भागवत कथा का भण्डारे के साथ हुआ समापन

 

(ब्यूरो कार्यालय)

सिवनी (साई)। नगर के सिंहवाहिनी मंदिर परिसर बारापत्थर में राजपूत क्षत्रिय समाज महिला मंडल के तत्वावधान में चल रही सप्त दिवसीय संगीतमय श्रीमद भागवत कथा का समापन हो गया।

यहां 07 दिनों तक चली भागवत कथा में धर्म प्रेमी श्रोतागण भाव विभोर होकर भक्ति रस का आनंद ले रहे थे। सुबह शाम चलने वाली कथा का श्रवण करने के साथ ही अपने जीवन को सफल बनाते हुए एवं भगवान से सफल जीवन की कामना करते हुए वे अपने नगर में सुख, समृद्धि, शांति की कामना कर रहे थे। कन्हैया महाराज (वृद्धावन धाम) ने कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण एवं राधा के चरित्र पर प्रकाश डालते हुए प्रेम का संदेश दिया।

उन्होंने बताया कि भगवान ने प्रेम का पाठ पढ़ाते हुए भाइचारे का संदेश दिया और समाज में शांति व्यवस्था कायम की तथा सोलह कलाओं से पूर्ण भगवान श्रीकृष्ण ने सभी शास्त्रों का कौरव पांडवों को ज्ञान कराया। संपूर्ण महा भारत में धर्म की विजय हुई और अधर्मियों का साथ देने वालों का पतन हुआ।

मीडिया प्रभारी जोगेश ठाकुर ने बताया कि कथा के समापन के उपरांत पूर्णाहुति हवन का आयोजन हुआ। हवन संपन्न होने के बाद विशाल भण्डारा आरंभ हुआ। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया, भण्डारा देर रात्रि तक जारी रहा।

इस अवसर पर महिला मंडल की अध्यक्ष शीला भारद्वाज ने समस्त महिला मंडल की सदस्यों का इस भव्य आयोजन के लिये आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर काँग्रेस के जिला उपाध्यक्ष संजय भारद्वाज, दिनेश ठाकुर (पत्रकार), निशांत भारद्वाज, राजा भारद्वाज, जितेंद्र ठाकुर, प्रशांत भारद्वाज, शैंकी ठाकुर, अन्नू ठाकुर, राजा ठाकुर, गन्नू भारद्वाज उपस्थित रहे।