कलेक्टर सुश्री जैन ने किया मूंग उपार्जन केन्द्रों का औचक निरीक्षण

(ब्यूरो कार्यालय)

सिवनी (साई)। कलेक्टर सुश्री संस्कृति जैन ने शुक्रवार 02 अगस्त को ग्राम नरेला एवं हरहरपुर मूंग उपार्जन केन्द्र का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने उपार्जन के लिए तौल कांटों, बारदानों, भण्डारण सहित अन्य व्यवस्थाओं का अवलोकन करने के साथ-साथ उपार्जित की जा रही मूंग का भी अवलोकन किया।

कलेक्टर सुश्री संस्कृति जैन ने मार्कफेड एवं कृषि विभाग के अधिकारियों को एफएक्यू मानक की ही मूंग उपार्जित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। इसके अतिरिक्त उपार्जन के उपरांत कृषकों त्वरित रूप से भुगतान करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए हैं। उन्होंने उपस्थित किसानों से चर्चा कर मूंग को साफ एवं सुखाकर ही उपार्जन केन्द्र लाने की अपील की।  निरीक्षण के दौरान सहायक कलेक्टर श्री पंकज वर्मा, उपसंचालक श्री मोरिश नाथ सहित मार्कफेड एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

कुएं में न उतरें आम नागरिक

सिवनी। प्रदेश में विगत दिवसों में कुएं के अंदर जाने से व्यक्तियों की मृत्यु होने की घटनाएं घटित हुई हैं। जिसके मद्देनजर कलेक्टर सुश्री संस्कृति जैन ने जिले के आम नागरिकों से अपील की है कि कुएं की गहराई में कार्बन मोनो ऑक्साइड जैसी जहरीली गैस की संभावना होती है जिससे व्यक्ति तत्काल मुर्छित हो जाता है तथा व्यक्ति की मृत्यु की संभावना भी रहती है। उन्होंने अपील की है कि आम नागरिक कुएं में न उतरें।

राजस्व महा-अभियान अंतर्गत ग्रामवार केंम्प लगाकर राजस्व प्रकरणों का किया जा रहा निराकरण

सिवनी। मुख्‍यमंत्री डॉ.मोहन यादव के निर्देशानुसार संपूर्ण प्रदेश के साथ-साथ सिवनी जिले में भी राजस्व प्रकरणों के त्वरित निराकरण और राजस्व अभिलेख त्रुटियों को ठीक करने के लिए राजस्व महाअभियान 2.0 संचालित किया जा रहा है। यह अभियान 31 अगस्त 2024 तक संचालित किया जायेगा।

कलेक्टर सुश्री संस्कृति जैन के निर्देशन में जिले में ग्राम स्तर पर राजस्व केंम्पों का आयोजन किया जा रहा है। इन केंम्पों में बीवन वाचन के साथ ही अविवादित नामांतरण, बटवारा के निराकरण की कार्यवाही की जा रही है। कलेक्टर सुश्री जैन ने जिले के सभी एसडीएम एवं अन्य राजस्‍व अधिकारियों को निर्देशित किया कि राजस्व महाअभियान 2.0 के अंतर्गत किसानों के राजस्‍व से संबंधित सभी लंबित प्रकरणों का निराकरण किया जाए। इस अभियान का उद्देश्य राजस्व न्यायालयों आरसीएमएस में समय-सीमा पार प्रकरणों (नामांतरण, बटवारा, अभिलेख दुरुस्ती) का निराकरण, नये राजस्व प्रकरणों को आरसीएमएस पर दर्ज करना, नक्शे पर तरमीम, पीएम किसान का सैचुरेशन, समग्र का आधार से ई-केवाईसी और खसरे की समग्र आधार से लिंकिंग एवं फार्मर रजिस्‍ट्री का निराकरण किया जाना है। क्र.10/

ढाबा एवं किराना दुकान से आबकारी विभाग ने जप्त की अवैध शराब, संचालक के विरूद्ध प्रकरण दर्ज

सिवनी।  कलेक्टर सुश्री संस्कृति जैन के निर्देशानुसार सिवनी जिले में सहायक आबकारी आयुक्त श्री शैलेश जैन के मार्गदर्शन में अवैध शराब के उत्पादन, भण्डारण तथा परिवहन पर लगातार कार्यवाही जारी है। इसी क्रम में  शुक्रवार 02 अगस्त 2024 को प्रातः आबकारी विभाग के सिवनी मण्डल की  संयुक्त टीम के द्वारा कुरई क्षेत्र के ग्राम मोहगांव सड़क स्थित सोनी ढाबा एवं किराना दुकान में छापामारा कार्यवाही करते हुए किराना दुकान संचालक अखिलेश सोनी आत्मज संतोष सोनी उम्र 34 वर्ष निवासी ग्राम मोहगॉव सड़क के कब्जे से 17 बोतल बीयर एवं 22 पाव अंग्रेजी शराब तथा 24 पाव देशी प्लेन शराब बरामद कर जप्त की गई है। आरोपी अखिलेश सोनी के विरुद्ध आबकारी दक्षिण वृत्त की प्रभारी सुश्री खुशबू प्रिया मरावी, आबकारी उप निरीक्षक द्वारा  मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34 (1)क के अंतर्गत आपराधिक प्रकरण कायम किया गया है। जप्त शराब की अनुमानित कीमत 18,000 /- रूपए हैं।आबकारी विभाग की आज की कार्यवाही में आबकारी सिवनी मण्डल के  शहर वृत्तदक्षिण वृत्त एवं उत्तर वृत्त का कार्यपालिक स्टॉफ का योगदान रहा है।

पोषण ट्रेकर एप के उपयोग के लिए आंगनबाडी कार्यकर्ताओं के खाते में रिचार्ज राशि हस्तांतरित

सिवनी। सहायक संचालक महिला एवं बाल विकास सिवनी श्री राजेश लिल्हारे द्वारा जानकारी देकर बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2024-25 के द्वीतीय त्रैमासिक 01 जुलाई 2024 से सितम्बर 2024 हेतु सिवनी जिले की समस्त कार्यरत आंगनबाडी कार्यकर्ताओं एवं मिनी कार्यकर्ताओं के खातों में पोषण ट्रेकर एप उपयोग हेतु मोबाईल रिचार्ज की राशि प्रति आंगनबाडी केन्द्र 500 सौ रूपये इस प्रकार कुल 2125 केन्द्रों की कुल राशि 10 लाख 62 हजार 5 सौ रूपये जमा करा दी गई है।

खेल और युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित ओलंपिक क्विज में खिलाड़ियों ने दिखाया उत्साह, खिलाडि़यों को किया गया सम्मानित

सिवनी। जिला खेल और युवा कल्याण अधिकारी श्रीमती मनु धुर्वे के मार्गदर्शन में खेल और युवा कल्याण विभाग ने विगत दिवस पेरिस ओलंपिक स्पोर्ट्स क्विज प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में पेरिस में चल रहे ओलंपिक 2024 खेलों से संबंधित प्रश्न पूछे गए, जो खिलाड़ियों की खेल और ओलंपिक से जुड़ी जानकारी को परखने के लिए थे. सही उत्तर देने वाले सभी खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इसके अतिरिक्त, एक से अधिक सही उत्तर देने वाले सभी खिलाड़ियों को पुरस्कार के साथ-साथ विभाग की ओर से एक-एक टीशर्ट भी दी गई।

वनपाल श्री मरावी को कर्तव्य स्थल पर उपस्थित होने के निर्देश

सिवनी। उपसंचालक पेंच टाईगर द्वारा 13 जुलाई 2017 से लगातार शासकीय कार्य से अनुपस्थित वनपाल श्री उमराव सिंह मरावी के संबंध में विज्ञप्ति जारी कर श्री उमराव को 15 दिवस के भीतर अपनी उपस्थिति के ठोस प्रमाणों सहित कर्तव्य में उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं। अन्यथा की स्थि‍ति पर नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।

स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर बैठक का आयोजन 05 अगस्त को

सिवनी। स्वतंत्रता दिवस समारोह के गरिमामय आयोजन को लेकर कलेक्टर सुश्री संस्कृति जैन की अध्यक्षता में सोमवार 05 अगस्त को बैठक का आयोजन किया गया है।जिसमें सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक जानकारी के साथ उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं।