भगवान महाकाल के 9 दिन तक 9 रूपों में होंगे दर्शन

 

(ब्यूरो कार्यालय)

उज्‍जैन (साई)। ज्योतिर्लिंग महाकाल मंदिर में 13 फरवरी से शिवनवरात्रि उत्सव मनाया जाएगा। भक्तों को नौ दिन तक संध्या आरती में दूल्हा बने राजा महाकाल के नौ अलग-अलग रूपों के दर्शन होंगे। मंदिर के गर्भगृह में प्रतिदिन सुबह 9.30 से दोपहर 1 बजे तक विशेष अनुष्ठान होगा। 21 फरवरी को महाशिवरात्रि पर रातभर महापूजा होगी। 22 फरवरी को तड़के 4 बजे भगवान के शीश सवा मन फूल व फलों से बना मुकुट (सेहरा) सजाया जाएगा।

मंदिर प्रशासक सुजानसिंह रावत ने बताया कि 13 फरवरी को शिवनवरात्रि का शुभारंभ होगा। पहले दिन भगवान महाकाल को सोला व दुपट्टा और जलाध्ाारी पर मेखला धारण कराई जाएगी। चांदी के मुकुट व मुंडमाला से आकर्षक श्रंगार कर शीश पर चांदी का छत्र सजाया जाएगा।

14 फरवरी को भगवान शेषनाग, 15 फरवरी को घटाटोप, 16 फरवरी को छबीना, 17 फरवरी को होलकर, 18 फरवरी को मनमहेश, 19 फरवरी को उमा महेश तथा 20 फरवरी को शिव तांडव रूप में भगवान महाकाल के दर्शन होंगे। 21 फरवरी को दिनभर भगवान के शीश जलधारा प्रवाहित की जाएगी। 22 फरवरी को तड़के 4 बजे से सुबह 10 बजे तक भगवान के सप्तधान रूप में सेहरा दर्शन होंगे।

25 फरवरी को पंच मुखारविंद दर्शन

मंदिर की परंपरा अनुसार महाशिवरात्रि के बाद चंद्र दर्शन की दूज पर भगवान महाकाल के पंच मुखारविंद रूप में दर्शन होंगे। साल में एक बार होने वाले इस रूप में दर्शन में भक्तों को एक साथ भगवान के पांच रूप में दर्शन होते हैं।

11 ब्राह्मण प्रतिदिन करेंगे एकादश-एकादशिनी रुद्राभिषेक

शिवनवरात्रि में प्रतिदिन सुबह 9.30 से दोपहर 1 बजे तक 11 ब्राह्मण भगवान महाकाल के पूजन अभिषेक के बाद एकादश-एकादशिनी रूद्राभिषेक करेंगे। पश्चात भोग आरती होगी। प्रतिदिन शाम 5 बजे होने वाली संध्या पूजा शिव नवरात्रि में दोपहर 3 बजे होगी।

SAMACHAR AGENCY OF INDIA समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया

समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया देश की पहली डिजीटल न्यूज एजेंसी है. इसका शुभारंभ 18 दिसंबर 2008 को किया गया था. समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया में देश विदेश, स्थानीय, व्यापार, स्वास्थ्य आदि की खबरों के साथ ही साथ धार्मिक, राशिफल, मौसम के अपडेट, पंचाग आदि का प्रसारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाता है. इसके वीडियो सेक्शन में भी खबरों का प्रसारण किया जाता है. यह पहली ऐसी डिजीटल न्यूज एजेंसी है, जिसका सर्वाधिकार असुरक्षित है, अर्थात आप इसमें प्रसारित सामग्री का उपयोग कर सकते हैं. अगर आप समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को खबरें भेजना चाहते हैं तो व्हाट्सएप नंबर 9425011234 या ईमेल samacharagency@gmail.com पर खबरें भेज सकते हैं. खबरें अगर प्रसारण योग्य होंगी तो उन्हें स्थान अवश्य दिया जाएगा.