बुधवार 09 सितंबर 2020 का प्रादेशिक आडियो बुलेटिन

नमस्कार, आप सुन रहे हैं समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया की साई न्यूज में बुधवार 09 सितंबर 2020 का प्रादेशिक आडियो बुलेटिन, अब आप रीना सिंह से समाचार सुनिए.
—–
राजधानी भोपाल में अनलॉक 4 के बाद सभी तरह की बंदिशों को हटा दिया गया है। इसके बाद सार्वजनिक स्थलों और बाजारों में भीड़ बढ़ रही है। ऐसे में कोरोना की रफ्तार फिर से बेकाबू हो गई है। यहां पर हर रोज 200 से 250 नए मरीज सामने आ रहे हैं। बुधवार को भोपाल में 262 नए मामले सामने आए। अब कोरोना को रोकने के लिए जिला प्रशासन ने जरूरी कदम उठाते हुए एक नई एडवाइजरी जारी की। कोविड 19 के नियमों का उल्लंघन करने पर स्पॉट फाइन वसूला जाएगा।
इस संबंध में कलेक्टर अविनाश लवानिया ने बुधवार को आदेश जारी किया। अगर कोई व्यक्ति फेस मास्क या फेस कवर बिना पकड़ा गया तो उसके खिलाफ 500 रुपए का स्पॉट फाइन लिया जाएगा। इसके साथ सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं करने पर 500 रुपए का जुर्माना लगाया जाएगा। आदेश का सख्ती के साथ पालन करवाया जाएगा। नियमों को लागू करने की जिम्मेदारी भोपाल नगर निगम के सभी सहायक कमिश्नर, सभी थाना प्रभारियों को अधिकृत किया गया है।
सार्वजनिक स्थलों पर थूकते हुए पाए जाने पर 1000 का जुर्माना लगाया जाएगा। अगर होम और संस्थागत क्वारैंटाइन लोग नियमों का उल्लंघन करते हैं तो उन पर 2 हजार रुपए का जुर्माना लगेगा। किसी भी संस्था, कार्यस्थल अथवा व्यापारिक प्रतिष्ठान पर कोविड नियमों का उल्लंघन किया जाता है तो उन पर 5 हजार रुपए का जुर्माना मौके पर ही वसूला जाएगा।
भोपाल में सब कुछ खुल जाने के बाद विरोध-प्रदर्शन, रैलियां, चुनावी कार्यक्रम और पर्यटन स्थलों पर भीड़ लगनी शुरू हो गई है। रविवार का लॉकडाउन और नाइट कर्फ्यू भी समाप्त कर दिया गया है, इससे लोग रात में भी टहलते देखे जा रहे हैं।
—–
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि 12 सितम्बर को प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आयोजित होने वाला गृह प्रवेश कार्यक्रम उत्साहपूर्वक मनाया जाए। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का लक्ष्य है कि हर परिवार के पास अपना घर हो। इस दिशा में कार्य करते हुए प्रदेश में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत दो लाख आवास निर्मित किए गए हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इन आवासों में हितग्राहियों को गृह प्रवेश करायेंगे। प्रधानमंत्री प्रदेश के हितग्राहियों से चर्चा भी करेंगे। इन परिवारों के लिए यह दिन आनंद और उत्साह का है। अपना घर लोगों के मन में सुरक्षा का भाव लाएगा। अतरू वर्चुअल आधार पर आयोजित इस कार्यक्रम में अधिक से अधिक लोग जुड़ें। मुख्यमंत्री श्री चौहान मंत्रालय में आयोजित बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत गृह प्रवेश कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा कर रहे थे।
—–
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि 16 सितम्बर से पात्रता पर्ची के आधार पर खाद्यान्न वितरण की प्रतीकात्मक शुरूआत प्रदेश की सभी राशन दुकानों से की जाए। जिला मुख्यालयों सहित सभी 25 हजार दुकानों पर कुछ लोगों को खाद्यान्न वितरण कर यह अभियान आरंभ हो। कार्यक्रम में कोरोना महामारी से बचाव की सभी सावधानियों का आवश्यक रूप से पालन किया जाए। कार्यक्रम आयोजन में ग्राम पंचायतों तथा नगरीय निकायों का भी सहयोग सुनिश्चित करें। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने यह निर्देश मंत्रालय में आयोजित समीक्षा बैठक में दिए।
उल्लेखनीय है कि खाद्यान्न वितरण कार्यक्रम से प्रदेश के लगभग 11 लाख परिवार लाभान्वित होंगे। संपूर्ण प्रदेश में यह कार्यक्रम 16 सितम्बर को प्रातः 11.45 से आरंभ होगा। भोपाल में आयोजित होने वाला राज्य स्तरीय कार्यक्रम फेसबुक, ट्विटर तथा समस्त क्षेत्रीय चौनलों पर प्रसारित किया जाएगा। बैठक में मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस, प्रमुख सचिव खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति फैज अहमद किदवई तथा अन्य अधिकारी उपिस्थत थे।
—–
प्रदेश के सागर जिले के पमाखेड़ी गांव में बंदरों के कारण यहां के लड़कों की शादियां ही नहीं हो पा रहीं हैं। इस क्षेत्र के करीब एक दर्जन गांव दशकों से बंदरों के आतंक से परेशान हैं। यहां बंदरों की तादाद अब हजारों में पहुंच गई है जिससे खेती-बाड़ी से लेकर घरों में रहना तक दुश्वार है। यहां के बुजुर्गों की माने तो गांव के अधिकांश लड़के कुंवारे ही हैं। लड़की वाले बंदरों के कारण अपनी बेटियों की शादी इस गांव में नहीं कराना चाहते। बागवानी या सब्ज़ियां उगाने के बारे में गांव के लोग कभी कल्पना भी नहीं कर सकते। वन विभाग को कई बार सूचित करने के बाद भी लोगों को बंदरों के आतंक से छुटकारा नहीं मिल सका है।
—–
बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने लगा है। इसके प्रभाव से 11 सितंबर से प्रदेश में बरसात का सिलसिला शुरू होने की संभावना है। उधर, उत्तरप्रदेश से राजस्थान तक बनी एक द्रोणिका (ट्रफ) की वजह से प्रदेश में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की बौछारें पड़ने का सिलसिला जारी है।
मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि उप्र से राजस्थान तक बने ट्रफ के कारण प्रदेश में नमी आ रही है। इससे कुछ स्थानों पर बौछारें पड़ रही हैं। बुधवार को भी राजधानी सहित कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बरसात होने के आसार हैं। बंगाल की खाड़ी में बन रहे सिस्टम के असर से 11 सितंबर से पूर्व मप्र में बरसात का सिलसिला शुरू होने की संभावना है। इसके बाद पश्चिमी मप्र में भी बारिश की गतिविधियां तेज होंगी।
—–
अब क्षिप्रा स्पेशल ट्रेन भोपाल स्टेशन नहीं आएगी। यह संत हिरदाराम नगर स्टेशन से होकर इंदौर व हावड़ा के लिए चलेगी। रेलवे ने इस ट्रेन का भोपाल स्टेशन पर ठहराव खत्म कर दिया है। कोरोना संक्रमण के पूर्व तक यह ट्रेन संत हिरदाराम नगर स्टेशन पर न रुककर भोपाल स्टेशन पर रुकती थी। अब यह ट्रेन निशातपुरा से होकर सीधे निकल जाएगी। ठहराव खत्म करने से सैंकड़ों यात्रियों को दिक्कत होगी, क्योंकि उन्हें संत हिरदाराम नगर जाकर ट्रेन पकड़नी पड़ेंगी। इसे लेकर रेलवे का तर्क है कि इस ट्रेन को निशातपुरा से भोपाल स्टेशन तक लाते थे, जहां इंजन को अलग करके फिर दूसरी दिशा में लगाना पड़ता था और यह ट्रेन पुनः निशातपुरा से होकर जाती थी।
—–
समाचारों के बीच में हम आपको यह जानकारी भी दे दें कि मौसम के अपडेट जाने के लिए समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के चेनल पर रोजाना अपलोड होने वाले वीडियो जरूर देखें। मौसम से संबंधित अपडेट मूलतः किसानों, निर्माण कार्य करवाने वालों आदि के लिए फायदेमंद साबित हो सकते हैं। समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के द्वारा अब तक मौसम के जो पूर्वानुमान जारी किए गए हैं, वे 95 से 99 फीसदी तक सही साबित हुए हैं।
—–
नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल ने मंगलवार को विश्व के प्राचीनतम मानव निर्मित वेटलैंड भोज ताल के दक्षिणी हिस्से में तेजी से हो रहे अवैध और पक्के निर्माणों को लेकर राज्य सरकार को नोटिस दिया है। एनजीटी ने भोपाल की कानून की एक छात्रा आर्या श्रीवास्तव की याचिका पर संज्ञान लेते हुए राज्य सरकार व नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं। जस्टिस स्योकुमार व डॉ. एसएस गर्बियाल की जूरी ने कहा कि वैश्विक महत्व की रामसर साइट होते हुए भी सरकारी एजेंसियां तालाब के संरक्षण में नाकाम साबित हो रही हैं। वेटलैंड कंजर्वेशन मैनेजमेंट रूल के तहत वेटलैंड के एफटीएल के नजदीक स्थाई निर्माण प्रतिबंधित हैं। मास्टर प्लान 2005 में भी एफटीएल के 50 मीटर में पक्के निर्माण पर रोक है। इसके बाद भी सरकारी संस्थाओं की ओर से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई न करना, उनकी नाकाबिलियत दर्शाता है।
—–
कोरोना के संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 44 लाख के लगभग पहुंच रहा है। वर्तमान में यह आंकड़ा 43 लाख 82 हजार 518 पहुंच गया है। देश में कुल एक्टिव मरीजों की तादाद से लगभग 25 लाख 05 हजार से ज्यादा लोग स्वस्थ्य हो चुके हैं। देश में अब तक सक्रिय मरीजों की तादाद 09 लाख 01 हजार 518 एवं रिकव्हर्ड मरीजों की तादाद 34 लाख 06 हजार 270 है, एवं जिनका निधन हुआ है उनकी संख्या 74 हजार 28 है। अब तक देश में कुल 05 करोड़ 18 लाख 04 हजार 677 लोगों का कोविड परीक्षण कराया जा चुका है। वहीं, मध्य प्रदेश में संक्रमित मरीजों की तादाद का आंकड़ा 77 हजार से ज्यादा हो गया है। यहां कुल संक्रमित मरीजों की तादाद से लगभग 41 हजार 305 से ज्यादा लोग स्वस्थ्य हो चुके हैं। प्रदेश में आंकड़ा 77 हजार 323 पहुंच गया है, जिसमें एक्टिव मरीजों की तादाद 17 हजार 205, रिकव्हर्ड मरीजों की तादाद 58 हजार 502 एवं जिनका निधन हुआ है उनकी तादाद 1 हजार 609 है। प्रदेश में अब तक 15 लाख 60 हजार से ज्यादा लोगों का कोविड टेस्ट कराया जा चुका है।
प्रदेश में जिन जिलों में कोरोना के संक्रमित मरीजों की तादाद एक हजार से ज्यादा है उनमें वर्तमान में इंदौर में 15 हजार 165 कुल मरीजों में से एक्टिव मरीजों की तादाद 04 हजार 239 एवं जिनका निधन हुआ है उनकी संख्या 427 है, भोपाल में 12 हजार 26 कुल मरीज, एक्टिव मरीजों की तादाद 1 हजार 773, जिनका निधन हुआ है उनकी तादाद 310, ग्वालियर में 06 हजार 701 कुल मरीजों में एक्टिव मरीजों की तादाद 01 हजार 826 एवं जिनका निधन हुआ है उनकी संख्या 72, जबलपुर में कुल 05 हजार 329 में से एक्टिव मरीजों की संख्या 01 हजार 289 एवं जिनका निधन हुआ है उनकी तादाद 100, मुरैना में कुल मरीजों की संख्या 2 हजार 199 एवं सक्रिय मरीजों की तादाद 137 एवं जिनका निधन हुआ है उनकी तादाद 15, उज्जैन में 02 हजार 12 कुल में से एक्टिव मरीजों की तादाद 334 एवं जिनका निधन हुआ है उनकी संख्या 81, खरगौन में कुल मरीजों की संख्या 01 हजार 985 एक्टिव मरीजों की तादाद 426 एवं जिनका निधन हुआ है उनकी संख्या 30, नीमच में कुल मरीजों की संख्या 01 हजार 380 में से एक्टिव मरीज 269 एवं जिनका निधन हुआ है उनकी तादाद 19, शिवपुरी में कुल 01 हजार 347 में से एक्टिव केसेज 466 एवं 08 लोग काल कलवित हुए हैं। बड़वानी में कुल एक हजार 315 में से एक्टिव मरीजों की तादाद 188 एवं जिनका निधन हुआ उनकी संख्या 16, सागर में एक हजार 305 मरीजों में से एक्टिव की तादाद 226 एवं जिनका निधन हुआ है उनकी तादाद 64, रतलाम में कुल एक हजार 289 मरीजों में से एक्टिव मरीजों की तादाद 338 एवं जिनका निधन हुआ है उनकी तादाद 25, धार में कुल 01 हजार 153 में से एक्टिव मरीजों की तादाद 333 एवं जिनका निधन हुआ है उनकी तादाद 17, विदिशा में कुल 01 हजार 114 मरीजों में से एक्टिव मरीज 226 एवं जिनका निधन हुआ उनकी तादाद 23, खण्डवा में कुल 01 हजार 68 मरीजों में से 142 एक्टिव मरीज और जिनका निधन हुआ है उनकी तादाद 25 है। अब एक हजार से ज्यादा मरीजों वाले जिलों की सूची में मंदसौर का भी शुमार हो गया है। मंदसौर में कुल 1 हजार मरीजों में से एक्टिव मरीज 187 व जिनका निधन हुआ है उनकी तादाद 13 है। प्रदेश में एक भी जिले में एक्टिव मरीजों की तादाद शून्य नहीं है, इसके साथ ही सिर्फ उमरिया में ही मरीजों की तादाद 200 से कम है, शेष सभी जिलों में मरीजों की तादाद 200 से ज्यादा पहुंच गया है।
—–
आप सुन रहे थे रीना सिंह से समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया की साई न्यूज में बुधवार 09 सितंबर का प्रादेशिक आडियो बुलेटिन। ब्रहस्पतिवार 10 सितंबर को एक बार फिर हम आडियो बुलेटिन लेकर हाजिर होंगे, अगर आपको यह आडियो बुलेटिन पसंद आ रहे हों तो आप इन्हें लाईक, शेयर और सब्सक्राईब जरूर करें। फिलहाल इजाजत लेते हैं, नमस्कार।
(साई फीचर्स)

———

SAMACHAR AGENCY OF INDIA समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया

समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया देश की पहली डिजीटल न्यूज एजेंसी है. इसका शुभारंभ 18 दिसंबर 2008 को किया गया था. समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया में देश विदेश, स्थानीय, व्यापार, स्वास्थ्य आदि की खबरों के साथ ही साथ धार्मिक, राशिफल, मौसम के अपडेट, पंचाग आदि का प्रसारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाता है. इसके वीडियो सेक्शन में भी खबरों का प्रसारण किया जाता है. यह पहली ऐसी डिजीटल न्यूज एजेंसी है, जिसका सर्वाधिकार असुरक्षित है, अर्थात आप इसमें प्रसारित सामग्री का उपयोग कर सकते हैं. अगर आप समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को खबरें भेजना चाहते हैं तो व्हाट्सएप नंबर 9425011234 या ईमेल samacharagency@gmail.com पर खबरें भेज सकते हैं. खबरें अगर प्रसारण योग्य होंगी तो उन्हें स्थान अवश्य दिया जाएगा.