिलों में मरीजों की तादाद 200 से ज्यादा पहुंच गया है।
—–
आप सुन रहे थे रीना सिंह से समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया की साई न्यूज में ब्रहस्पतिवार 10 सितंबर का प्रादेशिक आडियो बुलेटिन। शुक्रवार 11 सितंबर को एक बार फिर हम आडियो बुलेटिन लेकर हाजिर होंगे, अगर आपको यह आडियो बुलेटिन पसंद आ रहे हों तो आप इन्हें लाईक, शेयर और सब्सक्राईब जरूर करें। फिलहाल इजाजत लेते हैं, नमस्कार।
(साई फीचर्स)

———

SAMACHAR AGENCY OF INDIA समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया

समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया देश की पहली डिजीटल न्यूज एजेंसी है. इसका शुभारंभ 18 दिसंबर 2008 को किया गया था. समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया में देश विदेश, स्थानीय, व्यापार, स्वास्थ्य आदि की खबरों के साथ ही साथ धार्मिक, राशिफल, मौसम के अपडेट, पंचाग आदि का प्रसारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाता है. इसके वीडियो सेक्शन में भी खबरों का प्रसारण किया जाता है. यह पहली ऐसी डिजीटल न्यूज एजेंसी है, जिसका सर्वाधिकार असुरक्षित है, अर्थात आप इसमें प्रसारित सामग्री का उपयोग कर सकते हैं. अगर आप समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को खबरें भेजना चाहते हैं तो व्हाट्सएप नंबर 9425011234 या ईमेल samacharagency@gmail.com पर खबरें भेज सकते हैं. खबरें अगर प्रसारण योग्य होंगी तो उन्हें स्थान अवश्य दिया जाएगा.